22.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 292

गुमला सड़क हादसा: पिता की मौत से असहाय हुए पाँच बच्चे, प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारी

0

गुमला। घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी मोड़ के पास शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में नवाडीह गाँव निवासी प्रकाश उरांव की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गाँव को शोकाकुल कर दिया है। मृतक के पाँच छोटे बच्चे अब पूरी तरह असहाय हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रकाश उरांव की पत्नी उन्हें दो वर्ष पहले ही छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से पिता ही बच्चों के जीवन का सहारा थे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पीड़ित परिवार का दौरा

घटना की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे।
जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ललन कुमार और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अमर कुमार ने नवाडीह पंचायत अंतर्गत कुगाँव घाघरा जाकर बच्चों की स्थिति का जायजा लिया और परिजनों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बच्चों को तुरंत मिलेगी सरकारी सहायता

सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ने ग्राम सेवक को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज तत्काल तैयार कराए जाएँ। इसके आधार पर बच्चों को शैक्षणिक, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।

बच्चों की देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में इन बच्चों को उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बाल संरक्षण कोषांग को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में जहाँ सड़क दुर्घटना में बच्चे माता-पिता से वंचित हो जाते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सरकारी सहायता प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा, “इन बच्चों की सुरक्षा और भरण-पोषण प्रशासन की जिम्मेदारी है। हर संभव मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।”

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में राष्ट्रीय राजमार्ग व भारतमाला परियोजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

0

गुमला। जिला भू-अर्जन शाखा की विशेष बैठक में शुक्रवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में NH-23 (पलमा-गुमला), NH-43, NH-143 और भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुआवजा भुगतान और मंदिर पुनर्निर्माण पर चर्चा

बैठक में बताया गया कि NH-23 (पलमा-गुमला) सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के लिए रैयतों को भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से मुआवजा दिया जा रहा है। उपायुक्त ने अधियाची विभाग को 30 सितंबर 2025 तक प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया।
भरनो मौजा में अधिग्रहित भूमि पर स्थित तीन मंदिरों में से दो का पुनर्निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि तीसरे मंदिर के लिए ग्रामीणों की सहमति लंबित है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों से सहमति लेकर कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही भरनो ब्लॉक चौक सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साइनबोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया।

NH-43 और NH-143 परियोजनाओं की स्थिति

भारतमाला परियोजना के तहत NH-43 में भूमि अधिग्रहण का कार्य जारी है। अब तक 61.39 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ, जिसमें से 25.61 करोड़ रुपये प्रभावित रैयतों को भुगतान किए जा चुके हैं।
वहीं, NH-143 चौड़ीकरण कार्य से कामडारा प्रखंड के 16 और बसिया प्रखंड के 8 गांव प्रभावित हो रहे हैं। इसके लिए 41.24 करोड़ रुपये की मांग अधियाची विभाग से की गई है। राशि उपलब्ध होते ही मुआवजा भुगतान और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्य सरकार की योजनाओं पर भी हुई समीक्षा

बैठक में राज्य सरकार की 12 सड़क चौड़ीकरण और निर्माण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा हुई। इसमें सिसई-बसिया पथ योजना और डुमरी से बड़ा कटरा (छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक) पथ योजना में Alignment सुधार से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधियाची विभाग को निर्देश दिया कि इन त्रुटियों का शीघ्र निराकरण कर मूल संचिका जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

एनएचएआई और विभागीय अधिकारियों को निर्देश

उपायुक्त ने एनएचएआई और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को आदेश दिया कि जिले के सभी संवेदनशील मार्गों और चौक-चौराहों पर उचित साइनज (signage) लगाए जाएं।
भू-अर्जन पदाधिकारी को भी निर्देश दिया गया कि भारतमाला परियोजना से जुड़े शेष रैयतों के मामलों का शीघ्र निपटारा कर मुआवजा वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही NH-43 में प्रभावित गांवों की भूमि जांच रिपोर्ट संबंधित अंचलाधिकारियों से समय पर लेकर भुगतान प्रक्रिया पूरी की जाए और रैयतों की आपत्तियों का त्वरित समाधान किया जाए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

देवघर के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान को लेकर बैठक की, 2 अक्टूबर गांधी जयंती केे दिन होगा समापन 

0

ददेेवघर : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और आदि कर्मयोगी अभियान के सफल संचालन को लेकर सोमवार को डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसका समापन गांधी जयंती पर होगा। यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के पोषण माह के साथ चलाया जाएगा।

डीसी ने बताया कि अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सरकारी चिकित्सा केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगेंगे। इनमें महिलाओं की उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच होगी। किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, हीमोग्लोबिन टेस्ट और पोषण संबंधी परामर्श दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मुफ्त टीकाकरण की सुविधा के अलावा रक्तदान शिविर लगेंगे और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता कार्ड भी बनाए जाएंगे।

डीसी ने दिया सभी दस प्रखंडों में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश 

डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जनजातीय क्षेत्रों में सेवा वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाना एवं स्थानीय संस्थानों को सशक्त करना है, ताकि अंतिम व्यक्ति को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा सहज व्यवहार करने एवं प्राथमिकता के आधार पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके, ताकि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत चिन्हित 267 गांव में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। डीसी ने जिले के सभी दस प्रखंडों में किए जानेवाले कार्यों की सही निगरानी के साथ आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

गुमला शिक्षा में एआई अपनाने वाला झारखंड का पहला जिला, छात्रों और शिक्षकों को ChatGPT व DeepSeek से जोड़ा गया

0
गुमला। झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर गुमला जिला राज्य का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां विद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग करते हुए छात्रों और शिक्षकों को ChatGPT और DeepSeek जैसे आधुनिक एप्लिकेशन से जोड़ा जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य है बच्चों को स्मार्ट स्टूडेंट और शिक्षकों को स्मार्ट टीचर बनाना, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और ऊँचाई मिल सके।

शिक्षा में तकनीक का नया अध्याय

गुमला एक आदिवासी बहुल जिला है, जहां शिक्षा स्तर को सुधारने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। अब एआई तकनीक का प्रयोग बच्चों की जिज्ञासा और बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। उपायुक्त दीक्षित के अनुसार, “इस पहल से विद्यार्थी अपने संदेह स्वयं हल कर पाएंगे, पढ़ाई में गति आएगी और कम समय में अधिक विषय सीखने की क्षमता विकसित होगी।”

सभी विद्यालयों में एआई एप्लिकेशन का प्रशिक्षण

उपायुक्त के निर्देशानुसार, जिले के विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों के स्मार्टफोन पर ChatGPT और DeepSeek इंस्टॉल कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षित और उचित उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है। शिक्षकों को इन टूल्स का प्रयोग गृहकार्य, प्रोजेक्ट, मूल्यांकन और पढ़ाई से जुड़ी अन्य गतिविधियों में करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि जिन परिवारों में स्मार्टफोन उपलब्ध हैं, वे कुछ दिनों के लिए बच्चों को फोन विद्यालय भेजें, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इस तकनीक से लाभान्वित हो सकें।

विद्यालयों में जागरूकता और प्रशिक्षण अभियान

  • सिसई प्रखंड स्थित माघी बालिका उच्च विद्यालय में 158 छात्राओं को एप्लिकेशन डाउनलोड कराकर प्रशिक्षण दिया गया।
  • मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय गुमला में लगभग 200 शिक्षक-कर्मी और 100 से अधिक छात्रों को व्यावहारिक जानकारी दी गई।
  • संत तुलसीदास प्लस टू उच्च विद्यालय सिसई में 24 शिक्षकों और 53 विद्यार्थियों को एआई का प्रशिक्षण दिया गया।
  • भरनो प्रखंड में शिक्षकों के लिए विशेष गुरुगोष्ठी आयोजित की गई।
  • कामडारा प्रखंड के कुरकुरा और टिटही उच्च विद्यालयों में भी छात्रों को जागरूक किया गया।
  • मॉडल स्कूल रायडीह और पीएम श्री एसएस +2 उच्च विद्यालय रायडीह में छात्रों और शिक्षकों को सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इन कार्यक्रमों में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), आईटी मैनेजर, पिरामल फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि, BPO दिलदार सिंह, शिक्षक जयंत पांडेय, बीआरसी, लेखापाल, एमआईएस समन्वयक, सीआरपी और ICT प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

अब तक 1000 से अधिक छात्रों तक पहुँची पहल

प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,000 से अधिक छात्रों के स्मार्टफोन में एआई एप्लिकेशन डाउनलोड कराए जा चुके हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि गुमला के बच्चे आधुनिक तकनीक का सुरक्षित उपयोग करते हुए शिक्षा में नए मुकाम हासिल कर सकें। न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 
राम भक्तों के लिए

गुमला में विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करने को लेकर समीक्षा बैठक, फरवरी 2025 तक सभी लक्ष्य पूरे करने का निर्देश

0

गुमला। जिले में बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय और व्यवस्थित बनाने के लिए सोमवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में चल रही योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत 8,000 घर होंगे रोशन

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के अंतर्गत 271 ग्राम और टोला का विद्युतीकरण किया जाना है। अब तक 23 ग्राम में काम पूरा हो चुका है।

  • सितंबर में 40, अक्टूबर में 40 और नवंबर में 40 ग्राम-टोला में विद्युतीकरण कार्य करने का लक्ष्य तय किया गया है।
  • शेष काम फरवरी 2025 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
    इस योजना के तहत लगभग 8,000 घरों को बिजली से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

जन मन योजना पर भी तेज़ी से काम

प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए 2,407 घरों का विद्युतीकरण लक्ष्य है। अब तक 854 घरों में बिजली पहुंचाई जा चुकी है। इस योजना में विशेष ध्यान पीवीटीजी (विशिष्ट पिछड़ी जनजाति) परिवारों और क्षेत्रों पर दिया जा रहा है, ताकि आदिवासी परिवार भी नियमित विद्युत आपूर्ति का लाभ ले सकें।

तय समय सीमा में काम पूरा करने का आदेश

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सितंबर तक 20, अक्टूबर में 30 और नवंबर में शेष 116 ग्राम-टोला का विद्युतीकरण कार्य पूरा करना अनिवार्य है। उपायुक्त दीक्षित ने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य हासिल करने और लापरवाही से बचने का सख्त निर्देश दिया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

17 सितंबर से भाजपा का “सेवा पखवाड़ा” अभियान शुरू, जिले में होंगे कई कार्यक्रम

0

गुमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुमला जिला इकाई ने घोषणा की है कि पार्टी का “सेवा पखवाड़ा” अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इस दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मोदी के जन्मदिवस से होगा शुभारंभ

जिला अध्यक्ष विनय कुमार लाल ने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़ा का आगाज 17 सितंबर को दोपहर 3 बजे सरना टोली शिव मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के साथ किया जाएगा।

रक्तदान शिविर और प्रदर्शनी का आयोजन

अभियान के दूसरे दिन यानी 18 सितंबर को भाजयुमो (भाजपा युवा मोर्चा) द्वारा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के तहत अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी और पुस्तकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं की भागीदारी अनिवार्य

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि सेवा पखवाड़ा के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों में जिले के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष संदीप प्रसाद ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला उपायुक्त का सख्त फरमान: शिक्षकों को स्कूल आने-जाने पर दर्ज करनी होगी बायोमैट्रिक उपस्थिति

0

गुमला। जिले में शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। अब सभी शिक्षक और कर्मी स्कूल आने और छुट्टी के समय अनिवार्य रूप से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करेंगे।

ई-विद्यावाहिनी से उपस्थिति की निगरानी

गुमला जिले के सरकारी और सहायता प्राप्त प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तक सभी शिक्षकों और कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए पहले से ही ई-विद्यावाहिनी एप्लिकेशन उपलब्ध है। इसके लिए विद्यालयों में टैब और अटेंडेंस डिवाइस की व्यवस्था की गई है। साथ ही, छुट्टी या अवकाश लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन और अप्रूवल प्रणाली भी लागू है।

इसके बावजूद जिले में बायोमैट्रिक उपस्थिति का औसत संतोषजनक स्तर पर नहीं पहुंचा। इस स्थिति को सुधारने के लिए उपायुक्त ने जिला और प्रखंड स्तर पर विशेष दल का गठन कर कार्ययोजना बनाई है।

डेटा-आधारित मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि प्रतिदिन सुबह पिछले दिन की उपस्थिति का विश्लेषण किया जाए और उसी आधार पर अनुशासन और व्यवहार सुधार की रणनीति बनाई जाए।

  • प्रखंड स्तरीय दल शिक्षकों और कर्मियों के ई-विद्यावाहिनी रजिस्ट्रेशन की जांच करेगा।
  • यदि किसी सेवानिवृत्त, मृतक या स्थानांतरित कर्मी का नाम पाया जाता है तो उसे तुरंत हटाया जाएगा।
  • जिला स्तरीय दल एक सप्ताह के भीतर यह सुनिश्चित करेगा कि सभी का बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है।

लगातार अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले शिक्षक और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा और उनके नाम नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

सामुदायिक भागीदारी पर जोर

उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि शिक्षकों की मासिक उपस्थिति का ब्यौरा अभिभावक-शिक्षक बैठकों और विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकों में साझा किया जाए। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति पाए जाने पर संबंधित शिक्षक को तुरंत चेतावनी पत्र दिया जाएगा और पुनरावृत्ति होने पर कारण बताओ नोटिस जारी होगा।

साथ ही, उपायुक्त ने शिक्षा अधिकारियों और बीआरपी-सीआरपी कर्मियों को नियमित रूप से विद्यालय भ्रमण करने का निर्देश दिया है।

जिम्मेदारी तय, आदेश उल्लंघन पर कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि बायोमैट्रिक नियमों का पालन किए बिना अनुचित तरीके से वेतन निकासी की जाती है, तो संबंधित अधिकारी-कर्मी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

ज्ञात हो कि उपायुक्त ने 9 सितंबर 2025 को जिला समाहरणालय में हुई बैठक में शिक्षकों को समय पर सिलेबस पूरा करने और बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए पहले ही चेतावनी दी थी। इसके बाद, 11 सितंबर को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने उपस्थिति की समीक्षा कर 100 से अधिक शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी मांगा है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में रेलवे लाइन और उद्योग का अभाव, हिंडालको पर अधूरा वादा निभाने का आरोप

0

गुमला, झारखंड। दशकों से लंबित लोहरदगा–गुमला–कोरबा (मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) रेलवे लाइन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। हाल ही में गुमला जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खुलने के बाद लोगों ने इस परियोजना को फिर से आगे बढ़ाने की अपील की है।

दशकों पुराना वादा अधूरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व रेल मंत्री स्व. केदारनाथ मिश्र ने अपने कार्यकाल में इस रेल लाइन को मंजूरी देने का वादा किया था। झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. कार्तिक उरांव के प्रयासों से इसका प्रारंभिक सर्वे भी कराया गया था। इसके बाद कई बार रेलवे सर्वेक्षण हुआ और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अंतिम सर्वे पूरा भी कर लिया गया। हालांकि, आज तक रेल लाइन बिछाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया।

रेलवे कनेक्टिविटी न होने से गुमला और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक विकास ठप है। स्थानीय उद्योग-धंधे नहीं लग पा रहे और युवाओं को रोजगार के अवसरों के लिए बाहर पलायन करना पड़ता है।

हिंडालको पर अधूरा समझौता निभाने का आरोप

इसी बीच गुमला के नागरिकों ने हिंडालको कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिले के विभिन्न इलाकों से बॉक्साइट का खनन कर रेणुकूट (उत्तर प्रदेश) और अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है, जहाँ से एल्युमिनियम फैक्ट्रियों में इसका इस्तेमाल कर उत्पाद तैयार किए जाते हैं।

स्थानीय दावों के अनुसार, हिंडालको ने वर्षों पहले गुमला और आसपास के क्षेत्रों में एल्युमिनियम फैक्ट्री स्थापित करने के लिखित समझौते के बाद ही बॉक्साइट खनन का अधिकार प्राप्त किया था। लेकिन, कई दशक बीत जाने के बाद भी कंपनी ने जिले में फैक्ट्री नहीं लगाई।

नागरिकों में आक्रोश और सरकार से उम्मीदें

आदिवासी बहुल गुमला जिले के लोग इसे अपने संसाधनों के शोषण के रूप में देख रहे हैं। उनका कहना है कि यदि रेलवे लाइन बिछाई जाती और हिंडालको कंपनी फैक्ट्री स्थापित करती, तो गुमला औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता था।

स्थानीय नागरिकों ने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की है कि हिंडालको को उसके पुराने समझौते के लिए जवाबदेह ठहराया जाए और जिले में एल्युमिनियम उद्योग स्थापित करने के लिए बाध्य किया जाए। साथ ही, रेलवे परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर लाने की अपील भी की गई है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

झारखंड के 29 हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों में द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

0

रांची, 14 सितंबर। राज्यभर के 29,224 सरकारी विद्यालयों में आयोजित द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) सफलतापूर्वक पूरी हो गई। इस विशेष बैठक में 290 विद्यालयों में सांसद और 129 विद्यालयों में विधायक शामिल हुए, जिससे शिक्षा व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को नया आयाम मिला।

मुख्यमंत्री की पहल पर जनप्रतिनिधियों की भागीदारी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर इस बार सभी जिलों में आयोजित बैठकों में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों की निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करना, लर्निंग गैप को कम करना और विद्यालय-समुदाय संवाद को मजबूत करना है।

शिक्षा सचिव और निदेशक ने साझा किए विचार

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव उमाशंकर सिंह ने कहा कि पीटीएम के दौरान न केवल बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा परिणामों पर चर्चा हुई, बल्कि पालन-पोषण, खेलकूद, पाठ्येतर गतिविधियों और विद्यालयी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा, “शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, इसमें परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। यही कारण है कि इन विशेष बैठकों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से और अधिक प्रभावी बनाया गया।”

शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने अभिभावक-शिक्षक बैठक को शिक्षा सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा, “अभिभावक, शिक्षक और समुदाय मिलकर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में एक टीम की तरह काम कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने न केवल बैठकों की गरिमा बढ़ाई, बल्कि शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने में भी अहम योगदान दिया।”

राज्य स्तरीय अनुश्रवण

द्वितीय पीटीएम की मॉनिटरिंग के लिए परिषद ने 24 जिलों में विशेष अनुश्रवण टीम गठित की थी। इन टीमों ने विभिन्न विद्यालयों में जाकर बैठकों की समीक्षा की और सुधारात्मक सुझाव दिए।

दिसंबर में होगी अगली बैठक

शिक्षा परिषद के अनुसार, सरकारी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठकें प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर आयोजित की जाती हैं। इस सत्र की अगली यानी तृतीय बैठक दिसंबर 2025 में होगी।

News Desk

राम भक्तों के लिए

तान्या मित्तल : बिग बॉस की नई सनसनी

0
रियलिटी शो बिग बॉस हमेशा से ही चर्चाओं और विवादों का केंद्र रहा है। इस बार शो में कदम रखने वाली नई प्रतिभागी तान्या मित्तल दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। तान्या न केवल अपनी बेबाक राय बल्कि अपने आत्मविश्वासी अंदाज़ के कारण भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।

तान्या मित्तल मूल रूप से ग्वालियर मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं और फैशन व मॉडलिंग की दुनिया से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपने विचारों और जीवनशैली को साझा कर लाखों फॉलोअर्स बनाए। बिग बॉस के मंच पर आने से पहले ही तान्या एक लोकप्रिय चेहरा बन चुकी थीं।

शो में उनके अब तक के सफर की बात करें तो तान्या ने शुरुआत से ही खुद को मजबूत और स्वतंत्र व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है। घर के भीतर चाहे टास्क हों या फिर आपसी रिश्तों की जटिलताएँ, तान्या ने हमेशा साफगोई और आत्मविश्वास से अपनी बात रखी है। यही वजह है कि वह दर्शकों और अन्य कंटेस्टेंट्स के बीच चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई हैं।

तान्या मित्तल की खासियत यह है कि वे किसी भी मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखने से नहीं हिचकिचातीं। कई बार उनकी इसी स्पष्टवादिता ने घर में बहस और टकराव की स्थिति भी पैदा की, लेकिन दर्शकों ने उनके इस अंदाज़ को खूब सराहा है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन में बड़ी संख्या में फैंस सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।

बिग बॉस के घर में बने रिश्तों को लेकर भी तान्या सुर्खियों में हैं। कई कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी दोस्ती और कुछ के साथ मतभेदों ने शो को और भी दिलचस्प बना दिया है। वहीं, उनके फैशन सेंस और स्टाइल ने उन्हें युवाओं की खास पसंद बना दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि तान्या मित्तल आने वाले समय में शो की सबसे मजबूत दावेदारों में से एक साबित हो सकती हैं। बिग बॉस का मंच हमेशा से ही प्रतिभाशाली लोगों को नई पहचान दिलाता रहा है, और तान्या के आत्मविश्वास व लोकप्रियता को देखकर यह कहा जा सकता है कि उनका सफर लंबा और यादगार होने वाला है।

कुल मिलाकर, तान्या मित्तल आज बिग बॉस के घर में केवल एक प्रतियोगी नहीं बल्कि दर्शकों के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी मेहनत, साफगोई और आत्मविश्वास उन्हें शो की सबसे चर्चित हस्तियों में शामिल कर रहा है।
#tanyaistheboss #tanyamittal #tanyamittalboss #bosstanya #tanyamittalbb19 #biggboss19 #tanyality #tanyamittalbiggboss19.

News Desk

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium