16.1 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 243

सेवा का अधिकार सप्ताह: निदेशक DRDA ने रायडीह प्रखंड के परसा और सिकोई पंचायत में शिविरों का निरीक्षण किया, ग्रामीणों को मिला लाभ

0

गुमला में झारखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” के तहत आयोजित सेवा का अधिकार सप्ताह (21–28 नवंबर 2025) के क्रम में सोमवार को निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्व-नियोजन, जिला ग्रामीण विकास शाखा विद्या भूषण कुमार ने रायडीह प्रखंड के परसा और सिकोई पंचायत में आयोजित पंचायत स्तरीय शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर किया गया।


शिविरों में लगी विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जांच

पंचायतों में लगाए गए सेवा स्टॉलों में—

  • जाति प्रमाण पत्र
  • आवासीय प्रमाण पत्र
  • आय प्रमाण पत्र
  • जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र
  • राशन कार्ड
  • दाखिल–खारिज
  • भूमि नापी एवं भूमि धारण से संबंधित कार्य

—की उपलब्धता और प्रक्रिया का निदेशक ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

उन्होंने शिविर में पहुंचे लाभुकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवेदन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही उपस्थित अधिकारियों को शिविर की दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


ग्रामीणों की भारी सहभागिता, आवेदन व शिकायतों का त्वरित निष्पादन

निरीक्षण में पाया गया कि परसा और सिकोई दोनों पंचायतों में बड़ी संख्या में ग्रामीण विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन जमा कर रहे थे। शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

निदेशक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, रायडीह को निर्देश दिया कि—

  • प्राप्त सभी आवेदनों की दैनिक अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए,
  • और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

गोदभराई, अन्नप्राशन और आजीविका सहयोग सामग्री का वितरण

सिकोई पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान निदेशक ने सामाजिक और आजीविका संवर्धन गतिविधियों में भी भाग लिया।
यहां—

  • एक लाभार्थी का गोदभराई संस्कार,
  • एक नवजात का अन्नप्राशन संस्कार,
  • तथा दो लाभुकों को बकरी एवं मुर्गी पालन किट प्रदान की गई।

यह सहायता ग्रामीण परिवारों की आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से दी गई।


शिविर में ही मामलों का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश

अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि—

  • प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निपटान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए,
  • और जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव न हो, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित ये शिविर ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं से सीधे जोड़ने और शिकायतों के त्वरित समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रहे हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न, क्रिसमस–नववर्ष को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में

0

गुमला पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चन्दाली के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षु भा.पु.से. अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए।


त्योहारों और पिकनिक सीज़न पर विशेष निर्देश

बैठक की शुरुआत क्रिसमस और नववर्ष के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा से हुई। एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले के पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, इसलिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में:

  • निरंतर गश्ती बढ़ाएं,
  • भीड़भाड़ वाले स्थलों पर कड़ी निगरानी रखें,
  • और किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखें।

अपराध नियंत्रण पर विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान निम्न प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए:

  1. मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक
    – सभी थानों को सतर्कता बढ़ाकर लगातार कार्रवाई करने का निर्देश।
  2. लंबित वारंट/कुर्की का निष्पादन
    – शत-प्रतिशत निष्पादन करने का आदेश।
  3. गंभीर कांडों की समीक्षा
    – हत्या, बलात्कार, POCSO, SC-ST, लूट, डकैती, अपहरण और गृहभेदन जैसे मामलों में त्वरित अनुसंधान का निर्देश।
  4. अवैध उत्खनन और बालू–चिप्स तस्करी पर रोक
    – ऐसे संचालकों को चिह्नित कर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश।
  5. आरटीआई और जन-शिकायत निवारण से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन
    – सभी आवेदनों का समय पर निपटारा करने के निर्देश।
  6. पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन के कार्यों में तेजी
    – लंबित रिपोर्टों को शीघ्र भेजने का आदेश।
  7. i-RAD, ERS और डायल-112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा
  8. e-Sakshya, Sudarshna, Gandiva व Pratibimb ऐप के उपयोग की स्थिति
  9. सड़क सुरक्षा जागरूकता पर बल
  10. डायन-प्रथा, मानव तस्करी, पलायन और महिला अपराधों के विरुद्ध जागरूकता अभियान
    – आमजनों के बीच सतत जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश।

वारंट निष्पादन और अनुसंधान में तेजी पर जोर

एसपी ने सभी थाना प्रभारी को लंबित वारंट, गैर-तामिला वारंट, लाल वारंट और स्थायी वारंटों का तुरंत निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
अप्राकृतिक मृत्यु के मामलों में:

  • तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने,
  • और त्वरित अनुसंधान करने के निर्देश जारी किए गए।

लूट, डकैती, SC-ST तथा अन्य संवेदनशील मामलों की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया गया।


जनता से व्यवहार और थाना प्रबंधन पर निर्देश

एसपी ने निर्देश दिया कि:

  • थाने में आने वाले आमजन के साथ मधुर और संवेदनशील व्यवहार किया जाए,
  • उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए,
  • और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए।

प्रदर्शन आधारित चेतावनी व पुरस्कार

बैठक में विभिन्न थाना प्रभारी और पदाधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा भी की गई।

  • जिन अधिकारियों का प्रदर्शन औसत से कम पाया गया, उन्हें चेतावनी दी गई।
  • वहीं जिनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, उन्हें प्रशस्ति और प्रोत्साहन प्रदान किया गया।

गुमला पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान और आगामी महीनों में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में प्रशासन की सख्ती: ऑक्सीब्रिज स्कूल की मान्यता पर संकट, ओवरलोडिंग में चार वाहन जब्त

0

गुमला में स्कूल वाहनों में हो रही अनियमितताओं पर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जमां के संयुक्त निर्देश पर सोमवार को ऑक्सीब्रिज स्कूल के वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद स्कूल की मान्यता पर खतरा मंडराने लगा है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर प्रबंधन पर कड़ी नाराजगी जताई और मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी।


जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पाया गया कि:

  • बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में बैठाकर ओवरलोडिंग की जा रही थी।
  • जब्त वाहनों की हालत अत्यंत खराब थी।
  • फिटनेस, इंश्योरेंस, टैक्स और पॉल्यूशन — सभी अनिवार्य कागजात फेल पाए गए।

मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप तिर्की के अनुसार, स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। बच्चों ने भी स्वयं ओवरलोडिंग की शिकायत की।


चार वाहन जब्त

कागजात नहीं दिखाने पर चार वाहन तुरंत कब्जे में लिए गए—

  • एक विंगर
  • एक ओमनी
  • दो टेंपो

सभी वाहन बिना वैध दस्तावेज के संचालित किए जा रहे थे।


प्रिंसिपल तारकेश्वर दास पर कार्रवाई तय

जिला शिक्षा अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि:

  • स्कूल प्रबंधन मान्यता के नियमों का उल्लंघन कर रहा है।
  • प्रिंसिपल से सभी दस्तावेज तुरंत मांगे गए हैं।
  • नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तय है।

DTO का कड़ा निर्देश: कमर्शियल नंबर अनिवार्य

जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी स्कूलों को स्पष्ट चेतावनी दी—

  • बिना ऑथराइजेशन लेटर किसी भी वाहन को बच्चों को लाने-ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
  • ड्राइवर का चरित्र प्रमाण पत्र, लाइसेंस और वाहन के सभी दस्तावेजों की प्रतिलिपि स्कूल प्रबंधन के पास अनिवार्य रूप से मौजूद होनी चाहिए।
  • सिर्फ कमर्शियल नंबर (पीली प्लेट) वाले वाहन ही स्कूल संचालन में उपयोग किए जा सकते हैं।
  • प्राइवेट नंबर (सफेद प्लेट) का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

DTO ने कहा कि कमर्शियल नंबर वाली गाड़ियों में दुर्घटना की स्थिति में बीमा की सुविधा उपलब्ध होती है, इसलिए स्कूलों द्वारा निजी नंबर की गाड़ियों का उपयोग करना बच्चों की सुरक्षा के साथ बड़ा समझौता है।


नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी

DTO ने साफ कहा कि बिना कागजात पकड़े जाने वाले वाहनों पर नियमसंगत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन के इस अभियान के बाद जिले के अन्य स्कूलों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला बार एसोसिएशन चुनाव में हंगामा और रोमांच, रिकाउंटिंग के बाद देर रात घोषित हुए नतीजे

0

गुमला जिला बार एसोसिएशन चुनाव 2025 इस बार विवाद, तनाव और उतार-चढ़ाव से भरा रहा। सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। कुल 253 में से 237 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। लेकिन जैसे ही शाम को मतगणना शुरू हुई, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

पर्यवेक्षक की गलती से मतगणना में हंगामा

अध्यक्ष और महासचिव पदों की गिनती के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब राज्य से आए पर्यवेक्षक राउंडवार वोटों की घोषणा करते समय संख्या भूल बैठे और प्रत्याशियों से ही आंकड़े पूछने लगे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रत्याशियों ने विरोध जताया और मतगणना रोक दी गई। करीब आधे घंटे के हंगामे और बैठक के बाद पूरी गिनती दोबारा कराने का निर्णय लिया गया।

शाम 6 बजे शुरू हुई रिकाउंटिंग, रात 9:30 बजे आया रिजल्ट

रिकाउंटिंग शाम 6 बजे आरंभ हुई और रात बढ़ने के साथ तनाव तथा भीड़ दोनों बढ़ते गए। कई पदों पर बढ़त बार-बार बदलती रही। अंततः रात 9:30 बजे अंतिम परिणाम घोषित किए गए, जिसके बाद परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।


चुनाव परिणाम

अध्यक्ष — श्रवण साहू विजयी

त्रिकोणीय मुकाबले में श्रवण साहू ने 111 मत पाकर नंदलाल को 18 मतों से हराया। नंदलाल को 93 वोट मिले। शुरुआती बढ़त के बावजूद नंदलाल अंत में पिछड़ गए।

महासचिव — बाबूलाल ने बचाई अपनी कुर्सी

कड़े मुकाबले में ओम प्रकाश उर्फ बाबूलाल ने 102 मत प्राप्त कर अमर सिन्हा (93 मत) को 9 वोटों से हराया। लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने पर समर्थकों ने जश्न मनाया।

उपाध्यक्ष — राणा नकुल सिंह की प्रभावी जीत

राणा नकुल सिंह ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और बिनोद शुक्ला को 51 मतों से मात दी। बिनोद को 58 वोट मिले।

कोषाध्यक्ष — सुरेंद्र ओहदार विजयी

सुरेंद्र ओहदार ने 111 मत प्राप्त कर अजय जायसवाल (91 मत) को 20 वोटों से हराया।

जॉइंट सेक्रेटरी — आदित्य कुमार की बड़ी जीत

आदित्य कुमार ने 207 मत जुटाए और जगरनाथ गिध्वार (65 मत) को बड़े अंतर से हराया। सदस्य पद पर कृष्ण देव सिंह विजेता बने।

दो पदों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव

  • सह-कोषाध्यक्ष: हेमंत कुमार राय
  • संयुक्त सचिव (लाइब्रेरी): सुधीर कुमार पांडेय

नतीजों के बाद जश्न

रात में परिणाम घोषित होते ही बार एसोसिएशन परिसर में मिठाइयों, नारों और उत्साह के बीच जश्न का माहौल बन गया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

बुद्धिजीवियों…! शर्मिंदा होने की कोई जरूरत नहीं…शर्मिंदगी का युग बीत चुका, अब है बेशर्मी जमाना…तुम्हारा क्या बिगाड़ेगा जमाना…!

0

मोदी जी, बधाई। लोकसभा चुनाव में तो आप अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाए मगर चुनाव के डेढ़ साल बाद राहुल गांधी को जलील करने के लिए आपने पूर्व राजदूतों, नौकरशाहों, न्यायाधीशों का जो जमावड़ा किया, उसमें आपने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है! न‌ इससे एक कम, न इससे एक ज्यादा। पूरे 272! यह आपकी छोटी उपलब्धि नहीं है मगर आपको अफसोस तो होगा कि अपने सबसे बड़े विरोधी के खिलाफ लिखवाये गये खुले पत्र में भी आप 272 दस्तखत ही जुटा पाए!

अरे आप जैसे प्रतापी तो हजार से भी अधिक अफसरों आदि को राहुल के खिलाफ खड़ा कर सकते थे मगर 272 पर अटक गए! यह आपकी नाकामी है साहेब। आप चाहते तो इस समय सेवारत अधिकारियों आदि से भी इस पत्र पर दस्तखत करवा सकते थे! आप सम्राट हो, नियम-कायदे आप पर लागू नहीं होते!

लोग तो मोदी जी, इन 272 भूतपूर्वों को बुद्धिजीवी नहीं, चाटुकार कह रहे हैं! सोशल मीडिया पर इनके ढोल की पोल खोल रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि इन्हें बुद्धिजीवी कहना बुद्धि का अपमान है! चलिए फिर भी मैं इन्हें बुद्धिजीवी मान लेता हूं फिलहाल।

बुद्धि हो तो लाजवाब झूठ बोलने की कला में आदमी माहिर हो जाता है

बुद्धि से तो माननीय सब कुछ किया जा सकता है। लाजवाब झूठ बोले जा सकते हैं। सीधे को उल्टा और उल्टे को सीधा बताया जा सकता है। कुत्ते को शेर और शेर को कुत्ता सिद्ध किया जा सकता है। नाली के गंदे पानी को गंगाजल बताया जा सकता है! हिटलर को साधु और गांधी जी को शैतान साबित किया जा सकता है। गोडसे को शहीद और नेहरू को अय्याश सिद्ध किया जा सकता है।

बुद्धि ऐसी शै है कि आजादी के आंदोलन के खिलाफ अंग्रेज़ों का साथ देनेवालों को सबसे बड़ा देशभक्त भी बताया जा सकता है, माननीय मोदी जी, आपको यह ज्ञात होगा। 2002 के नरसंहारक को हिंदू धर्म का रक्षक, देश का उद्धारक बताया जा सकता है, यह भी आपकी जानकारी में होगा ही!

बुद्धिजीवियों की बेेेेचैन आत्मा पिछले 11 साल में हुए अत्याचारों पर नहीं जागी

यह आपके इन 272 के बुद्धिजीवी होने का ही प्रमाण है कि इन्हें राहुल गांधी के सवाल तो सवाल नहीं, षड़यंत्र का हिस्सा लग रहे हैं मगर चुनाव आयोग इन्हें लोकतंत्र का मंदिर नज़र आ रहा है।

इनकी आत्मा पिछले ग्यारह साल में देश में हुए बड़े से बड़े अत्याचारों पर नहीं जागी, हिंदू-मुस्लिम किए जाने पर नहीं जागी, बुलडोजर से गरीबों-मजलूमों-मुसलमानों के घर-दुकान उजाड़े जाने पर नहीं जागी, लोकतंत्र का बार-बार मज़ाक़ उड़ाए जाने पर नहीं जागी, मगर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठा दिए तो फौरन उठ कर बैठ गई!

बिहार में मतदान से एक दिन पहले तक महिलाओं को दस-दस हजार रुपए दिये गये, यह न चुनाव आयोग को नजर आया और न इन 272 को!

पांच साल से अधिक समय से उमर खालिद और बाकी बेगुनाह दिल्ली दंगे के आरोप में जेल में बंद हैं, उनकी पूरी जवानी अदालत के सीखचों में बीती जा रही है, उन्हें आतंकवादियों से भी अधिक खतरनाक बताया जा रहा है मगर इनके जमीर ने एक बार भी जागने की तकलीफ़ नहीं की।

इनकी आत्मा को ऊपर से संकेत मिलता है कि अब जाग, भोर भई। जागने में अब फायदा है। सम्राट की कृपादृष्टि हो सकती है! इमाम-इकराम मिल सकते हैं, पुराने पाप मिट सकते हैं तो आत्मा जाग गई, लोकतंत्र याद आ गया, चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा का स्मरण हो आया!

महोदयो, क्षमा करना आपमें इतने साहस का उदय रिटायरमेंट के बाद ही क्यों हो जाता है! आपके साहस के कारनामे हमें आपके सरकार में रहते तो कभी दिखाई- सुनाई नहीं पड़े! अचानक यह परिवर्तन कैसे और कहां से हो जाता है? लोकतंत्र के लिए आपके मन में दर्द कैसे जाग गया?

जब आप पदों पर‌ थे तो संवैधानिक संस्थाओं की चिंता आपको नहीं हुई, आप अपने आका का हुक्म बड़ी खूबसूरती से बजाते रहे मगर आज आपको लग रहा है कि राहुल गांधी चुनाव आयोग जैसी संस्था को बड़ी भद्दी भाषा में बदनाम कर रहे हैं! आप। ‘बुद्धिजीवी ‘हैं, इसलिए आपको यह नजर नहीं आया होगा कि इस आयोग को राहुल गांधी या अन्य विपक्षी नेताओं ने बदनाम नहीं किया है, यह खुद अपने को बदनाम करवाने पर आमादा है!

आप ‘बुद्धिजीवी’ हैं, इसलिए आपको यह नहीं दिखा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना करते हुए चुनाव आयोग के सदस्यों की चयन समिति से सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को क्यों हटाया और क्यों उनकी जगह अपने गृहमंत्री को लाया गया है?

‘बुद्धिजीवी’ होने के नाते ही आपको यह भी नहीं दिखा कि चुनाव आयोग के सदस्यों को पद पर रहने के दौरान और सेवानिवृत्ति के बाद भी संवैधानिक सुरक्षा क्यों दी गई है, जो कि आज तक राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी हासिल नहीं है! इसलिए न कि वे जो चाहें, गड़बड़ी सरकार के हक में और लोकतंत्र को कुचलने के लिए करें मगर उनका बाल भी बांका नहीं किया जा सकता!

आप ‘बुद्धिजीवी’ हैं, इसलिए आपको यह कैसे दिखाई दे सकता है कि एस आई आर में कितने स्तर पर गड़बड़ियां की गईं और किस तरह सुप्रीम कोर्ट के मजबूर करने के बाद ही आयोग ने आधारकार्ड को वैध दस्तावेज के रूप में माना है वरना बिहार के गरीब-गुरबा वोट तक नहीं दे पाता!

खैर छोड़िए इन बातों को। इन सबसे आपका क्या संबंध? आप तो सुख और आनंद की दुनिया में मजे से लोटपोट होते रहिए। देश में लोकतंत्र रहे न रहे, इससे आपको क्या फर्क पड़ता है? आपकी मोटी पेंशन सुरक्षित है, आपके फ्लैट, बंगले और फार्म हाउस सुरक्षित हैं, आपके लंच-डिनर बड़ी क्लबों और होटलों में आरक्षित हैं। आपकी विदेश यात्राएं निर्बाधित हैं।

दुनिया इधर से उधर हो जाए तो भी आपकी सेहत पर अंतर नहीं पड़ता। आपको फर्क पड़ता है डायबिटीज होने से, हार्ट अटैक आने से, कैंसर होने से, गैस बनने से और आपकी सहूलियतों में कमी आने से! लोकतंत्र, चुनाव, एस आई आर ये सब गरीबों कमजोरों-दलितों के विषय हैं।

जिनके घर में चूल्हा नहीं जलता, जिनके बेटे-बेटियां बेरोजगार हैं, ये उनके विषय हैं। आपको कोई समस्या अगर कभी हुई भी तो यूरोप-अमेरिका जाकर बस जाएंगे और किसी दिन वहां गुमनाम मर जाएंगे। फिर भी मुन्ना भाई आप लगे रहिए।

बुद्धिजीवी होने का तमगा सीने पर लटकाये रहिए। रिटायर हो चुके हैं मगर सरकार के हुक्म की तामील करते रहिए। शर्मिंदा मत होइए! शर्मिंदगी का युग बीत चुका, बेशर्मी अब तेरा ही आसरा है।

-Vishnu Nagar’s post

राम भक्तों के लिए

विभावि में स्नातकोत्तर 2025–27 सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

0

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 12 दिसंबर

हजारीबाग – विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) में दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम 2025–27 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

नामांकन कोषांग के नोडल पदाधिकारी डॉ. इंद्रजीत कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन समर्पित करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर शाम 6:00 बजे निर्धारित है।
15 दिसंबर को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित होगी।

दस्तावेज़ सत्यापन व नामांकन प्रक्रिया

  • 15 से 23 दिसंबर: संबंधित केंद्रों में प्रमाण पत्र, अंक पत्र एवं अन्य दस्तावेजों का ऑफ़लाइन सत्यापन किया जाएगा।
  • 15 से 24 दिसंबर: सत्यापन के बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से नामांकन ले सकेंगे।

कौन किस आधार पर करेगा आवेदन?

डॉ. इंद्रजीत कुमार के अनुसार—

  • CBCS प्रणाली से स्नातक करने वाले छात्र कोर विषय के अंकों के आधार पर आवेदन करेंगे।
  • नई शिक्षा नीति (FYUGP) के तहत चार वर्षीय स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी मेजर विषय के अंक अपलोड करेंगे।
  • यदि छठे सेमेस्टर का परिणाम प्रकाशित नहीं हुआ है, तो छात्र पाँचवें सेमेस्टर के अंकों पर आवेदन कर सकते हैं।
  • लेकिन यदि 12 दिसंबर से पहले छठे सेमेस्टर का परिणाम जारी हो जाता है, तो अभ्यर्थी को अपना आवेदन अद्यतन करना अनिवार्य होगा।

मेधा सूची की तैयारी

मेधा सूची कोर/मेजर विषय में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी।
सूची निर्माण में विश्वविद्यालय के नामांकन नियम, तथा राज्य सरकार की आरक्षण नियमावली का पालन किया जाएगा।

नई शिक्षा नीति के तहत विशेष व्यवस्था

नई व्यवस्था के अनुसार—

  • 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को अपने ही महाविद्यालय में सातवें सेमेस्टर में नामांकन का अवसर मिलेगा,
  • बशर्ते महाविद्यालय में कम से कम दो पीएचडी धारक शिक्षक हों, जिन्हें शोध निर्देशन की पात्रता प्राप्त हो।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

गुमला नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण मुक्ति अभियान, जुर्माना व प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त के निर्देशानुसार आज दिनांक 24 नवंबर 2025 को नगर परिषद, गुमला द्वारा शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्ति अभियान संचालित किया गया। अभियान का संचालन नगर परिषद के नेतृत्व में किया गया, जिसके तहत विशेष रूप से पालकोट रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ऐसे सभी दुकानदारों एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई की गई जिन्होंने दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखा था। अतिक्रमण पाए जाने पर ऑन स्पॉट जुर्माना वसूलते हुए अतिक्रमण हटाया गया। साथ ही दुकान में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री रखने वाले, तथा निर्धारित अनुसार डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर भी जुर्माना लगाया गया।

शहर के कई स्थानों पर कंस्ट्रक्शन एवं डिमोलिशन वेस्ट (C&D Waste) पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया तथा उचित नोटिस जारी किया गया।

अभियान के दौरान कुल 11 दुकानदारों से ऑन स्पॉट फाइन वसूला गया एवं 147 पैकेट प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास एवं कप तथा 1 किलोग्राम प्लास्टिक कैरीबैग जब्त किए गए। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छ रखने में सहयोग करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

0

गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और किराना दुकानों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों के स्टोरेज, पैकेजिंग, एक्सपायरी तिथि और स्वच्छता व्यवस्था की गहन जांच की। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और एक्सपायरी तथा बिना लेबल वाले उत्पादों की बिक्री बंद करने का निर्देश दिया गया।

अभियान के क्रम में श्री लक्ष्मी सुपर मार्ट, डीएसपी रोड से रिफाइंड सोयाबीन तेल का सैंपल लिया गया, जिसे जांच के लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि बाजार में मिलावटी व मानक-विरुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई कि खाद्य सामग्री खरीदते समय एक्सपायरी डेट, लेबल और गुणवत्ता चिह्न अवश्य जांचें।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना से लेकर लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई संभव है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

सेवा का अधिकार सप्ताह: वरीय अधिकारियों ने शिविरों का किया निरीक्षण, अब तक 13,235 आवेदन प्राप्त

0

गुमला: राज्य सरकार के रजत पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत गुमला जिले में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम पूरे सक्रियता के साथ जारी है।
21 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक चल रहे इस विशेष अभियान में अब तक 13,235 आवेदन विभिन्न सेवाओं हेतु प्राप्त किए जा चुके हैं।

जिलेभर में वरीय अधिकारियों का निरीक्षण

उपायुक्त के निर्देश पर 24 नवंबर 2025 को वरीय अधिकारियों ने जिले के अलग-अलग प्रखंडों में आयोजित शिविरों का व्यापक निरीक्षण किया।
आज कुल 29 पंचायतों और 6 वार्डों में शिविर लगाए गए।

  • उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने घाघरा प्रखंड के आदर, चूंदरी, नवाडीह पंचायतों तथा चैनपुर प्रखंड के बर्वेनगर पंचायत में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया।
  • अपर समाहर्ता शाशिंद्र कुमार बड़ाइक ने चैनपुर प्रखंड के बिन्दोरा पंचायत में आयोजित शिविर का जायजा लिया।

इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित शिविरों की व्यवस्था, सेवाओं की उपलब्धता और नागरिक सुविधा की स्थिति की समीक्षा की।

ऑन-द-स्पॉट सेवाएँ एवं आवेदन स्वीकार

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविरों में प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं का अवलोकन किया। शिविरों में निम्नलिखित सेवाओं के लिए मौके पर ही आवेदन लिए गए—

  • जाति, आय, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र
  • जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र
  • सामाजिक सुरक्षा पेंशन
  • राशन कार्ड
  • भूमि से संबंधित सेवाएँ
  • योजनाओं से जुड़ी अन्य सेवाएँ

कई शिकायतों का वहीं समाधान किया गया तथा प्राप्त आवेदन, समाधान प्रतियाँ और दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड कर सेवा प्रदान की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया गया। कुछ शिविरों में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया, जिससे नागरिकों में संतोष देखा गया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

सिसई प्रखंड में अंतरिक्ष विज्ञान आधारित भ्रमणशील प्रदर्शनी बस पहुंची

0

गुमला : – गुमला जिला में मानव कल्याण हेतु अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी विषय पर आधारित भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस आज सिसई प्रखंड के संत तुलसीदास उच्च विद्यालय पहुँची, जहाँ जिला परिषद सदस्य विजया लक्ष्मी ने हरी झंडी दिखाकर प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बीपीओ सुप्रिया कुमारी ने बताया कि सिसई प्रखंड के सभी उच्च तथा प्लस टू विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए तीन दिवसीय भ्रमण रोस्टर तैयार किया गया है। रोस्टर के अनुसार सभी विद्यालयों के बच्चों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे वे अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीकी अवधारणाओं को निकट से समझ सकें।

उपायुक्त गुमला के प्रयासों से नवंबर माह के आरंभ से एक माह की अवधि हेतु यह विज्ञान प्रदर्शनी बस जिले में उपलब्ध कराई गई है। जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों के चयनित विद्यालयों में प्रदर्शनी आयोजित कर छात्रों के वैज्ञानिक ज्ञान में वृद्धि एवं विज्ञान, विशेषकर अंतरिक्ष विज्ञान व इंजीनियरिंग विषय में रुचि विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सिसई प्रखंड में प्रदर्शनी बस के आगमन पर स्कूली बच्चों में उत्साह व उमंग देखने को मिला। निर्धारित तीन दिनों तक सिसई प्रखंड के सभी विद्यालयों के बच्चों का भ्रमण आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी 27 नवंबर से 29 नवंबर तक भरनो प्रखंड में आयोजित की जाएगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium