गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय चरघरा, जमुआ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खास बात ये रही कि उन्होंने छात्राओं को पढ़ाने का भी काम किया. उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं की संख्या, पानी, बिजली, सीसीटीवी कैमरे, छात्रावास, शिक्षकों की संख्या आदि की जानकारी ली।
विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने का सार्थक प्रयास करें: डीसी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से बात की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उनके पढ़ने की गुणवत्ता की जांच की, छात्राओं के कोर्स से संबंधित प्रश्न कर उनकी बौद्धिक क्षमता को देखने की कोशिश की। विद्यालय के कार्यालय में उपस्थिति पंजी सामग्री पंजी, शिक्षक डीटीपी इत्यादि की जांच की।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने का सार्थक प्रयास करें। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक सफलता के साथ-साथ उनका विकास सुनिश्चित कर उन्हें उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। मौके पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।