22.1 C
Ranchi
Wednesday, November 18, 2026
Advertisement
Home Blog Page 161

घरेलू गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला उपायुक्त, के निर्देशानुसार आज शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गुमला की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की जरूरत, संभावित कालाबाजारी की रोकथाम तथा वितरण व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी गुमला, बसिया एवं चैनपुर, प्रबंधक BPCL, HPCL एवं IOCL, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गुमला जिला तथा जिले के सभी घरेलू गैस वितरक शामिल हुए।

बैठक में जानकारी दी गई कि गुमला जिले में BPCL के 41,739 तथा HPCL के 16,500 उपभोक्ता हैं। वहीं IOCL के प्रबंधक द्वारा बताया गया कि जिले में IOCL के कुल 1,32,903 उपभोक्ता हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 2300–2400 गैस सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं अमेरिका-ईरान के बीच तनाव की खबरों के कारण कुछ उपभोक्ताओं द्वारा घबराहट में अधिक मात्रा में गैस बुकिंग की जा रही थी, जिससे सर्वर में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई थी। अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है और दिनांक 14 मार्च 2026 से उपभोक्ता पूर्व की भाँति आसानी से गैस बुकिंग कर सकेंगे।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, अतः उपभोक्ता अनावश्यक रूप से चिंतित न हों।

उपभोक्ताओं को यह भी जानकारी दी गई कि गैस बुकिंग UPI, PhonePe, Google Pay सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भी आसानी से की जा सकती है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग कर सकते हैं। यदि किसी उपभोक्ता को निर्धारित अवधि से पहले गैस की आवश्यकता होती है तो वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलिंडर भी प्राप्त कर सकते हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों के प्रबंधकों एवं डीलरों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। यदि कहीं से ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित डीलर अथवा व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया द्वारा सुझाव दिया गया कि यदि कहीं भी घरेलू गैस से संबंधित किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए, ताकि समय पर कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

बैठक के दौरान शेरावाली गैस एजेंसी, गुमला द्वारा यह प्रस्ताव रखा गया कि गैस बुकिंग एवं वितरण केंद्रों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाए जाने से लोगों में अनावश्यक घबराहट की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी तथा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

जिला प्रशासन द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, अतः अनावश्यक बुकिंग या अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकतानुसार ही गैस बुकिंग करें।

राम भक्तों के लिए

साप्ताहिक निरीक्षण से सदर अस्पताल की व्यवस्था में दिख रहा सुधार

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया जा रहा है। नियमित निरीक्षण एवं निगरानी के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं में अब कई सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में आज शुक्रवार को लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास शाखा गुमला द्वारा सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान रोगी भर्ती वार्ड, किचेन रूम, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी सहित अन्य विभागों का जायजा लिया गया। इस क्रम में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा उपचार एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं पर संतुष्टि व्यक्त की गई।
प्रसव सेवाओं की जानकारी प्राप्त हुई कि अपराह्न 4:15 बजे तक 16 माताओं का सामान्य प्रसव कराया गया तथा 06 का सी-सेक्शन ऑपरेशन किया गया है। सभी माताओं को प्रसव के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति के संबंध में बताया गया कि सर्जिकल वार्ड में 27, जनरल वार्ड में 141, पुरुष वार्ड में 26, महिला वार्ड में 23 तथा बच्चों के वार्ड में 13 मरीज भर्ती थे। ओपीडी में कुल 465 मरीजों का निबंधन किया गया तथा 10 आयुष्मान कार्ड निर्गत किए गए।
यह भी जानकारी दी गई कि भर्ती एवं बाह्य रोगियों को यथासंभव इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा मरीजों की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर किया जाता है। आज कुल 105 मरीजों को विभिन्न प्रखंडों से सदर अस्पताल लाने-ले जाने तथा 01 मरीज को रिम्स भेजने हेतु एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई गई।
किचेन के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने हेतु निर्देश दिए गए। मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार सामान्य भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। एनआरसी (NRC) केंद्र में कुल 16 बच्चे भर्ती पाए गए, जिन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।
दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण में बताया गया कि वर्तमान में अस्पताल में 612 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र बंद पाया गया। अस्पताल में उपलब्ध मशीनें कार्यशील पाई गईं, जहां 44 मरीजों का एक्स-रे तथा 20 मरीजों का सीटी स्कैन किया गया।
अस्पताल में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। उपस्थिति आकस्मिक पंजी संधारित पाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में 46 सीसीटीवी कैमरे कार्यरत पाए गए। परिसर में किसी प्रकार का शैडो एरिया नहीं पाया गया। अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं दुर्गंध मुक्त बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण के माध्यम से अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है।

