गुमला : – गुमला जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता फैलाने एवं नशा उन्मूलन के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
स्कूली बच्चों द्वारा अपने-अपने विद्यालय परिसरों एवं आस-पास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें उन्होंने “नशा मुक्त समाज” की अपील करते हुए स्लोगन और पोस्टर के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। बच्चों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों से वातावरण को जीवंत बनाया।
इसी क्रम में गुमला पॉलिटेक्निक संस्थान में “नशे से बचाव एवं उसका दुष्प्रभाव” विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया। वक्ताओं ने नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की।
संगोष्ठी के पश्चात आस-पास के क्षेत्रों में आम जनता को जागरूक करने हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें संगीत एवं नाट्य शैली के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







