गुमला : शारदीय नवरात्र की भक्ति लहर से गुमला जिला इस समय पूरी तरह सराबोर है। जिलेभर के कुल 105 पंडालों में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया है, जिनमें गुमला मुख्यालय क्षेत्र के आठ लाइसेंसी पूजा स्थल और 18 से अधिक गैर-लाइसेंसी समितियाँ शामिल हैं। हर पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और श्रद्धालु विधिवत पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
प्रमुख पूजा समितियाँ और परंपराएंगुमला
मुख्यालय में सनातन दुर्गा पूजा समिति, ज्योति संघ, अरुणोदय संघ, शक्ति संघ, मां विश्व भारती संघ, भारतीय नवयुवक संघ, श्री बड़ा दुर्गा मंदिर समिति और डूमरडी समिति ने अपने-अपने पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया है। वहीं, गैर-लाइसेंसी समितियों में मां भवानी संघ, प्रसिद्ध देवी मंदिर परिसर समिति, मालवीय नगर समिति, रामनगर समिति, बड़ा दुर्गा मंदिर टोटो, अनामिका दुर्गा समिति, कोटाम ग्राम समिति, भरदा समिति, मुरकुंडा समिति और अन्य ग्रामीण समितियाँ शामिल हैं।पूजा पंडालों में भक्तों द्वारा क्रमशः नौ दिनों तक माता शैलपुत्री से लेकर सिद्धिदात्री तक की आराधना श्रद्धा और उत्साह के साथ की जा रही है। सुबह-शाम मंदिरों व पंडालों में मंत्रोच्चार और देवी आरती से वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
मेले-जैसा माहौल
पूरे क्षेत्र में मेले जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है। महिलाएं, युवा और बच्चे उत्साहित होकर पूजा पंडालों और मेलों का आनंद ले रहे हैं। मिठाई, व्यंजन, खिलौनों, गुब्बारों और चाट-पानीपुरी की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी हुई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिले में भीड़-भाड़ और संवेदनशील इलाकों को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां ने बताया कि सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई है। हर पंडाल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जबकि सादे कपड़ों में पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है।
उपायुक्त और पुलिस की अपील
जिला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां ने जिलेवासियों से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर निगरानी कर रहा है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
न्यूज – गणपत लाल चौरसिया







