17.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
Home Blog Page 431

पोकला रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक की लापरवाही से ढाई घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित

0

गुमला: झारखंड के गुमला जिले में पोकला रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार रात एक ट्रक में लदे डीजे मशीन और जनरेटर मशीन के रेलवे ओवरहेड वायर में फंस जाने से रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस घटना के चलते रांची-हटिया-राउरकेला रेलखंड पर करीब ढाई घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कैसे हुआ हादसा?

घटना मंगलवार देर रात करीब 12 बजे की है, जब खूंटी की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सिमडेगा की ओर जा रहा था। ट्रक में डीजे मशीन और डिजिटल जनरेटर मशीन लोड थी, जिसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण रेलवे ओवरहेड तारों में फंस गई। तारों के संपर्क में आते ही एक तेज आवाज के साथ विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और जबरदस्त स्पार्किंग हुई। इसी दौरान डिजिटल जनरेटर नीचे गिर गया, जिससे अफरातफरी मच गई।

ट्रक चालक फरार, रेलवे कर्मचारियों ने किया युद्धस्तर पर कार्य

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। वहीं, रेलवे गेटकीपर राजेंद्र साहू ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर अमित कुमार को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और तकनीकी कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुट गए। युद्धस्तर पर किए गए मरम्मत कार्य के बाद करीब 2:30 बजे रेलवे ट्रैक को सामान्य रूप से चालू किया गया।

रेलवे पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

रेलवे पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

इस घटना से रेलवे को न केवल तकनीकी क्षति पहुंची, बल्कि यात्रियों को भी काफी असुविधा झेलनी पड़ी। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने के प्रयास में है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में महारामनवमी महोत्सव की तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन ने कसी कमर

0

गुमला: झारखंड के गुमला जिले में इस बार भी महारामनवमी महोत्सव को भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या और हनुमानजी की जन्मस्थली आंजन धाम से जुड़ा होने के कारण गुमला में रामनवमी पर्व विशेष महत्व रखता है। जिलेभर में श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच सड़कों और मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

भक्ति में रंगा पूरा जिला, जगह-जगह भव्य सजावट

रामनवमी महोत्सव को लेकर गुमला जिला के सभी अनुमंडल, प्रखंड, गांव और मोहल्लों को सजाया गया है। जिला मुख्यालय को श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमानजी की भव्य आकृतियों और एलईडी लाइटों से जगमग किया गया है। भगवा ध्वज और महावीरी पताकाओं से पूरा क्षेत्र राममय नजर आ रहा है।

इसके अलावा, चैती दुर्गा पूजा के तहत दो स्थानों पर देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। मंदिरों और घरों में रामचरितमानस पाठ, हनुमान चालीसा और महाआरती की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालु बड़े हर्षोल्लास के साथ इस पावन पर्व को मनाने में जुटे हैं।

शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन सतर्क, उपद्रवियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। गुमला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की हैं। बैठक में दोनों पक्षों की समस्याओं को सुना गया और समाधान के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि गुमला में रामनवमी महोत्सव और प्राकृतिक पूजा सरहुल शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

गुमला के श्रद्धालु इस पर्व को लेकर बेहद उत्साहित हैं और धार्मिक आस्था के साथ इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के बाद अब सभी को एक भव्य और शांतिपूर्ण रामनवमी महोत्सव की प्रतीक्षा है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

बंधु तिर्की ने कांके के हेठबालू गांव का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात के बाद कहा- सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो

0

रांची : पूर्व मंत्री और झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि कांके प्रखण्ड के अंतर्गत पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेठबालू गांव में सरहुल जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर अशांति फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और वैसे दोषी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिये.

श्री तिर्की ने गुरुवार को कांके के पिठोरिया थाना अंतर्गत हेठबालू गांव का दौरा कर सरहुल के दिन हुई मारपीट की घटना में पीड़ित पक्षों एवं घायलों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया.

इस अवसर पर श्री तिर्की ने कहा कि झारखण्ड, सभी जाति, धर्म और समुदाय का वैसा प्रदेश है, जहां की मूलभूत पहचान आपसी एकजुटता और सद्भावना में ही है. उन्होंने कहा कि प्रभावित गांव का भ्रमण करने के दौरान श्री तिर्की के साथ अपर ऊपर कोनकी पंचायत के मुखिया लाला महली, आकाश उरांव, समलाल मुण्डा, अलीशा देवी, अनीता देवी, सुमन देवी, मालती देवी, रेशमी देवी, सुधीर उरांव सहित अनेक ग्रामीण और पार्टी के नेता कार्यकर्त्ता उपस्थित थे.

राम भक्तों के लिए

अजय राय ने कहा-मंत्री शिक्षा अधिनियम कानून 2017 को लागू करने की हिम्मत दिखाएं, तभी स्कूलों की मनमानी को रोका जा सकेगा

0

रांची : झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से आग्रह किया है कि राज्य में प्राइवेट स्कूलों के दोहन से अभिभावकों को बचाएं साथ ही साथ ही झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण संशोधन अधिनियम कानून 2017 को लागू कराएं ताकि स्कूलों की मनमानी को रोका जा सके।

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जिस तरह सदन के अंदर राज्य सरकार के मंत्री रामदास सोरेन का बयान प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाने की थी, उस पर वह कुछ करके दिखाएं तभी वह अभिभावकों का भरोसा हासिल कर सकते हैं, अन्यथा उनकी बातें कोरी साबित होगी।

अजय राय ने कहा कि अभी वर्तमान में री एडमिशन, एनुअल चार्ज, किताब कॉपी के बढ़ते दामों से अभिभावकों की कमर टूट जाती है, ऐसे में राज्य सरकार को मरहम लगाने की जरूरत है और प्राइवेट स्कूलों के मनमाने री एडमिशन एनुअल चार्ज अन्य कई मद में वसूली और हर साल बदली जा रही किताबों के ऊपर अंकुश लगाना होगा तभी अभिभावकों को राहत मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण संशोधन अधिनियम 2017 का एक्ट बन पाया और 7 जनवरी 2019 को प्रभाव में आया मगर इसका इंप्लीमेंटेशन कहीं नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी स्कूल अपनी मनमर्जी चलाए हुए हैं. इसपर अगर रोक नहीं लगी तो पेरेंट्स एसोसिएशन सड़क पर उतरेगा.

राम भक्तों के लिए

आइए जानें…आदिवासी एक्टिविस्ट ग्लेडसन डुंगडुंग से आखिर बंंधु तिर्की इतने नाराज क्यों हो गए…?

0

रांची : ‘‘संविधान बचाने, लोकतंत्र बचाने और आदिवासियों के अधिकारों की सुरक्षा की बात करने वाले कांग्रेस पार्टी के बड़े आदिवासी नेता लोकतंत्र का मतलब भी समझते हैं? ये लोग बड़े सवालों से क्यों असहज हो जाते हैं? हमारे सवालों को तथ्य और तर्क के साथ जवाब क्यों नहीं देते हैं?

2 अप्रैल 2025 को 21.09 बजे यानी रात के 9.09 बजे मोबाइल न. 7488023740 से पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की जी का फोन आया। हम दोनों के बीच 14 मिनट 30 सेकेंड बातचीत हुई। उन्होंने मेरे साथ गाली-गलौज की, मेरी जुबान खींचने और मुझे जान से मारने की धमकी देने के बाद फोन रख दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘तुमने कुड़ू में पोलिटिकल स्पीच क्यों दिया? तुम शिल्पी और मेरे पीछे क्यों पड़े हो? तुमने क्यों कहा कि हम नौटंकी कर रहे हैं? तुम हमको नहीं जानते हो, मैं बहुत बड़ा नेता हूं। तुम मेरे सामने कुछ भी नहीं हो। तुमको खत्म कर देंगे।

झारखंड का मुख्य सचिव भी मेरे सामने मुंह खोलने की हिम्मत नहीं करता है तो तुम क्या चीज हो। मैं बहुत गुस्से में हूं। मैं तुम्हारे साथ क्या कर सकता हूं इसकी तुम कल्पना भी नहीं कर सकते हो। आज के बाद यदि तुमने मेरे खिलाफ मुंह खोला तो पब्लिक के सामने तुम्हारा जुबान खींच लूंगा। मैं बहुत खराब व्यक्ति हूं. जान लो मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं.’’

मेरा बंधु तिर्की या किसी से भी व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और न ही मैं किसी पर व्यक्तिगत हमला करता हूं। हां, जो लोग बड़े पदों पर हैं, उन्हें यह व्यक्तिगत लग सकता है क्योंकि वे आदिवासियों के प्रति जवाबदेह नहीं हैं। उन्हें सिर्फ आदिवासियों का वोट लेकर सत्ता का मजा लेना है। इस मसले पर मूल बात निम्नलिखित है।

  1. ‘‘पेसा आंदोलन’’ में हमने जो मूल सवाल उठाया है कि झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों में संवैधानिक रूप से बने ‘‘पेसा कानून 1996’’ लागू नहीं है जबकि असंवैधानिक रूप से बनाये गये ‘‘झारखंड पंचायत राज अधिनियम 2001’’ और ‘‘नगरपालिका अधिनियम 2011’’ लागू है, जिसके लिए मूल रूप से हमारे वे आदिवासी नेता जिम्मेवार है जो राज्य में विगत 24 वर्षों से मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक बने। यही सवाल ने हमारे आदिवासी नेताओं को असहज कर दिया है। इसलिए वे बौखला रहे हैं। लेकिन क्या हम सवाल पूछना छोड़े दें?
  2. 16 मार्च 2025 को रांची कैथोलिक महिला संघ के द्वारा लोहरदगा के कुड़ू में आयोजित सभा में मैंने मूल सवाल उठाया था कि ‘‘इंडिया गठबंधन’’ ने विधानसभा चुनाव में ‘‘पेसा कानून 1996’’ को लागू करने हेतु वादा किया था लेकिन अबतक क्यों लागू नहीं किया? झारखंड के अनुसूचित क्षेत्रों में असंवैधानिक रूप से ‘‘जेपीआरए 2001’’ और ‘‘नगरपालिका कानून 2011’’ अबतक क्यों लागू है?
  3. हमारे आदिवासी नेता विगत 24 वर्षों से क्या कर रहे थे? कौन सी ताकत ‘पेसा कानून 1996’’ को लागू करने नहीं दे रहा है? इन सवालों ने मंच पर बैठी कैबिनेट मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को असहज कर दिया था? उन्होंने हमारा स्मार-पत्र लेने से इंकार कर दिया था।
  4. ‘‘पेसा कानून 1996’’ लागू करना कांग्रेस पार्टी का चुनावी वादा था लेकिन जब 19 मार्च 2025 को ‘‘पेसा कानून 1996’’ को लागू करने की मांग को लेकर पार्टी ने ‘‘उलीहातु’’ से रांची तक पदयात्रा की तब हमने सवाल उठाया था कि जो पार्टी सरकार में है और पंचायती राज विभाग भी उसी के पास है वह क्यों राज्यपाल को स्मार-पत्र देकर ‘‘पेसा कानून 1996’’ को लागू करने की मांग कर रही है? क्या कांग्रेस हम आदिवासियों को बेवकूफ बना रही है? इन सवालों से प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता असहज हो गए।
  5. 28 मार्च 2025 को ‘‘संयुक्त पड़हा समिति’’ के द्वारा खूंटी के कर्रा में आयोजित ‘‘सीओ भगाओ, जमीन बचाओ’’ कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री बंधु तिर्की ‘‘रैली और धरना’’ का हिस्सा बने, जिसपर मैंने सवाल उठाया था कि जब कांग्रेस पार्टी सरकार में है, 4 मंत्री कांग्रेस पार्टी के है फिर क्या कारण है कि कार्यकारी अध्यक्ष को सी.ओ. ऑफिस के सामने धरना पर बैठना पड़ा?
  6. सीओ को हटाने हेतु क्यों मंत्री पत्र नहीं लिखते हैं? क्या कांग्रेसी इस तरह की नौटंकी करते हुए हम आदिवासियों को बेवकूफ बना रहे हैं? क्या मैंने गलत सवाल उठाया था? सीओ कार्यालय के सामने दिये गये मेरे भाषण और ‘‘लोकतंत्र 19’’ में दिये गये साक्षात्कार से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्री बंधु तिर्की जी तिलमिला उठे हैं।
  7. इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि 16 फरवरी 2025 को राजनीतिक दलों के लिए आयोजित ‘‘पेसा महासभा’’ में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने यह कहते हुए मुझपर सीधा हमला करना शुरू कर दिया था, ‘‘तुमको भगवान ने बहुत दिमाग दिया है लेकिन तुम उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हो। तुम दूसरों की पिच पर खेल रहे हो।
  8. हमलोगों के साथ मिलकर काम करो। इसी बीच 18 मार्च 2025 को 15.12 मिनट पर चन्द्रसेन राव का मोबाइल न. 9999033702 से फोन आया था। उनसे 24 मिनट 15 सेकेंड बात हुई, जिसमें मूल बात यह थी कि आपलोग कांग्रेस पार्टी से मिलकर काम करो। बंधु तिर्की जी का भी मूल सवाल यही था कि कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर काम करो।
  9. ‘‘आदिवासी क्षेत्र सुरक्षा परिषद्’’ को ‘‘कांग्रेस पार्टी’’ का समर्थन संगठन के रूप में दिखाने की कोशिश थी। लेकिन जब हमने इंकार कर दिया तब उन्होंने आम लोगों को हमारे खिलाफ भड़काना शुरू किया, हमारे सहयोगी संगठनों को मुझे बुलाने पर मना करना शुरू किया और हमारी टीम को भी तोड़ने की कोशिश की। जब असफल रहे तब मुझे ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। लेकिन हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम ‘‘पेसा आंदोलन’’ के साथ अपनी सभी गतिविधियों को जारी रखेंगे।

नोट: हम उन सारे आदिवासी नेताओं से निवेदन करते हैं, जिन्हें सिर्फ फूलमाला पहनना, जयजयकार कराना और सत्ता का मजा लेना पसंद है लेकिन सवालों से डर लगता है, उन्हें तत्काल मंत्री, सांसद और विधायक के पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि हमलोग उनसे सवाल पूछेंगे ही और उनको यह व्यक्तिगत हमला लग सकता है जबकि हमलोग उन्हें पदों में होने की वजह से सवाल पूछते हैं। हमारा किसी भी नेता से न कोई निजी दुश्मनी है और न ही हमारा मकसद किसी को निशाना बनाना है।

जय आदिवासी!

 -ग्लेडसन डुंगडुंग के फेेेेेसबुक वाल से
राम भक्तों के लिए

झारखंड में पहली बार होगी राज्यस्तरीय FLN चैंपियनशिप, 216 छात्र दिखाएंगे प्रतिभा

0

रांची, 2 अप्रैल 2025: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा पहली बार राज्यस्तरीय FLN (Foundational Literacy and Numeracy) चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों पर आधारित होगी, जिसमें सरकारी स्कूलों के कक्षा 2 से 5 तक के 216 प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल 3 अप्रैल को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT), रातू में और फाइनल 4 अप्रैल को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित किया जाएगा।

तीन चरणों से गुजरकर चुने गए 216 विद्यार्थी

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों का चयन विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया है। फाइनल में पहुंचने के लिए सेमीफाइनल में प्रदर्शन के आधार पर 72 विद्यार्थियों को चुना जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की गणितीय क्षमता, भाषाई कौशल और रचनात्मक प्रस्तुति कौशल का आकलन किया जाएगा।

विजेताओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका

FLN चैंपियनशिप में अंग्रेजी विषय के विजेता छात्रों को मुंबई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वर्ड पावर चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। हिंदी और गणित विषयों में जीतने वाले विद्यार्थियों को भी मुंबई भ्रमण कराया जाएगा। इस यात्रा और आवास की संपूर्ण व्यवस्था स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा की जाएगी।

राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुका है झारखंड

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में झारखंड ने वर्ड पावर चैंपियनशिप का राष्ट्रीय खिताब जीता था। सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली छात्रों ने कठिन अंग्रेजी शब्दों के सही और रचनात्मक उत्तर देकर झारखंड को विजेता बनाया था। इस वर्ष भी झारखंड के छात्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को राष्ट्रीय स्पर्धा से पहले विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हो सके।

वर्ड पावर चैंपियनशिप: बच्चों के भाषा कौशल को बढ़ावा देने की पहल

वर्ड पावर चैंपियनशिप एक प्रतिष्ठित शैक्षिक प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य बच्चों के भाषा कौशल, शब्दावली, वर्तनी और शब्दों के प्रयोग को मजबूत करना है। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कक्षा 2 से 5 तक के बच्चे भाग लेते हैं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमता प्रदर्शित करते हैं।

राज्य सरकार ने इस वर्ष FLN चैंपियनशिप को वर्ड पावर चैंपियनशिप की तर्ज पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस पहल से न केवल बच्चों के बौद्धिक और शैक्षिक विकास को बल मिलेगा, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी संचार होगा।

News Desk 

राम भक्तों के लिए

श्री रामराज्य महोत्सव झंडा शोभा यात्रा का भव्य आयोजन, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह रहे आकर्षण का केंद्र

0

रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए धार्मिक मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक समरसता को अपनाना आवश्यक है- मुन्ना सिंह

सनराइज ग्रुप को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई, ऐसे कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं- मुन्ना सिंह

हज़ारीबाग बुधवार को सनराइज ग्रुप, हज़ारीबाग के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ श्री रामराज्य महोत्सव झंडा शोभा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा नगर राममय हो उठा। शोभायात्रा का उद्देश्य श्रीराम के आदर्शों, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रचार-प्रसार करना था। यात्रा का शुभारंभ काली बाड़ी, दुर्गा मंडप और भगत सिंह चौक से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भगवान श्रीराम का स्मरण कर जयकारे लगाए। शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने रामनाम संकीर्तन करते हुए पूरे हज़ारीबाग को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। इस आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह इस शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। उन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। मुन्ना ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें एक न्यायपूर्ण और समरस समाज की ओर ले जाते हैं। उन्होंने इस आयोजन को सामाजिक एकता और संस्कृति का प्रतीक बताते हुए सनातन मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। जबकि उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा कर भक्ति और आस्था का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में यात्रा ने धार्मिक समरसता और एकता का अनूठा संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने मुन्ना सिंह के साथ मिलकर भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए, जिससे नगर भक्तिमय वातावरण में रम गया। उन्होंने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए धार्मिक मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक समरसता को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने इस आयोजन को धार्मिक मूल्यों और संस्कृति को मजबूत करने वाला बताते हुए सनराइज ग्रुप को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर मुन्ना सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के साथ शोभायात्रा का समापन किया।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग में 3 अप्रैल को भव्य भजन संध्या, शहनाज अख्तर की सुमधुर प्रस्तुति

0

हजारीबाग: 3 अप्रैल को हजारीबाग के गांधी मैदान, मटवारी में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगी। इस आध्यात्मिक संध्या में प्रसिद्ध गायक राहुल सिंह और पायल बनारसी भी अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं, और इसे नगर के सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को नया आयाम देने वाला बताया जा रहा है।

सदर विधायक ने लिया तैयारियों का जायजा

सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी और सदर सीओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, टेंट, बैठने की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विशेष सजावट और आध्यात्मिक माहौल

कार्यक्रम स्थल को भक्तिमय वातावरण में ढालने के लिए विशेष सजावट की जा रही है। रंग-बिरंगी लाइटिंग और भव्य मंच की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें। इस भजन संध्या का मुख्य आकर्षण शहनाज अख्तर के भजनों के साथ-साथ विशेष लेजर शो होगा, जो भक्तिरस को और भी प्रभावशाली बनाएगा।

4 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

भक्ति संध्या के अगले दिन, 4 अप्रैल को बुढ़वा महादेव परिसर से एक दिव्य और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में उज्जैन और वाराणसी के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी विशेष प्रस्तुतियाँ देंगे। यात्रा पूरे नगर में भक्तिमय माहौल उत्पन्न करेगी और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेगी।

हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

इस आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम न केवल भजन संध्या तक सीमित रहेगा, बल्कि नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को भी जागृत करेगा। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में भाग लें और अपने परिवार व मित्रों के साथ भक्तिरस का आनंद उठाएँ।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

0

गुमला: बसिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बसिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।

हादसे में तीन युवक घायल
दुर्घटना में पतुरा गांव निवासी दानिस खान (20), किंदिरेकला निवासी शेख शाहिल (22) और फैसल खान (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कामडारा की ओर जा रहे थे।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना उस वक्त हुई जब बाइक सवारों ने तेज रफ्तार में ट्रक (MH-28BB-6845) को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक ट्रक के नीचे फंस गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

इलाज के लिए रांची रेफर
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

न्यूज़ – गनपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

मायके में विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत से मचा कोहराम

0

गुमला: बसिया थाना क्षेत्र के मोरेंग गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता नेहा देवी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वह कुछ दिनों पहले ही अपने मायके आई थी, जहां बुधवार शाम करीब 4 बजे उसने घर के एक कमरे में आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने देखा तो मचा हड़कंप
घटना के बाद जब परिवार के सदस्यों को इसका पता चला, तो उन्होंने तुरंत नेहा को फांसी के फंदे से उतारकर बसिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गई नेहा
नेहा देवी की शादी गुमला के चैनपुर में हुई थी और उनका करीब डेढ़ साल का बेटा भी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

न्यूज़ – गनपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium