16.1 C
Ranchi
Wednesday, November 25, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में कृषि एवं बागवानी आधारित आजीविका की अपार संभावनाएं, झारखंड सरकार...

गुमला में कृषि एवं बागवानी आधारित आजीविका की अपार संभावनाएं, झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफल मॉडलों का किया अवलोकन

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के तहत lohdi में कार्यक्रम का शुभारंभ, किसानों के बीच कृषि सामग्री का वितरण

कोइनारा में 5 हेक्टेयर में विकसित अमरूद बागवानी, ड्रिप सिंचाई एवं परकोलेशन टैंक आधारित एकीकृत कृषि प्रणाली की सराहना

गुमला : – जिले में कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन एवं वन आधारित आजीविका की संभावनाओं को सुदृढ़ करने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से आज दिनांक 24 नवंबर 2026 को झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. (IAS) ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर संचालित योजनाओं एवं सफल गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में विकसित सफल मॉडलों का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

भ्रमण के क्रम में बसिया प्रखंड अंतर्गत पोख्टा पंचायत के लोहड़ी गांव में योजना के तहत राष्ट्रीय बागवानी मिशन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. के साथ वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्त्विक व्यास , उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सामुदायिक सहभागिता से किए जा रहे विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की योजनाओं से मिल रहे लाभ तथा वन संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में ग्रामसभा एवं वन अधिकार समिति (FRC) द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से गांव में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ आजीविका संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर लाभुकों के बीच वर्मी बेड, एंटी-बर्ड हेलनेट एवं मल्चिंग सामग्री का वितरण किया गया, ताकि किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसके पश्चात सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों ने गांव के वन क्षेत्र (बांदा पातरा) का भ्रमण कर वन संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया। वहीं एक महिला लाभुक द्वारा किए जा रहे स्ट्रॉबेरी उत्पादन, संरक्षित खेती, आम बागवानी के साथ अंतरवर्ती फसल उत्पादन, पोषण वाटिका एवं मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कृषि, बागवानी एवं सहायक गतिविधियों के इस समन्वित मॉडल की सराहना की।

इस दौरान प्रस्तावित जल संचयन संरचनाओं का भी अवलोकन किया गया। उक्त संरचनाएं अभी स्वीकृत नहीं हैं। इस पर सचिव ने संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने कहा कि गुमला जिला कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की पर्याप्त क्षमता रखता है। यहां की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां बागवानी और विविध कृषि गतिविधियों के लिए अनुकूल हैं। बागवानी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उन्नत तकनीकों, फल उत्पादन एवं अंतरवर्ती फसलों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्त्विक कुमार ने ग्रामीणों एवं किसानों को वन संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा पर्यावरण अनुकूल आजीविका गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया।

उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि गुमला को कृषि, बागवानी एवं मत्स्य पालन के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाया जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वय कर किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

भ्रमण के क्रम में सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों ने गुमला प्रखंड अंतर्गत वृंदा पंचायत के कोइनारा गांव में राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत योजना से विकसित अमरूद बागवानी का भी निरीक्षण किया। यहां लगभग 5 हेक्टेयर भूमि में अमरूद की बागवानी की गई है। इस पहल के तहत तीन कृषकों द्वारा अमरूद के बागान में अंतरवर्ती खेती के रूप में फूलगोभी, पत्तागोभी, मिर्च एवं स्ट्रॉबेरी जैसी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। इसके साथ ही ड्रिप सिंचाई प्रणाली एवं परकोलेशन टैंक की सुविधा भी विकसित की गई है, जिससे जल संरक्षण एवं सिंचाई प्रबंधन को बढ़ावा मिल रहा है। अमरूद बागवानी, अंतरवर्ती फसल उत्पादन, सूक्ष्म सिंचाई एवं जल संचयन संरचना के समन्वय से यहां एकीकृत कृषि प्रणाली का प्रभावी मॉडल विकसित किया गया है। सचिव ने इस मॉडल का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की।

इसके अतिरिक्त सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने अंजन धाम एवं नारिकेला मत्स्य क्षेत्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में संचालित कृषि आधारित एवं वन आधारित गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से आजीविका संवर्धन की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन एवं वन आधारित आजीविका के विकास के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।

भ्रमण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस पूरे भ्रमण का उद्देश्य जिले में कृषि एवं बागवानी के सफल मॉडलों को प्रोत्साहित करना, विभिन्न विभागों की योजनाओं के बीच समन्वय स्थापित करना तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं टिकाऊ आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना रहा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments