गुमला: जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों द्वारा टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस घटनाओं की जांच में जुटी है।
पहली घटना रायडीह प्रखंड के छतरपुर में हुई, जहां घर के बाहर टहल रहे 40 वर्षीय शिवा साहू को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में शिवा साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरा हादसा गुमला-रांची नेशनल हाईवे-23 के नागफेनी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार तर्री गांव निवासी 18 वर्षीय बाइक सवार अखिलेश भगत को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने पर उसे गुमला सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालकों की तलाश जारी है।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







