15.6 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 217

दिव्यांगता को ताकत बनाकर राजनीति में नई लकीर खींचने वाले भारतीय नेता

0

भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां नेतृत्व का पैमाना शारीरिक सामर्थ्य नहीं, बल्कि संघर्ष, विचार और जनविश्वास होता है। भारतीय राजनीति में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां नेताओं ने दिव्यांगता को कमजोरी नहीं, बल्कि संवेदना, संकल्प और दूरदृष्टि की ताकत में बदला। इन नेताओं ने न केवल सत्ता के शीर्ष पदों तक पहुंच बनाई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सीमाएं शरीर की हो सकती हैं, इरादों की नहीं।

स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक राजनीति तक, यमुना प्रसाद शास्त्री जैसे नेताओं ने इस परंपरा की नींव रखी। गोवा मुक्ति आंदोलन में पुर्तगाली पुलिस की गोली से दृष्टि खोने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी। जनता पार्टी के टिकट पर रीवा लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद पहुंचे और नेत्रहीन होते हुए भी विधायी बहसों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी यात्रा आज भी लाखों दृष्टिबाधित लोगों के लिए प्रेरणा है।

इसी क्रम में एस. जयपाल रेड्डी का नाम उल्लेखनीय है। बचपन में पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने अपनी बौद्धिक क्षमता और राजनीतिक समझ के दम पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में स्थान बनाया। चार बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सांसद रहे जयपाल रेड्डी संसद की गंभीर, तर्कपूर्ण और विचारोत्तेजक बहसों के लिए जाने जाते थे। वे दिव्यांगता के साथ बौद्धिक राजनीति की सशक्त मिसाल बने।

छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी की कहानी भी असाधारण है। एक सफल आईएएस अधिकारी से राजनीति में आए जोगी ने नवगठित राज्य की प्रशासनिक और विकासात्मक नींव रखी। 2004 की दुर्घटना के बाद कमर से नीचे पूर्ण रूप से पैरालाइज हो जाने के बावजूद उन्होंने राजनीति नहीं छोड़ी। व्हीलचेयर पर रहते हुए भी चुनाव लड़े, नई पार्टी बनाई और सक्रिय राजनीति में बने रहे। उन्होंने साबित किया कि शारीरिक जड़ता नेतृत्व को जड़ नहीं बना सकती।

राजस्थान की राजनीति में सादगी और समर्पण के प्रतीक रहे हरिदेव जोशी ने एक हाथ न होने के बावजूद तीन बार मुख्यमंत्री पद संभाला। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालयों की स्थापना, सिंचाई परियोजनाएं, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय की मजबूत आधारशिला रखी गई। उनका जीवन बताता है कि नेतृत्व हाथों की संख्या से नहीं, बल्कि दृष्टि की गहराई से तय होता है।

महाराष्ट्र के कद्दावर नेता शरद पवार ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए भी राजनीति नहीं छोड़ी। इलाज के कठिन दौर में भी सक्रिय रहकर उन्होंने कृषि, सहकारिता और गठबंधन राजनीति को नई दिशा दी। चार बार मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका योगदान आज भी भारतीय राजनीति में मिसाल माना जाता है।

तमिलनाडु की राजनीति के पुरोधा एम. करुणानिधि ने व्हीलचेयर पर रहते हुए भी सत्ता और विचारधारा दोनों को मजबूती दी। पांच बार मुख्यमंत्री रहे करुणानिधि ने द्रविड़ आंदोलन, सामाजिक न्याय और तमिल भाषा-संस्कृति के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन बताता है कि विचारधारा चलने के लिए पैरों की नहीं, संकल्प की जरूरत होती है।

इस श्रृंखला में स्वतंत्र भारत के पहले नेत्रहीन सांसद साधन गुप्ता का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। चेचक के कारण बचपन में दृष्टि खोने के बावजूद उन्होंने शिक्षा को हथियार बनाया, वकालत की और संसद तक पहुंचे। उन्होंने नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड की स्थापना कर दिव्यांग अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय मंच दिया और संसद में शिक्षा व रोजगार के सवाल उठाए।

ये सभी दिव्यांग नेता भारतीय राजनीति के जीवंत प्रतीक हैं। उनकी यात्राएं यह साबित करती हैं कि दिव्यांगता शरीर की सीमा हो सकती है, लेकिन विचार, साहस और संकल्प की कोई सीमा नहीं होती। यमुना प्रसाद शास्त्री की नेत्रहीनता से लेकर करुणानिधि की व्हीलचेयर तक, हरिदेव जोशी के एक हाथ से लेकर शरद पवार की बीमारी तक—इन सभी ने अपनी चुनौतियों को शक्ति में बदला और देश को नई दिशा दी।

News – Ranu Bairagi

राम भक्तों के लिए

बोकारो थर्मल स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी में आग, त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी रेल दुर्घटना

0

बोकारो थर्मल।
बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर में खड़ी एक मालगाड़ी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख यात्रियों और रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन अधीक्षक शैलेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डीवीसी दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही है।

वहीं स्थानीय लोगों और यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक एवं दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

News – Kahkashan Farooqi

राम भक्तों के लिए

बसिया के किन्दीरकेला में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक ट्रेलर की चपेट में आया 3 वर्षीय बच्चा, मौके पर मौत, सड़क जाम

0

गुमला।
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्दीरकेला गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित लाइन ट्रक ट्रेलर की चपेट में आने से एक 3 वर्षीय बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने रांची–सिमडेगा मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ट्रेलर सड़क की विपरीत दिशा में चला गया और बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर कोनबीर खुदी चौक के पास वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की।

घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक चालक को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित निकालकर बसिया थाना ले गई। इसके बाद ग्रामीणों ने किन्दीरकेला के समीप रांची–सिमडेगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

नेतरहाट घाटी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बॉक्साइट ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक पर्यटक की मौत, तीन घायल

0

गुमला।
गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेतरहाट घाटी में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बॉक्साइट ट्रक ने पर्यटकों की कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी पर्यटक हजारीबाग जिले के बड़का गांव के निवासी थे। मृतक की पहचान अनुपम कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में साहिल रजक (22 वर्ष), नहीर माहिर (18 वर्ष) और रोशन कुमार शामिल हैं। सभी लोग एक कार से नेतरहाट घूमने आए थे और गुरुवार को वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।

बताया जाता है कि नेतरहाट से लौटते समय घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुपम कुमार को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साहिल रजक के पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि नहीर माहिर को कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

भाजपा गुमला जिला द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती मनाई गई

0

गुमला : – गुमला जिला भारतीय जनता पार्टी के तत्वाधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती भाजपा जिला पार्टी कार्यालय गुमला में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बिनय कुमार लाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे जिन्होंने सिद्धांतों, मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ देश का नेतृत्व किया। उनका जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

पूर्व जिलाध्यक्ष सविन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल जी का नेतृत्व भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान दिलाने वाला रहा। वे विपक्ष का भी सम्मान करने वाले नेता थे, जो आज की राजनीति में दुर्लभ उदाहरण है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिन्हा ने विस्तार से अटल बिहारी वाजपेयी जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके राजनीतिक, साहित्यिक और राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदानों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री रामावतार भगत ने किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप चंद्र अधिकारी ने किया और कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक कमलेश उरांव,प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू ,भूपन साहू ,यशवंत कुमार सिंह, सागर उरांव, निर्मल कुमार गोयल,दामोदर कसेरा, बिनोद कुमार, बबलू वर्मा, देवेंद्र लाल उरांव, कौशलेन्द्र जमुवार,हरिहर कुमार,संजय वर्मा, लक्ष्मीकांत बड़ाइक, एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने अटल जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता संपन्न, 11 ट्रेड में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, 33 छात्र हुए सम्मानित

0

रांची।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राज्य में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन रांची के कांके स्थित वेंचर स्किल इंडिया, दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में किया गया, जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 24 जिलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने कुल 264 प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए। ये प्रोजेक्ट राज्य में संचालित व्यावसायिक शिक्षा के 11 विभिन्न ट्रेड कोर्स से संबंधित थे। इससे पूर्व विद्यालय और जिला स्तर पर भी कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट और मॉडल्स का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड में व्यावसायिक शिक्षा अब केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तैयार कर रही है। छात्रों के प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण हैं कि वे अपने कौशल का व्यावहारिक उपयोग समझने लगे हैं और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने में सक्षम हो रहे हैं।

श्री शशि रंजन ने कहा कि विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें एक प्रतिस्पर्धी मंच भी प्रदान करती हैं। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे छात्र पढ़ाई के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों के लिए भी सक्षम बनेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 33 विद्यार्थियों को राज्यस्तर पर सम्मानित किया गया। निदेशक ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षकों, प्रशिक्षकों और जिला स्तरीय टीमों के योगदान की भी सराहना की।

राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे—

मल्टी स्किल में खूंटी के ईशान अंसारी को प्रथम, खूंटी के गुंजन नायक को द्वितीय और लोहरदगा के विजय उरांव को तृतीय पुरस्कार मिला।
ब्यूटी एंड वेलनेस में दुमका की नेहा कुमारी प्रथम, खूंटी की तन्नू कुमारी द्वितीय और लातेहार की आयुषी कुमारी तृतीय रहीं।
ऑटोमोटिव में कोडरमा के चंदन कुमार को प्रथम, दुमका के अमन कुमार सेन को द्वितीय और गढ़वा के मोहम्मद आदिल अंसारी को तृतीय पुरस्कार मिला।
मीडिया एंड एंटरटेनमेंट में पश्चिम सिंहभूम के मो. नवाब खान प्रथम, रामगढ़ की जेहरा द्वितीय और गढ़वा की सुहानी सिंह तृतीय रहीं।
रिटेल में कुमकुम कुमारी प्रथम, पूर्वी सिंहभूम के अभिषेक रजक द्वितीय और सरायकेला-खरसावां की सलोनी कुमारी तृतीय रहीं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर में जामताड़ा के अर्जित सिंह प्रथम, खूंटी के गुंजन नायक द्वितीय और लोहरदगा के विजय उरांव तृतीय रहे।
आईटी ट्रेड में सरायकेला के दीपेश महतो प्रथम, गढ़वा के प्रणीत सोनी द्वितीय और रांची के पुनीत शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
हेल्थकेयर में पूर्वी सिंहभूम की कुमकुम रानी प्रथम, साहिबगंज की सादिया खातून द्वितीय और चतरा की फरहीन नाज तृतीय रहीं।
अपैरल में देवघर की सीनू कुमारी प्रथम, साहिबगंज की रुत कुमारी द्वितीय और सिमडेगा की बेब्लीन बारला तृतीय रहीं।
कृषि ट्रेड में रामगढ़ की खुशी प्रथम, गिरिडीह की निशा कुमारी द्वितीय और सरायकेला के अभिजीत महतो तृतीय रहे।
पर्यटन ट्रेड में रांची की मेहर परवीन प्रथम, सरायकेला के कुणाल साव द्वितीय और बोकारो की माही कुमारी तृतीय रहीं।

News Desk

राम भक्तों के लिए

पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया में धूमधाम से मना क्रिसमस, प्रेम और साझाकरण का दिया गया संदेश

0

गोमिया।
पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया में क्रिसमस का पर्व बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मियों के बीच प्रेम, साझाकरण और एकजुटता का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सव की उमंग और खुशी से सराबोर नजर आया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा सप्तम ‘ब’ के छात्र अभिरूप चक्रवर्ती ने किया। समारोह की शुरुआत कक्षा षष्ठ और सप्तम के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर क्रिसमस गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आनंदमय और भक्तिपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर कक्षा सप्तम ‘ब’ की छात्रा गुरविंदर कौर ने क्रिसमस के महत्व पर प्रभावशाली अंग्रेजी भाषण दिया, जिसमें जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में खुशियां बांटने का संदेश दिया गया। इसके बाद कक्षा नवम की छात्राओं ने गीत “He Shall Reign Forever” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भरते हुए कक्षा सप्तम ‘ब’ की छात्रा प्रज्ञा सिंह ने क्रिसमस की भावना को दर्शाती एक सुंदर हिंदी कविता का पाठ किया। वहीं प्राथमिक वर्ग के छात्रों द्वारा गीत “झूमो, नाचो, गाओ” पर प्रस्तुत क्रिसमस नृत्य ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण असेंबली ग्राउंड में सांता क्लॉस का आगमन रहा। सांता को देखकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर हंसी-खुशी व जयकारों से गूंज उठा।

विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने अपने संबोधन में करुणा और एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्रिसमस जैसे त्योहार हमें आपसी प्रेम, दयालुता और खुशियां बांटने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर गोमिया विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता ने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की तथा नैतिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं आईईपीएल (ओरिका) गोमिया के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास ने इस तरह के सार्थक आयोजन के लिए विद्यालय को बधाई दी और छात्रों को जिम्मेदार व संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

News – Kahkashan Farooqi 

राम भक्तों के लिए

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता अभियान के तहत आज भी निरीक्षण, बच्चों की हाइजीन पर विशेष जोर

0

गुमला : ः गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं हाइजीन अभियान के तहत आज भी निरीक्षण एवं निगरानी की गई।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) आरती कुमारी, एलएस एवं सीडीपीओ द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों की स्वच्छता, रसोई व्यवस्था एवं केंद्रों के समग्र वातावरण का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की व्यक्तिगत साफ-सफाई सुनिश्चित की गई तथा अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
उपायुक्त द्वारा अभियान की सतत मॉनिटरिंग वीडियो कॉल के माध्यम से की जा रही है, ताकि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित हो सके। यह अभियान आगामी दिनों तक निरंतर जारी रहेगा।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

कोयल नदी से अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 07 ट्रैक्टर जब्त

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर अवैध खनन के विरुद्ध जिले में लगातार कार्रवाई जारी है, इसी क्रम में आज बुधवार को प्रातः लगभग 07:30 बजे गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत भण्डरिया गांव के नीचे कोयल नदी घाट पर अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक नौशाद पवरिया, आरक्षी/98 यावर खान, आरक्षी/242 सालन आईन्द, चालक आरक्षी/43 संजय एक्का एवं सहायक आरक्षी/09 प्रवीण एक्का शामिल थे। अभियान के दौरान कुल 07 ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू लदे हुए पकड़े गए, जिन्हें सुरक्षार्थ गुमला थाना अंतर्गत नवनिर्मित टोटो थाना परिसर में रखा गया है।
जिला खनन पदाधिकारी के आदेशानुसार दिनांक 24.12.2025 को अधोहस्ताक्षरी द्वारा जब्त बालू लदे ट्रैक्टरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि संबंधित स्थल पर न तो कोई भंडारण अनुज्ञप्ति उपलब्ध थी और न ही किसी प्रकार का वैध खनन पट्टा। इसके अतिरिक्त, बालू परिवहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।
प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि अवैध रूप से बालू का उत्खनन एवं परिवहन कर व्यापार किया जा रहा था, जो पूर्णतः गैरकानूनी है। इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल सरकारी राजस्व की क्षति हो रही है, बल्कि राष्ट्रीय संपदा का भी क्षरण हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह कृत्य ( झारखण्ड लघु खनिज समनुदान नियमावली-2004 के नियम 4 एवं 54 तथा The Jharkhand Minerals (Prevention of Illegal Mining, Transportation and Storage) Rules-2017 के नियम 7 एवं 9 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
अतः अवैध बालू परिवहन में संलिप्त सभी 07 ट्रैक्टरों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध उपर्युक्त अधिनियमों एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी रहेगी।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, भरनो एवं बसिया में औचक निरीक्षण

0

गुमला:  गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में गुमला जिले के भरनो प्रखंड एवं बसिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज खाद्य सुरक्षा विभाग टीम के द्वारा औचक निरीक्षण एवं छापामारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के द्वारा किया गया।

अभियान के क्रम में भरनो प्रखंड अंतर्गत श्याम डेयरी एवं मिष्ठान भंडार तथा कोनबीर स्थित श्याम होटल का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई की व्यवस्था, किचन की स्वच्छता, कर्मचारियों द्वारा दस्ताने व हेडगियर के उपयोग सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।

जांच के दौरान श्याम डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला का खाद्य नमूना संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया, ताकि खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता एवं मानकों की पुष्टि की जा सके। संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।

आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस प्रकार का निरीक्षण एवं छापामारी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium