26.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 352

स्कूल के सामने गिरी हाई वोल्टेज लाइन, चिंगारी और धुएं से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

0

गुमला: गुमला जिले के चरका टांगर जाम टोली गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्कूल के ठीक सामने से गुज़र रही हाई वोल्टेज बिजली की लाइन अचानक जमीन पर गिर पड़ी। घटना के दौरान किसी व्यक्ति या मवेशी की उपस्थिति न होने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने इसे बिजली विभाग की लापरवाही करार दिया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराज़गी ज़ाहिर की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार गिरते ही ज़मीन में तेज़ विद्युत स्पार्किंग होने लगी, जिससे आग की चिंगारी और धुएं का गुबार उठने लगा। जिस स्थान पर तार गिरा, वह खेत बारिश के कारण भीगा हुआ था, जिससे बिजली ने तुरंत प्रतिक्रिया की। सौभाग्य से उस वक्त खेत में न तो कोई ग्रामीण था, न ही कोई मवेशी, अन्यथा जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी।

विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गुमला जिले में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पहले भी कई लोगों और मवेशियों की मौत हाई वोल्टेज तारों के गिरने से हो चुकी है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।

एक ग्रामीण ने नाराज़गी जताते हुए कहा, “हर बार हादसे के बाद विभाग सिर्फ तार जोड़ने आता है, लेकिन पुराने जर्जर तारों की जांच या मरम्मत नहीं की जाती। ये किसका इंतज़ार कर रहे हैं? किसी स्कूल के बच्चे की जान जाने का?”

स्कूली बच्चों की सुरक्षा बनी चिंता का विषय

घटना जिस स्थान पर हुई, वह एक विद्यालय के सामने था। यह चिंता का विषय है कि यदि यह हादसा स्कूल की छुट्टी के समय या बच्चों के मौजूद रहने पर होता, तो स्थिति भयावह हो सकती थी। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालयों के आसपास की बिजली संरचना की नियमित जांच होनी चाहिए।

प्रशासन से गुहार

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से अपील की है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में हाई वोल्टेज लाइनों का गहन निरीक्षण कराया जाए और खराब, झूलते या पुराने तारों को अविलंब बदला जाए। साथ ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

गुमला में ब्राउन शुगर की तस्करी का पर्दाफाश, चार तस्कर गिरफ्तार

0

गुमला, झारखंड: गुमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने की। पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर, कैश, मोबाइल फोन और वेट मशीन भी बरामद की है।

लक्ष्मण नगर से शुरू हुई कार्रवाई

एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जामां के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया है। इसी क्रम में उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गुमला मुख्यालय स्थित लक्ष्मण नगर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है।

सूचना की पुष्टि होते ही छापामारी दल ने लक्ष्मण नगर में 21 वर्षीय आकाश राज उर्फ आकाश पासवान (पिता – आलोक पासवान) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।

निशानदेही पर एक के बाद एक गिरफ्तारी

आकाश की निशानदेही पर पुलिस ने गुमला नगर के बैरागी बागान चाहा ग्राम निवासी 33 वर्षीय बादल साहू (पिता – भुनेश्वर साहू) को पकड़ा। उससे मिली जानकारी के आधार पर 25 वर्षीय छोटू साहू उर्फ जागेश्वर साहू (पिता – जगमोहन साहू) को गिरफ्तार किया गया। छोटू साहू के पास से 35,700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, 12 ग्राम ब्राउन शुगर (07 पुड़िया) और वेट मशीन बरामद की गई।

इसके बाद पुलिस ने 32 वर्षीय मिन्नत कुमार (पिता – ब्रिजवल चौधरी) के घर पर छापा मारा और वहां से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक वेट मशीन और दस लाख 13, 000 हजार रूपया बरामद किया गया है ।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद मीडिया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया।

छापामारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षण) शिव शंकर मरांडी, गुमला थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली, पुअनि हिमांशु शेखर सिंह, सअनि सुनील कुमार, सअनि हेमा देवी सहित पुलिस बल के अन्य सदस्य शामिल थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

‘सेकंड लैंग्वेज लर्निंग’ पर संगोष्ठी आयोजित, डॉ. रिजवान अहमद बोले – दूसरी भाषा सीखने का हो जुनून

0

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग में बुधवार को ‘द्वितीय भाषा शिक्षण’ विषय पर एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. रिजवान अहमद ने की। संगोष्ठी का उद्देश्य था छात्रों को दूसरी भाषा सीखने की जटिलताओं, चुनौतियों और उसके महत्व से अवगत कराना।

विद्यार्थियों ने रखे प्रभावशाली विचार

सेमिनार के दौरान विभिन्न विद्यार्थियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। छात्र शमशेर आलम ने बताया कि किसी भी दूसरी भाषा को सीखने में व्यक्ति की उम्र, परिवेश और सामाजिक परिवेश की अहम भूमिका होती है। वहीं, आनंद ने द्वितीय भाषा सीखने में आने वाली बाधाओं पर प्रकाश डाला।

राजबाला ने साइमल्टेनियस यानी समकालिक भाषा शिक्षण और उसके सकारात्मक व नकारात्मक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की, जबकि अंजुम शाहीन ने दूसरी भाषा के महत्व और इसके सामाजिक लाभों को रेखांकित किया।

विभागाध्यक्ष ने दिए प्रेरणादायक सुझाव

डॉ. रिजवान अहमद ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा, “दूसरी भाषा सीखना सिर्फ शैक्षणिक आवश्यकता नहीं बल्कि यह हमारी रुचि और व्यक्तित्व विकास का भी अहम हिस्सा है।” उन्होंने साइमल्टेनियस (Simultaneous) और सीक्वेंशियल (Sequential) भाषा अधिग्रहण के सिद्धांतों को विस्तार से समझाया और बताया कि कठिनाइयों को कैसे दूर किया जा सकता है।

छात्राओं ने संभाला मंच संचालन

इस विचारगोष्ठी का संचालन क्लास रिप्रेजेंटेटिव कमीज़ फातिमा ने किया। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग के प्रथम और द्वितीय सत्र के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग: सांसद तीर्थ दर्शन के दौरान प्रयागराज में आस्था की त्रिवेणी में डुबकी लगाकर भाव-विभोर हुए तीर्थ यात्री

0
हजारीबाग – हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल द्वारा संचालित सांसद तीर्थ दर्शन के प्रथम चरण की चार दिवसीय यात्रा अब अपने समापन की ओर अग्रसर है। तीसरे दिन श्रद्धालु प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पहुंचे, जहाँ उन्होंने गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाकर अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया। यह दृश्य अत्यंत भावनात्मक और भक्ति से परिपूर्ण था श्रद्धालु डुबकी लगाने के बाद संगम तट पर सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन करते हुए नजर आए।
घाट पर हर हर गंगे और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। यह यात्रा केवल तीर्थ स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह मानसिक, आध्यात्मिक और सामाजिक एकता का एक अनुपम उदाहरण बन गई है। सांसद मनीष जायसवाल ने तीर्थयात्रियों की प्रतिक्रिया पर कहा की श्रद्धालुओं के चेहरे पर जो आत्मिक संतोष, भक्ति और प्रसन्नता मैंने देखी, वह मेरे लिए शब्दों से परे है। यह सिर्फ एक तीर्थ यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति से जुड़ने की पुनर्प्रक्रिया है।
मुझे गर्व है कि सांसद के रूप में मैं अपने क्षेत्र के बुजुर्गों, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं को भगवान के द्वार तक ले जाने का माध्यम बन सका। तीर्थयात्रियों द्वारा मेरे लिए जो स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है, वह मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है,बुजुर्ग श्रद्धालु  सभी एक समान उत्साह से इस यात्रा का आनंद ले रहे हैं। तीसरे दिन भी सांसद मनीष जायसवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से तीर्थयात्रियों से संवाद किया। यात्रियों ने उन्हें संगम से सजीव दृश्य दिखाए और भावभीनी वाणी में कहा
आपने जो यह दिव्य अवसर हमें प्रदान किया, उसके लिए हम सदा आभारी रहेंगे। संगम की इस पवित्र धरती से हम सबने आपके उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र और आपकी जनसेवा की निरंतरता के लिए ईश्वर से विशेष प्रार्थना की है।
गुरुवार को तीर्थयात्रा का अंतिम दिन होगा, जिसमें श्रद्धालु विंध्याचल धाम पहुँचकर माँ विंध्यवासिनी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के उपरांत सभी यात्री निर्धारित समय पर हजारीबाग की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके अगले ही दिन सांसद तीर्थ दर्शन के अंतर्गत दूसरा जत्था रवाना होगा, जिसमें नए श्रद्धालुओं को यह पावन अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस यात्रा की सफलता का श्रेय न केवल सांसद की दूरदर्शिता और समर्पण को जाता है। सांसद सेवा कार्यालय के कर्मी रूपम ओझा, अमन कुमार, प्रबीर मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता तीर्थ यात्रियों के सेवा में मुस्तैद हैं ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

