16.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 393

प्रोफेसर चंद्रभूषण शर्मा ने विश्वविद्यालय के नियमित कुलपति के रूप में दिया योगदान

0

विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी कार्यों में लाई जाएगी तेजी: कुलपति

एक वर्ष 11 महीना और 18 दिनों के लंबे इंतजार के बाद अंततः विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग को नियमित कुलपति का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। सोमवार को पूर्वाहन 11:40 पर नवनियुक्त नियमित कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा अपने निजी वाहन में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचे। पहले से ही उनके स्वागत के लिए इंतजार कर रहे विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रोफेसर मिथिलेश कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ सादिक रज्जाक, वित्त पदाधिकारी श्री सुरेंद्र कुशवाहा, जनसंपर्क तथा जनसूचना पदाधिकारी डॉ सुकल्याण मोइत्रा तथा दोनों सहायक कुलसचिव कुमार विकास एवं डॉ अनिल उरांव गाड़ी से उतरते ही कुलपति का स्वागत किया। सम्राट अशोक प्रशासनिक भवन में प्रवेश करते ही इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ हितेंद्र अनुपम एवं विभाग के शोधार्थियों ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर कुलपति का अभिनंदन किया।

लिफ्ट से तीसरा मंजिल पहुंच कर अधिकारियों ने कुलपति को उनके कार्यालय कक्ष ले गए। अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक तथा कर्मचारी धीरे-धीरे यहां एकत्रित होने लगे। कुलसचिव ने औपचारिक रूप से प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा को कुलपति का पदभार ग्रहण करवाया। पदभार ग्रहण करने के बाद सर्वप्रथम विभावि के वित्त सलाहकार श्री अखिलेश शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर गर्म जोशी के साथ कुलपति के रूप में प्रो. चंद्र भूषण शर्मा का स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी। विश्वविद्यालय के अधिकारियों तथा उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बारी-बारी से पुष्पगुच्छ भेंट कर कुलपति का अभिवादन किया।

ज्ञात हो की राजभवन सचिवालय, रांची ने 6 मई को विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।

विश्वविद्यालय में चली आ रही परंपरा के तहत कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा आचार्य विनोबा भावे की प्रतिमा स्थल पहुंचकर विनोबा भावे की प्रतिमा पर पुष्पार्पण किए।

अधिकारियों, संकायअध्यक्षों एवं कुछ विभागाध्यक्ष तथा निर्देशकों के साथ उन्होंने अनौपचारिक विमर्श की। अधिकारियों ने कुलपति को बताया कि नियमित कुलपति नहीं रहने के परिणाम स्वरुप विश्वविद्यालय कई मामलों मे पीछड़ गया है। अनेक कार्य लंबित हो गए हैं।

कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा ने बताया की कई मामले ऐसे हैं जिसका निष्पादन राज्य सरकार के उच्च शिक्षा मंत्रालय तथा राजभवन के स्तर पर किया जा सकता है। इन मामलों को लेकर भी जरूरी पहल किए जाएंगे। परंतु उन्होंने स्पष्ट किया की जो मामले विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आते हैं उन मामलों के निष्पादन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर आरंभ किए जाएंगे। इस संबंध में उन्होंने शोध की प्रगति की समीक्षा की एवं लंबे समय से विद्वत परिषद की बैठक तथा शोध परिषदों की बैठक नहीं होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने यह भी बताया की विश्वविद्यालय में शोध नियमावली स्पष्ट रूप से अधिसूचित होनी चाहिए।

कुलपति ने पहले दिन विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर का एक चक्कर लगाया तथा कुछ समय केंद्रीय पुस्तकालय में भी बताएं। अधिकारियों द्वारा बताए जाने पर कुलपति ने स्पष्ट किया कि आज पहले दिन लंबित डिग्रियों के कार्यों का वह निष्पादन करेंगे एवं मंगलवार से अन्य मामलों को भी देखेंगे।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग में नज़रुल इस्लाम और रवींद्रनाथ टैगोर के याद में आयोजित हुआ सांस्कृतिक संध्या

0

भारत की सांस्कृतिक विरासत से बच्चों को परिचित कराना कार्यक्रम का उद्देश्य: श्रीमती गार्गी मल्लिक

हजारीबाग के ख्याति प्राप्त हृदय रोग विशेषज्ञ स्वर्गीय श्यामल कुमार मल्लिक की स्मृति में रविवार 18 मइ की शाम उनके नवाबगंज स्थित ‘मल्लिक हाउस’ में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘रबि-नजरुल संध्या’ शीर्षक से आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय साहित्य के दो महान विभूति, काजी नज़रुल इस्लाम एवं गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के गीत-संगीत पर आधारित था।

कार्यक्रम का निर्देशन श्रीमती गार्गी मल्लिक ने किया। उन्होंने बताया कि मई महीना के 7 तारीख को गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर और इसी महीने के 24 तारीख को काजी नज़रुल इस्लाम की जयंती होती है। इन दोनों महान विभूतियों का स्मरण करते हुए पिछले चार वर्षों से प्रत्येक वर्ष ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण से किया गया। इसके बाद समृद्धि सहाय, शुभोश्री मुखर्जी एवं तिमिशा साहा ने नजरुल गीत पर शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति की। नन्ही मुन्नी कलाकार अद्रिका दास गोस्वामी एवं अरित्री पाजा ने ‘प्रजापति प्रजापति’ गीत पर तितलियों के वेश में नृत्य करके खूब तालियां बटोरी। बाल कलाकार रियांशु कर चौधरी के द्वारा नजरुल कविता का पाठ की सब ने प्रशंसा की।

इसके बाद बाल कलाकारों के द्वारा रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित “वाल्मीकि प्रतिभा” नृत्य नाटिका का प्रभावशाली मंचन ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें डाकुओं की भूमिका में समृद्ध सहाय, लकी कुमार, आयुष राज, प्रथम गुप्ता, राही भट्टाचार्य, रियांशु कर चौधरी एवं बबली कुमारी रहे। वाल्मीकि की भूमिका में अद्रित मल्लिक खूब जचे। वन देवियों की भूमिका में तिमिशा दास, गार्गी विश्वास, शुभोश्री मुखर्जी तथा लवली कुमारी रही। मां सरस्वती की भूमिका में समृद्धि गुप्ता तथा बालिका बन की भूमिका में अद्रिका एवं अरित्री रही।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्रीमती आरती गुप्ता के कर कमल से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अच्छी संख्या में दर्शक उपस्थित हुए।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

20 मई को अनुबंध कर्मियों का राज्यव्यापी महा-आंदोलन: स्थायित्व, सम्मान और अधिकारों की मांग को लेकर सरकार को दी चेतावनी

0

गुमला, 19 मई 2025 | झारखंड में अनुबंध, दैनिक मजदूरी और संविदा पर कार्यरत हजारों कर्मचारियों ने 20 मई को एक बड़े आंदोलन की घोषणा की है। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की ओर से यह कदम राज्य सरकार की कथित उदासीनता और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर उठाया गया है। आंदोलन के तहत राजधानी रांची से लेकर सभी जिलों में धरना, प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।

महासंघ की यह रणनीति रविवार को गुमला कचहरी परिषद स्थित कार्यालय में हुई बैठक में तय की गई, जिसकी अध्यक्षता कर्मचारी नेता मुरारी प्रसाद सिंह ने की। महासंघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर 20 सूत्रीय मांगों की सूची सौंपी है और चेतावनी दी है कि अगर 20 मई तक इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

वर्षों की सेवा, फिर भी अस्थायित्व

महासंघ का आरोप है कि राज्य के विभिन्न विभागों में लंबे समय से कार्यरत हजारों अनुबंध और मानदेय कर्मचारी आज भी अस्थायी स्थिति में कार्य कर रहे हैं। न उन्हें उचित वेतन मिल रहा है, न भविष्य की कोई सुरक्षा। इससे कर्मचारियों में असंतोष और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

20 सूत्रीय प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  1. तीन वर्षों से अधिक सेवा दे चुके सभी अनुबंध कर्मियों को नियमित किया जाए।
  2. स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को सेवा काल की गणना कर स्थायी नियुक्ति दी जाए।
  3. वर्ग 4 के कर्मियों को वर्ग 3 में समायोजित किया जाए।
  4. योग्य कर्मियों को पदोन्नति दी जाए।
  5. सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 65 वर्ष की जाए।
  6. स्वास्थ्य बीमा योजना को सभी नामित अस्पतालों तक विस्तारित किया जाए।
  7. संविदा, आउटसोर्सिंग, सहायिका व चालकों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाए।
  8. दैनिक वेतनभोगी चालकों को रिक्त पदों पर वरीयता से नियुक्त किया जाए।
  9. लिपिकों को बिना लोक सेवा आयोग परीक्षा के एलडीसी/यूडीसी में समायोजित किया जाए।
  10. समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था हो।
  11. शिक्षकों को परिवीक्षा से मुक्त कर सभी भत्ते दिए जाएं।
  12. चार श्रम महिलाओं की नई नियुक्तियों पर रोक लगे।
  13. पुरानी पेंशन योजना बहाल कर NPS में की गई कटौती वापस दी जाए।
  14. स्थानांतरण नीति को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाया जाए।
  15. साहित्यिक विभाग को भी उचित वेतनमान दिया जाए।
  16. सभी कर्मियों को नियमितीकरण एवं पदोन्नति का लाभ स्पष्ट नियमावली के तहत दिया जाए।
  17. मुफस्सिल कार्यालय के लिपिकों को सहायक पद पर समायोजित किया जाए।
  18. सेवानिवृत्त कर्मियों को भी ओल्ड पेंशन का लाभ मिले।
  19. सेवा संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान हो।
  20. प्रशासनिक व्यवस्था को स्थायित्व और कर्मचारियों को न्याय मिले।

“अब सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई है”

महासंघ के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ वेतन या नियुक्ति का नहीं, बल्कि कर्मचारियों की गरिमा, सेवा की मान्यता और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उनका कहना है कि वर्षों की सेवा के बाद भी कर्मचारियों को स्थायित्व नहीं मिला है और अब यह संघर्ष निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।

इस अहम बैठक में भूषण कुमार, जितेंद्र महतो, ललन कुमार शाह, लोथे उरांव, सुधांशु भूषण मिश्रा, हीरालाल साहू, विश्वनाथ भगत, जातरू खड़िया, रामनारायण पोद्दार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

महासंघ ने जनता और अन्य संगठनों से इस ऐतिहासिक आंदोलन में समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि न्याय और समता के पक्ष में उठाया गया जनसंघर्ष है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

अब एक कॉल या व्हाट्सएप पर होगा गुमला नगर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान

0

गुमला, 19 मई 2025 | गुमला नगर परिषद ने नगर क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिसके माध्यम से लोग अब जलापूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट जैसी नगर सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दे सकेंगे और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह सुविधा मोबाइल नंबर 8102049391 पर कॉल या व्हाट्सएप दोनों माध्यमों से उपलब्ध है।

नगर परिषद ने जानकारी दी है कि नागरिक अब अपने क्षेत्र में आने वाली समस्याओं की जानकारी इस नंबर पर सीधे भेज सकते हैं, चाहे वह टूटी सड़क हो, बंद स्ट्रीट लाइट, जल संकट या अन्य कोई नगर सेवा से जुड़ी समस्या। व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो या वीडियो भेजकर भी नागरिक अपनी शिकायतें स्पष्ट रूप से दर्ज करा सकते हैं।

गुमला नगर परिषद का कहना है कि यह पहल जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परिषद ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाएगी।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और नगर परिषद को नगर क्षेत्र को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में सहयोग दें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

सुदूरवर्ती जमटी गांव पहुंचे गुमला उपायुक्त, विकास योजनाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

0

गुमला, 19 मई 2025 | कभी उग्रवाद प्रभावित रहे गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत निरासी पंचायत के जमटी गांव में सोमवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने औचक दौरा किया। पहाड़िया समुदाय के 15 परिवारों वाले इस सुदूर गांव में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।

गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव
बुकी कोना टोला पहुंचने पर ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि गांव में अभी भी सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। बरसात में कच्चे रास्तों से गुजरना मुश्किल होता है। चापाकल या जलमीनार न होने से पानी की किल्लत है। बिजली के खंभे लगे हैं, लेकिन तार और कनेक्शन अब तक नहीं मिला।

तत्काल निर्देश, योजनाओं की समीक्षा
उपायुक्त सत्यार्थी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। अधूरे आवास निर्माण, पेंशन और राशन वितरण की शिकायतों पर भी उन्होंने विभागीय समीक्षा का आदेश दिया। जॉब कार्ड की स्थिति की जानकारी ली और काम उपलब्ध कराने की बात कही।

स्थानीय हस्तशिल्प को मिलेगा नया जीवन
गांव के लोग बांस से सूप, टोकरी और झाड़ू बनाकर जीविकोपार्जन करते हैं। इस पर उपायुक्त ने बांस शिल्प को प्रशिक्षण के माध्यम से बाजार से जोड़ने की योजना बनाने का भरोसा दिलाया। इससे स्थानीय कारीगरों को आय के बेहतर साधन मिल सकेंगे।

डाकिया योजना और प्रमाण पत्र वितरण के निर्देश
राशन की नियमित आपूर्ति के लिए डाकिया योजना को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी पात्र परिवारों को जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी लाभ सुनिश्चित कराने की बात कही।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
गांव में स्कूल भवन दो किलोमीटर दूर होने के कारण बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। इसे देखते हुए उपायुक्त ने बच्चों को साइकिल देने और जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को संस्थागत प्रसव की अहमियत बताई तथा मातृ वंदना योजना व जननी शिशु सुरक्षा योजना की जानकारी दी।

एसएचजी और पोषण पर भी चर्चा
महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़े होने पर उपायुक्त ने सराहना की। आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति जानी और ‘पोषण ट्रैकर’ ऐप को लेकर सहिया से फीडबैक लिया।

जनता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
ग्रामीणों को जागरूक करते हुए उपायुक्त ने हेल्पलाइन नंबर 9431319825 साझा किया और कहा कि कोई भी समस्या होने पर इस पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। हर मामले की सुनवाई और समाधान किया जाएगा।

अधिकारियों को सौंपे स्पष्ट निर्देश
उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी बिशुनपुर सहित उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और कोई भी जरूरतमंद वंचित न रहे।

इस दौरे में बिशुनपुर बीडीओ, मुखिया, ग्राम प्रधान, पंचायत सेवक समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। यह दौरा प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत गुमला के अंतिम गांव तक विकास की किरण पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

खेलो झारखंड, सुब्रतो फुटबॉल कप और नेहरू हॉकी प्रतियोगिता संचालन हेतु जिला स्तरीय बैठक का आयोजन

0

गुमला : – झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा वर्ष 2025 – 26 में स्कूल, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलो झारखंड अंतर्गत विभिन्न खेलों के आयोजन तथा सुब्रतो फुटबॉल कप एवं नेहरू हॉकी कप टूर्नामेंट आयोजन हेतु झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला के द्वारा जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी विद्यालय के खेल शिक्षक एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि की जिला स्तरीय बैठक अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ज्योति खलखो की अध्यक्षता में गुमला प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई ।
ज्ञात हो कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा विभिन्न खेल संचालन हेतु झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को नोडल एजेंसी नियुक्त करते हुए विद्यालय, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर सफल आयोजन की जवाबदेही दी गई है । खेलों के सफल आयोजन हेतु स्कूल, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन करते हुए जिले के सभी खेल संघों से जुड़े प्रतिनिधियों के सहयोग सहित समाज के प्रतिष्ठित लोग सहित खेल प्रेमियों को आमंत्रित किया जाएगा । खेलो झारखंड अंतर्गत एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खोखो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, हॉकी, बुशु, ताइक्वांडो, रेसलिंग, शतरंज एवं रस्साकसी सहित बैंड प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी । इन खेलों में 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के खिलाड़ी भाग नहीं लेंगे जिला स्तरीय विजेताओं के लिए राज्य में भाग लेने से पूर्व ट्रेनिंग कैंप का भी आयोजन किया जाएगा । विद्यालय एवं प्रखंड स्तर पर सभी खेल माह जून एवं जुलाई में आयोजित होंगे तथा जिला स्तर पर अगस्त माह में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी ।

सुब्रतो कप अंतर्गत अंडर 15 आयुवर्ग में बालक वर्ग एवं अंडर 17 आयुवर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग में प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी तथा एक टीम में 25 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा । जून माह के अंत में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में सरकारी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों के खिलाड़ी भाग लेंगे तथा लीग एवं नॉकआउट आधार पर प्रतियोगिता आयोजित होगी । इसी तरह जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट के लिए सीधे जिला स्तर पर 15 से 20 जुलाई तक यह प्रतियोगिता होगी जिसके लिए प्रखंड से मात्र नॉमिनेशन किया जाएगा । अंडर 15 में बालक वर्ग तथा अंडर 17 में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए आयोजित इस टूर्नामेंट में जिला की विजेता टीम को प्रमाणपत्र, पदक एवं सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा तथा जिले की विजेता टीम राज्य स्तर पर जिला का प्रतिनिधित्व करेगी ।
जिला स्तर पर सभी खेलों के आयोजन में जिला ओलंपिक संघ, जिला हॉकी संघ, जिला फुटबॉल संघ, जिला कुश्ती संघ, जिला एथलेटिक्स संघ आदि का सहयोग लेने के निर्णय के साथ विद्यालय एवं प्रखंड स्तर पर सफलतापूर्वक संबंधित खेलों के आयोजन हेतु निर्देशित किया गया ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में समर कैंप के जरिए बच्चों की प्रतिभा का उत्सव और रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच

0

गुमला – गुमला जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में घाघरा प्रखंड के कुहीपाठ पंचायत और गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, बृंदा नयकटोली में विशेष समर कैंप का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों में पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और पिरामल फाउंडेशन टीम के सहयोग से कार्यक्रम को प्रभावी और सार्थक रूप से क्रियान्वित किया गया, जिससे बच्चों के लिए यह कैंप एक सीखने, अभिव्यक्ति और आनंद का अवसर बन सका।

कुहीपाठ पंचायत में आयोजित समर कैंप की अगुवाई पंचायत के मुखिया फगवा उराँव ने की, जहां कक्षा एक से आठ तक के कुल 194 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने चित्रकला, क्विज प्रतियोगिता, बाल गीत, चेतना गीत और कविता पाठ जैसी विविध गतिविधियों में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल के प्रधानाध्यापक परशुराम प्रजापति सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में भरपूर सहयोग दिया। पिरामल फाउंडेशन की टीम ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनके उत्साह को और प्रोत्साहित किया।

वहीं, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, बृंदा नयकटोली में आयोजित समर कैंप में कुल 98 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल गीतों के माध्यम से की गई, जिससे बच्चों में ऊर्जा और उल्लास का संचार हुआ। इसके बाद ड्रॉइंग प्रतियोगिता, समूह गतिविधियाँ और क्विज जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ कराई गईं, जिनके माध्यम से बच्चों की सोच, कल्पनाशीलता और टीम वर्क को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर ग्राम की मुखिया सत्यवती देवी ने बच्चों से संवाद किया और उनके “सपनों के स्कूल” की कल्पना को सुनते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनकी भागीदारी की सराहना की गई।

इन दोनों आयोजनों ने यह सिद्ध किया कि अनौपचारिक शिक्षा के ऐसे अवसर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होते हैं। पिरामल फाउंडेशन टीम द्वारा किए गए इस प्रयास ने बच्चों की आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिकता को मजबूती देने वाला एक प्रेरणादायक अनुभव प्रदान किया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में वज्रपात से 13 वर्षीय छात्रा झुलसी, सदर अस्पताल में भर्ती | फुटकल पेड़ में आग, बारिश ने टाली बड़ी दुर्घटना

0

गुमला, 19 मई 2025 | झारखंड के गुमला जिले में रविवार को तेज आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक अन्य स्थान पर पेड़ में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। संयोगवश बारिश ने बड़ी अनहोनी टाल दी।

घाघरा थाना क्षेत्र के बाबूराम तुर्री की 13 वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी, रविवार की दोपहर लगभग 4:30 बजे मवेशी चरा रही थी। अचानक मौसम बिगड़ने लगा और तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। खुद को सुरक्षित रखने के लिए प्रिया पास के करंज पेड़ के नीचे जा छिपी, जहां अचानक वज्रपात हो गया। बिजली की सीधी चपेट में आने से वह बेहोश होकर गिर पड़ी और झुलस गई।

परिजनों ने तुरंत उसे घाघरा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रिया की हालत स्थिर है और इलाज जारी है।

इसी दिन, कामडारा थाना क्षेत्र के अरहरा गांव में एक फुटकल पेड़ पर रखे पुवालगांज (भूसे के ढेर) में वज्रपात के कारण आग लग गई। आग ने तेजी से विकराल रूप लेना शुरू किया, लेकिन तेज मूसलाधार बारिश के चलते आग स्वतः बुझ गई और बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि गुमला जिले में हर साल वज्रपात से कई लोगों और मवेशियों की मौत होती है। वर्षों पूर्व ग्रामीण इलाकों के स्कूलों और पंचायत भवनों में वज्रपात से सुरक्षा के लिए तड़ित चालक यंत्र लगाए गए थे। साथ ही सूचना प्रसारण के लिए टीवी सेट भी वितरित किए गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये उपकरण या तो चोरी हो गए या रहस्यमय तरीके से लापता हैं, लेकिन आज तक कोई जांच नहीं हुई।

विशेषज्ञों का मानना है कि पेड़ के नीचे शरण लेना वज्रपात के समय बेहद खतरनाक हो सकता है। जिले में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति से यह स्पष्ट है कि जनजागरूकता और सुरक्षा उपायों की सख्त जरूरत है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में नशे में धुत युवक ने नकली पिस्टल से मचाया उत्पात, लोगों ने की धुनाई, अस्पताल में भर्ती

0

गुमला, 19 मई 2025 | गुमला जिला मुख्यालय स्थित पटेल पार्क चौक पर शनिवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत युवक ने नकली पिस्टल लहराकर राहगीरों को डराने और गाली-गलौज करने की कोशिश की। युवक की हरकतों से नाराज़ स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना में घायल युवक की पहचान नेतरहाट निवासी विशु राज सिंह के रूप में हुई है, जो शराब के नशे में पटेल पार्क चौक पर लगभग आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक राह चलते लोगों को नकली पिस्टल दिखाकर धमका रहा था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था।

स्थानीय युवकों ने जब उसकी हरकतें बर्दाश्त नहीं कीं, तो उन्होंने मौके पर ही उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही गुमला सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक को सुरक्षित निकाला।

पुलिस के अनुसार, युवक ने न केवल आम लोगों बल्कि पुलिस के साथ भी अभद्र व्यवहार किया, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए उसे तत्काल गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस द्वारा पूछताछ में युवक ने खुद को एक पिता बताते हुए दावा किया कि वह अपने बच्चे के जन्मदिन पर तोहफा देने के लिए नकली पिस्टल खरीद कर रांची जा रहा था। उसने यह भी कहा कि नशे की हालत में उसे समझ नहीं आया कि वह क्या कर रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के बयान की सत्यता की पुष्टि की जा रही है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे की स्थिति में उपद्रव मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

कार में आए, कार चुराई और हो गए फरार: गुमला में सक्रिय चोर गिरोह ने उड़ाई स्कॉर्पियो

0

गुमला, 19 मई 2025 | गुमला जिला मुख्यालय के रामनगर मोहल्ले में बीती रात कार चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई, जहाँ चोरों ने कार से आकर एक घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाया और उसे लेकर चंपत हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

घटना शनिवार देर रात लगभग 1:55 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों का गिरोह सफेद रंग की स्कॉर्पियो (मॉडल S3, पंजीकरण संख्या JH-07H-1738) को रामनगर से चुराकर फरार हो गया। कार मनोज कुमार सिंह के भाई विनोद कुमार के नाम पर पंजीकृत है।

मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने कार को अपने घर के बाहर पार्क किया था और सोने चले गए। जब रविवार सुबह उठकर बाहर आए, तो कार गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत गुमला सदर थाना को सूचना दी।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की सहायता से जांच शुरू की। फुटेज में देखा गया कि चोर गिरोह ने पहले कार का बोनट खोला, फिर लॉक तोड़कर कार को स्टार्ट किया और चुपचाप लेकर निकल गए। पूरे घटनाक्रम में चोरों की तैयारी और सटीक योजना दिखाई देती है।

गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि इस चोरी को अंजाम देने वाले गिरोह की पहचान की जा रही है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस संबंध में मनोज कुमार सिंह ने गुमला सदर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है और कार की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium