गुमला, 11 सितम्बर 2025।
भारत निर्वाचन आयोग के संकल्प “कोई मतदाता छूटे नहीं” के तहत झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने वर्ष 2003 में हुए विशेष पुनरीक्षण के बाद तैयार मतदाता सूची को आम नागरिकों के लिए उपलब्ध करा दिया है। यह सूची ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से देखी जा सकती है।
ऑनलाइन होगी आसान पहुँच
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक
👉 https://ceojh.jharkhand.gov.in/mrollpdf1/aceng.aspx
के माध्यम से मतदाता सूची उपलब्ध है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे वेबसाइट पर जाकर अपना नाम अवश्य जांच लें।
राज्य से बाहर रहने वाले भी कर सकेंगे नाम सत्यापित
जो लोग रोजगार या अन्य कारणों से झारखंड से बाहर निवास कर रहे हैं और संबंधित राज्यों की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं, वे उस राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर भी अपना नाम देख सकते हैं।
18 सितम्बर से प्रिंट कॉपी उपलब्ध
सीईओ कार्यालय ने जानकारी दी है कि 18 सितम्बर 2025 से मतदाता सूची की प्रिंट कॉपी राज्यभर के सभी
- बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर),
- एईआरओ (सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी),
- ईआरओ (निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी)
के कार्यालयों में अवलोकन के लिए रखी जाएगी।
कोई भी नागरिक न छूटे
भारत निर्वाचन आयोग ने पुनः दोहराया है कि आयोग का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम जांचें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो तत्काल सुधार करवाएं।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







