जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं
गुमला : गुमला जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में दीपावली, लक्ष्मी पूजा और काली पूजा का पर्व भक्ति, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश, माता लक्ष्मी, माता सरस्वती एवं माता काली की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण सह शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होती हुई विभिन्न तालाबों, नदियों और जलाशयों तक पहुँची, जहाँ विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
भक्ति और उत्साह का संगम
नगर भ्रमण के दौरान गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु मार्ग में जगह-जगह पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद वितरण करते दिखाई दिए। इस शोभायात्रा में बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। पूरा शहर रंगों, रोशनी और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था
पूरे आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जामां के दिशा-निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कड़ी निगरानी रखी गई।
-
सभी चौक-चौराहों व संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और महिला-पुरुष शस्त्र बल को तैनात किया गया था।
-
प्रशासनिक टीमें नगर भ्रमण की पूरी रूपरेखा पर नजर बनाए रहीं।
रौनक और उल्लास से भरा नगर
त्योहार के दौरान गुमला शहर मेले जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी थी, चौक-चौराहे जगमगा रहे थे और दुकानों में खरीदारों की लंबी कतारें नजर आईं।
-
मिठाई, खिलौने, सजावटी सामान, चाट-फुचका और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की दुकानों में विशेष भीड़ देखी गई।
-
महिलाओं, युवाओं और बच्चों में त्योहार की उमंग और उल्लास स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
गुमला जिले ने इस बार भी यह सिद्ध किया कि प्रशासन और जनता के सहयोग से त्यौहार केवल आस्था का नहीं बल्कि सामूहिक सौहार्द और आनंद का प्रतीक बन सकता है।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