राम भक्तों के लिए

गुमला सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन की अनोखी पहल, अब बच्चे सिखाएंगे बड़ों को ट्रैफिक के नियम

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक अनूठी और भावनात्मक पहल शुरू की है।
भविष्य की पीढ़ी को जागरूक कर अभिभावकों के व्यवहार में बदलाव लाने के उद्देश्य से *जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजकियकृत उच्च मध्य विद्यालय ,अरमई में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) ने कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों को सड़क दुर्घटनाओं की वास्तविक वीडियो फुटेज दिखाई। सीसीटीवी कैमरों में कैद उन भयावह दृश्यों को देखकर बच्चे सिहर उठे। इस दौरान उन्हें समझाया गया कि कैसे महज एक सेकंड की लापरवाही खुशहाल परिवारों को तबाह कर देती है। तकनीकी बारीकियों को समझते हुए, बताया कि सड़क हादसों में होने वाली अधिकांश मौतों का मुख्य कारण सिर की चोट है, जिससे एक मानक हेलमेट आसानी से बचा सकता है।
“गार्जियन को बनना होगा रोल मॉडल”
कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए डीटीओ ने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा:
> “जब घर के बड़े खुद हेलमेट नहीं पहनते, तो वे बच्चों से नियमों के पालन की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? माता-पिता ही बच्चों के पहले शिक्षक होते हैं। अगर वे खुद हेलमेट पहनकर गाड़ी चलाएंगे, तो आने वाली पीढ़ी इसे संस्कार के रूप में अपनाएगी।”
>
*बच्चों ने ली शपथ: “बिना हेलमेट घर से नहीं निकलने देंगे माता-पिता को”*
प्रशासन की इस इमोशनल अपील का बच्चों पर गहरा असर दिखा। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने सामूहिक शपथ ली कि:
*वे अपने माता-पिता को तब तक गाड़ी की चाबी नहीं देंगे या घर से बाहर नहीं जाने देंगे, जब तक वे हेलमेट या सीट बेल्ट न लगा लें।*
*वाहन चलाते समय यदि परिजन तेज रफ्तार में होंगे, तो बच्चे उन्हें तुरंत टोकेंगे।*

*वे अपने आसपास के लोगों को ‘धीमी गति’ और ‘सुरक्षित सफर’ के लिए प्रेरित करेंगे।*
*पूरे जिले में गूंज रही है ‘सुरक्षा की आवाज’*
*डीटीओ ने बताया कि प्रशासन केवल स्कूलों तक सीमित नहीं है।* गुमला के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम (लाउडस्पीकर) सक्रिय कर दिए गए हैं। इन लाउडस्पीकरों के माध्यम से लगातार लोगों को यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता और तेज रफ्तार के खतरों के प्रति सचेत किया जा रहा है।
*प्रशासन का सीधा संदेश: आपकी जान अनमोल है। इसे सड़क पर लापरवाही की भेंट न चढ़ाएं। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।*

*सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो , सड़क सुरक्षा के टीम शामिल थे*

राम भक्तों के लिए

गुमला परिवहन विभाग की राजस्व संग्रहण को लेकर ‘बायपास पर बीते रात एवं दिन में सघन वाहन जांच अभियान में ₹4.05 लाख का जुर्माना वसूला

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

बिना हेलमेट वाले एवं मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बाइकर्स और ओवरलोडेड वाहनों पर कसा शिकंजा

गुमला : – गुमला जिला में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग के और से विशेष अभियान चलाया गया उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशों के आलोक में, शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में गुमला-बायपास मुख्य मार्ग पर एक व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस सघन कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में हड़कंप एवं हफरा तफरी मच गया

24 घंटे के भीतर लाखों की वसूली शुक्रवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹1,95,000 (एक लाख पनचंबे हजार रुपये) का जुर्माना वसूला गया। उल्लेखनीय है कि परिवहन विभाग की टीम गुरुवार को बीते रात को भी सक्रिय थी; देर रात की गई जांच में ₹2,10,000 का चालान काटा गया था। पिछले 24 घंटों के भीतर की गई इस त्वरित कार्रवाई ने जिले के लापरवाह चालकों को एक कड़ा संदेश दिया है।

‘कानफोड़ू’ साइलेंसरों और मोडिफाइड लाइट पर ऑन-स्पॉट एक्शन

अभियान के दौरान उन दोपहिया चालकों पर विशेष रूप से गाज गिरी, जिन्होंने अपनी मोटरसाइकिलों में कंपनी फिटेड साइलेंसर को हटाकर तेज आवाज (ब्लास्ट साउंड) वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रखे थे। डीटीओ ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले ऐसे वाहनों पर न केवल भारी जुर्माना वसूला लगाया, बल्कि मौके पर ही मैकेनिक को बुलाकर अवैध साइलेंसरों को उतरवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों पर प्रहार
जांच के दायरे में भारी मालवाहक वाहन भी शामिल रहे। क्षमता से अधिक माल (ओवरलोडिंग) ढोने वाले ट्रकों और हाइवा पर नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त, दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट और चार पहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट के यात्रा करने वालों के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों—जैसे बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस—की भी गहन जांच की गई। अवैध रूप से एक्स्ट्रा LED लाइट लगाने और नंबर प्लेट छिपाने वाले वाहन भी रडार पर रहे।

दुर्घटना और आर्थिक परेशानी से बचने की अपील > इस सघन अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि बहुमूल्य मानवीय जिंदगियों को बचाना है। हेलमेट और सीट बेल्ट जहां दुर्घटना की स्थिति में आपकी जान बचाते हैं, वहीं वाहन के वैध दस्तावेज (बीमा, परमिट आदि) दुर्घटना के पश्चात आपके परिवार को कानूनी और आर्थिक संकटों से सुरक्षित रखते हैं।”

*जांच के दौरान मोटर यान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह एवं परिवहन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे*

राम भक्तों के लिए

14 मार्च को अनुमण्डल कार्यालय सभागार में होगा नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह एवं उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष निर्वाचन

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – नगर परिषद, गुमला (वर्ग–ख) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण तथा उपाध्यक्ष पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन को लेकर शनिवार 14 मार्च 2026 को अनुमण्डल कार्यालय, गुमला के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन अनुमण्डल कार्यालय परिसर स्थित सभागार में किया जाएगा। इसके पश्चात नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी, जिसमें संबंधित जनप्रतिनिधियों को पूर्वाह्न 8 बजे से निर्धारित समय पर उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

निर्वाचन की सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के उपरांत नगर परिषद के उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण लगभग अपराह्न 02:00 बजे संपन्न होने की संभावना है।

कार्यक्रम के शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन के उद्देश्य से अनुमण्डल पदाधिकारी-सह-दण्डाधिकारी, गुमला द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा–163 (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा–144) के तहत 14 मार्च 2026 को प्रातः 06:00 बजे से अपराह्न 06:00 बजे तक अनुमण्डल कार्यालय परिसर एवं उसके 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

 

राम भक्तों के लिए

अंचल दिवस 3.0 की शुरुआत, सिसई में लगा समाधान शिविर

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने स्वयं सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 85% आवेदनों का हुआ ऑन द स्पॉट त्वरित निष्पादन

गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित सिसई प्रखंड में भूमि विवाद एवं अंचल से संबंधित विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित अंचल दिवस 3.0 का तृतीय चरण शुक्रवार को सिसई अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित स्वयं शिविर में उपस्थित रहीं और उन्होंने आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अंचल स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद सहित सभी अंचल संबंधित मामलों का निष्पादन पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ किया जाए।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल प्राप्त 82 आवेदनों में से 70 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि 12 मामलों में आवश्यक जांच के आदेश दिए गए। इस प्रकार कुल मामलों का लगभग 85 % प्रतिशत त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया गया।

आवेदन एवं निष्पादन का संक्षिप्त विवरण
अंचल दिवस के दौरान विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद के 08 मामले आए, जिनमें से 06 का निष्पादन किया गया तथा 02 मामलों को जांच हेतु भेजा गया।
दाखिल-खारिज के 24 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
पंजी-II सुधार के 11 मामलों में से 01 का निष्पादन तथा 10 मामलों में जांच के आदेश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित 19 मामलों, पारिवारिक सदस्यता के 10 मामलों तथा भू-धारण – जनशिकायत निवारण दिवस से संबंधित 10 मामलों का भी शिविर में ही निष्पादन किया गया।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों के संदर्भ में उपायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि ट्राइबल भूमि से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए प्रशासन गंभीर है और ऐसे मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर अंचल दिवस में अवश्य आएं, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन अंचल स्तर पर ही संभव हो सके।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सदर राजीव नीरज, सिसई प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि अंचल दिवस 3.0 के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न अंचलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे और यथासंभव – ऑन द स्पॉट – समाधान सुनिश्चित करेंगे।

जिलेवासियों से अपील की है कि वे भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, मापी, सीमांकन एवं अन्य राजस्व से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित तिथि पर आयोजित अंचल दिवस में भाग लें, ताकि समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

अंचल दिवस 3.0 के अंतर्गत अगले चरण का आयोजन 20 मार्च 2026 को भरनो अंचल कार्यालय परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर भी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे तथा यथासंभव मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

राम भक्तों के लिए

14 मार्च को अनुमण्डल कार्यालय परिसर में निषेधाज्ञा लागू

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद, गुमला (वर्ग-ख) के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण तथा उपाध्यक्ष पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम के मद्देनजर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अनुमण्डल कार्यालय परिसर में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मार्च 2026 को नगर परिषद, गुमला (वर्ग-ख) के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण तथा उपाध्यक्ष पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन अनुमण्डल कार्यालय, गुमला के सभागार में संपन्न होगा।

अनुमण्डल पदाधिकारी-सह-दण्डाधिकारी, गुमला राजीव नीरज द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा–163 (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा–144) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 14 मार्च 2026 को प्रातः 06:00 बजे से अपराह्न 06:00 बजे तक अनुमण्डल कार्यालय परिसर एवं उसके 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में 100 मीटर की परिधि में 05 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने तथा अस्त्र-शस्त्र के साथ किसी प्रकार का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परिसर में किसी प्रकार के घातक हथियार, आग्नेयास्त्र या विस्फोटक पदार्थ लाने एवं ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जो शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों पर भी प्रभावी होगा। यह प्रावधान सरकारी पदाधिकारी/कर्मचारी, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल तथा नेपालियों एवं सिखों द्वारा पारंपरिक रूप से धारण की जाने वाली खुखरी एवं कृपाण पर लागू नहीं होगा।

इसके अतिरिक्त गुमला नगर परिषद क्षेत्र में रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 06:00 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि यह प्रावधान मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर, गुरुद्वारा एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर लागू नहीं होगा, किंतु इन धार्मिक स्थलों का उपयोग किसी भी प्रकार के निर्वाचन प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबंधित रहेगा।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति, संगठन अथवा समूह सोशल मीडिया (WhatsApp, SMS, Facebook, Twitter आदि) या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से किसी प्रकार की फेक न्यूज, भ्रामक संदेश, फोटो या सूचना का प्रसार नहीं करेगा। ऐसा पाए जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा जारी आदेशों का पालन सुनिश्चित करें।

राम भक्तों के लिए

केन्द्र सरकार के कई अदूरदर्शी फैसलों के विरोध में कृषि मंत्री विधानसभा के चालू सत्र में भाग लेने रिक्शे से पहुंची

0

ग़लत विदेश नीति और नाकाम आर्थिक फैसलों से देश की जनता बदहाल : शिल्पी नेहा तिर्की

रांची : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि केन्द्र सरकार की ग़लत विदेश नीति और नाकाम आर्थिक फैसलों से देश की जनता बदहाल और परेशान है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किये गये हमले और उसके बाद मध्य-पूर्व एशिया में उत्पन्न नाजुक स्थिति से भारत के आम लोगों पर पड़नेवाले दुष्प्रभाव से बचाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया जो दुर्भाग्यपूर्ण है. केन्द्र सरकार के कई अदूरदर्शी फैसलों के विरोध में शुक्रवार को श्रीमती तिर्की विधानसभा के चालू सत्र में भाग लेने के लिये रिक्शे से पहुँची.

श्रीमती तिर्की ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कायम स्थिति ने भारतीय अर्थव्यवस्था और मोदी सरकार की पोल-पट्टी खोलकर रख दी है. इस घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया है कि केन्द्र सरकार की विदेश नीति न केवल असफल हुई है बल्कि अर्थव्यवस्था भी बदहाली के कगार पर है.

‘मोदी सरकार की आँखें खोलने के लिये रिक्शे पर आने का निर्णय लिया’

कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान मुद्दों पर पूरी देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित करने और मोदी सरकार की आँख खोलने के लिये आज उन्होंने झारखण्ड विधानसभा के चालू सत्र में भाग लेने के लिये रिक्शे पर आने का निर्णय लिया.

केन्द्र सरकार की ग़लत विदेश नीति और नाकाम आर्थिक फैसलों की तीखी आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई ने देश की जनता की कमर तोड़ दी है. पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही है लेकिन केन्द्र में बैठे लोग जनता की तकलीफ से बेखबर हैं. बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन को उन्होंने केन्द्र को जनता की ओर से दी गई चेतावनी बताया और कहा कि अगर पेट्रोल, डीज़ल और गैस के दाम तुरंत कम नहीं हुए एवं गैस की उपलब्धता सुलभ नहीं हुई तो ये आंदोलन और बड़ी एवं व्यापक होगी.

कई स्लोगन लिखे पोस्टरों के साथ प्रदर्शन किया गया

पेट्रोल-डीज़ल की मार, जनता हो रही लाचार, महंगा पेट्रोल-डीज़ल, कैसे चलेगा देश का व्हील?, गैस सिलेंडर हुआ महंगा, रसोई का बजट हुआ तंग, ईंधन की बढ़ती कीमतें, जनता पर भारी मुसीबतें, पेट्रोल-डीज़ल कम करो, जनता को राहत दो, महंगी गैस-महंगा तेल, आम आदमी हुआ फेल, ईंधन संकट पर ध्यान दो, जनता को आसान जीवन दो जैसे स्लोगन की चर्चा करते हुए श्रीमती तिर्की ने कहा कि आज उनके पास कहने को बहुत कुछ नहीं है बल्कि केवल हकीकत बयां करनेवाला वे स्लोगन लिखे कागज हैं जिसमें आज अपने देश की अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्थिति के कारण कायम अपने देश के हालात लिखे हैं.

राम भक्तों के लिए

जिले में अवैध खनन एवं बालू परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

0

छापामारी में हाईवा जब्त, हजारों घनफीट अवैध बालू भंडारण का हुआ खुलासा

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनन पदाधिकारी, अंचल प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से सिसई एवं बसिया थाना क्षेत्रों में औचक छापामारी अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध बालू परिवहन एवं भंडारण के कई मामले सामने आए हैं।

सिसई थाना क्षेत्र में हाईवा जब्त
दिनांक 10 मार्च 2026 को सुबह लगभग 06:00 बजे सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमला–रांची रोड स्थित ओवरब्रिज महुआडीपा के समीप छापामारी के दौरान बालू लदा टाटा कंपनी का 16 चक्का हाईवा (पंजीकरण संख्या JH07N-3746) को जांच हेतु रोका गया। जांच दल को देखकर चालक वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया। वाहन का ऑनलाइन JIMMS पोर्टल पर चालान जांच करने पर कोई वैध चालान नहीं पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि वाहन द्वारा अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा था।
मौके पर बालू की मात्रा लगभग 1355 घनफीट पाई गई। उक्त हाईवा को जब्त कर सिसई थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है तथा वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

चट्टीटोली में अवैध बालू भंडारण का खुलासा
उसी दिन सिसई थाना क्षेत्र के मौजा चट्टीटोली में भी जिला खनन पदाधिकारी एवं खान निरीक्षक द्वारा संयुक्त छापामारी की गई। छापामारी के दौरान कोयल नदी से अवैध रूप से बालू उत्खनन कर लगभग 20,000 घनफीट बालू का भंडारण दो अलग-अलग स्थानों पर किया हुआ पाया गया।
जांच में यह भी पाया गया कि बालू भंडारण के लिए सुरक्षित वन क्षेत्र को काटकर रास्ता बनाया गया था। स्थानीय पूछताछ में इस अवैध भंडारण में तिजू उरांव, दशरथ गौरा, डेवठु लोहरा, पंचु पुजार एवं धर्मवीर उरांव (सभी निवासी चट्टीटोली, थाना सिसई) की संलिप्तता सामने आई है।
उक्त स्थल पर कोई खनन पट्टा अथवा भंडारण अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई, जिसके आधार पर बालू को झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54A के तहत जब्त किया गया है। जब्त बालू का निष्पादन उपायुक्त के स्तर से नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।

बसिया के टेंगरा में भी बड़ी कार्रवाई
दिनांक 11 मार्च 2026 को अपराह्न 02:00 बजे बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा टेंगरा में जिला खनन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी बसिया एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त छापामारी की गई। इस दौरान कोयल नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर लगभग 22,000 घनफीट बालू का भंडारण किया हुआ पाया गया।
स्थानीय स्तर पर पूछताछ के दौरान किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट नहीं हो सका। उक्त स्थल पर भी किसी प्रकार का खनन पट्टा या भंडारण अनुज्ञप्ति नहीं पाया गया, जिसके कारण बालू को झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54A के तहत जब्त किया गया है। इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों एवं संबंधित भूमि स्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पट्टा अथवा अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन करना खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4 एवं 21, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 तथा झारखंड मिनरल्स (प्रिवेंशन ऑफ इल्लीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) रूल 2017 के तहत दंडनीय अपराध है।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व की क्षति होती है तथा राष्ट्रीय संपदा का भी नुकसान होता है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिले में लगातार छापामारी अभियान जारी रहेगा।

राम भक्तों के लिए

गोमिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया: गोमिया प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो तथा अंचल अधिकारी आफताब आलम द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद औपचारिक रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है।
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकती हैं।
अंचल अधिकारी आफताब आलम ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium