गुमला :
क्रिसमस एवं नववर्ष के अवसर पर आज से विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश शुरू हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुमला उपायुक्त के नेतृत्व में संचालित बोर्ड एग्जाम विजय अभियान के तहत जिला स्तरीय शिक्षकों की कोर समिति ने सभी उच्च विद्यालय एवं प्लस टू स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों को विंटर हॉलिडे स्पेशल होमवर्क प्रदान किया है। साथ ही, चिन्हित कमजोर विद्यार्थियों के लिए छुट्टियों के दौरान भी विशेष तैयारी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उपायुक्त ने सभी अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा है कि आगामी 3 फरवरी से झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होने वाली हैं। ऐसे में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की परीक्षा तैयारी में सहयोग करें और घर पर उनके गृहकार्य, दैनिक अध्ययन, स्वाध्याय तथा मॉडल प्रश्नों के नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान दिलाएं।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखना, सकारात्मक प्रेरणा देना तथा तनाव प्रबंधन पर ध्यान देना भी आवश्यक है। यह छोटा सा प्रयास न केवल बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करेगा, बल्कि बच्चों को भविष्य में एक जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने में भी मददगार साबित होगा।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







