27.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 326

गुमला में जन शिकायत निवारण दिवस पर त्वरित सुनवाई, उपायुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

0

गुमला, 29 जुलाई — गुमला समाहरणालय के सभाकक्ष में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं। राशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सामाजिक सुरक्षा और नशा मुक्ति से जुड़ी कई समस्याओं पर मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कामटोली में जलजमाव की समस्या पर तत्काल निर्देश

वार्ड संख्या 16, कामटोली के निवासियों ने बारिश में घरों में पानी भरने की शिकायत की। वर्षा जल निकासी बाधित होने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उपायुक्त ने तत्काल नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को कॉल कर निर्देश दिए और स्थायी समाधान हेतु पत्र भेजने का भी आदेश दिया।

थैलेसीमिया पीड़ित बालक के इलाज की राह आसान

हरगड़ा निवासी आभा मिंज ने अपने बेटे की थैलेसीमिया बीमारी की जानकारी देते हुए इलाज में राशन कार्ड की त्रुटि से आ रही बाधा की बात रखी। उपायुक्त ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया और निर्देश जारी किए।

शिवराजपुर में राशन डीलर की मांग पर हुई पहल

बेलगाड़ा पंचायत की महिलाओं ने गांव में राशन डीलर की अनुपलब्धता पर चिंता जताई। उपायुक्त ने समस्या की गंभीरता को समझते हुए नए डीलर की नियुक्ति पर विचार का निर्देश दिया।

ढहा मकान, पीड़ित परिवार को मिलेगी राहत

बसिया प्रखंड के टेंगरा जामटोली निवासी बालगोविंद लोहरा का मकान बारिश में ढह गया। उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन शाखा को कार्रवाई का निर्देश देते हुए परिवार को योजनाओं के तहत सहायता देने को कहा।

नशा छोड़ छात्र ने मांगी शिक्षा में मदद, मिला मार्गदर्शन

जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र ने खुद को सुधारने की इच्छा जताई और शिक्षा में मदद की अपील की। उपायुक्त ने विद्यालय प्राचार्य को छात्र के लिए उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

अधूरी नाली निर्माण से उपजी समस्या पर कार्रवाई के आदेश

जिलीगा टागर टोली निवासी रमेश कुमार ने सड़क निर्माण के अधूरे कार्य से हो रही जलजमाव और विवाद की शिकायत की। उपायुक्त ने भू अर्जन पदाधिकारी को स्थलीय जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

राशन, आवास, पेंशन, सड़क जैसे मामलों पर भी सुनवाई

राशन कार्ड सुधार, आवास योजना, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सहायता और घरेलू विवाद समाधान जैसे विषयों पर भी कई आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को समयबद्ध व पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हर सप्ताह, हर स्तर पर हो रहा जन संवाद

  • हर मंगलवार व शुक्रवार को जिला और अनुमंडल स्तर पर जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन
  • प्रत्येक सप्ताह प्रखंड स्तर पर भी BDO व CO द्वारा समाधान
  • प्रत्येक शनिवार को चयनित प्रखंडों में अंचल दिवस
  • हर माह की 26 तारीख को थाना दिवस, जहां थाना से जुड़े मामलों का निष्पादन

नागरिकों से अपील

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी शिकायतों के समाधान हेतु निकटतम जन शिकायत निवारण दिवस में भाग लें और स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान का लाभ उठाएं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग सिविल कोर्ट परिसर में विधिक परामर्श शिविर आयोजित, अनुसंधानकर्ताओं को मिली कानूनी प्रक्रियाओं की गहन जानकारी

0

हजारीबाग, 29 जुलाई — झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के बैनर तले सिविल कोर्ट परिसर में एक जिला स्तरीय हितधारक कानूनी परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में अनुसंधानकर्ताओं सहित कई विधिक हितधारकों ने भाग लिया।

शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें डीसी शशि प्रकाश सिंह, एएसपी, हजारीबाग बार संघ के अध्यक्ष राजकुमार, उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव सुमन कुमार सिंह, डालसा सचिव गौरव खुराना, और निबंधक दिव्यम चौधरी समेत अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

न्यायाधीश रंजीत कुमार ने अनुसंधानकर्ताओं को निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच की सलाह देते हुए कहा,

“हर केस में अनुसंधानकर्ता की भूमिका केंद्रीय होती है। उनकी गंभीरता ही पीड़ितों को न्याय तक पहुँचाने की कुंजी है।”

डीसी शशि प्रकाश सिंह ने पोक्सो मामलों में संवेदनशीलता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं बार संघ अध्यक्ष और सचिव ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

शिविर के दौरान अनुसंधानकर्ताओं ने जांच के दौरान आने वाली चुनौतियों को साझा किया, जिनका समाधान विशेषज्ञों ने मौके पर दिया। मंच संचालन कर रहे डालसा सचिव गौरव खुराना ने प्रशिक्षण से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी दी और प्रतिभागियों को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

प्रशिक्षणदाताओं की भूमिका में शामिल रहे:

  • विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) आसिफ इकबाल, जिन्होंने पोक्सो एक्ट के तहत पीड़िता का बयान दर्ज करने, मेडिकल जांच और चार्जशीट फाइलिंग की प्रक्रिया स्पष्ट की।
  • अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आभास वर्मा, जिन्होंने मोटर यान दावा दुर्घटना अधिनियम और उससे जुड़ी समय सीमाओं की विस्तृत जानकारी दी।
  • अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय, रांची के असित कुमार मोदी, जिन्होंने पोक्सो और एमएसीटी से संबंधित कानूनी प्रक्रिया समझाई।
  • वरिष्ठ अधिवक्ता नवनीश चंद्र प्रसाद, जिन्होंने महिलाओं से जुड़े कानूनों पर व्यापक प्रकाश डाला।

शिविर में मौजूद अनुसंधानकर्ताओं ने कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के पुनः आयोजन की मांग की।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

विभावि में मूक कार्यशाला का चौथा दिन: कुलपति ने ऑनलाइन शिक्षा को भविष्य की दिशा बताया

0

हजारीबाग, 29 जुलाई — विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने मंगलवार को कहा कि “विभावि को भारत में ऑनलाइन शिक्षा का अग्रणी केंद्र बनना चाहिए।” वे विश्वविद्यालय के गोस्वामी तुलसीदास केंद्रीय पुस्तकालय भवन में आयोजित छह दिवसीय मूक (MOOC) डिजाइन एवं डेवलपमेंट कार्यशाला के चौथे दिन प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।

कार्यशाला के दौरान कुलपति ने विभिन्न प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए वीडियो और पीपीटी का अवलोकन किया और आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि,

“ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल में कंटेंट के साथ उसकी प्रस्तुति भी उतनी ही जरूरी है। स्क्रीन पर सबका प्रस्तुतिकरण आकर्षक हो, इसके लिए सभी को पूर्व तैयारी के साथ आना चाहिए।”

उन्होंने प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि वे पहले चरण में कम-से-कम दो सप्ताह का स्टडी मैटेरियल तैयार करें ताकि डिजिटल शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण कंटेंट की नींव रखी जा सके।

कार्यशाला के कोऑर्डिनेटर डॉ. इंद्रजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार के सत्र का संचालन हैदराबाद विश्वविद्यालय के प्रो. मधुसूदन जे. वी. एवं इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. अजीत कुमार सी. के. ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को ऑडियो-विजुअल सामग्री निर्माण, ई-टेक्स्ट डिजाइन, और आकलन के लिए क्विज आधारित प्रणाली की तकनीकी जानकारी प्रदान की।

प्रो. अजीत कुमार ने बताया कि शिक्षण सामग्री सरल भाषा में, शत-प्रतिशत मौलिक और प्लेगियारिज्म मुक्त होनी चाहिए। वहीं प्रो. मधुसूदन ने इंटरएक्टिव वीडियो निर्माण, आठ प्रकार के विमर्श, और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने वाले टूल्स पर विस्तृत चर्चा की।

गौरतलब है कि इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय के 19 विषयों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं, जो भविष्य में MOOC आधारित पाठ्यक्रमों को विकसित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

दो गाड़ियों की भीषण टक्कर में देवघर में 6 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत, 24  घायल

0

देवघर : ज़िले में मंगलवार की सुबह कावंड़ियों से भरी एक बस गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें अबतक छह कावड़ियों की मौत हो जाने की पुुष्टि की गई, जबकि 24 के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिली है.

देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि इस दुर्घटना में अब तक छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है. यह हादसा मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनिया वन क्षेत्र के पास हुआ. हादसे का शिकार हुई 32 सीटर बस कांवड़ियों को लेकर जा रही थी. 

डीसी ने 08 श्रद्धालुओं का एम्स में और शेष का इलाज सदर अस्पताल में चलने की बात कही

एक्स पर एक पोस्ट में डीसी ने लिखा, ‘मंगलवार सुबह लगभग 05:30 बजे मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं का इलाज किया जा रहा है. दुर्घटना में 06 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है और 24 श्रद्धालु घायल हैं, जिनमें 08 श्रद्धालुओं का इलाज एम्स में और शेष का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.’

गोड्डा सांसद ने 18 श्रद्धालुओं के मरने का दावा किया

हालांकि देवघर से सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया कि इस हादसे में लगभग 18 श्रद्धालुओं की जान गई है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.’

एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि बस के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वह सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई. उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद बस लगभग 100 से 200 फीट और आगे बढ़ी और फिर ईंटों के ढेर से जा टकराई. एसडीओ रवि कुमार के मुताबिक, हादसे के समय कावंड़िये बासुकीनाथ मंदिर जा रहे थे. 

पीएम ने शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘झारखंड के देवघर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इसमें जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दें. साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’

मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी

देवघर पुलिस ने बताया है कि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। घायलों में कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस में क्षमता से अधिक सवारी थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे में बस चालक की भी मौत हुई है। उसकी पहचान मोहनपुर निवासी सुभाष तुरी के रूप में हुई है।

दोनों गाड़ियों में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने में मदद की. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 

राम भक्तों के लिए

साप्ताहिक आकांक्षा हाट कार्यक्रम में डीसी ने कहा-बेहतर समन्वय से गिरिडीह को यह मुकाम हासिल हुआ, नीति आयोग के 04 इंडिकेटर्स में हमने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया 

0

गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने नीति आयोग के तहत साप्ताहिक आकांक्षा हाट कार्यक्रम कार्यक्रम में मंगलवार को कहा कि यह कार्यक्रम आप सभी की सफलता को सेलिब्रेट करने के लिए आयोजित किया गया है। आप सभी हेल्थ वर्कर्स/फ्रंट लाइन वर्कर्स के दूरगामी सोच का ही परिणाम है। सभी के परस्पर सहयोग और बेहतर समन्वय से गिरिडीह जिला को यह मुकाम हासिल हुआ है, हमने नीति आयोग के 04 इंडिकेटर्स (शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आधारभूत संरचना) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

डीसी ने सभी हेल्थ वर्कर्स/फ्रंट लाइन वर्कर् को चैंपियन ऑफ चेंज बताया

उपायुक्त ने सभी हेल्थ वर्कर्स/फ्रंट लाइन वर्कस को चैंपियन ऑफ चेंज कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जितने अधिकारी, कर्मी है, वे सब बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में उपायुक्त ने शिक्षा प्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। हमारा प्रयास है कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों को शिक्षा से जोड़ें, ताकि वे लोग समाज में अपनी एक अलग पहचान बना सकें।

डीसी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य हमारे सिस्टम का अभिन्न अंग है। सशक्त समाज के निर्माण में दोनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला अंतर्गत विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं पर काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन हरेक वंचित लाभुकों के पीएम आवास योजना, अम्बेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

डीसी ने कहा कि यह कार्यक्रम एक सप्ताह चलेगा, जो 04 अगस्त 25 तक नगर भवन, गिरिडीह में आयोजित किया जायेगा। डीसी ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि आकांक्षा हाट कार्यक्रम में भाग लें, सरकारी योजनाओं को अपने स्तर से देखे और लाभ लें। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। फीडबैक वॉल पर अपना फीडबैक दिया तथा हुनर की छाप में भाग लिया तथा लोगों को प्रेरित किया।

डीसी के मार्गदर्शन और सभी के सहयोग से यह संभव हो पाया : डीडीसी

कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण का प्रतिनिधित्व करते हुए उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने कहा कि विगत वर्ष चलाए गऐ सम्पूर्णता अभियान की उपलब्धियों के निमित्त “संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में शामिल सभी अधिकारी और कर्मी बधाई के पात्र हैं।

गिरिडीह जिला ने नीति आयोग के तहत 04 मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सैचुरेशन मोड में सभी मानकों पर कार्य किया गया। जिससे हमने ये उपलब्धि हासिल की, जिसे आज हम सेलिब्रेट कर रहे हैं।

डीडीसी ने कहा कि डीसी के मार्गदर्शन और सभी के सहयोग से यह संभव हो पाया है। आगे हमें और अच्छा कार्य करना है और नीति आयोग के सभी मानकों में अपना बेहतर देना है, जिससे गिरिडीह जिले का नाम पूरे भारत में गौरव से लिया जाय।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले हेल्थ वर्कर्स/फ्रंट लाइन वर्कर्स को सम्मानित किया गया

कार्यक्रम में नीति आयोग के 04 मानकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हेल्थ वर्कर्स/फ्रंट लाइन वर्कर्स को सम्मानित किया गया। जिसमें स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन समेत 05 हेल्थ वर्कर्स, समाज कल्याण विभाग से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत 05 फ्रंट लाइन वर्कस, शिक्षा विभाग से जिला शिक्षा अधीक्षक समेत 05 शिक्षा सहायक, कृषि विभाग से प्रखंड कृषि पदाधिकारी समेत 05 कृषि मित्र को सॉइल हेल्थ कार्ड हेतु सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मंच संचालन की भूमिका में मुन्ना कुशवाहा, प्राचार्य, सर जेसी बोस सीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज, ने किया। मौके पर माननीय जनप्रतिनिधिगण, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत योजना विभाग की टीम व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

पालकोट में जन शिकायत निवारण दिवस: 28 में से 6 आवेदनों का तुरंत निपटारा

0

 

गुमला, झारखंड: गुमला जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित होने वाले जन शिकायत निवारण दिवस के तहत सोमवार, 28 जुलाई 2025 को पालकोट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही तत्काल निपटारा कर दिया गया।

यह पहल उपायुक्त के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है, जिसका मुख्य लक्ष्य स्थानीय स्तर पर ही लोगों की परेशानियों का निवारण सुनिश्चित करना है ताकि उन्हें अपनी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इससे न केवल उनके समय की बचत होती है, बल्कि संसाधनों का भी सदुपयोग होता है।

आज के शिविर में प्राप्त आवेदनों में विभिन्न प्रकार की शिकायतें शामिल थीं। इनमें पेंशन से संबंधित 6, राशन कार्ड से संबंधित 1, आय प्रमाण पत्र से संबंधित 6, आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित 6, जाति प्रमाण पत्र से संबंधित 7 और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 2 आवेदन थे। जिन 6 मामलों का तुरंत समाधान किया गया, वे मौके पर ही आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए निपटा दिए गए। शेष 22 आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों और शाखाओं को भेज दिया गया है, जहाँ निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन पर कार्य किया जाएगा।

यह साप्ताहिक आयोजन जिले भर के विभिन्न प्रखंडों में किया जा रहा है, जिससे जमीनी स्तर पर प्रशासनिक पहुँच मजबूत हो रही है और नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए एक सुलभ मंच मिल रहा है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

चैनपुर को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

0
गुमला – गुमला जिला स्थित चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिषद में सोमवार को टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन के लिए एक विशेष उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चैनपुर प्रखंड को पूरी तरह से टीबी मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को जागरूक करना और उन्हें सहयोग हेतु प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा केंद्र के पीपीएम कोऑर्डिनेटर हरिशंकर मिश्रा ने टीबी उन्मूलन में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भूमिका पर बल देते हुए कहा कि, “जिले की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग टीबी उन्मूलन को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। चैनपुर प्रखंड को इस दिशा में विशेष रूप से प्राथमिकता दी गई है।
 उन्होने बताया कि चैनपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर ‘सर्व टू डोर’ सर्वेक्षण के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को सर्वेक्षण कार्य सटीक, संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्वक करने की सलाह दी, ताकि कोई भी संभावित रोगी जांच से वंचित न रह जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में सफलता के लिए यह आवश्यक है कि

  • सभी संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच हो
  • रोगियों को पूरा इलाज एवं दवा समय पर मिले
  • सतत निगरानी और फॉलोअप किया जाए
कार्यक्रम में टीबी की रोकथाम, लक्षण, इलाज की प्रक्रिया, सरकारी सहायता एवं सामाजिक जागरूकता जैसे बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने  स्वास्थ्यकर्मियों को यह भी बताया कि जागरूकता और समय पर उपचार ही टीबी उन्मूलन का सबसे बड़ा हथियार है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने चैनपुर प्रखंड को शीघ्र टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया और टीबी के खिलाफ सामूहिक लड़ाई में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं आम जनता के समन्वित प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, उपायुक्त ने राशन वितरण में 100% उपलब्धि सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

0

गुमला, 28 जुलाई — जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए समस्त पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और शत-प्रतिशत राशन वितरण के निर्देश दिए।

बैठक में धान अधिप्राप्ति, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), ग्रीन राशन कार्ड, नवीन राशन कार्ड वितरण, नमक-चीनी-चना दाल आपूर्ति, डाकिया योजना, ई-केवाईसी अद्यतन और PMGKAY पोर्टल से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार:

  • अब तक 6,35,640 लाभुकों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है।
  • एनएफएसए अंतर्गत अगस्त माह तक 83.2% लक्ष्य के अनुरूप 37,06,168 कार्डधारियों को चावल एवं आटा का वितरण किया गया।
  • ग्रीन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत जुलाई तक 18,674 लाभुकों को खाद्यान्न वितरण हुआ, जो 70.53% की उपलब्धि दर्शाता है।
  • चना दाल वितरण में मई तक 73.09% यानी 1,43,158 लाभुकों को सामग्री प्रदान की गई।
  • डाकिया योजना के तहत विशेष जनजातीय समूह (PVTG) के 1,20,175 कार्डधारियों में से 96.81% को राशन वितरण सफलतापूर्वक किया गया।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि

“राशन वितरण की प्रक्रिया में गति लाई जाए और लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही अयोग्य राशन कार्डधारियों की पहचान कर कार्ड डिलिशन कार्य समयसीमा में पूरा किया जाए।”

उपायुक्त ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने क्षेत्रों की राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण करें और निरीक्षण रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने खाद्यान्न वितरण की पारदर्शिता बनाए रखने पर भी बल दिया।

बैठक में सभी संबंधित प्रखंडों के अधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अंचल अधिकारी एवं विभागीय कर्मी उपस्थित थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में महिलाओं की सराहनीय पहल: रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़ कर लिया भाग, उपायुक्त ने की जनसहभागिता की अपील

0

गुमला, 28 जुलाई — गुमला जिले के भरनो प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित रक्तदान शिविर में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाई। यह शिविर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय आंगनबाड़ी सेविकाओं और ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

शिविर का संचालन प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव और प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीलम केरकेट्टा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामकृष्ण ओहदार, पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम, महिला पर्यवेक्षिका उर्मिला देवी, सुमन देवी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

शिविर में सविता मिंज, किरण कुमारी, संगीता कुमारी, अलका देवी और प्रहलाद उरांव जैसे स्थानीय नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा,

“रक्तदान न केवल किसी ज़रूरतमंद को जीवन देने वाला कार्य है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और हर नागरिक को इसमें भाग लेना चाहिए।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गुमला जिले के विभिन्न प्रखंडों में आगामी दिनों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसकी तिथियां निम्नलिखित हैं:

  • 29 जुलाई – गुमला सदर
  • 30 जुलाई – बिशुनपुर
  • 31 जुलाई – पालकोट
  • 1 अगस्त – सिसई
  • 2 अगस्त – चैनपुर
  • 4 अगस्त – कामडारा
  • 5 अगस्त – रायडीह
  • 6 अगस्त – बसिया
  • 7 अगस्त – डुमरी
  • 8 अगस्त – जारी
  • 11 अगस्त – घाघरा

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने नजदीकी रक्तदान शिविर में जाकर इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनें और समाज सेवा में अपना योगदान दें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में ‘नव भारत साक्षरता’ प्रशिक्षण: जिले भर के शिक्षकों-सहभागियों को किया सशक्त

0

गुमला – गुमला जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आज आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को राज्य और जिला शिक्षा विभाग की उपस्थिति से सफलता पूर्वक संपन्न किया गया। इस कार्यक्रम में नव भारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षकों को सशक्त बनाकर साक्षरता गतिविधियों पर जोर दिया गया।

नेतृत्व और उद्घाटन

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राज्य नोडल अधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, डायट प्राचार्य प्रियश्री भगत, और प्रखंड शिक्षा प्रसार अधिकारी घनश्याम चौबे एवं प्रीति कुमारी कुजूर ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सभी पदाधिकारियों को पौधे एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।

सहभागिता एवं उद्देश्य

शहर सहित जिले के सभी प्रखंडों से बीआरपी, सीआरपी, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य था—साक्षरता कार्यों को आगे बढ़ाने और प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण-प्रणाली को मजबूत करना।

प्रशिक्षण एवं सामग्री

प्रतिभागियों को वेब पोर्टल और डिजिटल एप्लिकेशन के उपयोग में प्रशिक्षित किया गया। कक्षा संचालन, स्वयंसेवक चयन, टैगिंग और सर्वेयर प्रबंधन सहित साक्षरता कार्यक्रम के महत्वपूर्ण घटकों पर भी व्यापक समीक्षा हुई।

राज्य नोडल अधिकारी का संदेश

मनोज कुमार ने कहा कि वर्तमान साक्षरता केवल लिखना- पढ़ना नहीं है, बल्कि इसमें जीवन कौशल, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल शिक्षा और नागरिक शास्त्र की समझ भी शामिल होनी चाहिए। उन्होंने सभी से इस अभियान को जन-आंदोलन में बदलने की अपील की।

जिलास्तरीय आकड़ों की जानकारी

जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा बताया गया कि उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अगुवाई में गुमला जिले में अब तक 7,701 असाक्षरों की पहचान की जा चुकी है और 917 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। इन स्वयंसेवकों के माध्यम से अब प्रत्येक प्रखंड में साक्षरता कक्षाएँ संचालित की जाएंगी।

यह जिला-स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम नव भारत साक्षरता मिशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल प्रशिक्षकों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि साक्षरता को सुदृढ़ और प्रभावी रूप से जिले में क्रियान्वित करने की दिशा में एक नई ऊर्जा मिली है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium