16.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 386

गिरिडीह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा-प्राथमिकता के साथ एसटी समुदाय और बिरहोर परिवारों को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ें और उन्हें लाभान्वित करें…!

0

गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को PM-JANMAN एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA JGUA) के तहत कार्यान्वित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को इस योजना के समयबद्ध क्रियान्वयन की सतत मॉनिटरिंग तथा गति शक्ति पोर्टल पर सभी योजनाओं का टारगेट आधारित प्रोग्रेस हेतु आंकड़ों का संधारण निश्चित रूप से करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में डीसी ने बताया कि प्रखंड स्तरीय ब्लॉक लेबल इंप्लीमेंटेशन टीम BLIT की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। इसके अनुसार प्रत्येक निर्धारित ग्राम में धरती आबा अभियान के गाइडलाइन के अनुसार ग्रामसभा आयोजित करते हुए सभी मूलभूत आवश्यकताओं की गैप एनालिसिस तैयार करेंगे।

इसके अलावा उपायुक्त द्वारा जिला स्तरीय सभी संबंधित विभागों को PM-JANMAN एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कई टास्क सौंपे गए। इसके साथ ही सभी अनुसूचित जनजाति समुदाय और बिरहोर क्षेत्रों में टेलीकॉम कनेक्टिविटी के लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया।

डीसी का पोषण वाटिका के निर्माण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित कराने का निर्देश 

डीसी ने कहा कि गिरिडीह जिले में कुल 08 पीवीजीटी क्षेत्र हैं, जिसमें बगोदर प्रखंड में 03, सरिया प्रखंड में 03 तथा गांवा प्रखंड में 02 शामिल हैं। उन सभी बिरहोर परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी प्राथमिकता के साथ दिलाया जाय।

इसके अलावा रोड कनेक्टिविटी, जल जीवन मिशन, बिरहोर क्षेत्रों में विद्युतीकरण, सोलर शक्ति की सुविधा, बिरहोर इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बहाल करना जैसे महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे पूरा करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। डीसी ने पीएम उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि 148 गांवों में योग्य और वंचित परिवारों को पीएम उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस का कनेक्शन उपलब्ध कराएं।

डीसी ने पीरटाड़ प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में पोषण वाटिका के निर्माण के लिए समुचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का निर्देश निदेशक डीआरडीए को दिया।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी जयप्रकाश मेहरा ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA JGUA) भारत के जनजाति समुदाय के संपूर्ण उत्थान के लिए एक अतिमहत्वाकांक्षी योजना है। जिसके अंतर्गत गिरिडीह जिले के 09 प्रखंडों के 143 गांवों के 82, 601 अनुसूचित जनजाति समुदाय के परिवारों को इस अभियान से लक्षित किया गया है।

इसमें अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, विद्युतीकरण, मोबाइल कनेक्टिविटी, मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना अतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन,  आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण, समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत छात्रावास का निर्माण, स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स ट्राइबल मार्केटिंग सेंटर्स का निर्माण वन अधिकार पट्टा से आच्छादित व्यक्तियों को कृषि पशुपालन मत्स्य पालन से जोड़ा जा रहा है।

बैठक में ये लोग थे उपस्थित

बैठक में निदेशक डीआरडीए, सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, 1/2, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता, NREP, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी, प्रबंधक BSNL समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

गुमला में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आए दो मासूम, एक बच्ची गंभीर हालत में रांची रिम्स रेफर

0

गुमला, 26 मई 2025 — गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टांगडीह गांव में रविवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे चल रहे दो मासूम बच्चों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बच्ची का दाहिना पैर टूट गया और उसे गंभीर हालत में रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है, जबकि दूसरा बच्चा फिलहाल गुमला सदर अस्पताल में इलाजरत है।

घटना उस समय घटी जब गांव के पड़ोसी बच्चे, 5 वर्षीय सिरसा कुमारी (पुत्री, स्व. वीर कुंवर भगत) और 9 वर्षीय हर्षित खलखो (पुत्र, उदयकांत भगत) पास में खेलकर घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

घायलों को पहले डुमरी उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने सिरसा कुमारी की हालत गंभीर देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया है, और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं हर्षित के सिर और चेहरे पर भी गंभीर चोटें हैं।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक चला रहा युवक रविंद्र नगर का निवासी है। घटना के बाद डुमरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजेंद्र नगर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

सवालों के घेरे में लापरवाह ड्राइविंग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बेखौफ और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में सिकल सेल एनीमिया जांच अभियान ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 7.5 लाख से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग

0

गुमला, 26 मई 2025 — झारखंड के गुमला जिले में सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम और पहचान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 7,58,279 लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है, जबकि कुल लक्षित जनसंख्या 8,51,054 है। यह आंकड़ा 26 मई 2025 तक का है।

अब तक की जांच में सामने आए अहम आंकड़े:

  • सिकल सेल रोग से पीड़ित पाए गए: 456 व्यक्ति
  • सिकल सेल ट्रेट (वाहक) के रूप में चिन्हित: 1,891 व्यक्ति
  • जांच में अपुष्ट मामले: 1,740 व्यक्ति

स्वास्थ्य विभाग की अपील: जांच अवश्य कराएं

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी की अब तक जांच नहीं हुई है, तो वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर नि:शुल्क जांच जरूर करवाएं। अधिकारियों का कहना है कि जल्दी पहचान से बीमारी को नियंत्रित करना और इलाज शुरू करना संभव है, जिससे लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है।

सिकल सेल एनीमिया एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जो झारखंड के आदिवासी क्षेत्रों में व्यापक रूप से पाया जाता है। ऐसे में इस बीमारी की पहचान और रोकथाम को लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन विशेष रूप से सजग है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में जागरूकता फैलाने के लिए स्वास्थ्य शिविर, प्रचार-प्रसार और सामुदायिक स्तर पर जानकारी साझा करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जब्त मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न, 176 गोवंशीय पशुओं को मिली चिकित्सा सुविधा

0

गुमला, 26 मई 2025 — गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड स्थित जमटी टीओपी परिसर में जब्त किए गए 176 गोवंशीय पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, इयर टैगिंग, और एफएमडी (Foot and Mouth Disease) व एलएसडी (Lumpy Skin Disease) के खिलाफ टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पूरे अभियान का संचालन जिला पशुपालन विभाग के नेतृत्व में किया गया।

पशु चिकित्सा दल ने संभाली कमान

इस अभियान की अगुवाई डॉ. अरुण प्रताप सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी द्वारा गठित विशेष पशु चिकित्सा दल ने की। टीम में डॉ. मीनू खलखो (प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, बिशुनपुर), डॉ. लवलीन श्वेता खाखा (टीवीओ, बिशुनपुर), डॉ. तेज नारायण गुरु (बीएएचओ, रायडीह), डॉ. अरुण उरांव (टीवीओ, घाघरा) और डॉ. रौनक सिंह (वीओ, मोबाइल वेट यूनिट) जैसे अनुभवी चिकित्सक शामिल थे। इनके साथ पेरावेट्स और तकनीकी स्टाफ की भी प्रभावी उपस्थिति रही।

मोबाइल चिकित्सा इकाइयों का अहम योगदान

बिशुनपुर और घाघरा की चलंत पशु चिकित्सा इकाइयों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन इकाइयों के चालकों और तकनीकी सहायकों ने पशुओं की जांच और टीकाकरण को कुशलता से अंजाम देने में विशेष योगदान दिया। जिला समन्वयक अभिषेक ने इस अभियान के समन्वय और संचालन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पशुधन सुरक्षा की दिशा में विभाग की प्रतिबद्धता

पशुपालन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशुओं के स्वास्थ्य और संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग आने वाले समय में भी नियमित चिकित्सा शिविर और टीकाकरण अभियानों का आयोजन करता रहेगा ताकि गोवंशीय पशुओं को बीमारियों से बचाया जा सके और उनकी देखभाल समय पर की जा सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

दुर्गम गाँव तक पैदल पहुँचे गुमला उपायुक्त, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

0

गुमला, 26 मई 2025 — विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायज़ा लेने गुमला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बुधवार को विशुनपुर प्रखंड के ग़म्हारपाठ गांव पहुँचे। यह सुदूरवर्ती गांव नरमा पंचायत में स्थित है, जहाँ तक पहुंचने के लिए उपायुक्त को करीब 1.5 किलोमीटर की खड़ी पहाड़ी पर पैदल यात्रा करनी पड़ी। गांव में महज 35 परिवार रहते हैं और बुनियादी सुविधाओं का अभाव लंबे समय से ग्रामीणों की चिंता का कारण बना हुआ है।

जनसभा में खुलकर बोले ग्रामीण, सड़क-पानी-बिजली को लेकर जताई पीड़ा

गांव में पहुंचने के बाद उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ जनसंवाद आयोजित किया, जिसमें सड़क, बिजली, पेयजल, विद्यालय की जर्जर हालत, आंगनवाड़ी केंद्र की मरम्मत, तालाब व नहर निर्माण, सिंचाई सुविधाओं और सोलर जलमीनार की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

उपायुक्त ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने REO विभाग को गांव तक सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा और मनरेगा के माध्यम से टीसीबी, मेडबंदी जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, महिलाओं को प्रेरित किया

जनसंवाद के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों को मनरेगा, मातृ वंदना योजना, मैय्या सम्मान योजना, छात्रवृत्ति योजना जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और उन्हें इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने, प्रशिक्षण लेने और छोटे-छोटे व्यावसायिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी। विशेष रूप से गांव के 5 ब्रिजिया (PVTG) परिवारों की स्थिति पर चर्चा कर, उनके जीवन स्तर सुधार के लिए अलग से योजनाएं तैयार करने की बात कही।

चबूतरा, राशन कार्ड, वन पट्टा समेत कई मुद्दों पर मिला आश्वासन

ग्रामीणों ने चबूतरा निर्माण, वन पट्टा आवंटन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और संशोधन, आधार अपडेट जैसे मुद्दे भी उठाए। उपायुक्त ने इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र की हालत पर जताई चिंता

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गांव के प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति का जायजा लिया। भवनों की जर्जर हालत पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने तुरंत मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच कराने और मातृ वंदना योजना से जुड़ने की अपील की।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न विभागों के अभियंता, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

विधुत विभाग की लापरवाही बनी मौत का कारण: गुमला में किसान और चार मवेशियों की करंट से दर्दनाक मौत

0

गुमला, 26 मई 2025 — झारखंड के गुमला जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में विधुत करंट की चपेट में आकर एक किसान सहित चार मवेशियों की मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है। हादसों का कारण टूटे हुए बिजली के तारों को समय पर न हटाना बताया जा रहा है।

इटकिरी पंचायत में खेत जोतने निकले किसान की मौके पर ही मौत

पहली घटना घाघरा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में हुई, जहां 45 वर्षीय किसान बुद्धमन उरांव की दो बैलों के साथ करंट की चपेट में आकर मौत हो गई।

मृतक की पत्नी सूरतमुनी देवी के अनुसार, रविवार सुबह लगभग पाँच बजे बुद्धमन अपने दो बैलों के साथ खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में एक गिरा हुआ 11 हजार वोल्ट का बिजली तार दिखाई नहीं पड़ा। पहले बैल उस करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आए और तड़पने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में बुद्धमन खुद भी करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना में दो गोवंशीय पशुओं की जान गई

एक अन्य हादसा कामडारा थाना क्षेत्र के खैराटोली गांव में रविवार शाम को हुआ, जहां ग्रामीण एसएल केरकेट्टा के दो गोवंशीय पशु उसी तरह सड़क पर गिरे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासन और विभाग की धीमी प्रतिक्रिया पर उठे सवाल

इन घटनाओं के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विधुत विभाग की उदासीनता और समय पर टूटे हुए तारों की मरम्मत न होने के कारण यह जानलेवा हादसे हुए।

घटनाओं की सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस और विधुत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बुद्धमन उरांव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मुआवजे का दिया गया आश्वासन

विधुत विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आवश्यक मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। हालांकि, स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और त्वरित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की निगरानी और सुरक्षा उपाय कितने प्रभावी हैं। समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे भविष्य में भी दोहराए जा सकते हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

सरना धर्म कोड की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन,सरना धर्म कोड हम लेकर रहेंगे…आदिवासियों की पहचान खोने नहीं देंगे: के. राजू 

0

रांची : राजभवन के समक्ष झारखंड कांग्रेस के नेतृत्व में सरना धर्म कोड की मांग को लेकर सोमवार को धरना-प्रदर्शन दिया गया. बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी डॉ सिरिवेल्ला प्रसाद, एवं प्रणव झा उपस्थित थे। 

धरने को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि सरना धर्मकोड आदिवासियों का मौलिक हक है। इसको सुरक्षित रखने की जिम्मेवारी कांग्रेस पार्टी की है। कांग्रेस लगातार यह मांग कर रही है अब हम सड़कों पर उतरे हैं और इसे लेकर बहुत जल्द दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी धरना आयोजित किया जाएगा और उसके उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर इसे लागू कराने को लेकर आग्रह किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार तीन काले कृषि कानून को निरस्त करवाया, जातीय जनगणना कैबिनेट से पास कराया और उसका रास्ता खुलवाया ठीक उसी प्रकार सरना धर्म कोड भी हम सातवें कॉलम में डलवा कर रहेंगे। हम आदिवासियों की पहचान खोने नहीं देंगे। 

RSS महिलाओं को अधिकार देना नहीं चाहता : शिल्पी नेहा तिर्की

धरना में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी समाज सबसे अनोखा समाज है. इस समाज में बराबरी, सामूहिकता, एकता और भाईचारगी को प्राथमिकता दी जाती है. ये सब कुछ संविधान में निहित है.

मंत्री ने कहा कि मरांग गोमके ने भी कहा था कि आदिवासी समाज सदियों से सामूहिकता में जीता आया है. जिस संविधान से देश का संचालन होता आ रहा है उस संविधान को RSS  नहीं मानता. वो संविधान को भारतीय भी नहीं मानता. RSS के लोग महिलाओं को अधिकार देना नहीं चाहते. RSS के लोग महिलाओं को वस्तु से साथ तुलना करते हैं.

मंत्री ने कहा कि ये लोग आदिवासी समाज को जाति में बांटना चाहते हैं, लेकिन आदिवासी समाज ये तय करेगा उसका धर्म कौन सा होगा. आदिवासी समाज अपना धर्म को मानने और अपनाने के लिए स्वतंत्र है. 

केन्द्र आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझता है : केशव महतो कमलेश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केन्द्र सरकार आदिवासियों के हक और अधिकार का हनन कर रही है। केन्द्र सरकार एक षड़यंत्र के तहत आदिवासियों के धार्मिक अस्तित्व को मिटाने का प्रयास कर रही है। धार्मिक आधार पर उनको पहचान नहीं देना चाहती है।

सरना धर्म कोड का प्रस्ताव हमने विधानसभा से पारित किया और केन्द्र को भेजा लेकिन केन्द्र की सरकार सिर्फ आदिवासियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है। सबका साथ सबका विकास का नारा देती है लेकिन आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यकों का विनाश चाहती है। 

मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अब वक्त आ गया है अब याचना नहीं रण हो और कांग्रेस इसके लिए पूरी तरह तैयार है। हम सरना धर्म कोड लेकर रहेंगे।  मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरना धर्मकोड संवैधानिक अधिकार है, और जब तक केन्द्र की सरकार सरनाधर्म कोड नहीं देती हम आंदोलन करते रहेंगे। 

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि भारत सरकार पशुओं की गणना करती है, लेकिन धार्मिक आधार पर आदिवासियों की गणना कर पहचान नहीं देना चाहती है. आदिवासियों के पाहन, पुजारी व धर्मस्थल को महत्व नहीं देना चाहती। 

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया

धरना के उपरांत राज्यपाल संतोष गंगवार को सरना धर्मकोड लागू करने करने के लिए एक प्रदेश प्रतिनिधिमंडल मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। धरना कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने की।

धरना कार्यक्रम को कार्यकारी अध्यक्ष बन्धु तिर्की, विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, विक्सल कोन्गाडी, भूषण बाड़ा, ममता देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, डॉ प्रदीप बलमुचू, फुरकान अंसारी, सुबोधकांत सहाय, बादल पत्रलेख, केएन त्रिपाठी, केदार पासवान, गुंजन सिंह, जोसाई मार्डी, राजीव रंजन प्रसाद, रवीन्द्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, संजय लाल पासवान, अभिलाष साहु, राजन वर्मा, जयशंकर पाठक, आलोक कुमार दूबे, डॉ राजेश गुप्ता, लाल किशोर नाथ शाहदेव, गजेन्द्र सिंह डॉ कुमार राजा, डॉ राकेश किरण महतो ने संबोधित किया। 

राम भक्तों के लिए

गुमला में दो भीषण सड़क हादसे: दो की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

0

गुमला, 26 मई 2025 — झारखंड के गुमला जिले में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा रहे, जिससे स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

चैनपुर में दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत

पहली घटना गुमला के चैनपुर थाना क्षेत्र के टोंगो के पास घटी, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो व्यक्तियों की जान चली गई। मृतकों की पहचान बरटोली निवासी दिनधरन सौतिया और पकरटोली-जमगई निवासी जुबराज सौतिया के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को सीधी टक्कर मार दी। इस टक्कर में दिनधरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुबराज को गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

भरनो में पिकअप वैन पेड़ से टकराई, दो डीजे ऑपरेटर घायल

दूसरी घटना भरनो थाना क्षेत्र के जामटोली के पास हुई, जहां डीजे साउंड लदी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में ईटकी ग्राम निवासी छोटू लकड़ा और छोटू उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही भरनो थाना प्रभारी मंटू चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को भरनो उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

प्रशासन ने की कार्रवाई, पुलिस जांच जारी

दोनों हादसों के बाद स्थानीय पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चैनपुर मामले में फरार चालक की तलाश की जा रही है, जबकि भरनो दुर्घटना में पिकअप वैन के चालक की गति नियंत्रण में विफलता को मुख्य कारण माना जा रहा है।

ये घटनाएं सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीर आवश्यकता की ओर इशारा करती हैं। जिले में लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं ने प्रशासन और आमजन को सतर्क कर दिया है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला के जुर्मु और आकाशी पंचायतों में समर कैंप आयोजित, बच्चों को फाइलेरिया से बचाव की मिली जानकारी

0

गुमला, 26 मई 2025 — गुमला जिले के डुमरी प्रखंड स्थित जुर्मु और आकाशी पंचायतों में बुधवार को एक दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पीरामल फाउंडेशन की पहल और स्थानीय वालंटियरों के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

बाल गीतों से हुई शुरुआत, रचनात्मकता में दिखा बच्चों का उत्साह

कठगांव में आयोजित शिविर में जुर्मु पंचायत के तहत आने वाले सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय कठगांव, दुदरिया, दीना, चरकाटोली और आरसी जुर्मु स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाल गीतों और चेतना गीतों से हुई, जिसने बच्चों में सामाजिक जागरूकता और उत्साह का संचार किया।

इसके बाद ड्राइंग प्रतियोगिता, समूहगत गतिविधियां और फन गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और सहयोगात्मक भावना का परिचय दिया।

उजरा में भी दिखा बच्चों का जोश

इसी क्रम में आकाशी पंचायत के उजरा गांव में आयोजित कैंप में गवर्नमेंट यू.पी.जी. एम.एस. उजरा के बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में पंचायत वार्ड सदस्य रजनी बेला एक्का, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

बच्चों ने रंगों और खेलों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया, वहीं स्वास्थ्य शिक्षा सत्र में उन्हें फाइलेरिया रोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान रोग के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय सरल भाषा में समझाए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि बच्चे स्वयं तो सजग बनें ही, साथ ही अपने परिवार और समुदाय को भी जागरूक करें।

सामूहिक भागीदारी से सफल हुआ आयोजन

कठगांव और उजरा दोनों ही स्थानों पर समर कैंप की सफलता में बच्चों की उत्साहजनक भागीदारी, अभिभावकों की उपस्थिति और शिक्षकों के सहयोग की अहम भूमिका रही। समापन के अवसर पर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता जताई।

शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वय की पहल

यह समर कैंप केवल एक रचनात्मक मंच नहीं था, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास, स्कूल उपस्थिति में सुधार और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित करने वाला एक महत्वपूर्ण सामाजिक प्रयास भी सिद्ध हुआ है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

तिरूलडीह में सॉफ्टबॉल कोचिंग और अंपायरिंग सेमिनार संपन्न, झारखंड के आठ जिलों से प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

0

सरायकेला, 26 मई 2025 — झारखंड में तेजी से उभरते खेल सॉफ्टबॉल को ग्रामीण स्तर तक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड सॉफ्टबॉल संघ और जिला सॉफ्टबॉल संघ सरायकेला के संयुक्त प्रयास से चार दिवसीय कोच और रेफरी सेमिनार का सफल आयोजन उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुदा, तिरूलडीह के प्रांगण में किया गया। 23 से 26 मई तक चले इस कार्यक्रम में झारखंड के आठ जिलों — हजारीबाग, धनबाद, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, रांची आदि — से पूर्व खिलाड़ी और प्रशिक्षक शामिल हुए।

तकनीकी प्रशिक्षण और मूल्यांकन

सेमिनार में पश्चिम बंगाल के अनुभवी अंपायर अमित कुमार मंडल ने तकनीकी सत्रों का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को सॉफ्टबॉल के नियम, कोचिंग रणनीति और अंपायरिंग की बारीकियां सिखाईं। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों की परीक्षा ली गई और सफल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

समापन समारोह में गरिमामयी उपस्थिति

समापन समारोह में मुख्य अतिथि रविशंकर शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। इनमें शिक्षक लक्ष्मण महतो, खेलाराम बेदिया, एआईएमआईएम के महासचिव संतोष साहू, सचिव बिधुत महतो, झारखंड सॉफ्टबॉल संघ के सचिव बलराम कुमार तांती, आयोजक समिति के सचिव प्रेमाशीष महतो, अध्यक्ष लक्ष्मण महतो, प्रशिक्षक दामोदर जमुदा, डॉ. गोबिंद चंद्र महतो, श्याम शर्मा, विक्टर, और अजय शर्मा जैसे नाम शामिल रहे।

अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सॉफ्टबॉल को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने की पहल

अपने संबोधन में बलराम कुमार तांती ने बताया कि, “सॉफ्टबॉल भले ही झारखंड में नया हो, लेकिन यह भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त खेल है। हम चाहते हैं कि यह खेल भी क्रिकेट और फुटबॉल की तरह गांव-गांव तक पहुंचे। इस सेमिनार का मकसद यही है कि प्रशिक्षक अपने जिले में जाकर युवाओं को प्रशिक्षित करें और खेल को मजबूत आधार प्रदान करें।”

उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षित प्रतिभागी भविष्य में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अंपायर की भूमिका भी निभाएंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।

आयोजन के अंत में आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम के समापन पर आयोजक समिति के सचिव प्रेमाशीष महतो ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में इस तरह के और आयोजनों की उम्मीद जताई।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium