गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
रायडीह में आयोजित स्वतंत्रता सेनानी गौरव सभा में जुटे भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि, आदिवासी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
गुमला : – गुमला में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को रायडीह प्रखंड के नवागढ़ स्थित पतराटोली के वीर शहीद बख्तर साय एवं मुंडल सिंह चौक पर स्वतंत्रता सेनानी गौरव सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित अतिथियों ने शहीद बख्तर साय और मुंडल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा गुमला जिला एवं रायडीह मंडल की ओर से किया गया। इसमें भाजपा जिला अध्यक्ष सागर उरांव, रायडीह मंडल अध्यक्ष करमपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं गुमला के पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव, किरण माला बाड़ा, देवेंद्र लाल उरांव, छोटेलाल भगत सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि वीर शहीद बख्तर साय और मुंडल सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर अपने क्षेत्र और समाज के सम्मान के लिए बलिदान दिया था। ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों का इतिहास केवल स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे देश को उनके योगदान की जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में आदिवासी वीरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन उनके संघर्ष और बलिदान को इतिहास के पन्नों में पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया है।
कमलेश उरांव ने कहा कि इन वीर शहीदों की जीवनी और संघर्ष को स्कूली शिक्षा से लेकर कॉलेज के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जान सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देशभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने और उनके इतिहास को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव ने कहा कि राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर से 21 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान छोटे-बड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में भी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम हो रहे हैं।
शिवशंकर उरांव ने कहा कि गुमला जिले में भी वीर शहीदों की स्मृति में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रायडीह के नवागढ़ पतराटोली में बख्तर साय और मुंडल सिंह के प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसके अलावा सिसई प्रखंड के रेड़वा में अमर शहीद तिरंगा खड़िया के प्रतिमा स्थल पर 17 नवंबर को कार्यक्रम हुआ। रांची में वीर बुधु भगत की जन्मस्थली पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं बिशुनपुर प्रखंड के चिंगरी में टाना भगत की प्रतिमा स्थल पर भी स्वतंत्रता सेनानी गौरव कार्यक्रम हुआ।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने-अपने क्षेत्र के शहीदों के स्मारक और प्रतिमा स्थलों पर जाकर उन्हें याद करना चाहिए। उनके जीवन संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण बाड़ा ने अनुसूचित जनजाति समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बहन-बेटियों की सुरक्षा एक गंभीर विषय है। समाज की बेटियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण जैसे मुद्दों पर चिंता जताते हुए कहा कि इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सभी लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
उन्होंने महिलाओं को झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की तरह साहस और आत्मविश्वास के साथ अन्याय के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया। साथ ही समाज के लोगों से अपनी परंपरा, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों की भी भागीदारी रही। इसके अलावा बख्तर साय के वंशज और स्थानीय ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को नयाद करने का अवसर है। वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए तथा उनके इतिहास को संरक्षित करने के लिए सामूहिक पहलन करनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र लाल उरांव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शंकर पंडा ने किया।







