15.6 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 222

सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में, जिला लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास शाखा विद्या भूषण कुमार के द्वारा सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रोगी भर्ती वार्ड, किचेन रूम, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रोगी भर्ती वार्ड में भर्ती किए गए मरीजों एवं उनके परिजनों से वार्ता की गई। वार्ता के क्रम में मरीज एवं उनके परिजनों के द्वारा सेवा संतुष्टि बतलाई गई। प्रसव एवं उपकरण की उपलब्धता के संदर्भ में जानकारी प्राप्त हुई कि अपराह्न 4.00 बजे तक 10 माताओं की सामान्य प्रसव कराया गया है एवं 01 का सी सेक्शन ऑपरेशन किया क्या है। सभी माताओं को प्रसव के उपरांत निगरानी में रखा गया है। सर्जिकल वार्ड में 28 मरीज तथा पुरुष वार्ड में 23, महिला वार्ड में 21, एवं बच्चों के वार्ड में 13 मरीज भर्ती थे। ओपीडी में कुल 5,78 मरीजों का निबंधन एवं 16 आयुष्मान कार्ड निर्गत किया गया था। उपाधीक्षक के द्वारा जानकारी दी गई कि संबंधित भर्ती एवं बाह्य रोगी को यथासंभव इलाज मुहैया कराया जा रहा है एवं जानकारी दी गई कि मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यकता आकलन के अनुसार इन्हें बेहतर इलाज हेतु अन्यत्र रेफर किया जाता है। कुल 93 मरीजों को अन्य प्रखंड से सदर अस्पताल गुमला में लाने ले जाने तथा 01 मरीज को रिम्स में भेजने हेतु एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किचेन के निरीक्षण के क्रम में आवश्यक साफ सफाई हेतु निर्देशित किया गया। दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के क्रम में जानकारी दी गई कि अभी वर्तमान में अस्पताल में 5,70 दवा उपलब्ध है एवं जन औषधि केंद्र में 1,39 प्रकार के दवा उपलब्ध की जानकारी प्राप्त हुई। पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति नियमित रूप से ससमय सुनिश्चित करने के लिए उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया गया एवं निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित पाए गए पदाधिकारी एवं कर्मियों से कारण पृच्छा हेतु उपाधीक्षक सदर हॉस्पिटल गुमला को निर्देशित किया गया। उपस्थिति आकस्मिक पंजी संधारित पाया गया। AScan मशीन सदर अस्पताल गुमला में उपायुक्त महोदया के प्रयास से दिनांक 18.12.2025 को उपलब्ध करा दी गई है। A Scan मशीन के रहने से सदर अस्पताल गुमला में आयुष्मान का एनरोलमेंट, मोतियाबिंद का ईलाज, एवं आंख संबंधी ईलाज में सुविधा होगा l

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

नन्हे कदमों की सेहत और मुस्कान के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 दिवसीय स्वच्छता अभियान जारी

0

गुमला : – गुमला जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले नन्हे बच्चों की मुस्कान सुरक्षित रहे, वे स्वस्थ वातावरण में सीखें और आगे बढ़ें इसी भावना के साथ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं हाइजीन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

आज भी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) आरती कुमारी , एलएस एवं सीडीपीओ द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों की साफ-सफाई, रसोई व्यवस्था और सीखने के माहौल का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया, उनके नाखून काटे गए, बालों की साफ-सफाई कराई गई और अभिभावकों को बच्चों की देखभाल को लेकर संवेदनशील बनाया गया।

इस अभियान की सतत निगरानी स्वयं उपायुक्त द्वारा की जा रही है। वे वीडियो कॉल के माध्यम से केंद्रों से सीधे जुड़कर बच्चों की स्थिति देख रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि हर आंगनबाड़ी बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अपनत्व से भरी जगह बने।

यह अभियान अगले 15 दिनों तक जारी रहेगा, ताकि जिले का हर नन्हा बच्चा स्वच्छता, सुरक्षा और स्नेह से भरे वातावरण में आगे बढ़ सके।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

शीतलहर से बचाव हेतु गुमला जिले में अलाव व्यवस्था का व्यापक अभियान

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शीतलहर से जनसाधारण को राहत प्रदान करने हेतु अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ठंड में वृद्धि और रात्रि तापमान में गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों, महत्वपूर्ण चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, सब्जी मंडियों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार अलाव जलाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

सम्बंधित विभागों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा विशेष निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जरूरत वाले क्षेत्रों में समय पर अलाव की व्यवस्था उपलब्ध रहे और स्थानीय लोगों को ठंड से निपटने में सहायता मिल सके। इसके लिए नगर निकायों तथा प्रखंड स्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों को अलाव व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग एवं क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि शीतलहर से सर्वाधिक प्रभावित गरीब, मजदूर, बुजुर्ग एवं रात्रि में कार्य करने वाले लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि अत्यधिक ठंड के दौरान सुरक्षित रहें , अधिकतर घरों में रहें। तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत व्यवस्थाओं का लाभ उठाएँ एवं सहयोग प्रदान करें।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

पटना के स्कूलों में एआई का नया दौर, एक्स्ट्रामार्क्स ने लॉन्च किया ‘एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस’

0

पटना, दिसंबर 2025।
देश की अग्रणी एजुकेशन-टेक्नोलॉजी कंपनी एक्स्ट्रामार्क्स एजुकेशन ने पटना में अपनी नई और उन्नत एआई तकनीक ‘एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस’ का भव्य शुभारंभ किया। इस पहल के साथ एक्स्ट्रामार्क्स देश की पहली ऐसी एजुकेशन कंपनी बन गई है, जिसने स्कूल सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को वास्तविक, व्यावहारिक और असरदार तरीके से जोड़ा है।

‘एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस’ को भारत का पहला क्लासरूम-रेडी एआई प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है, जो पढ़ाने और सीखने की पारंपरिक प्रक्रिया को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखता है। इसके माध्यम से पटना के स्कूलों में अब शिक्षकों और छात्रों को एआई-ड्रिवेन लेसन प्लानिंग, स्मार्ट असेसमेंट और पर्सनलाइज्ड लर्निंग का आधुनिक अनुभव मिलेगा।

कंपनी का कहना है कि यह तकनीक शिक्षकों को सशक्त बनाने के साथ-साथ छात्रों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाएगी। क्लासरूम के भीतर और बाहर—पढ़ाई, परीक्षा तैयारी और फॉलो-अप लर्निंग, हर स्तर पर एआई की मदद से सीखने का अनुभव बेहतर होगा।

इस मौके पर “एआई-आधारित क्लासरूम के साथ टीचिंग को नए तरीके से समझना” विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें बुद्धा वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन श्री कृष्ण कुमार, स्कॉलर्स अबोड स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती स्मृति रावत, सेंट डोमिनिक सैवियो हाई स्कूल के डायरेक्टर श्री ग्लेन जोसेफ गैल्स्टन, बिशप स्कॉट गर्ल्स स्कूल की प्रेसिडेंट श्रीमती साओली दत्ता, जीडी गोयंका दानापुर के प्रिंसिपल श्री मधुकर झा, मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती मिताली मुखर्जी, जीसस एंड मैरी एकेडमी पटना सिटी की प्रिंसिपल श्रीमती पूजा एन शर्मा सहित कई शिक्षाविदों ने अपने विचार साझा किए। पैनल चर्चा का संचालन श्री मलय पंत ने किया।

एक्स्ट्रामार्क्स एजुकेशन के चीफ एकेडमिक ऑफिसर श्री वेंकट फणिकिरण ने कहा कि ‘एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस’ सिर्फ एक एआई टूल नहीं है, बल्कि यह पूरे क्लासरूम अनुभव को नया स्वरूप देने की पहल है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से शिक्षकों और छात्रों—दोनों को एआई का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे पढ़ाई अधिक व्यक्तिगत, दिलचस्प और सुरक्षित बनेगी।

गौरतलब है कि बीते 18 वर्षों से एक्स्ट्रामार्क्स देश और दुनिया के 21 हजार से अधिक स्कूलों के साथ जुड़ा हुआ है और अब तक एक करोड़ से ज्यादा छात्रों की शैक्षणिक यात्रा को बेहतर बना चुका है। इसी अनुभव के आधार पर तैयार किया गया ‘एक्स्ट्रा इंटेलिजेंस’ वैज्ञानिक शिक्षण पद्धति, उच्च गुणवत्ता वाले कंटेंट और आधुनिक एआई तकनीक को एक साथ जोड़कर एक मजबूत और सहज लर्निंग प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गाल पर एक तमाचे के लायक?

0

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने खिलाफ स्वप्रचारित लगभग दिमागी हालत की खराबी की आड़ में एक नौजवान डाॅक्टर युवती के चेहरे पर लगा हिजाब असभ्यता बल्कि अश्लीलता की मुद्रा में हटाने की कोशिश की। वह राष्ट्रीय शर्म की घटना है। बहादुर युवती बिहार सरकार की नौकरी लेने से इंकार कर अपने भाई के पास चली गई। सामान्य परिस्थिति में यदि कोई भी व्यक्ति किसी युवती के चेहरे से हिजाब हटाकर उसकी शक्ल देखना चाहे। तो वह तो एक तरह से स्त्री के शील पर ही हमला करना हुआ। उसके साथ की गई बदतमीजी हुई। ऐसे व्यक्ति को तो उस युवती द्वारा एक चांटा रसीद करना चाहिए। उसके बाद और जो भी दुर्दशा की जा सके। वह भी जरूर हो।

पूरे प्रकरण में राजनीतिक चखचख बाजार में जाकर मुझे कुछ समझना नहीं है। मैं अपनी टिप्पणी संविधान की उन व्याख्याओं के तहत लाना चाहता हूं। जो हिजाब पहनने को लेकर अब सेवानिवृत्त हो चुके सुप्रीम कोर्ट के जज सुधांशु धूलिया ने अक्टूबर 2022 के अपने नायाब फैसले में दी थी। हालांकि दूसरे जज हेमंत गुप्ता ने उस स्कूल का समर्थन किया जो कर्नाटक के उडुपी जिले के कुंडापुर में है। स्कूल ने मुस्लिम लड़कियों को हिजाब उतारकर ही आने का हुक्म जारी किया था। कर्नाटक सरकार और वहां के हाई कोर्ट ने भी स्कूल प्रबंधन का साथ दिया। सुप्रीम कोर्ट के जज हेमंत गुप्ता ने भी वही किया। जस्टिस सुधांशु धूलिया ने हिजाब पहनने के अधिकार की आड़ में संविधान की परंपरागत मान्यताओं में क्रांतिकारी बदलाव और व्याख्या कर दी। उनके तर्क लाजवाब हैं। मुस्लिम समाज, कर्नाटक हाई कोर्ट सबके द्वारा यही समझा समझाया जाता रहा कि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत ही अल्पसंख्क समाज की लड़कियों को अपने धार्मिक आचरणों से संबंधित क्रियाकलापों को मानने का अधिकार है। जस्टिस धूलिया ने अद्भुत तर्क किया कि लड़कियों द्वारा हिजाब पहनना केवल धार्मिक आचरण के नजरिए से देखना संकीर्ण दृष्टि फलक है। लड़कियां इंसान पहले हैं। हर नागरिक को संविधान के तहत अनुच्छेद 21 में प्राण और दैहिक आजादी का संरक्षण मिला हुआ है। दैहिक आजादी में निजता का अधिकार है। वस्त्र पहनना निजता के अधिकार में शामिल है। उसे किसी संवैधानिक प्रक्रिया के जरिए ही व्यक्ति की गरिमा सुरक्षित रखते हुए वंचित किया जा सकता है अथवा नहीं। धूलिया ने यह भी कहा कि सभी नागरिकों को अनुच्छेद 19 (क) के तहत पूरा अधिकार है कि वह किस तरह अपने आपको उपस्थित या अभिव्यक्त करे। उसमें वस्त्र पहनने का निजता का अधिकार अपने आप शामिल है। स्कूल प्रबंधन का कहना था कि स्कूल में न पहनें और अपने घर में बाहर बाजार में कहीं भी पहन लें। धूलिया ने यह शर्त भी खारिज की। उन्होंने कहा कि निजता का मूल अधिकार उन बच्चियों की देह की आत्मा है अर्थात् वह अधिकार ही देहात्मा है।

हिजाब पहनना इस्लाम के बुनियादी आदेशों तक सीमित नहीं किया जा सकता। वह अल्पसंख्यक समाज द्वारा ओढ़ ली गई प्रथा तक सीमित नहीं है। धूलिया ने लिखा कि धार्मिक आधार पर कोई रीति रिवाज, हुक्मनामा या आदेश है। तो उस पर ही क्यों विचार किया जाए। एक व्यक्ति के हिजाब को लेकर धर्म को ही सामने क्यों किया जाए। लोहिया ने भी कहा था कि धर्म का काम है अच्छाई को करे, तो वह करे। यह तो हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है कि वह बुराई से लडे़ तो। कर्नाटक के स्कूल की बहादुर बच्चियां ठीक लड़ रही हैं।

व्यक्ति को अंतःकरण की स्वतंत्रता का अधिकार संविधान ने दिया है। यह कैसा अंतःकरण है जो दूसरों के द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को मान ले और कहे कि यह मेरा अंतःकरण है। धूलिया ने यह भी कहा कि डेस कोड अपनाने से ही अनुशासन कायम होता है-यह एक बकवास है। हिजाब पहनकर भी लड़कियां स्कूल में अनुशासित ही रह सकती हैं। जबरिया हिजाब पहनना या नहीं पहनने के चक्कर में कई बच्चियों की शिक्षा भी बर्बाद हुई। निजता का अधिकार तो इतना व्यापक है कि यदि हिन्दू लड़कियां हिजाब पहनना चाहें। तो उन्हें भी कैसे रोका जा सकता है? हिन्दू मर्द सलवार कुर्ता और शेरवानी पहनते हैं। टोपियां भी लगाते हैं। तब तो कोई हिन्दूवादी दृष्टिकोण उन्हें रोकने नहीं आता। हिजाब पहने देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कौन सा उन्माद छा गया, जो उस युवती के साथ बदतमीजी करने का उनका मन हो आया। धूलिया के कहने से यह भी स्पष्ट हुआ कि समाज में शक, संशय और संजीदगी है कि मानो हिजाब पहनना इस्लामी संस्कृति और धार्मिक आचरण का व्यावहारिक लक्षण है। इस मामले को व्यक्ति की निजी आजादी की धुरी पर क्यों नहीं समझा जा सकता? अदालतों को भी बहुत ज्यादा धार्मिक पचड़ों में पड़ने की क्या ज़रूरत है? उन्हें तो संविधान की मर्यादा समझनी और समझानी चाहिए। मजहबी दस्तूर संवैधानिक आजादी के परे नहीं हो सकते। वैसे भी संविधान में सामासिक संस्कृति को तरजीह दी गई है जिसका संकीर्ण पक्ष खारिज करने योग्य है।

जस्टिस धूलिया ने कवितामय पंक्ति भी लिखी कि सबसे अच्छा और मनोरम दृश्य तो तब होता है जब एक बालिका अपनी पीठ पर स्कूली बस्ता लादे सड़क पर चलती हुई स्कूल पहुंचे। संविधान के सेक्युलर मकसदों को सामासिक एकरूपता कैसे मिलेगी। अरुणा राय के प्रसिद्ध मुकदमे में मेरे दोस्त जस्टिस देवदत्त माधव धर्माधिकारी ने कहा है कि प्राइमरी स्कूलों से ही विद्यार्थी में धर्मों की पारस्परिकता की इज्जत करने का अदब उनकी प्रथाओं तक को लेकर उपजना चाहिए। नागरिक आजादी और निजता तथा अंतःकरण की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 21 में गरिमामय जीवन बिताने का दरवाजा बंद नहीं मिलना चाहिए। हेमंत गुप्ता तो शुरू से ही जिस विचारधारा के समर्थक रहे हैं। उसके कारण उन्हें रिटायरमेंट के बाद भी पद मिले। लेकिन जस्टिस धूलिया के कारण मुस्लिम बच्चियों सहित अन्य सभी धर्मों की बच्चियों को भी एक आजादी नसीब तो हुई है। जब तक सुप्रीम कोर्ट में जजों का बहुमत उनके फैसलों को उलट नहीं दे।

राम भक्तों के लिए

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा व्यावसायिक शिक्षण प्राप्त कर चुके छात्रों के लिए आयोजित हुआ जॉब फेयर

0

*✦ जॉब फेयर में 450 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 25 नियोक्ता कंपनियों ने छात्रों का किया प्लेसमेंट*
*✦ वर्तमान में राज्य के 803 विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए संचालित हो रहा है व्यावसायिक शिक्षण कार्यक्रम*
==================
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा व्यावसायिक शिक्षण से पास विद्यार्थियों के लिए आज जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इस जॉब फेयर में 450 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने एवं उसके क्रियान्वयन में ‘लेंड अ हैण्ड इंडिया’ ने सहयोग दिया। नियुक्ति के लिए 25 कंपनियों ने भाग लिया जो हेल्थकेयर, आई टी, ब्यूटी एंड वैलनेस, ऑटोमोटिव, अपारेल सेक्टर्स से विभिन्न जॉब रोल्स के लिए नियुक्तियां करने के लिए आई। नौकरी के अवसर रांची, पटना, भुवनेश्वर सहित देश के विभिन्न राज्यों के लिए थे।

*एग्जिट सर्वे से समझी जाती है विद्यार्थियों की रूचि*

वर्तमान में राज्य के 803 विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक शिक्षण का संचालन किया जा रहा है। राज्य में कुल 11 सेक्टर्स के जॉब रोल्स की पढ़ाई कराई जाती है ताकि विद्यार्थी विभिन्न कौशलों में दक्ष हो सके। ये सभी जॉब रोल्स NSQF से संरेखित हैं।
जॉब फेयर के आयोजन के पहले सभी व्यावसायिक शिक्षण से उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों का राज्यव्यापी एग्जिट सर्वे कराया जाता है। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की अभिरुचि को समझना होता है। जॉब फेयर में उन विद्यार्थियों ने भाग लिया जिन्होंने एग्जिट सर्वे में रोजगार पाने में रूचि दिखाई। जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों में शामिल होने का सीधा मौका मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन के द्वारा व्यावसायिक शिक्षण के महत्त्व पर बल देते हुए कहा गया कि वर्तमान समय कुशल युवाओं का है। कार्यक्षेत्रों में प्राप्त अनुभव करियर को सुदृढ़ करने में मदद करती है। उन्होंने सभी जिलों से आए विद्यार्थियों में उत्साह को देखते हुए अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की और उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में अधिकाधिक नियोक्ता इस तरह के जॉब फेयर में शामिल होंगे। जॉब फेयर में चयनित विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के व्यावसायिक शिक्षण के नोडल पदाधिकारी श्री अमित कुमार ने इसे व्यावसायिक शिक्षण की दिशा में एक साकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भी व्यावसायिक शिक्षण प्रभाग द्वारा इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, ताकि व्यावसायिक शिक्षण विषयों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सके। जॉब फेयर की पूरी प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने व्यावसायिक शिक्षण के महत्त्व को अकादमिक विषयों के समकक्ष बताया।

राम भक्तों के लिए

69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंतर्गत अंडर 14-अंडर 17 बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन

0

*⚽︎ माननीय खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन।*
*⚽︎ मुझे भरोसा है कि जब खिलाड़ी अपने गृह राज्य को वापस जाएंगे, तो झारखंड से सुखद अनुभव लेकर जाएंगे – माननीय मंत्री*
*⚽︎ प्रतियोगिता के पहले ही दिन झारखंड की बालिका टीम ने की शानदार शुरुआत, अंडर 17 बालिका वर्ग मुकाबले में झारखंड ने हिमाचल प्रदेश को 9–0 से किया पराजित*
*⚽︎ अंडर-14 बालिका वर्ग के प्रथम लीग मुकाबले में झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच मैच ड्रॉ*
=======================
राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 से अंडर-17 बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन माननीय खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल परंपरा की झलक प्रस्तुत करता नजर आया। इस अवसर पर पारंपरिक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल ने खिलाड़ियों में जोश, उमंग और खेल भावना का संचार किया। माननीय मंत्री ने खिलाड़ियों से मर्यादित खेल भावना का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उद्घाटन समारोह में माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के अलावा माननीय विधायक श्री सुरेश बैठा, राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग, बीआईटी मेसरा के कार्यकारी कुलपति डॉ. भास्करण, डॉ. सुदीप दास (रजिस्ट्रार, बीआईटी मेसरा) तथा श्री शिवेंद्रनाथ दुबे (कोषाध्यक्ष, झारखंड ओलंपिक संघ) की गरिमामयी उपस्थिति रही। 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 और अंडर-17 बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में 39 राज्यों एवं इकाइयों से 1,166 खिलाड़ी और 155 कोच तथा टीम मैनेजर शामिल हो रहे है।

उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि इस खेल आयोजन के अवसर पर रांची पहुंचे विभिन्न राज्यों एवं संघो के खिलाड़ियों को पर्यटन विभाग नजदीकी पर्यटन केंद्रों का भ्रमण कराएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने गृह राज्य लौटे तो वे झारखंड के सुखद अनुभवों को साथ ले जाए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और अन्य राज्यों से आये कोच, मैनेजर को आश्वस्त किया कि उनके आवासन, भोजन और अन्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं होगी। माननीय मंत्री ने कहा कि बीआईटी मेसरा के परिसर में आज समूचा देश उमड़ आया है। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, कांके की बैंड टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे ना केवल अपने राज्य का बल्कि अपने शहर और माता पिता का भी प्रतिनिधित्व कर रहे है। यह खेल हमे एक साथ जोड़ने की भावना है। खिलाड़ी खेल के साथ साथ अनुशासन, नेतृत्व कौशल और राष्ट्रीय एकता का प्रदर्शन करे। उन्होंने बालिकाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी को राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन ने कहा कि राज्य में स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में जो बच्चे विजयी होते है, उन्हें राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाता है। फुटबॉल हमारे देश का अत्यंत लोकप्रिय खेल है। लोग इसे ना केवल खेलते है, बल्कि इसे जीते है। उन्होंने कहा कि खेल के दौरान झारखंड में खिलाड़ियों के भोजन एवं आवासन की उच्च स्तर कि व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल की मेजबानी के दौरान कुशल प्रबंधन के लिए झारखंड को राष्ट्रीय प्रबंधन में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है, साथ ही खेलो झारखंड के तहत राज्य के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को निरंतर प्रशिक्षण और मंच प्रदान किया जा रहा है।

*उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिल जीता, तो नेत्रहीन विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया*

उद्घाटन समारोह की शुरुआत नागपुरी लोकगीतों के धुनों से हुई। समारोह में सत. मिखाइल नेत्रहीन विद्यालय के बच्चो ने अपनी सुरीली आवाज से अतिथियों का ‘सुमंगलम, शुभ स्वागतम’ गीत गाकर अभिनंदन किया। राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता के लिए चयनित पाइप बैंड विजेता कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, कांके और कैराली स्कूल की बैंड टीम ने मार्च पास्ट का नेतृत्व कर अनुशासन, सामूहिक एकता और जोश का प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट की शुरुआत आंध्रप्रदेश की टीम से हुआ, उसके बाद सभी 39 राज्यों एवं संघो की टीमों ने कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया। झारखंड टीम की कप्तान पूर्णिमा कुमारी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाया। ‘जय हो’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने सभी में जोश भर दिया। उद्घटान समारोह का समापन “कते सुंदर हमर झारखंड” संगीत पर मनमोहक प्रस्तुति और भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। मंच संचालन चंद्रदेव सिंह और प्रवीण सुचित बाजरे द्वारा किया गया

*आज हुए कई रोमांचक मुकाबले*

बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कंपलेक्स फुटबॉल मैदान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर-17 बालिका वर्ग के उद्घाटन लीग मैचों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में झारखंड ने हिमाचल प्रदेश को 9–0 से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में मणिपुर ने एनवीएस को 7–0 से हराया। वहीं, हरियाणा ने एबीएसओ को 7–0, राजस्थान ने लक्षद्वीप को 6–0 तथा महाराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ को 2–1 से पराजित किया। जबकि अंडर-14 बालिका वर्ग के प्रथम लीग मुकाबले में झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच मैच ड्रॉ रहा।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

बोर्ड एग्जाम विजय अभियान : जिला कंट्रोल टीम द्वारा प्रखंड – संकुल कर्मियों के कार्यों की सघन मॉनिटरिंग

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के आदेशानुसार बोर्ड एग्जाम विजय अभियान के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय गुमला से गठित जिला कंट्रोल टीम द्वारा आज जिले के प्रखंड एवं संकुल स्तर पर कार्यरत कर्मियों के कार्यों की सघन मॉनिटरिंग की गई।

जिले में कार्यरत कुल 1,10 सीआरपी, बीआरपी एवं बीपीओ में से 42 कर्मियों की विस्तृत मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान उनके द्वारा किए जा रहे विद्यालय भ्रमण, टैग विद्यालयों में संचालित रेमेडियल कक्षाएं, बच्चों की उपस्थिति, मॉडल प्रश्नों का अभ्यास तथा कमजोर छात्रों की बोर्ड परीक्षा तैयारियों को लेकर गहन समीक्षा एवं चर्चा की गई।

मॉनिटरिंग के क्रम में सभी संबंधित कर्मियों से उनके कार्य क्षेत्र में वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु गूगल मैप आधारित करंट लोकेशन भी प्राप्त की गई। साथ ही सभी को बोर्ड परीक्षा विजय अभियान के तहत पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में शिक्षा विभाग में उपायुक्त की कड़ाई के तहत बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी का अपने कार्यक्षेत्र में गंभीरता से कार्य एवं नियमित विद्यालय अनुश्रवण अनिवार्य है।

जिला कंट्रोल टीम में झारखंड शिक्षा परियोजना से एडीपीओ, सभी एपीओ, एओ, एई, लेखापाल, स्टेनोग्राफर एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर इस अभियान में शामिल रहे।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

जांच की आंच: स्टार डीपीएस स्कूल में मानकों की अनदेखी, अपार्टमेंट में चल रहा था हॉस्टल; कागजात नदारद, चंचल स्कूल पर 15,000 का जुर्माना

0

बाथरूम, स्टोररूम और क्लासरूम एक साथ, हॉस्टल में छात्र-छात्राओं के रहने की व्यवस्था पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने खड़े किए सवाल,,,??

गुमला ः गुमला जिला में जिला प्रशासन द्वारा स्कूली वाहनों और सुरक्षा मानकों के खिलाफ शुरू किया गया अभियान अब स्कूलों के आंतरिक प्रबंधन तक पहुंच गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) की संयुक्त टीम ने गुमला जिला मुख्यालय स्थित स्टार डीपीएस स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल के बुनियादी ढांचे और हॉस्टल संचालन में भारी अनियमितताएं उजागर हुईं।

*अपार्टमेंट में स्कूल, क्लासरूम के बगल में स्टोररूम*
जांच में पाया गया कि स्कूल का पूरा परिचालन एक रहने योग्य अपार्टमेंट में किया जा रहा है। यहां क्लासरूम मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। जिला शिक्षा अधीक्षक ने देखा कि बाथरूम, स्टोररूम और क्लासरूम एक ही जगह साथ-साथ संचालित थे, जो बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई के वातावरण के लिहाज से बेहद आपत्तिजनक है।

*हॉस्टल संचालन पर गहराया विवाद*
स्कूल परिसर में ही हॉस्टल का परिचालन होता पाया गया, जिसमें कुल 52 बच्चे-बच्चियां साथ रह रहे थे। जब जिला शिक्षा अधीक्षक ने हॉस्टल संचालन से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे, तो स्कूल प्रबंधन एक भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के इतने बच्चों को हॉस्टल में रखने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

*वाहन परिचालन पर प्रबंधन की जिला परिवहन पदाधिकारी को सफाई*
स्कूल के वाहनों की जांच के दौरान प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि विद्यालय की ओर से किसी भी वाहन का परिचालन नहीं किया जाता है। प्रबंधन के अनुसार:
* अधिकांश बच्चे निजी ऑटो और टेम्पो से स्कूल आते हैं।
* स्कूल की ओर से चालकों को ओवरलोडिंग न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

*अधिकारियों की सख्त चेतावनी*
जिला शिक्षा अधीक्षक ने स्कूल की स्थिति और हॉस्टल के अवैध संचालन को देखते हुए प्रबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ कहा कि नियमों को ताक पर रखकर बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

DTO और DSE की इस संयुक्त कार्रवाई से शहर के अन्य निजी स्कूल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन स्कूलों के पास हॉस्टल या बिल्डिंग के मानक दस्तावेज नहीं होंगे, उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

*गुमला बाईपास पर कार्रवाई: चंचल स्कूल पर जुर्माना*
स्टार डीपीएस की जाँच के तुरंत बाद DTO ज्ञान शंकर जायसवाल की टीम गुमला बाईपास पहुँची। यहाँ स्कूली वाहनों की जाँच के दौरान:
चंचल स्कूल (डुमरडीह) की 2 बसों को मानकों का उल्लंघन करते पाया गया।

इन दोनों बसों पर कुल ₹15,000 (पंद्रह हजार रुपए) का चालान काटा गया।

*DTO का कड़ा संदेश: “दिसंबर है दुर्घटना का महीना”*
DTO ज्ञान शंकर जायसवाल ने गुमला में दुर्घटनाओं के बढ़ते ग्राफ पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाओं में वृद्धि का सीधा संबंध ‘नियमों को हल्का में लेने’ की मानसिकता से है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा:

*”दिसंबर दुर्घटना का महीना है।* नियम हल्का में लेना और दुर्घटना, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। आप तभी सुरक्षित रह पाएंगे जब आप सतर्क रहेंगे और नियंत्रित होकर गाड़ी चलाएंगे। सतर्क रहें, नियंत्रित रहें, सुरक्षित तब ही रह पाएंगे।”

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन स्कूलों के पास हॉस्टल या बिल्डिंग के मानक दस्तावेज नहीं होंगे, उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शहर के अन्य निजी स्कूल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

गुमला में कुपोषण उन्मूलन को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

0

कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी

गुमला : – गुमला जिला प्रशासन एवं बाल विकास परियोजना के सहयोग से स्वयंसेवी संस्था एकजुट द्वारा जिले में कुपोषण उन्मूलन और पोषण संवर्धन को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण टाटा ट्रस्ट के वित्तीय सहयोग से संचालित ‘जीवन परियोजना’ के तहत भरनो प्रखंड सभागार में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एकजुट संस्था के जीवन परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने सेविकाओं को पोषण के महत्व, स्थानीय संसाधनों के सही उपयोग तथा मातृ-शिशु पोषण प्रबंधन की वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “गांवों में पोषक तत्वों का विशाल भंडार उपलब्ध है, लेकिन जानकारी के अभाव में उसका समुचित उपयोग नहीं हो पाता। यदि गर्भवती व धात्री माताएं पोषाहार का सही उपयोग करें और स्थानीय सब्जियों-फलों की पहचान कर संतुलित आहार अपनाएं, तो कुपोषण जैसी गंभीर समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।”

उन्होंने बताया कि झारखंड, विशेषकर गुमला जिला, कुपोषण की गंभीर चुनौती से जूझ रहा है। इसी के निदान के उद्देश्य से यह परियोजना पायलट आधार पर झारखंड के गुमला और सिमडेगा जिलों में लागू की गई है। गुमला जिले में इस कार्य का दायित्व एकजुट संस्था को सौंपा गया है, जबकि सिमडेगा जिले में अन्य स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में “सुनहरे 1000 दिन” की अवधारणा पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि गर्भावस्था के 270 दिन, जन्म के बाद शिशु के 180 दिन तक केवल स्तनपान तथा उसके बाद ऊपरी आहार के साथ कुल 1000 दिनों की अवधि शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत निर्णायक होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चे का लगभग 80 प्रतिशत मानसिक विकास इसी अवधि में होता है। इसे भवन की नींव से तुलना करते हुए कहा गया कि “जैसी नींव मजबूत होगी, वैसी ही इमारत सुदृढ़ बनेगी।”

परियोजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में खाद्य प्रदर्शन, पोषण युक्त भोजन खिलाने की बेहतर पद्धति, समुदाय की सहभागिता, ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण निगरानी समितियों को सशक्त बनाने तथा पंचायती राज संस्थाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर गरीब परिवारों के बच्चों को निरंतर एवं पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भरनो प्रखंड की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीलम केरकेट्टा, जीवन परियोजना के प्रदीप हजाम एवं एलिस टोपनो ने भी सेविकाओं को पोषण, देखभाल एवं सामुदायिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से आंगनबाड़ी सेविकाएं समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगी और गुमला जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium