गुमला।
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्दीरकेला गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित लाइन ट्रक ट्रेलर की चपेट में आने से एक 3 वर्षीय बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने रांची–सिमडेगा मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ट्रेलर सड़क की विपरीत दिशा में चला गया और बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर कोनबीर खुदी चौक के पास वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की।
घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक चालक को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित निकालकर बसिया थाना ले गई। इसके बाद ग्रामीणों ने किन्दीरकेला के समीप रांची–सिमडेगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







