15.6 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 220

सड़क हादसों में ‘देवदूत’ बनने वालों के लिए बड़ी खबर: ‘राहवीर’ योजना के तहत मिलेगा ₹25,000 का नकद इनाम

0

गुमला : – सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों की जान बचाने के लिए एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। ‘राहवीर’ योजना के तहत अब उन मददगारों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जो घायलों को समय रहते अस्पताल पहुँचाकर उनकी जान बचाएंगे।

योजना का मुख्य उद्देश्य: ‘गोल्डन ऑवर’ का सदुपयोग

अक्सर देखा जाता है कि कानूनी पचड़ों या पुलिसिया कार्रवाई के डर से लोग सड़क किनारे तड़प रहे घायलों की मदद करने से कतराते हैं। ‘राहवीर’ योजना का लक्ष्य इस डर को खत्म करना और लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रोत्साहित करना है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, हादसे के पहले 60 मिनट यानी ‘गोल्डन ऑवर’ में अगर इलाज मिल जाए, तो 50% से अधिक जान बचाई जा सकती हैं।

योजना की खास बातें और नियम:

• नकद इनाम: गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाने वाले व्यक्ति को प्रति केस ₹25,000 दिए जाएंगे।
• सम्मान पत्र: नकद राशि के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा ‘गुड सेमेरिटन’ (नेक मददगार) का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
• कोई पूछताछ नहीं: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, मदद करने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल प्रशासन द्वारा रुकने या गवाही देने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
• सीधा बैंक ट्रांसफर: पुरस्कार की राशि सीधे मददगार के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

किसे मिलेगा लाभ?

यह इनाम उन लोगों को दिया जाएगा जो अपनी जान जोखिम में डालकर या त्वरित सूझबूझ दिखाकर किसी की जान बचाते हैं। अस्पताल के डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों की एक समिति मामले की गंभीरता की पुष्टि करेगी, जिसके बाद पुरस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।

“सड़क पर घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। ‘राहवीर’ योजना न केवल लोगों को प्रेरित करेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने में मील का पत्थर साबित होगी।” — प्रेरणा दीक्षित , उपायुक्त गुमला l

सड़क सुरक्षा के इस अभियान में अब हर नागरिक एक ‘राहवीर’ बनकर देश की सड़कों को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दे सकता है। याद रखें, आपका एक छोटा सा प्रयास किसी के परिवार का चिराग बुझने से बचा सकता है।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को राहत, गोमिया में कंबल वितरण

0

गोमिया।
क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड और लगातार जारी शीतलहरी के बीच आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से गरीब, असहाय, बुजुर्ग और दिहाड़ी मजदूर वर्ग को ठंड से बचाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए गोमिया में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

झामुमो गोमिया प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सिंगलीटोला, स्वांग वन/बी, केन्दुआकोचा, न्यू माइनर्स सहित आसपास के इलाकों से आए जरूरतमंद लोगों के बीच गर्म कंबलों का वितरण किया गया। यह वितरण गोमिया विधायक सह राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद के सौजन्य से किया गया। मंत्री की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि अमित पासवान ने मौके पर मौजूद रहकर लोगों को कंबल सौंपे और उनका हालचाल जाना।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान ने कहा कि शीतलहरी और ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में समाज के कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद के निर्देश पर यह पहल की गई है, ताकि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को न्यूनतम राहत मिल सके।

कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर संतोष और राहत देखने को मिली। लोगों ने इस पहल के लिए आभार भी जताया। कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा गोमिया प्रखंड सचिव ललिता देवी, सुचिता कुमारी, शोभा कुमारी पासवान, कविता देवी, वीणा महतो, चंदा देवी सहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

News – Kahkashan Farooqi 

राम भक्तों के लिए

सहोदया अंतर-स्कूल पोस्टर प्रतियोगिता में पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया के विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

0

गोमिया।
डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के तत्वावधान में आयोजित सहोदया अंतर-स्कूल पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता 2025 में पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए। प्रतियोगिता का आयोजन 20 दिसंबर 2025 को डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल, सेक्टर-IX, रानीपोखर, बोकारो स्थित विवेकानंद कॉमन हॉल में किया गया।

प्रतियोगिता का विषय “ऊर्जा का संरक्षण” रखा गया था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों—ग्रुप A (कक्षा IX–XII), ग्रुप B (कक्षा VI–VIII) और ग्रुप C (कक्षा III–V) में विभाजित किया गया था। कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे तक चला, जिसमें सहोदया से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

पिट्स मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया। ग्रुप A में भूमि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रुप B में ऋषिता कर और ग्रुप C में अभिषिक्ता जाना को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता ने भी छात्रों की उपलब्धि की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
आईईपीएल (ओरिका), गोमिया के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास ने विद्यार्थियों के प्रयास और कलात्मक उत्कृष्टता की प्रशंसा की।

विद्यालय परिवार की ओर से विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और समस्त पिट्स मॉडर्न स्कूल परिवार को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं। प्रतियोगिता ने न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

News – Kahkashan Farooqi 

राम भक्तों के लिए

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

0

सोमवार को उपाधि धारकों व शोभायात्रा में शामिल सदस्यों को मिलेगा परिधान, कुलाधिपति करेंगे स्मारिका का लोकार्पण

हजारीबाग।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दसवें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से रविवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व में ही रविवार की छुट्टी रद्द करने की अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत विभिन्न समितियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देखा गया। कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने सभी समितियों के कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। इस बीच कड़ाके की ठंड ने आयोजन समिति के समक्ष अतिरिक्त चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

विश्वविद्यालय की परंपरा के अनुसार दीक्षांत समारोह के अवसर पर एक स्मारिका का लोकार्पण किया जाएगा। इस स्मारिका में उपाधि धारकों का विस्तृत विवरण, पिछले वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां तथा विश्वविद्यालय से संबंधित चयनित समाचारों का कोलाज शामिल किया गया है। स्मारिका समिति के संयोजक एवं मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. मिथिलेश कुमार सिंह को इसके प्रकाशन कार्य को अंतिम रूप देते हुए देखा गया। समिति के सदस्य डॉ. गंगानंद सिंह ने बताया कि स्मारिका में विश्वविद्यालय के सभी पूर्व कुलपतियों की तस्वीरें सम्मानपूर्वक प्रकाशित की गई हैं।

कन्वोकेशन परिधान वितरण समिति के संयोजक डॉ. किशोर कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि उपाधि धारकों के लिए प्रशासनिक भवन स्थित हेल्प डेस्क पर दो काउंटर तथा माइग्रेशन काउंटर के पास दो अलग काउंटर बनाए गए हैं। वहीं शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों के लिए विवेकानंद सभागार के प्रथम तल्ले में स्थित सभा कक्षा से परिधान वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिधान वितरण सोमवार, 22 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा।

इधर शैक्षणिक शोभायात्रा को लेकर भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान सबसे पहले कुलसचिव, उसके बाद कुलपति, फिर सभी संकायाध्यक्ष, अभिषद, अधीषद एवं विद्वत परिषद के सदस्य पंक्तिबद्ध होकर स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रवेश करते हुए देखे गए। सभागार पहुंचने के बाद मंचासीन होने वाले सदस्य मंच की ओर गए, जबकि अन्य सदस्य अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर बैठ गए।

इसके पश्चात कुलपति द्वारा उद्घोषणा दल का भी मॉक ड्रिल कराया गया। इस दल में डॉ. सुबोध कुमार सिंह शिवगीत, डॉ. सुनील कुमार दुबे, डॉ. जॉनी रुफिना तिर्की एवं डॉ. मृत्युंजय प्रसाद शामिल हैं, जिन्हें उद्घोषणा एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुलपति ने उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

साथ ही कुलसचिव एवं सभी संकायाध्यक्षों को मंच से संबोधन की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। निर्णय लिया गया कि सोमवार को पुनः संपूर्ण मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपाधि वितरण की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया जाएगा।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

झारखण्ड का गुमला जिला इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड और कोहरे की चपेट में

0

गुमला: गुमला जिला में लगातार पड़ रही है, कडाके की ठंड, पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, फलस्वरूप जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है, मौसम विभाग द्वारा लगातार
गिरावट दर्ज करते हुए, हाई अलर्ट जारी की जा रही है, रात्रि के समय न्यूनतम पारा 6 डिग्री पर पहुंच जाता है, ठंड में सबसे अधिक बड़े बूढ़े बुजुर्ग, बच्चे, पशु पक्षियों सहित गरीब परिवारों को काफी अधिक

परेशानियों का सयना करना पड रहा है, विशेषकर महिला पुरुष मजदूर , रिक्शा चालकों और सड़कों पर रात गुजारने वाले व्यक्तियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अब आधा ठंड बीत जाने के बाद कंबल वितरण की प्रकिया में जिला प्रशासन के गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर कंबल वितरण पर तेजी आई है। इसके लिए
टेंडर हो चुका है। बताया जा रहा है की इस बार जिले में गरीबों के बीच कंबल वितरण का जिम्मा लातेहार की कमला स्टोर नामक एजेंसी को सौंपा गया है। कंपनी जिलास्तर पर 7, 97 रुपए प्रति कंबल की दर पर 28, 600 कंबल उपलब्ध कराएगी। इसमें सरकार को 22 करोड़ से अधिक रुपए व्यय करने पड़ेंगे। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह
के शुरुआती दिनों से जिला व प्रखंड स्तर पर कंबल का वितरण शुरू कर दिया जाएगा,चूंकि प्रखंडवार कंबलों
की खेप उतारी जा रही है। लक्ष्य है कि ससमय सभी जरूरतमंदों को कंबल मुहैया करा दिया जाएगा, फलस्वरुप गरीबों को उक्त कंबल की गर्माहट महसूस होगी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ललन कुमार रजक ने बताया की 28,600 कंबलों को जिला के सभी प्रखंडों में उपलब्ध कराया जाएगा। फिर संबंधित प्रखंडों के अधिकारी व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जरूरतमंदों को चिन्हित कर कंबल का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़ेंगे जिले के सभी निजी अस्पताल व क्लीनिक : सिविल सर्जन

0

गुमला जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुमला सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने बताया कि जिले के सभी निजी अस्पतालों, क्लिनिकों और डायग्नोस्टिक केंद्रों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) से जोड़ा जाएगा।

इस उद्देश्य से गुमला सदर अस्पताल के सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को सरकारी स्वास्थ्य तंत्र के साथ एकीकृत करना रहा।

कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर ने संयुक्त रूप से किया। इसमें जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड डाटा प्रबंधक के साथ-साथ निजी अस्पतालों, क्लिनिकों, डायग्नोस्टिक एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य से आईं प्रशिक्षक रंजना एवं रश्मि के साथ जिला डाटा प्रबंधक मो. साजिस इकबाल और जेबा आफरीन ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया। इस दौरान मरीजों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के लिए ‘आभा आईडी’ निर्माण, सरकारी व निजी अस्पतालों का डिजिटल पंजीकरण तथा डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शम्मी अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण निजी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक चिकित्सा प्रणाली से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल मिशन से जुड़कर निजी संस्थान अपनी सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों बढ़ा सकेंगे।

सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में स्वास्थ्य सेवाओं का पेपरलेस होना समय की मांग है। इससे मरीजों का इलाज अधिक सुलभ होगा और उनका मेडिकल रिकॉर्ड एक क्लिक पर उपलब्ध रहेगा, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिवसीय स्वच्छता अभियान के तहत निरीक्षण, बच्चों की हाइजीन पर विशेष फोकस

0

गुमला जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं हाइजीन अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर संचालित इस अभियान के तहत शुक्रवार को भी विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में निरीक्षण एवं निगरानी की गई।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) आरती कुमारी, एलएस एवं संबंधित सीडीपीओ ने कई आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोई व्यवस्था तथा केंद्रों के समग्र वातावरण का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया, वहीं अभिभावकों को भी स्वच्छता एवं हाइजीन के प्रति जागरूक किया गया।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित द्वारा अभियान की सतत मॉनिटरिंग वीडियो कॉल के माध्यम से की जा रही है, ताकि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने बताया कि यह विशेष अभियान आगामी दिनों तक निरंतर जारी रहेगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जिले के 50 किसानों को दिया गया गृहवाटिका का एक दिवसीय प्रशिक्षण

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में, आज जिला उद्यान कार्यालय, गुमला की ओर से शनिवार को संयुक्त कृषि भवन के सभागार में गृहवाटिका विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों, गुमला, बसिया, भरनो, डुमरी, कामडारा एवं पालकोट से आए कुल 50 लाभुक कृषकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को गृहवाटिका की स्थापना के अंतर्गत 50 वर्ग मीटर का सुरंगनुमा छाया शेडनेट, सोलर लाइट ट्रैप, बिचड़ा उत्पादन हेतु कैरेट, सिंचाई के लिए रोज़कन तथा केला का पौधा उपलब्ध कराया गया। एक दिवसीय प्रशिक्षण में गृहवाटिका की उपयोगिता, घरेलू स्तर पर सब्जी एवं फलों के उत्पादन तथा खाद्य एवं पोषण सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ. तमन्ना परवीन ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा किसानों से कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
प्रशिक्षण सत्र में के.वी.के. के वैज्ञानिक द्वारा गृहवाटिका में सब्जी एवं फल फसलों की खेती, उनकी देखभाल एवं प्रबंधन से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त संजीव कुमार द्वारा सुरंगनुमा छाया शेडनेट की स्थापना एवं उसके उपयोग की विधि के बारे में कृषकों को अवगत कराया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाते हुए पोषण सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा घर स्तर पर सब्जी एवं फल उत्पादन को प्रोत्साहित करना रहा।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

विभावि का दसवां दीक्षांत समारोह 23 दिसंबर को

0

राज्यपाल सह कुलाधिपति माननीय संतोष कुमार गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

डिलीट, पीएचडी और टॉपरो के कुल 347 उपाधियां दिए जाएंगे

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार 23 दिसंबर को किया जाएगा। झारखंड के राज्यपाल सह झारखंड के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति माननीय संतोष कुमार गंगवार बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को सुशोभित करेंगे।

आयोजन को लेकर शनिवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन कुलपति के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा ने की।

बैठक में भिन्न-भिन्न समितियों के संयोजकों से उनकी समिति की प्रस्तुति की जानकारी ली गई। आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 23 दिसंबर के पूर्वाह्न 9:00 बजे स्वामी विवेकानंद सभागार में पहुंचने का निर्देश दिया गया है। सभी विद्यार्थी एक अभिभावक के साथ आ सकते हैं। उन्हें गेट नंबर दो अर्थात लॉ कॉलेज के तरफ से विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करना है तथा निर्धारित स्थान पर अपने वाहन का पड़ाव सुनिश्चित करना है। विद्यार्थी जहां विवेकानंद सभागार में अपना निर्धारित स्थान पर जाकर बैठेंगे वहीं उनके साथ आए अभिभावक के लिए बहुउद्देशीय परीक्षा भवन में बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां एक डिजिटल स्क्रीन में पूरे कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा।

शैक्षणिक शोभायात्रा में भाग लेने वाले अधिकारी एवं शिक्षक 10:30 तक शोभायात्रा प्रारंभ होने वाले स्थान पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाह्न 10. 50 बजे राज्यपाल सह कुलाधिपति का आगमन विश्वविद्यालय परिसर में होगा।

23 तारीख के कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए तय हुआ की शैक्षणिक शोभायात्रा एवं मंचीय कार्यक्रम का मॉक ड्रिल रविवार को अपराह्न 3:00 बजे से किया जाएगा। शैक्षणिक शोभायात्रा विवेकानंद सभागार के सामने के प्रारंभ होकर सभागार के अंदर प्रवेश करेगा। उसके बाद सभी सदस्य अपने निर्धारित स्थान पर बैठ जाएंगे।

दीक्षांत समारोह में एक डिलीट उपाधि दिया जाना है। उसके बाद भिन्न-भिन्न विषय के 230 पीएचडी उपाधि दिए जाएंगे। इसके अलावे स्नातकोत्तर के टॉपरो के 94 उपाधि, एक बेस्ट ग्रेजुएट तथा वोकेशनल के टॉपर के 21 उपाधि दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 347 उपाधि दीक्षांत समारोह में दिए जाएंगे। सारे टॉपर को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने वाले अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी निर्धारित भारतीय परिधान में होंगे।

बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव सह समाज विज्ञान के संकायअध्यक्ष डॉ सादिक रज्जाक, कुलानुशासक सह मानविकी के संकाय अध्यक्ष प्रो मिथिलेश कुमार सिंह, विज्ञान के संकायअध्यक्ष डॉ एच एन सिन्हा, परीक्षा नियंत्रक डॉ पंकज माझी, डॉ सुकल्याण मोइत्रा, डॉ आशीष कुमार साहा, डॉ किशोर कुमार गुप्ता, डॉ राखो हरि प्रसाद, डॉ विनोद रंजन, डॉ नीरज डांग आदि उपस्थित हुए।

न्यूज – विजय चौधरी

राम भक्तों के लिए

अल्बर्ट एक्का जारी में आयोजित अंचल दिवस में 65 समस्याओं का त्वरित समाधान

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार नागरिकों की अंचल से संबंधित समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले विशेष अंचल दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत आज अल्बर्ट एक्का जारी प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अंचल दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम से क्षेत्र के आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
अंचल दिवस कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी, एलआरडीसी चैनपुर, अंचल अधिकारी जारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी जारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एक ही छत के नीचे बैठकर नागरिकों की अंचल संबंधी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एक साथ उपलब्ध रहने से समस्याओं की सुनवाई और निवारण त्वरित रूप से संभव हो पा रहा है, जिससे अब उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शिविर में कई आवेदकों को अपनी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान मिला, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और खुशी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
आज के अंचल दिवस में कुल 66 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 65 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि 01 आवेदन आवश्यक जांच हेतु लंबित रखा गया है। उपायुक्त के जन शिकायत निवारण दिवस से संबंधित कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11 का निस्तारण कर दिया गया तथा 01 आवेदन जांचाधीन है।
जाति प्रमाण पत्र के 06 में से सभी 06, आय प्रमाण पत्र के 02 में से सभी 02 तथा आवासीय प्रमाण पत्र के 01 में से 01 आवेदन का तत्काल निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त पारिवारिक सदस्यता, पंजी–II अद्यतन, जन्म प्रमाण पत्र एवं मनरेगा जॉब कार्ड से संबंधित क्रमशः 04, 04, 10 एवं 04 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी का उसी दिन निपटारा किया गया। दाखिल–खारिज के 02, सर्वजन पेंशन प्रमाण पत्र वितरण के 05, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण के 05, लगान रसीद का 01 तथा जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सभी का निष्पादन कर लाभुकों को प्रमाण पत्र एवं रसीद उपलब्ध कराई गई।
अगला शिविर 27 दिसंबर को पालकोट प्रखंड में आयोजित किया जाएगा। पालकोट प्रखंडवासियों से अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी अंचल संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु इस अवसर का लाभ उठाएं।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium