20.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 378

अदाणी एयरपोर्ट्स ने विकास के अगले चरण के लिए 750 मिलियन अमेरिकी डॉलर का वैश्विक फंड जुटाया

0
अहमदाबाद, 5 जून 2025 : भारत के सबसे बड़े निजी हवाई अड्डे के ऑपरेटर और अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने अंतर्राष्ट्रीय बैंकों के एक समूह से 750 मिलियन अमेरिकी डॉलर की फंडिंग जुटाई है। यह फंडिंग ईसीबी के माध्यम से की गई है। इस फंडिंग का नेतृत्व फर्स्ट अबू धाबी बैंक, बार्कलेज पीएलसी और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने किया है।
इस फंडिंग का उपयोग 400 मिलियन डॉलर के पुराने कर्ज को चुकाने और अहमदाबाद, लखनऊ, मंगलुरु, जयपुर, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम हवाईअड्डों में इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। साथ ही, रिटेल, फूड एंड बेवरेज, ड्यूटी फ्री और अन्य सेवाओं जैसे गैर-एविएशन बिजनेस को भी मजबूत किया जाएगा।
वित्त वर्ष 2024-25 में एएएचएल ने 94 मिलियन यात्रियों को सेवा दी, जबकि इसकी कुल क्षमता 110 मिलियन यात्रियों की है। इसके अलावा कंपनी का लक्ष्य चरणबद्ध विकास के माध्यम से 2040 तक इसे बढ़ाकर 300 मिलियन यात्रियों सालाना तक पहुंचाना है। इस योजना का एक अहम हिस्सा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जो जल्द ही चालू होगा। पहले चरण में इसकी क्षमता 20 मिलियन यात्रियों की होगी, जिसे बाद में चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 90 मिलियन तक किया जाएगा, जिससे मुंबई क्षेत्र के एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी बढ़ावा मिलेगा।
अदाणी एयरपोर्ट्स के सीईओ अरुण बंसल ने कहा, “दुनिया की प्रमुख वित्तीय संस्थाओं ने हम पर जो भरोसा जताया है, वह भारत के एविएशन इन्फ्रास्ट्रक्चर की दीर्घकालिक क्षमता और महत्व को दर्शाता है। एएएचएल बेहतरीन कस्टमर एक्सपीरियंस देने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हम तकनीक का उपयोग कर संचालन को आसान बना रहे हैं और अपने एयरपोर्ट नेटवर्क में सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। हमारी यह यात्रा जारी है और एएएचएल ‘गेटवे टू गुडनेस’ के अपने वादे पर कायम है। हम ग्राहक-केंद्रित समाधान दे रहे हैं और ऐसी विश्वस्तरीय हवाईअड्डा संरचना बना रहे हैं, जो सेवा और स्थायित्व के क्षेत्र में वैश्विक मानक तय करे।”
इस सौदे में लैथम एंड वॉटकिंस एलएलपी और लिंक्लेटर्स एलएलपी ने इंग्लिश कानून के तहत, जबकि सिरिल अमरचंद मंगलदास और टीटी एंड ए ने भारतीय कानून के तहत सलाहकार की भूमिका निभाई है।
Muskan
राम भक्तों के लिए

निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध दिनांक 10 जून से 26 जून तक प्रस्तावित राज्यव्यापी जागरूकता कार्यक्रम की कार्ययोजना तैयार करने हेतु बैठक का आयोजन

0
गुमला : – गुमला उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में उप विकास आयुक्त के सभागार में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध दिनांक 10 जून से 26 जून तक प्रस्तावित राज्यव्यापी जागरूकता कार्यक्रम की कार्ययोजना तैयार करने हेतु बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी बीडीओ एवं सीओ तथा संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया कि दिनांक 10 जून से 26 जून तक जिला, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य नशामुक्ति हेतु युवाओं एवं आमजनों को जागरूक करना है।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम एवं पंचायत स्तर पर नशा के विरुद्ध चौपाल का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही प्रखंड तथा जिला मुख्यालय स्तर तथा स्कूलों में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय से नशे के विरुद्ध जनजागरण हेतु प्रभारी मंत्री द्वार प्रचार वाहन को रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही प्रखंड स्तर पर क्रॉस कंट्री दौड़ का भी आयोजन किया जाना है। जिससे नशे के खिलाफ लोगों विशेषकर युवाओं को जागरूक किया जा सकेगा। दिनांक 10 जून को कार्यक्रम की शुरुआत नशे के विरुद्ध शपथ ग्रहण कार्यक्रम से की जाएगी।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम हेतु मास्टर ट्रेनरों को जिला स्तर पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के उपरांत मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर आमजनों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि इस जागरूकता कार्यक्रम का मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जाए। जिससे वृहद स्तर पर लोगों को मादक पदार्थों के कुप्रभाव की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध इस जागरूकता अभियान हेतु जिले से एक स्पोर्ट्स यूथ आइकन भी बनाया जाएगा।
इस बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी,घाघरा, अंचल अधिकारी,बिशुनपुर, अंचल अधिकारी,चैनपुर, तंबाकू निषेध इकाई ,सिविल सर्जन कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी,पालकोट, प्रखंड विकास पदाधिकारी, रायडीह एवं अन्य कार्यालय कर्मीगण उपस्थित थे।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 
राम भक्तों के लिए

विभावि में मना विश्व पर्यावरण दिवस

0

यूसेट के एनएसएस ने आयोजित किया पौधा रोपण कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को विनोबा भावे विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में पौधारोपण का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारीबाग के आरसीसीएफ श्री रविंद्र नाथ मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को सुशोभित किए। विशिष्ट अतिथि के रूप में हजारीबाग वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री मौन प्रकाश ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विश्वविद्यालय परिसर पहुंचते ही सबसे पहले विश्वविद्यालय के कुलपति ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को पुष्प स्तबक भेंट कर उनका अभिनंदन किया । उसके बाद दोनों अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलपति एवं अन्य अधिकारी एवं शिक्षक गण आचार्य विनोबा भावे के प्रतिमा पर पुष्पार्पण किए।
कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा के आग्रह पर आरसीसीएफ श्री रविंद्र नाथ मिश्रा ने सर्वप्रथम आचार्य विनोबा भावे की प्रतिमा के ठीक बगल में नारियल का पौधा लगाया। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा ने पौधारोपण किया। विश्वविद्यालय के वित्त सलाहकार श्री अखिलेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि श्री मौन प्रकाश एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सादिक रज्जाक ने बारी बारी से नारियल का पौधा लगाया। एक योजना के तहत आचार्य विनोबा भावे की प्रतिमा स्थल में पांच नारियल के पौधे समान दूरी पर इस तरह से लगाए गए कि जब यह बड़े होंगे तब यह स्थल की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देंगे।
यह आयोजन विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से तथा यूसेट के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की मेजबानी में आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ जॉनी रुफिना तिर्की, यूसेट के निदेशक डॉ आशीष कुमार साहा, यूसेट राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ खेमलाल महतो तथा यूसेट के शिक्षक डॉ गीता कुमारी, डॉ सुमित कुमार, एनएसएस के सोनू कुमार एवं अन्य स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका में दिखे। विश्वविद्यालय के सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग एजेंसी के एरिया ऑफिसर श्री मनोज कुमार झा एवं उनकी पूरी टीम ने इस कार्य में बढ़-चढ़ कर सहयोग किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मानव विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद रंजन, विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी श्री सुरेंद्र कुशवाहा के अलावे अच्छी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित हुए।
News – Vijay Chaudhary 
राम भक्तों के लिए

सलैया,सिकदारडीह की सड़क बनी दलदल, बुढ़वा तालाब की मिट्टी से फैला कीचड़ — शिकायत पर पहुँची पुलिस, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी।

0
गिरिडीह जिला के जमुआ प्रखंड अंतर्गत :- सिकदारडीह गांव की मुख्य ग्रामीण सड़क इन दिनों कीचड़ और फिसलन से भरी हुई है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। गांव के समीप स्थित बुढ़वा तालाब की खुदाई और सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान ट्रैक्टर चालकों द्वारा सड़क पर ही मिट्टी गिरा दी गई, जो बारिश के बाद दलदल में बदल गई है।
यह महत्वपूर्ण सड़क सिकदारडीह को सलैया, तुलसीडीह, बदड़िहा पंचायत सहित अन्य गांवों से जोड़ती है, और इसी मार्ग से लोग झारखंड धाम बाबा मंदिर (जो यहां से 5 किमी दूर है) भी जाते हैं। प्रतिदिन स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं, और आम लोगों का आना-जाना इसी रास्ते से होता है।
ग्रामीणों की शिकायत है कि जहां पीसीसी (पक्की सीमेंट कंक्रीट) सड़क बनी हुई थी, वहाँ भी मिट्टी गिरा दी गई है, जिससे वह भी कीचड़ में बदल चुकी है। फिसलन के कारण आए दिन बाइक सवार गिरते हैं और पैदल चलना भी खतरनाक हो गया है।

शिकायत पर पहुँची पुलिस:

आज गुरुवार को हीरोडीह थाना की पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और मिट्टी गिराने वाले ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों की माँग:

सड़क पर मिट्टी गिराना तुरंत रोका जाए।
गिराई गई मिट्टी की सफाई कर सड़क को सुचारू बनाया जाए।
पीसीसी सड़कों को साफ कर उनकी मरम्मत की जाए।
भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए जिम्मेदारी तय की जाए।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पूरी तरह से कीचड़ में बदल चुकी है, और लोग किनारे-किनारे चलने को मजबूर हैं।
रिपोर्ट:-नवीन शर्मा
राम भक्तों के लिए

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत देने हेतु “कैशलेस ट्रीटमेंट योजना 2025” और “RAH-VEER (Good Samaritan)” योजना पर थाना प्रभारियों के लिए ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित

0
गुमला : – गुमला जिले में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार की दो महत्त्वपूर्ण योजनाएं –
* Cashless Treatment of Road Accident Victims Scheme, 2025
* RAH-VEER (Good Samaritan) Scheme, 2025
के सफल क्रियान्वयन हेतु आज गुरुवार को एक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक  हरीश बिन जमां के निर्देशन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता डीएसपी  वीरेंद्र टोप्पो ने की। कार्यशाला में जिले के सभी थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र का संचालन जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी  सुशील कुमार, e-DAR/i-RAD के मैनेजर  रामानंद महाराज एवं सड़क सुरक्षा प्रबंधक  प्रभाष कुमार द्वारा किया गया।
कार्यशाला में Cashless Treatment Scheme के अंतर्गत बताया गया कि सड़क दुर्घटना के पीड़ित व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों तक अधिकतम ₹1,50,000 तक कैशलेस इलाज की सुविधा भारत सरकार द्वारा दी जाएगी। दुर्घटना के गोल्डन ऑवर (पहले एक घंटे) के भीतर इलाज की व्यवस्था विशेष रूप से प्राथमिकता में रखी गई है।
RAH-VEER (Good Samaritan) योजना के अंतर्गत यदि कोई नागरिक (गुड सेमेरिटन) बिना किसी स्वार्थ या संबंध के किसी घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाता है, तो उसे पुलिस स्टेशन से प्रमाण-पत्र दिया जाएगा, और ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि सीधे PFMS के माध्यम से संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी। राज्य स्तर पर तीन सर्वश्रेष्ठ राह-वीरों को ₹1,00,000 का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि e-DAR/i-RAD पोर्टल के माध्यम से पीड़ित की पहचान तुरंत सुनिश्चित की जाए और e-DAR मोबाइल ऐप का उपयोग कर पीड़ित की ID तुरंत बनाकर संबंधित अस्पताल को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित को बिना किसी विलंब के उपचार मिल सके।
यह कार्यशाला जमीनी स्तर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
गुमला जिला प्रशासन इस पहल के माध्यम से नागरिकों से अपील करता है कि वे दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद के लिए आगे आएं और “RAH-VEER” बनकर मानवता का परिचय दें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान से गूंजा गुमला: पर्यावरण दिवस पर जिलेभर में हुआ वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम

0

गुमला, 5 जून — विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुमला जिले में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा विभाग द्वारा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आयोजित इस पहल में जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत उच्च विद्यालय टोटो में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो और जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां द्वारा पौधारोपण कर की गई। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “विश्व पर्यावरण दिवस सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि पूरे वर्ष पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणा लेने का दिन है।”

“मिशन लाइफ” और इको क्लब के सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम के तहत स्कूल परिसरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं ने सैकड़ों पौधे लगाए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई रचनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रभात फेरी, चित्रकला, निबंध लेखन प्रतियोगिता और ऑनलाइन क्विज शामिल रहे। ऑनलाइन क्विज का संचालन झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला द्वारा किया गया।

इस अभियान में ADPO ज्योति खलखो, APO डॉ. मीतू सिन्हा और BPO दिलदार सिंह के नेतृत्व में समस्त आयोजन का सफल समन्वय किया गया। जिले के सभी प्रखंडों से BPO, CRP, BRP और शिक्षकगण भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में शामिल हुए, जिससे यह कार्यक्रम एक सामूहिक जन-जागरूकता अभियान में बदल गया।

“एक पेड़ मां के नाम” सिर्फ वृक्षारोपण की पहल नहीं, बल्कि मातृभूमि और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भावनात्मक संकल्प भी है, जो आज जिले भर में पूरी ऊर्जा और संकल्प के साथ निभाया गया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

फाइलेरिया मरीजों के लिए गुमला प्रशासन की संवेदनशील पहल, देखभाल किट का वितरण

0

घाघरा प्रखंड में पीरामल फाउंडेशन व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से हुआ आयोजन

गुमला, 5 जून — फाइलेरिया से पीड़ित लोगों की जीवन गुणवत्ता सुधारने की दिशा में गुमला जिला प्रशासन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। घाघरा प्रखंड की सारंगों पंचायत में बुधवार को फाइलेरिया मरीजों के बीच विशेष देखभाल किट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग और पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त गुमला के निर्देश पर की गई थी, जिसमें फाइलेरिया से जूझ रहे मरीजों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक वस्तुएं व जानकारी उपलब्ध कराने का उद्देश्य रखा गया था। वितरित किट में साबुन, एंटीसेप्टिक, साफ करने वाले कपड़े और अन्य घरेलू देखभाल सामग्री शामिल थी, जो रोग के लक्षणों को नियंत्रित करने और संक्रमण से बचाव में मददगार होंगी।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पीरामल फाउंडेशन की तकनीकी टीम और वालंटियर्स ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल समन्वय किया बल्कि मरीजों से संवाद कर उन्हें किट के उपयोग और स्वच्छता से जुड़ी सावधानियों की जानकारी भी दी।

पंचायत मुखिया राजेश बराईक ने लाभार्थियों को स्थानीय भाषा में समझाया कि कैसे नियमित स्वच्छता और उचित देखभाल से इस रोग के प्रभाव को कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता संजय लोहार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आवांजलिन कुजुर, एएनएम निभा टोप्पो और कौशल्या कुमारी के साथ-साथ सहिया बहनों पुष्पा देवी, सुनीता देवी और जगमनी देवी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दिखाई।

इस पहल को गुमला प्रशासन की एक मानवीय सोच और रोग नियंत्रण की दिशा में जिम्मेदार प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

इंटर आर्ट्स परीक्षा में गुमला का परचम लहराया, राज्य में मिला चौथा स्थान

0

गुमला, 5 जून — झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा घोषित इंटरमीडिएट आर्ट्स परीक्षा 2025 के नतीजों में गुमला जिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 98.32 प्रतिशत की सफलता दर के साथ राज्य औसत से लगभग 3 प्रतिशत अधिक प्रदर्शन किया।

इस वर्ष गुमला जिले से कुल 7511 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7459 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 7334 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए, जिनमें 3086 छात्र एवं 4248 छात्राएं शामिल हैं।

सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि जिले के 62 प्रतिशत से अधिक यानी 4554 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जो जिले के लिए एक रिकॉर्ड माने जा रहे हैं। वहीं, 2699 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में सफल हुए हैं।

इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की ‘गिफ्ट ऑफ एजुकेशन’ योजना की अहम भूमिका रही, जिसके तहत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के साथ नोडल पदाधिकारी के रूप में जोड़ा गया। इन अधिकारियों ने न केवल नियमित अनुश्रवण किया बल्कि शिक्षण मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

शिक्षा विभाग ने भी इस सफलता के लिए लगातार प्रयास किए। शिक्षकों की कोर टीम की सहायता से मॉक टेस्ट, महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास, तथा रेमेडियल कक्षाओं का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी मिली।

जिले के वरीय पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और झारखंड शिक्षा परियोजना के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में लाठी-डंडे और टांगी से हमला, युवक को मरा समझकर भागे हमलावर – हालत गंभीर, रिम्स रेफर

0

गुमला, 5 जून — गुमला सदर थाना क्षेत्र के सांवरिया गांव में बुधवार रात करीब 8 बजे एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। 28 वर्षीय अगनु गोप को टांगी और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अगनु को खून से लथपथ और अचेत अवस्था में गांव के अखड़ा के पास पड़ा देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गुमला सदर थाना के एसआई गफ्फार अंसारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन के बाद घायल अगनु गोप को पुलिस वाहन से गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना पूर्व में हुई आपसी रंजिश का नतीजा हो सकती है। बताया गया कि कुछ दिन पहले अगनु गोप की गांव के ही रिसा उरांव से झड़प हुई थी, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर शांत कराया था। इस संदर्भ में घायल के छोटे भाई नरेश गोप ने रिसा उरांव और एक अन्य व्यक्ति पर शक जाहिर किया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में बकरीद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने दिया शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का संदेश

0

गुमला, 4 जून 2025 — आगामी 7 जून को मनाए जाने वाले बकरीद (ईद-उल-जुहा) पर्व को लेकर गुमला जिले में आज नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमान ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिले के विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बैठक में कहा कि बकरीद पर्व को पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना सबसे अहम है। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग और मेलजोल बढ़ाने की अपील करते हुए कहा, “इस पर्व को एकता और भाईचारे के साथ मनाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”

उन्होंने यह भी बताया कि समिति में उठाए गए सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और अफवाहों से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा, “कोई भी भ्रामक सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते सही कदम उठाए जा सकें।” उन्होंने गुमला के लोगों को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमान ने कहा कि गुमला जिला अपने शांतिपूर्ण पर्वों के लिए जाना जाता है और यह परंपरा आगे भी जारी रहे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे, गश्त बढ़ाई जाएगी और ड्रोन कैमरा व सीसीटीवी निगरानी के जरिए सुरक्षा पुख्ता की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील की और सभी को त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

बैठक में समिति के सदस्यों ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, त्योहारी बाजार प्रबंधन और सामुदायिक समन्वय जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए, जिन पर संबंधित विभागों ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो, एसडीओ सदर राजीव नीरज, एसडीपीओ गुमला सहित अन्य अधिकारियों ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही समिति के सदस्यों ने नव नियुक्त उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमान का स्वागत करते हुए सामाजिक-सांस्कृतिक विविधताओं की जानकारी दी और प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।

यह बैठक जिले में बकरीद पर्व को सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium