न्यूज – कहकशां फारूकी
गोमिया__ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को गोमिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में चलंत लोक अदालत सह विधिक सेवा सशक्तिकरण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), बोकारो के मार्गदर्शन में तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त विधिक सहायता और लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित समाधान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने की। उन्होंने बुके देकर न्यायिक टीम के सदस्यों का स्वागत किया। अपने संबोधन में बीडीओ ने कहा कि जानकारी के अभाव में आज भी ग्रामीण क्षेत्रों के कई गरीब और जरूरतमंद लोग न्याय पाने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे जागरूकता शिविर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि शिविर में मिली जानकारी को गांव के प्रत्येक टोले तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों और न्याय से वंचित न रहे।