भोगनाडीह कांड: सुप्रियो ने चंपई पर लगाया बड़ा आरोप,कहा-हेमंत सोरेन की हत्या की साजिश रचने की कोशिश हुई थी!

0

रांची: हूल दिवस पर साहेबगंज के भोगनाडीह में हुई ग्रामीण और पुलिस की झड़प के मामले में बुधवार को जेएमएम के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है. एक प्रेस वार्ता सुप्रियो ने कहा कि भोगनाडीह में जो लोग हथियार के साथ पकड़े गये हैं, उनका संबंध राज्य के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन से है।

जेएमएम नेता ने सवाल उठाया कि ये लोग भोगनाडीह में हूल दिवस के कार्यक्रम के नाम पर हथियार लेकर वहां क्या करने गये थे। उन्होंने सीधे सवाल किया, क्या राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हत्या की साजिश वहां रची जा रही थी। इस दौरान उन्होंने  भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के नाम भी जिक्र किया। 

भोगनाडीह कांड के पीछे कौन? इसका जल्द खुलासा करेगा जेएमएम

सुप्रियो ने कहा कि को जेएमएम ऐसी किसी भी साजिश को नाकाम करेगा। पिछले विधानसभा चुनाव के समय से ही हेमंत सोरेन की हत्या की साजिश रची जा रही है। इसे जनता ने देखा भी है।

कहा कि भोगनाडीह में पूर्व प्रायोजित हिंसा इसी साजिश की कड़ी है। भोगनाडीह कांड के पीछे कौन से लोग हैं, इसका खुलासा भी जल्दी ही किया जायेगा। भाजपा नेताओं की इस घिनौनी साजिश को जनता के सामने लाने का काम जेएमएम करेगा। इस मामले में चंपई सोरेन के करीबियों का नाम सामने आने के बाद जेएमएम ने गंभीरता से लिया है. 

राम भक्तों के लिए

आश्रम उच्च विद्यालय बेन्दौरा में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

0

गुमला, झारखंड: चैनपुर प्रखंड के आश्रम उच्च विद्यालय, बेन्दौरा में शनिवार को धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत एक शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा के साथ-साथ सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अभिभावकों और स्थानीय समुदाय तक पहुँचाना था।

शिक्षा और जनजागरूकता का समन्वय

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि धरती आबा जनजातीय जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेष जनसेवा शिविरों का संचालन किया जा रहा है, जिनका लाभ सीधे ग्रामीण समुदाय को मिल रहा है।

इन शिविरों के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र, आवासीय और आय प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य जांच, मत्स्य पालन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, और मनरेगा जैसी योजनाओं के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। कई मामलों में तत्काल निष्पादन भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

शिक्षा में सहभागिता पर ज़ोर

बैठक में उपस्थित जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य (चैनपुर व घाघरा), कतिंग पंचायत के मुखिया, सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए।

बैठक के दौरान शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने, छात्रों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने, और अभिभावक-शिक्षक संवाद को सशक्त करने पर विशेष बल दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच सहयोगपूर्ण समन्वय से छात्रों के समग्र विकास को बल मिलेगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

आउटसोर्सकर्मियों को न्यूनतम वेतन देने के झारखंड हाईकोर्ट के ऐतिहासिक आदेश का संघ ने किया स्वागत

0

रांची : झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन देने के संबंध में पारित किए गए ऐतिहासिक निर्णय का जोरदार स्वागत किया है। संघ ने इसे श्रमिकों के अधिकारों की दिशा में एक मील का पत्थर बताया है।

संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह निर्णय उन हजारों श्रमिकों के आत्मसम्मान और जीवनयापन के अधिकार की रक्षा करता है, जो वर्षों से ठेकेदारों के माध्यम से सरकारी संस्थानों में कार्यरत हैं, परंतु उन्हें अब तक न्यूनतम मजदूरी तक नहीं दी जा रही थी।

श्री राय ने कहा कि हाईकोर्ट ने संविधान और मानवीय मूल्यों की रक्षा करते हुए यह स्पष्ट किया है कि श्रमिक चाहे प्रत्यक्ष रूप से नियोजित हो या किसी एजेंसी के माध्यम से, उसे उसके श्रम के अनुपात में सम्मानजनक पारिश्रमिक मिलना चाहिए।

संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी विभागों एवं निकायों में कार्यरत आउटसोर्सकर्मियों को न्यूनतम वेतनमान की गारंटी दी जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी श्रमिक के साथ शोषण न हो।

श्री राय ने जानकारी दी कि 4 जुलाई को झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल निगम के वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर कोर्ट आदेश के अनुपालन हेतु ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्यायालय के इस स्पष्ट आदेश के बावजूद संबंधित विभाग या एजेंसियां लापरवाही बरतती हैं, तो संघ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।”

राम भक्तों के लिए

घाघरा थाना में आयोजित हुआ साप्ताहिक थाना दिवस, सात मामलों में से पांच का हुआ स्थल पर निष्पादन

0
गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित घाघरा थाना परिसर में घाघरा अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी की उपस्थित में  साप्ताहिक थाना दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल सात मामलों पर सुनवाई की गई, जिनमें से पाँच मामलों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया।
थाना दिवस का उद्देश्य आम जनता की छोटी-छोटी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करना है। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अन्य विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे समस्याओं के समाधान में समन्वय स्थापित हो सका।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि थाना दिवस के माध्यम से उन्हें अपनी बात सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे विश्वास एवं पारदर्शिता बढ़ रही है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला के जोनी कुजुर ने रचा आत्मनिर्भरता की मिसाल, मत्स्य पालन से बदली गांव की तस्वीर

0

गुमला, झारखंड: गुमला जिले के जारी प्रखंड स्थित भिखमपुर गांव के रहने वाले जोनी कुजुर ने मत्स्य पालन को अपनाकर न सिर्फ अपनी तक़दीर बदली, बल्कि आसपास के कई ग्रामीणों को भी स्थानीय रोजगार से जोड़कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। वर्ष 2016 से मत्स्य पालन में सक्रिय जोनी आज आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को साकार कर रहे हैं।

बेरोजगारी से आत्मनिर्भरता की यात्रा

पहले सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे जोनी ने गांव के अन्य मत्स्य पालकों से प्रेरणा लेकर मत्स्य पालन को अपने करियर का हिस्सा बनाया। उन्होंने प्रखंड के तालाबों को लीज पर लेकर शुरुआत की और मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में तकनीकी प्रशिक्षण हासिल किया। इसके बाद उन्होंने इस कार्य को व्यवस्थित व्यवसाय का रूप दिया।

सरकारी सहायता और योजनाओं से मिला संबल

जोनी को मत्स्य विभाग द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण, रियायती दर पर फीड, फिश कैचिंग नेट और रपॉन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत उन्होंने अपनी निजी ज़मीन पर ग्रो-आउट तालाब का निर्माण करवाया।

इस तालाब की लागत ₹7 लाख है, जिसमें अनुसूचित जाति/जनजाति/महिला लाभुकों को ₹4.20 लाख (60%), अन्य वर्गों को ₹2.80 लाख (40%) का अनुदान मिलता है। इसके अलावा झारखंड सरकार से ₹1.75 लाख की अतिरिक्त सहायता और इनपुट लागत ₹4 लाख में ₹2.40 लाख का अनुदान भी जोड़ा गया।

तीन तालाबों से सालाना लाखों की आय

फिलहाल उनके पास 2.50 एकड़ क्षेत्रफल में फैले तीन तालाब हैं, जिनमें उन्होंने लगभग 15,000 मछलियों की अंगुलिकाएं छोड़ी हैं। स्थानीय उत्पादन होने के कारण अब जिले के मत्स्य कृषकों को बाहर से मछली लाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत हो रही है।

गांव के 15 लोगों को मिला रोजगार

जोनी कुजुर ने अपने मत्स्य उद्यम से गांव के 10-15 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी दिया है। उनके द्वारा उत्पादित मछलियां चैनपुर, डुमरी और रायडीह जैसे प्रखंडों के किसानों को उचित दर पर मुहैया कराई जा रही हैं, जिससे बाहरी विक्रेताओं पर निर्भरता कम हुई है।

मत्स्य विभाग का समर्थन बना प्रेरणा

गुमला के मत्स्य विभाग द्वारा उन्हें ₹5 लाख का मछुआरा दुर्घटना बीमा भी निःशुल्क प्रदान किया गया है। विभाग की योजनाओं और सहायता से प्रेरित होकर जोनी इस क्षेत्र को गुमला में उभरते व्यवसाय के रूप में विकसित कर रहे हैं।

उनकी मेहनत का फल यह है कि आज मत्स्य पालन से उन्हें सालाना ₹3-4 लाख का शुद्ध लाभ होता है। वे न केवल अपने परिवार को आर्थिक सुरक्षा दे पा रहे हैं, बल्कि गांव में रोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग भी प्रशस्त कर रहे हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

चैनपुर और जारी प्रखंड में उपायुक्त का निरीक्षण दौरा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

0

गुमला: गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बुधवार को चैनपुर और जारी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, स्कूलों की दशा, सड़क-बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं का गहराई से अवलोकन किया।

दौरे की शुरुआत बिन्डोरा पंचायत भवन में लगे धरती आबा जनभागीदारी अभियान शिविर से हुई, जहां उपायुक्त ने ग्रामीणों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “शिविर का उद्देश्य यह है कि पात्र लाभुकों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ 100 प्रतिशत पहुंच सके।” उन्होंने पीएम किसान, आयुष्मान, जनधन योजना जैसी योजनाओं में छूटे हुए लोगों को जोड़ने का सख्त निर्देश अधिकारियों को दिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जारी में सुधार के निर्देश

उपायुक्त ने जारी पीएचसी का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, पानी, बिजली, शौचालय और भवन की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने ओपीडी पंजी की जांच करते हुए कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए और लेबर रूम को आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित कर संचालन शुरू करने का आदेश दिया।

जारी गांव के मुखिया ने पीएचसी तक पहुंचने वाली सड़क को लेकर बताया कि यह रैयती भूमि पर स्थित है। इस पर उपायुक्त ने ग्रामसभा कर सड़क निर्माण का प्रस्ताव पारित करने को कहा।

परमवीर अल्बर्ट एक्का की समाधि स्थल का भी किया निरीक्षण

दौरे के दौरान उपायुक्त ने परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की समाधि स्थल पर पहुंचकर वहां साफ-सफाई करवाने का निर्देश दिया।

बिजली, सड़क और नेटवर्क की समस्या पर मिला ग्रामीणों का फीडबैक

जारी गांव के ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि क्षेत्र में बिजली और सड़क की कमी के कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पंचायत सचिवालय में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी बताई गई।

मत्स्य संपदा योजना के तहत तालाब का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत लाभुक जॉनी कुजूर द्वारा निर्मित तालाब का उपायुक्त ने उद्घाटन किया। उन्होंने आदेश दिया कि तालाब के चारों ओर पत्थर लगाए जाएं और पेड़-पौधे रोपे जाएं ताकि सौंदर्यीकरण और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके।

आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालय का लिया जायजा

उपायुक्त ने भीखमपुर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने नया किचन बनाने और चापाकल मरम्मत का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने को लेकर सहायिका और सेविका को सख्त हिदायत दी।

राजकीयकृत उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय, जारी के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से संवाद कर समस्याओं को जाना। स्कूल भवन की जर्जर स्थिति पर उन्होंने मरम्मत के निर्देश दिए और पुस्तकालय की व्यवस्था दुरुस्त करने को भी कहा। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई।

सभी योजनाओं के लाभ ग्रामीणों तक पहुंचें – उपायुक्त

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों को सभी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए, पेयजल की सुविधा दी जाए और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

कौन-कौन रहे उपस्थित?

इस निरीक्षण अभियान में चैनपुर अनुमंडल पदाधिकारी, पीएचईडी और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चैनपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium