25.1 C
Ranchi
Monday, August 17, 2026
Advertisement
HomeNational संगठन के प्रति समर्पण और संसद में झारखंड की सशक्त आवाज को...

 संगठन के प्रति समर्पण और संसद में झारखंड की सशक्त आवाज को मिला राष्ट्रीय दायित्व, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बने भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री

रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को पार्टी का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त कर झारखंड को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया है।
संगठन के प्रति उनकी दीर्घकालिक निष्ठा, प्रदेश संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन तथा राज्यसभा में झारखंड से जुड़े जनहित के मुद्दों को निरंतर प्रभावी ढंग से उठाने के उनके अनुभव को देखते हुए मिली यह जिम्मेदारी उनके सार्वजनिक एवं संगठनात्मक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी, झारखंड में प्रदेश महामंत्री सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। संगठन पर्व के दौरान प्रदेश चुनाव अधिकारी के रूप में सदस्यता अभियान से लेकर बूथ, मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनवरी 2026 में प्रदेश के सांगठनिक जिलों में निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण कराने तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद के निर्वाचन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी उन्होंने निभाई।
संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, प्रशासनिक क्षमता, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और संगठनात्मक प्रक्रियाओं की गहरी समझ को देखते हुए वर्ष 2024 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें झारखंड से राज्यसभा भेजा।

संसद में सक्रिय और प्रभावी भूमिका

संसदीय गतिविधियों के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार 13 अगस्त 2026 तक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की राज्यसभा में उपस्थिति 88 प्रतिशत रही है। उन्होंने 97 संसदीय चर्चाओं एवं कार्यवाहियों में भागीदारी की तथा 158 प्रश्न पूछे हैं। वहीं मानसून सत्र 2026 में उनकी उपस्थिति 100 प्रतिशत रही है।

CIP रांची को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान बनाने की पहल

झारखंड की ऐतिहासिक स्वास्थ्य संस्था (CIP), को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित करने का विषय हाल के दिनों में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की संसदीय सक्रियता का प्रमुख उदाहरण रहा है। 31 जुलाई 2026 को राज्यसभा में उन्होंने CIP रांची की ऐतिहासिक भूमिका तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए केंद्र सरकार से इसे Institution of National Importance का दर्जा देने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

प्रदेश संगठन से राष्ट्रीय संगठन तक लंबी यात्रा

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा का राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश संगठन के महत्वपूर्ण दायित्वों और अब राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारी तक पहुंचा है।
संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, चुनावी एवं संगठनात्मक प्रक्रियाओं का अनुभव, प्रदेश नेतृत्व में सक्रिय भूमिका तथा राज्यसभा में प्रभावी संसदीय हस्तक्षेप ने उनके अनुभव को व्यापक बनाया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दिया जाना इसी संगठनात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण विस्तार माना जा रहा है।
राष्ट्रीय मंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे राष्ट्रीय संगठन की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ झारखंड और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच संगठनात्मक संवाद एवं समन्वय को और अधिक मजबूत करने की अपेक्षा है।

 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading