गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लगाए गए स्टॉल, मरीजों की जांच, काउंसलिंग एवं दवा वितरण की व्यवस्था
गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में राज्य स्थापना दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के श्रृंखला में स्वास्थ्य विभाग, गुमला के तत्वावधान में आज दिनांक 20 नवंबर 2026 को सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मेला का आयोजन प्रारंभ किया गया। स्वास्थ्य मेला का विधिवत उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. शंभुनाथ चौधरी एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के. के. मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. शंभुनाथ चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य मेला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य मेला में आने वाले प्रत्येक मरीज की समुचित काउंसलिंग, आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य मेला में आयुष्मान भारत, गैर संचारी रोग (एनसीडी), युवा मैत्री केंद्र, राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच तथा दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य मेला के माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं दवा वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा समय रहते बीमारियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला लेखा प्रबंधक प्रमोद साहू, जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनित आनंद, जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान) मोनिका बाला, हॉस्पिटल मैनेजर जीरेन कुंडलना सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, गुमला आम नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।







