20.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaभगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर स्वच्छता...

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर स्वच्छता का संकल्प: ‘Run For Cleanliness’ अभियान के तहत उपायुक्त , पुलिस अधीक्षक एवं वरीय अधिकारियों ने छठ घाटों पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

न्यूज – गनपत लाल चौरसिया – ब्यूरो प्रमुख – गुमला

नगर भवन से छठ घाटों तक अधिकारियों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने एकजुट होकर दिया स्वच्छता का संदेश, सफाई कर्मियों के साथ मिलकर की घाटों की साफ-सफाई

भगवान बिरसा मुंडा, परमवीर अल्बर्ट एक्का एवं महान स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद तेलंगा खड़िया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि, महापुरुषों के योगदान एवं बलिदान को किया गया नमन।

भगवान बिरसा मुंडा, परमवीर अल्बर्ट एक्का एवं महान स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद तेलंगा खड़िया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि, महापुरुषों के योगदान एवं बलिदान को किया गया नमन।

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती, झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ गुमला के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां के नेतृत्व में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों, नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मियों, आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं सफाई कर्मियों ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे नगर भवन, गुमला से हुआ। इस दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने महात्मा गांधी एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के दृष्टिकोण को आत्मसात करते हुए अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

इसके पश्चात नगर भवन से ‘Run For Cleanliness’ अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अभियान के तहत सभी पदाधिकारी एवं प्रतिभागी पैदल चलते हुए छठ घाट–वन तालाब, मुरली बगीचा तालाब एवं भट्ठी तालाब पहुंचे। इस दौरान विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। उल्लेखनीय रहा कि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने स्वयं सफाई कर्मियों के साथ मिलकर स्वच्छता कार्य में सहभागिता निभाई। अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों की इस सामूहिक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है।

इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर हम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोक आस्था का महापर्व छठ भी है। इन विशेष अवसरों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं गुमला वासियों ने मिलकर जिले के विभिन्न छठ तालाबों की साफ-सफाई का अभियान चलाया है।

उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में स्वच्छता का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। स्वस्थ जीवन के लिए स्वस्थ तन और मन आवश्यक है तथा इसके लिए अपने घर, आसपास के परिवेश एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना भी उतना ही जरूरी है। स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। आज के इस सामूहिक अभियान का उद्देश्य केवल छठ घाटों की सफाई करना नहीं, बल्कि आमजनों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

स्वच्छता अभियान के समापन के पश्चात उपायुक्त सहित उपस्थित सभी वरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा, परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा तथा से महान स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद तेलंगा खड़िया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सभी महान विभूतियों के योगदान एवं बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने समस्त गुमला वासियों को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से पर्व की पवित्रता, सामाजिक सौहार्द एवं स्वच्छता बनाए रखते हुए सामूहिक सहभागिता के साथ जिले को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला देवी, नगर परिषद के प्रतिनिधि रमेश कुमार चीनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी गुमला, प्रखंड विकास पदाधिकारी गुमला सहित जिला एवं नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी-कर्मी, आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे।

स्वच्छता का संदेश, सामूहिक सहभागिता का संकल्प और महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments