न्यूज – गनपत लाल चौरसिया – ब्यूरो प्रमुख – गुमला
भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर प्रखंड स्तर पर भी आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम, विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों की हुई साफ-सफाई
गुमला : – गुमला जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘Run For Cleanliness’ अभियान का प्रभाव जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले के सभी प्रखंडों में भी इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता की अलख जगाई गई। प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में निर्धारित स्थलों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, छठ घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा सार्वजनिक स्थलों को गंदगी मुक्त रखने के प्रति जागरूक किया गया।
इस पहल के जरिए जिला प्रशासन ने स्वच्छता को केवल एक औपचारिक अभियान न मानकर सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया। प्रखंडों में स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन और समाज का साथ मिलकर आगे आना आवश्यक है।
स्वच्छता का संकल्प जब जनभागीदारी से जुड़ता है, तभी वह जनआंदोलन का रूप लेता है। ‘Run For Cleanliness’ अभियान के माध्यम से गुमला जिले में इसी सामूहिक चेतना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।







