24.1 C
Ranchi
Friday, October 9, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaगोमिया-तेनुघाट मार्ग पर गड्ढों का जाल, रेलवे की अनदेखी से हादसे का...

गोमिया-तेनुघाट मार्ग पर गड्ढों का जाल, रेलवे की अनदेखी से हादसे का खतरा

News – Kahkashan Farooqi 

गोमिया। गोमिया से तेनुघाट जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर रेलवे लाइन और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का कारण बनती जा रही है। रेलवे क्षेत्र से सटे मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे लाइन के आसपास बने इन गड्ढों को भरना और सड़क को व्यवस्थित करना संबंधित रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन लंबे समय से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। कभी-कभार गड्ढों में डस्ट या अन्य सामग्री डालकर उसे भरने का प्रयास जरूर किया जाता है, लेकिन बारिश और वाहनों के आवागमन के कारण सामग्री बह जाती है और कुछ ही समय में गड्ढे फिर उभर आते हैं।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस मार्ग से महिलाएं, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। साइकिल से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के साथ-साथ स्कूटी और मोटरसाइकिल से गुजरने वाली महिलाओं एवं वृद्ध लोगों के लिए ये गड्ढे कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। गड्ढों से बचने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ने से लोग गिर भी चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय रेलवे लाइन के आसपास के सभी गड्ढों को तत्काल भरकर सड़क का स्थायी रूप से निर्माण एवं समतलीकरण कराया जाए। लोगों का कहना है कि महज डस्ट डालकर खानापूर्ति करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक सड़क को मजबूत और समतल नहीं किया जाता, तब तक राहगीरों की जान पर खतरा बना रहेगा।

लोगों ने रेलवे प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते इस मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम राहगीरों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading