20.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 274

गुमला सदर प्रखंड में उपायुक्त के निर्देशानुसार रक्तदान शिविर आयोजित- 51 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले में निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गुमला सदर प्रखंड में आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान कुल 51 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया, जो अब तक आयोजित सभी शिविरों में सर्वाधिक है।

उपायुक्त ने इस उत्कृष्ट पहल के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, गुमला की सराहना की तथा जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।

ज्ञात हो कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में 8 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक कामडारा और जारी प्रखंडों में शिविर संपन्न हो चुके हैं, जबकि आगामी शिविर भरनो (13 अक्टूबर), बिशुनपुर (14 अक्टूबर), पालकोट (15 अक्टूबर), सिसई (16 अक्टूबर), चैनपुर (17 अक्टूबर), रायडीह (18 अक्टूबर), बसिया (23 अक्टूबर) और घाघरा (24 अक्टूबर) को आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी कार्य में आगे आएं। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया सहित अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता अत्यावश्यक है, अतः स्वस्थ नागरिक नियमित रूप से रक्तदान करें। रक्तदान न केवल जीवनदायी है, बल्कि दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी एवं पूर्णतः सुरक्षित प्रक्रिया है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में 10.75 लाख की साइबर ठगी का आरोपी मणिपुर से गिरफ्तार, दो मोबाइल फोन बरामद

0

गुमला : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुमला में हुई ₹10.75 लाख की साइबर ठगी के एक आरोपी को मणिपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान लुकराम दिनेश मेतई (19) के रूप में हुई, जिसे इंफाल, मणिपुर में उसके घर से दबोच कर शनिवार को गुमला लाया गया।

मामला और जांच

अमरूदिन खान (अम्बेडकर नगर, गुमला) की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई। उन्होंने ₹8.45 लाख की ठगी का आरोप लगाया था। गुमला थाना में कांड संख्या 303/2025 के तहत धारा 310(2), 318(4) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) में मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता के HDFC बैंक गुमला के दो खातों से ₹10.75 लाख मणिपुर के इंफाल स्थित यूको बैंक, लालालोन ब्रांच में स्थानांतरित हुए थे।

छापेमारी और गिरफ्तारी

गुमला पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जामां के निर्देश पर SDPO गुमला के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बना। इसमें थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली, अवर निरीक्षक गौतम वर्मा और सशस्त्र बल शामिल थे।
टीम ने आरोपी के खाते से जुड़ी जानकारी जुटाई और पाया कि 11 सितंबर 2025 को उसने सेल्फ चेक द्वारा ₹8 लाख निकाले थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसे 09 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर इंफाल न्यायालय में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर गुमला लाया गया।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी से—

  • दो मोबाइल फोन

  • एक बाइक

  • सेल्फ चेक बैंक का CCTV फुटेज

  • तीन ATM कार्ड

  • विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक

  • नकद ₹245
    बरामद किए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में सड़क सुरक्षा का ‘विराट अभियान’, 120 चालकों पर कार्रवाई, ₹1.32 लाख जुर्माना वसूला

0

गुमला : सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से 11 अक्टूबर 2025 को गुमला जिला प्रशासन ने विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जामां के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ज्ञान शंकर जायसवाल ने गुमला थाना के सामने DAV मोड़ पर व्यापक जांच की।

बड़े पैमाने पर कार्रवाई

अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 120 से अधिक चालकों पर कार्रवाई की गई और ₹1,32,000 का जुर्माना वसूला गया। मुख्य फोकस हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर रहा, जबकि अचानक की गई सघन घेराबंदी से लापरवाह चालकों में हड़कंप मच गया।

प्रमुख उल्लंघन

  • सुरक्षा नियम: बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, सीट बेल्ट का अभाव।

  • अमान्य कागज़ात: लाइसेंस, इंश्योरेंस, परमिट, PUC, रोड टैक्स का अभाव।

  • अनाधिकृत उपकरण: प्रेशर हॉर्न, मल्टी-टोन हॉर्न।

  • ओवरलोडिंग: मालवाहकों में क्षमता से अधिक सामान।

जागरूकता और चेतावनी

जुर्माना लगाने के साथ ही चालकों को नियमों के पालन और लापरवाही के खतरनाक परिणामों के बारे में समझाया गया। DTO ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियम उल्लंघन पर और भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

अधिकारी और बल की भागीदारी

अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज, मुख्यालय DSP बीरेंद्र टोप्पो, मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की, थाना प्रभारी महेंद्र करमाली, DTO कार्यालय कर्मी एवं पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

दीपावली, काली पूजा, लक्ष्मी पूजा और महाछठ को लेकर तैयारी बैठक संपन्न — पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां ने दिए शांति और सुरक्षा के निर्देश

0

गुमला : पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जामां की अध्यक्षता में आज 11 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चांदली सभागार में आगामी दीपावली, काली पूजा, लक्ष्मी पूजा और महाछठ पर्व को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य निर्णय

पुलिस कप्तान ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी त्यौहार आपसी प्रेम, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं संगठनों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया और न्यायालय द्वारा जारी गाइडलाइनों को अक्षरशः लागू करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि महाछठ पर्व के दौरान गुमला सिसई रोड स्थित छठ तालाब, नगर परिषद के समक्ष स्थित बंध तालाब, डीएसपी रोड के पास स्थित मुरली बगीचा तालाब, तथा नागफेनी कोयल नदी सहित सभी घाटों पर आने-जाने वाले मार्गों में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की जाएगी।

ट्रैफिक और सुरक्षा उपाय

  • महाछठ के अवसर पर दोपहर से शाम 7 बजे और सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सभी भारी वाहन एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित (नो एंट्री) रहेगा।

  • सभी तेज रफ्तार वाहनों और मोटरसाइकिलों पर निगरानी रखी जाएगी तथा नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती रहेगी।

  • सभी आयोजक समितियों को सीसीटीवी कैमरे, महिला एवं पुरुष वॉलंटियर्स, तथा प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पूजा पंडाल और विसर्जन व्यवस्था

पुलिस कप्तान ने कहा कि सभी पंडालों में ज्वलनशील एवं असुरक्षित सामग्री का प्रयोग न किया जाए, अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखी जाए और पंडाल क्षेत्र में सीसीटीवी, पर्याप्त लाइटिंग एवं एग्जिट गेट अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और लाउडस्पीकर का उपयोग केवल निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जाएगा।

विसर्जन के समय पूरे मार्ग पर बैरिकेटिंग, गोताखोर और प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की तैनाती की जाएगी। महिला सुरक्षा हेतु विशेष निगरानी रखी जाएगी, और विसर्जन केवल निर्धारित मार्ग एवं समय पर संपन्न कराया जाएगा।

हरिश बिन जामां ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था की स्थिति में लोग तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि प्रशासन त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर सके।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ संगोष्ठी आयोजित

0

हज़ारीबाग : विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में कुलपति प्रो. (डॉ.) चन्द्र भूषण शर्मा के मार्गदर्शन और संरक्षण में विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत दो-सत्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

प्रथम सत्र — युवाओं के लिए कौशल संवर्धन के अवसर

विशिष्ट वक्ता डॉ. इफ्शा खुर्शीद ने “भारत में युवाओं के लिए कौशल संवर्धन के अवसर” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया आदि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी और व्यावसायिक कौशल हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रौद्योगिकी, डिजिटल मीडिया और उद्यमशीलता के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं को भी रेखांकित किया।

द्वितीय सत्र — राष्ट्रीय विकास लक्ष्य और आर्थिक दृष्टि

दूसरे सत्र का संचालन सहायक प्राध्यापक एवं वित्त अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने किया। उन्होंने भारत के वर्तमान आर्थिक परिदृश्य, विकास गति और वित्तीय प्रबंधन की भूमिका पर गहन चर्चा की। “विकसित भारत 2047” विजन के अंतर्गत उन्होंने शिक्षा, नवप्रवर्तन और आर्थिक नीतियों के सामंजस्य को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सहभागिता

संगोष्ठी में कुलसचिव डॉ. शादिक रज्जाक, विभागाध्यक्ष डॉ. कैशर, विकसित भारत कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. उमेन्द्र सिंह, शोधार्थी और विद्यार्थी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

ओबीसी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति भुगतान में देरी पर अभाविप का ज्ञापन

0

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रतिनिधि मंडल ने आज जिला कल्याण पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सत्र 2024-25 की ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति राशि शीघ्र जारी करने की मांग की गई।

जिला संयोजक रुद्र राज ने बताया कि ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए समय पर आवेदन किया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी राशि उनके खातों में जमा नहीं हुई है। इस देरी के कारण विद्यार्थी फीस, किताबें और अन्य शैक्षणिक खर्च वहन करने में असमर्थ हो रहे हैं और पढ़ाई को लेकर गंभीर चिंता में हैं।

नगर मंत्री साहिल कुमार ने कहा कि आर्थिक दबाव के कारण कई छात्रों की शिक्षा बाधित हो रही है, इसलिए प्रशासन को छात्रवृत्ति जारी करने में तात्कालिक कार्रवाई करनी चाहिए ताकि वे अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रख सकें।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री विक्रम राठौर, नगर विस्तारक उज्ज्वल तिवारी, निशांत अग्रवाल, मोंटी मंडल, टिंकू, विवेक यादव, सिमरन, निशु, शिवम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

पीआर 24×7 ने 8 कर्मचारियों का किया प्रमोशन, नई जिम्मेदारियों के साथ टीम को मिली नई ऊर्जा

0

इंदौर : उत्तर भारत की अग्रणी पब्लिक रिलेशन्स कंपनी पीआर 24×7 ने अपने 8 कर्मचारियों को पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं। कंपनी के संस्थापक अतुल मलिकराम ने कहा कि “प्रमोशन पद का नाम नहीं, बल्कि भरोसा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह हमारी टीम की मेहनत, निष्ठा और एकजुटता का परिणाम है।” उन्होंने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि कंपनी और कर्मचारियों के संयुक्त विकास का प्रमाण बताया।

पदोन्नत कर्मचारी और जिम्मेदारियाँ

  • मीना बिसेन — चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, 11 वर्षों से अकाउंट और फाइनेंस में दूरदर्शिता का नेतृत्व।

  • उज्जैन सिंह चौहान — सीओओ, मीडिया मॉनिटरिंग, 17 वर्षों के अनुभव के साथ कंपनी को नई दृष्टि प्रदान करेंगे।

  • संसृति मिश्रा — सीओओ, क्लाइंट्स कोऑर्डिनेशन, 12 वर्षों की क्लाइंट-फोकस्ड सोच।

  • विकास राजोरा — सीओओ, पब्लिक अफेयर्स, 14 वर्षों के नेटवर्क और एडवोकेसी अनुभव के साथ नई ऊर्जा।

  • परिणीता नागरकर खेले — सीओओ, क्लाइंट्स कोऑर्डिनेशन, 15 वर्षों का क्लाइंट रिलेशनशिप और मार्केटिंग अनुभव।

  • रोहित सिंह चंदेल — असिस्टेंट सीईओ, 7 वर्षों का संगठनात्मक अनुभव।

  • इकबाल पटेल — असिस्टेंट सीओओ, कंपनी विकास में नए दृष्टिकोण।

  • उर्वशी वर्मा — मैनेजर पीआर, 4 वर्षों के अनुभव के साथ टीम में नई ऊर्जा।

कंपनी का दृष्टिकोण

पीआर 24×7 ने अपने 25 वर्षों के अनुभव और 75 से अधिक पेशेवरों की टीम के साथ 18 राज्यों और 68 शहरों में सेवाएँ दी हैं। 200 से अधिक क्लाइंट्स के साथ, कंपनी 24×7 उपलब्धता, रीजनल मीडिया की समझ, संकट प्रबंधन, उत्कृष्ट मीडिया मॉनिटरिंग और दीर्घकालिक ग्राहक संबंधों के लिए जानी जाती है।

Muskan

राम भक्तों के लिए

‘रांची स्पीक्स’ जिलास्तरीय प्रतियोगिता संपन्न — 40 नन्हे प्रतिभागियों ने दिखाई वाक्पटुता और आत्मविश्वास

0

अगले वर्ष से होगी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता

रांची : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, बरियातू सभागार में आज ‘रांची स्पीक्स’ जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से चयनित कक्षा 1 से 8 के 40 छात्र-छात्राओं ने समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली भाषण देकर उपस्थित लोगों का दिल जीता।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन ने प्रतियोगिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष से इस प्रतियोगिता का आयोजन राज्य स्तर पर होगा। उन्होंने प्राथमिक समूह (कक्षा 1-5) के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

विशिष्ट अतिथियों में श्री सचिदानंद दि. तिग्गा, श्री प्रदीप कुमार चौबे, श्रीमती नीलम आइलिन टोप्पो, श्री विनय कुमार और सुश्री जूही रानी शामिल रहे। इन सभी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उच्च समूह (कक्षा 6-8) के विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के प्रणेता एवं मुख्य संयोजक श्री बादल राज, DSE रांची ने ‘रांची स्पीक्स’ की सितंबर 2024 से सितंबर 2025 की गौरवशाली यात्रा की उपलब्धियां और नवाचार पीपीटी व वीडियो के माध्यम से साझा किए।

विजेता सूची

कक्षा 1-5 वर्ग:

  1. प्रथम — अंकिता कुमारी (मध्य विद्यालय, डिबडीह)

  2. द्वितीय — शशि लोहरा (RCP स्कूल, मूरतो, चान्हो)

  3. तृतीय — निर्मला कच्छप (मध्य विद्यालय, IDD)

कक्षा 6-8 वर्ग:

  1. प्रथम — राजवीर सिंह (मध्य विद्यालय, झखराटांड़, रातू)

  2. द्वितीय — अनुष्का परवीन (मध्य विद्यालय, कोल्याकाडु, कांके)

  3. तृतीय — होलिका कुमारी (झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, राहे)

आयोजन टीम

जूरी में डॉ. अद्वैत चैतन्य, श्रीमती नीलाक्षी वाजपेयी और श्री ध्रुव पांडेय उपस्थित रहे। संचालन श्री अशोक प्रसाद सिंह और श्रीमती प्रीति मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती जया प्रभा ने दिया। आयोजन में रांची जिले के सभी प्रधानाध्यापक, प्रखंड एवं विद्यालय नोडल शिक्षक, अभिभावक, और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बरियातू के प्रिंसिपल श्री दीपक कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

News Desk 

राम भक्तों के लिए

खेलो झारखंड के तहत वूशु, ताइक्वांडो एवं तैराकी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न

0

ताइक्वांडो में हजारीबाग विजेता, वूशु में रांची चैंपियन, तैराकी में रांची का दबदबा
कल से हॉकी और तीरंदाजी प्रतियोगिता का होगा शुभारंभ

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा आयोजित “खेलो झारखंड” प्रतियोगिता के तहत वूशु, ताइक्वांडो और तैराकी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव ने बताया कि दो दिनों तक चली इन प्रतियोगिताओं में राज्य के सभी 24 जिलों से चयनित खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि “खेलो झारखंड” का यह मंच सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने का सशक्त अवसर प्रदान करेगा।

खेल आयोजन स्थल

  • वूशु: ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, खेलगांव

  • ताइक्वांडो: गणपत राय इंडोर स्टेडियम

  • तैराकी: सिद्धू कान्हू स्विमिंग स्टेडियम

प्रमुख परिणाम

वूशु प्रतियोगिता

  • ओवरऑल चैंपियन : रांची

  • अंडर-17 बालिका उपविजेता : हजारीबाग

  • अंडर-19 बालिका उपविजेता : धनबाद

  • बालक वर्ग (U-17 एवं U-19) उपविजेता : रामगढ़

ताइक्वांडो प्रतियोगिता

  • अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग विजेता : हजारीबाग

  • अंडर-14 बालिका उपविजेता : रांची

  • अंडर-14 बालक उपविजेता : देवघर

  • अंडर-17 बालिका विजेता : रांची | उपविजेता : हजारीबाग

  • अंडर-19 बालिका विजेता : रांची | उपविजेता : पश्चिमी सिंहभूम

तैराकी प्रतियोगिता

  • अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग विजेता : रांची

  • अंडर-17 वर्ग विजेता : रांची | उपविजेता : जमशेदपुर

  • अंडर-19 वर्ग विजेता : रांची | उपविजेता : खूंटी

सभी विजेताओं को संबंधित खेल स्थलों पर सम्मान समारोह के दौरान पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

राज्य स्तरीय खेल नेतृत्व की भागीदारी

समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ, वूशु, ताइक्वांडो और तैराकी संघ के पदाधिकारी सहित
धीरसेन ए. सोरेंग, शिवेंदु दुबे, शैलेंद्र दुबे, मिथलेश कुमार सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, उपेंद्र तिवारी, युवराज पटेल, प्रदीप कुमार, उमेश पासवान उपस्थित रहे।

खुली चयन प्रक्रिया के तहत योग, मुक्केबाजी, नेटबॉल, बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग एवं मलखंभ में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया।

आगामी आयोजन

शनिवार से हॉकी और तीरंदाजी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ प्रारंभ होंगी, जिनके लिए तैयारियाँ पूर्ण हैं और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में राज्य खेल कोषांग, जिलों के शारीरिक शिक्षा शिक्षक और खेल संघों के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।

News Desk 

राम भक्तों के लिए

गुमला में बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी शुरू, उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा विभाग सक्रिय

0

गुमला : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने आगामी माध्यमिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की है। इस पहल का उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाना है।

टास्क फोर्स का गठन और विशेष कक्षाएँ

जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने बताया कि सभी विद्यालयों में “बोर्ड एग्जाम टास्क फोर्स” का गठन किया गया है। यह टीम 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र, मॉडल प्रश्नों का अभ्यास, उत्तर लेखन प्रशिक्षण और उपस्थिति पर निगरानी सुनिश्चित करेगी।

15 अक्टूबर से विशेष रेमेडियल कक्षाओं की शुरुआत की जा रही है, जिसमें कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शिक्षण सहयोग दिया जाएगा। शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की व्यक्तिगत प्रगति की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि हर छात्र लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रगति कर सके।

अनुश्रवण और जवाबदेही व्यवस्था

जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने बताया कि सभी विद्यालयों से टास्क फोर्स की सूची, नामांकन और उपस्थिति विवरण मांगे गए हैं। साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को विद्यालयों का निरंतर अनुश्रवण कर सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इस तैयारी का उद्देश्य न सिर्फ परिणाम सुधारना है, बल्कि जिले के शैक्षणिक वातावरण को अधिक अनुशासित, परिणामोन्मुख और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium