17.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
Home Blog Page 440

परिसीमन के मुद्दे पर सत्तापक्ष-विपक्ष आपस में उलझे: बाबूलाल ने कहा-राज्य सरकार झारखंड में एनआरसी लागू करने का प्रस्ताव दे, तब पता चलेगा कि जनसंख्या में कमी और बढ़ोतरी के कारण क्या हैं?

0

हेमलाल मुर्मू ने बाबूलाल से किया सवाल…भाजपा के यह कहने से नहीं चलेगा कि अल्पसंख्यकों की जनसंख्या बढ़ रही है। वह बताए कि एसटी की जनसंख्या घट रही थी तो केंद्र क्या कर रहा था? क्या भाजपा परिसीमन के लिए तैयार है? 

रांची : झारखंड विधानसभा में मंगलवार को सदन में परिसीमन का मुद्दा उठाए जाने के बाद पक्ष और विपक्ष के सदस्य आपस में उलझ पड़े। लगभग एक घंटे तक परिसीमन का मुद्दा सदन में छाया रहा।

सत्तापक्ष जहां परिसीमन के बाद राज्य में आदिवासियों के लिए सुरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या नहीं घटाने पर जोर दे रहे थे, वहीं विपक्ष आदिवासियों की जनसंख्या क्यों कम हो रही, इसका पता लगाने के लिए एनआरसी लागू करने की दिशा में सरकार को आगे बढ़ने का सलाह दे रही थी।

एससी-एसटी ओबीसी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा का कहना था कि आदिवासियों के के सामने सबसे बड़ा अस्तित्व का संकट है। डोमिसाइल, आरक्षण, सीएनटी-एसपीटी, सरना धर्म कोड के बाद झारखंड के अनसुलझे मुद्दों में परिसीमन भी शामिल होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 2008 में हुए परिसीमन में एसटी के लिए सुरक्षित सीटों की संख्या में छह की कमी की जा रही थी। हालांकि उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और सोनिया गांधी के हस्तक्षेप से झारखंड में परिसीमन को स्थगित कर दिया गया।

लेकिन राज्य में एक बार फिर परिसीमन लागू करने की कोशिश हो रही है। इसमें किसी भी कीमत पर आदिवासियों के लिए सुरक्षित लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या में कमी नहीं आनी चाहिए।

परिसीमन करते समय जनसंख्या को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। क्योंकि परिसीमन आयोग की नियमावली में कहीं भी जनसंख्या को आधार बनाने की बात नहीं कही गयी है।

बाबूलाल ने एसटी की जनसंख्या घटने और मुसलमानों के बढ़ने पर चिंता जतायी  

इसमें मामले प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि एसटी की जनसंख्या क्यों घट रही है? और मुसलमानों की जनसंख्या क्यों बढ़ रही है? श्री मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में एनआरसी लागू करने का प्रस्ताव दे, सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा कि जनसंख्या में कमी और बढ़ोतरी का कारण क्या है। उन्होंने कहा कि एसटी की सीटें नहीं घटे, इसके लिए वे भी चिंतित हैं। लेकिन जनसंख्या में हो रही कमी का दूरगामी प्रभाव पड़ेगा।

झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि परिसीमन राज्य के लिए बड़ा मुद्दा है। पिछली बार वह आयोग के मेंबर भी थे। बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। भाजपा के यह कहने से नहीं चलेगा कि अल्पसंख्यकों की जनसंख्या बढ़ रही है। वह बताए कि एसटी जनसंख्या घट रही थी तो केंद्र क्या कर रहा था। क्या भाजपा परिसीमन के लिए तैयार है।

हेमलाल जी आनेवाले दिनों में आप एमएलए नहीं बन पाएंगे: बाबूलाल

बाबूलाल ने हेमलाल मुर्मू के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि संथालपरगना में 17-18 फीसदी तक मुसलमानों की जनसंख्या में वृद्धि हुई है। हेमलाल जी आनेवाले दिनों में आप एमएलए नहीं बन पाएंगे। संथालपरगना में बाहर से आये बांग्लादेशियों द्वारा आदिवासी लड़कियों से शादी की जा रही है। शादी करनेवाले ऐसे 20-25 परिवार हैं जो मुखिया बने बैठे हैं।

वहीं 2000 में ओबीसी का आरक्षण 27 से 14 फीसदी किए जाने के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आरोप पर बाबूलाल मरांडी का कहना था कि अलग राज्य बनने के बाद बिहार में एसटी को दो फीसदी आरक्षण दिया गया।

झारखंड में एसटी को 26 फीसदी और जनसंख्या के हिसाब से एससी को 10 फीसदी। 50 फीसदी के दायरे में शेष 14 फीसदी आरक्षण ओबीसी को दिया गया। दस्तावेज को देख कर इसकी तथ्यात्मक जानकारी ली जा सकती है।

उन्होंने तो राज्य में 73 फीसदी आरक्षण दिये जाने का फैसला किया था। उसमें एसटी के अलावा ओबीसी का आरक्षण बढ़ा कर 26 फीसदी किया गया था। लेकिन कोर्ट ने उस पर रोक लगा दी।

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव ने परिसीमन की परिभाषा को स्पष्ट करते हुए बताया कि अगर जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होगा तो, एसटी सीटें घटेंगी। इसलिए यह भी प्रयास होना चाहिए कि सीटों की संख्या बढ़े और उसमें एसटी की सीटें भी बढ़ायी जाए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी चुप नहीं बैठे। उन्होंने कहा कि वह परिसीमन को लागू नहीं होने देंगे। आदिवासियों के लिए सुरक्षित सीटों की संख्या में कमी नहीं आने देंगे।

 

राम भक्तों के लिए

झारखंड जनाधिकार महासभा ने PESA को लेकर JPRA में प्रस्तावित संशोधनों और नियमावली में सुधार के संलग्न ड्राफ्ट को जारी किया

0

रांची :  झारखंड जनाधिकार महासभा ने अबुआ राज की भावना के साथ पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) पर बल दिया है. राज्य सरकार से अधिनियम, 1996 (PESA) को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग की गई है. इसके लिए झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 (JPRA) में संशोधन के साथ PESA राज्य नियमवाली के ड्राफ्ट में सुधार की भी ज़रूरत बतायी गई है. महासभा ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में JPRA में प्रस्तावित संशोधनों और नियमावली में सुधार के संलग्न ड्राफ्ट को जारी किया.

महासभा के प्रवक्ताओं ने कहा कि झारखंड में दशकों से आदिवासियों की सांस्कृतिक पहचान, सामुदायिक स्वायत्तता और संसाधनों पर लगातार हमले होते रहे हैं. जबकि इन्हें रोकने के लिए संविधान के कई प्रावधान हैं एवं कई स्थानीय कानून भी हैं. ऐसी परिस्थिति में इनके विरुद्ध सामूहिक संघर्ष में PESA भी कुछ हद तक मदद कर सकता है.

JPRA में PESA के अधिकांश प्रावधान सम्मिलित नहीं 

PESA के अनुसार अनुसूचित क्षेत्र में त्रि-स्तरीय पंचायत व्यवस्था के प्रावधानों का विस्तार होगा. लेकिन, आदिवासी सामुदायिकता, स्वायत्तता और पारम्परिक स्वशासन इस पंचायत व्यवस्था का मुख्य केंद्र बिंदु होगा एवं ग्राम सभा स्वायत्त और स्वशासी होगा. PESA के प्रावधान राज्य के पंचायत राज कानून से ही लागू हो सकते हैं, लेकिन JPRA में PESA के अधिकांश प्रावधान सम्मिलित नहीं है.

PESA के अनुसार, राज्य के पंचायत अधिनियम को अनुसूचित क्षेत्र के लिए रूढ़ि विधि, सामाजिक-धार्मिक परम्पराएं और सामुदायिक संसाधनों के पारम्परिक प्रबंधन व्यवस्था अनुरूप बननी है. लेकिन JPRA में यह मूल भावना सम्मिलित नहीं है. इसलिए सबसे पहले JPRA को संशोधित करने की ज़रूरत है.

वार्ता में कहा गया कि PESA के तहत ग्राम सभा के कुछ प्रमुख अधिकार जो JPRA में सम्मिलित नहीं हैं निम्न हैं – 1) भूमि अर्जन से पहले और पुनर्वास के पहले ग्राम सभा से सहमति, 2) गौण खनिजों पर नियंत्रण, 3) गौण वन उपजों पर मालिकाना, 4) गैर कानूनी तरीके से ली हुई जमीन वापसी करवाने की शक्ति, 5) सामुदायिक संसाधनों का पारंपरिक प्रबंधन व्यवस्था आदि.

इसके अलावा JPRA में अनुसूचित क्षेत्र के लिए ऐसे कई धाराएं व प्रावधान हैं जो PESA की मूल भावना के अनुरूप नहीं हैं. उदाहरण के लिए, ग्राम सभा के लिए कुल सदस्यों के महज़ 1/3 की उपस्थिति का कोरम रखा गया है. इससे सामूहिकता कमज़ोर होती है. पंचायत सचिव को ही ग्राम सभा का सचिव बनाया गया है. जबकि, अनुसूचित क्षेत्र में प्रशासन व बाहरी तत्वों द्वारा ग्राम सभाओं को नियंत्रित करने की कोशिश लगातार रहती है.

साथ ही, JPRA में ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति व ज़िला परिषद् को कई अधिकार हैं जो PESA के तहत ग्राम सभा के अधिकार क्षेत्र पर हस्तक्षेप करते हैं. महासभा द्वारा JPRA में प्रस्तावित संशोधनों में PESA के सभी अधिकारों को जोड़ा गया है और उक्त कमियों को सुधारा गया है. साथ ही, राज्य के सभी सम्बंधित कानूनों में नियमावली के अनुसार संशोधन हो.

JPRA में PESA के सभी प्रावधानों को जोड़े बिना नियमावली बनाना उचित नहीं 

महासभा मानती है कि बिना मूल कानून (JPRA) में PESA के सभी प्रावधानों को जोड़े नियमावली बनाना उचित नहीं है, क्योंकि प्रावधानों को कानून का बल नहीं मिलेगा. पंचायत राज विभाग द्वारा बनाए गए नियमावली में अनेक गंभीर खामियां हैं. PESA का प्रमुख प्रावधान है कि परम्पराओं और रुढ़ि के अनुसार समाज समाविष्ट टोला/टोलों के समूह से एक गांव का गठन करना. लेकिन नियमावाली में ग्राम गठन के बदले ग्राम सभा गठन का वर्णन है.

PESA के अनुसार ग्राम सभा आदिवासी भूमि का गलत तरीके के हस्तांतरण को रोकने और ऐसी भूमि वापस करवाने के लिए सक्षम है. लेकिन नियमावली में निर्णायक भूमिका उपायुक्त को दिया गया है. वर्तमान नियमावली में सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक स्वायत्तता पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए प्रक्रियाओं को नहीं जोड़ा गया है. महासभा द्वारा नियमावली में ऐसे कमियों को सुधारा गया है.

गठबंधन दलों ने PESA को पूर्ण रूप से लागू करने का चुनावी वादा किया था

महासभा विभिन्न संगठनों के लगातार संघर्ष से राज्य में PESA पर व्यापक चर्चा शुरू हुई है. लेकिन विभिन्न समूहों में PESA लागू करने की प्रक्रिया पर अलग-अलग सोच होने के कारण सरकार पर इसे लागू करने के सामूहिक दबाव नहीं पड़ रहा है. ऐसी एक गलत अवधारणा भी फ़ैल रही है कि PESA लागू होने से पंचायत ख़तम हो जायेंगे एवं PESA सीधा, बिना राज्य पंचायत कानून के लागू हो सकते हैं.

गठबंधन दलों ने PESA को पूर्ण रूप से लागू करने का चुनावी वादा किया था. विधान सभा सत्र में झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू समेत कई विधायकों ने भी इन मुद्दों को उठाया है. लेकिन अभी तक राज्य सरकार ने इस पर स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं दर्शाई है।

महासभा राज्य सरकार से मांग करती है कि तुरंत JPRA में संशोधन कर PESA के सभी प्रावधान जोड़े जायें एवं उसके अनुसार नियमावली बनाई जाये. साथ ही, प्रशासन और पुलिस को ग्राम सभा के अधिकारों के विषय में जागरूक किया जाये एवं यह सुनिश्चित किया जाये कि वे ग्राम सभा के अधिकारों का उल्लंघन न करें.

राम भक्तों के लिए

नए कुलपति प्रो. दिनेश कुमार सिंह का स्नातकोत्तर शिक्षक संघ ने किया अभिनंदन

0

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के नए कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार सिंह का आर्यभट्ट सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में स्नातकोत्तर शिक्षक संघ द्वारा भव्य स्वागत किया गया। संघ के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार गुप्ता और सचिव डॉ. विनोद रंजन ने उन्हें पुष्प स्तबक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित रहे।

शिक्षकों ने पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव डॉ. विनोद रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने नए कुलपति को शिक्षकों की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

डॉ. रंजन ने कुलपति द्वारा शिक्षकों की कमी और पदोन्नति की समस्या को प्राथमिकता से उठाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति में कुछ नियमगत अड़चनें हैं, जिन्हें आवश्यक सुधारों के माध्यम से दूर किए जाने की जरूरत है।

जल्द होगा कुलपति के साथ संवाद

डॉ. रंजन ने आगे बताया कि स्नातकोत्तर शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही कुलपति से मुलाकात करेगा। इस बैठक में वे विश्वविद्यालय और शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं एवं उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत करेंगे।

इस स्वागत समारोह ने कुलपति और शिक्षकों के बीच सकारात्मक संवाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में कार्य किया।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

स्कूली छात्रों को WAVES समिट 2025 और Create in India Challenge में दिखाने का मिलेगा मौका

0

रांची: झारखंड के स्कूली छात्र जल्द ही अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर कर सकेंगे। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित World Audio Visual and Entertainment Summit (WAVES) 2025 और Create in India Challenge (CIC) Season-1 के तहत उन्हें एनीमेशन, फिल्म निर्माण, गेमिंग, संगीत और दृश्य कला जैसी 25 प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य मीडिया और मनोरंजन उद्योग में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।

भारत में पहली बार हो रहा है CIC Season-1 का आयोजन

Create in India Challenge (CIC) Season-1 भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसे अगस्त 2024 में शुरू किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाना है। CIC के तहत आयोजित होने वाली 25 प्रतियोगिताओं के विजेताओं को WAVES 2025 जैसे राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही, उन्हें अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भी भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है।

इस प्रतियोगिता में सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के छात्र भाग ले सकते हैं। उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा, छात्रों तक जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है।

WAVES समिट 2025: मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए बड़ा मंच

WAVES Summit 2025, भारत सरकार द्वारा आयोजित एक वैश्विक आयोजन है, जिसका उद्देश्य भारत को मीडिया और मनोरंजन उद्योग का केंद्र बनाना है। यह समिट 1 से 4 मई 2025 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगी।

इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों से मिलने का मौका मिलेगा। साथ ही, उन्हें कंटेंट मार्केट (WAVES बाजार), स्टार्टअप एक्सेलेरेटर (WaveXcelerator) और नेटवर्किंग हब जैसे कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

छात्रों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं

CIC Season-1 के तहत स्कूली छात्रों के लिए कई अनूठी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • यंग फिल्ममेकर्स चैलेंज
  • एनिमेशन फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता
  • इंडिया-बर्ड आई व्यू चैलेंज
  • एनिमे चैलेंज
  • फिल्म पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता
  • शैक्षिक वीडियो गेम प्रतियोगिता
  • कॉमिक्स क्रिएटर चैंपियनशिप
  • अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस
  • कॉमिक्स क्रॉनिकल्स

प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया

प्रतिभागियों को आधिकारिक वेबसाइट wavesindia.org पर जाकर पंजीकरण करना होगा। प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए विशेष नियम और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा।

प्रतियोगियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी प्रविष्टियाँ जमा करनी होंगी। इसके बाद विशेषज्ञों की समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा, और विजेताओं की घोषणा आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने किया देश के रचनाकारों से भाग लेने का आग्रह

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के रचनाकारों से Create in India Challenge (CIC) Season-1 में भाग लेने का आह्वान किया है। यह पहल भारत के युवा रचनाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।

WAVES समिट 2025 और CIC Season-1 न केवल छात्रों के रचनात्मक कौशल को निखारने का अवसर देंगे, बल्कि भारत को वैश्विक मीडिया और मनोरंजन उद्योग के केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी मदद करेंगे।

News Desk

राम भक्तों के लिए

चैनपुर के पकनी गांव पहुंचे उपायुक्त, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

0

गुमला: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित बामदा पंचायत के पकनी गांव का दौरा किया और वहां के निवासियों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इस गांव में कोरबा और बिरहोर जनजाति (PVTG समुदाय) के करीब 20 परिवार रहते हैं, जो मुख्य रूप से खेती पर निर्भर हैं। ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क निर्माण से जुड़ी परेशानियों को उपायुक्त के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

गांव में बिजली-पानी की समस्या, जलमीनार और सोलर प्लांट सुधारने का आदेश

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ साल पहले गांव में जलमीनार का निर्माण हुआ था, लेकिन वह अब खराब पड़ा है, जिससे उन्हें पेयजल की समस्या हो रही है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द जलमीनार दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

इसी तरह, गांव में पहले सोलर एनर्जी के माध्यम से बिजली आपूर्ति होती थी, लेकिन बिजली गिरने से सोलर सिस्टम खराब हो गया, जिससे गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सोलर प्लांट को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।

वन पट्टा की समीक्षा और आजीविका मिशन से महिलाओं को जोड़ने का आह्वान

उपायुक्त ने गांव में वन पट्टा की स्थिति की समीक्षा की और JSLPS (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़कर सरकारी ऋण योजनाओं का लाभ लेने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को वन धन विकास केंद्र की जानकारी भी दी गई और बाहर काम करने गए लोगों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने की सलाह दी गई।

आंगनबाड़ी, राशन और सरना स्थल निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है, जिससे महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसके अलावा, गांव में स्थानीय राशन डीलर भी नहीं है, जिसके कारण ग्रामीणों को दूर जाकर राशन लेना पड़ता है। उन्होंने सरना स्थल निर्माण और गृह निर्माण के लिए बालू आपूर्ति की समस्या को भी उठाया। उपायुक्त ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला और शिशु स्वास्थ्य पर जोर, सरकारी योजनाओं की जानकारी

उपायुक्त ने महिलाओं से गैस कनेक्शन, राशन वितरण, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery) को बढ़ावा देने की अपील की और मातृ वंदना योजना तथा जननी शिशु योजना के तहत ₹6,500 की सहायता राशि के बारे में बताया।

इसके अलावा, मोबाइल मेडिकल वैन द्वारा लगाए जाने वाले स्वास्थ्य जांच शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

कृषि योजनाओं से जुड़ने की अपील

भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने ग्रामीणों को तालाब निर्माण और सिंचाई मशीन योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि विभाग कृषि वाहन खरीदने के लिए अनुदान भी दे रहा है। उपायुक्त ने 9431319825 हेल्पलाइन नंबर साझा किया, जिससे ग्रामीण अपनी समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।

विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

उपायुक्त ने नव प्राथमिक विद्यालय, पकनी का निरीक्षण कर बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और शिक्षकों से स्कूल में सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर पोषण ट्रैकर की समीक्षा की और निर्देश दिया कि छूटे हुए बच्चों को आंगनबाड़ी से जोड़ा जाए।

दौरे में कई अधिकारी रहे मौजूद

इस निरीक्षण दौरे में एसडीओ पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ यादव बैठा, सीओ दिनेश गुप्ता और पंचायत मुखिया सीताराम मुंडा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में घाघरा में गड़बड़ी, लाभुकों को मिले कमजोर और बीमार सुकर

0

गुमला: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुधारना और रोजगार प्रदान करना है, लेकिन घाघरा प्रखंड में यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। लाभुकों को बेहतर नस्ल के पशुओं की जगह कमजोर और बीमार सुकर वितरित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

लाभुकों को नहीं मिला सही पशु, कागजी हेरफेर के आरोप

योजना के तहत लाभुकों को अनुदानित दर पर पशु दिए जाते हैं, लेकिन घाघरा में कई लाभुकों ने आरोप लगाया कि उन्हें कागज पर बड़े और स्वस्थ पशु दिखाए गए, जबकि वास्तविक वितरण में बीमार और कमजोर सुकर दिए गए। घाघरा निवासी निर्मला उरांव ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में बड़े और स्वस्थ सुकर के साथ उनकी तस्वीर ली गई, लेकिन जब वितरण हुआ तो छोटे और बीमार सुकर उनके घर भेज दिए गए। शिकायत करने पर पशुपालन पदाधिकारी ने नए सुकर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो दिन में ही दो सुकर की मृत्यु हो गई।

निर्मला उरांव ने यह भी बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए उन्होंने ₹14,400 का भुगतान किया था, लेकिन कमजोर और मर चुके पशु मिलने से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। इसी तरह नीमा देवी ने कहा कि उन्होंने एक साल पहले योजना के लिए राशि जमा की थी, लेकिन उन्हें भी बीमार सुकर मिले। उनका एक पशु कुछ भी नहीं खा रहा, जिससे यह आशंका है कि उसे बहुत छोटी उम्र में ही लाभुकों को दे दिया गया। विनीता देवी ने भी शिकायत की कि उन्हें एक ऐसा सुकर दिया गया, जो दूध पीने की उम्र का था, जिससे एक सुकर की मृत्यु हो गई।

पशुपालन पदाधिकारी ने दी सफाई

जब इस मामले में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सीमा एक्का से बात की गई तो उन्होंने कहा कि गाड़ी में डाला लगा होने के कारण वे वितरण के दौरान पशुओं को ठीक से नहीं देख सकीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि दिए गए सुकर कमजोर और बीमार हैं या मर गए हैं, तो लाभुकों से वापस लेकर नए स्वस्थ सुकर वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य पशुपालकों की आय बढ़ाना था, लेकिन घाघरा में इसके कार्यान्वयन पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और लाभुकों को उनका हक कैसे दिलाया जाता है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में उपायुक्त की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों संग बैठक, चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चा

0

गुमला : गुमला जिले में आगामी चुनावों की तैयारी के मद्देनज़र आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने को लेकर चर्चा की गई, साथ ही सभी दलों से उनके सुझाव भी आमंत्रित किए गए।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र लेकिन छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं और उन्हें मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों से चुनाव से जुड़ी किसी भी संभावित परेशानी या सुझाव को साझा करने का आग्रह किया ताकि प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जा सके।

बैठक के बाद उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया और ईवीएम के रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इस बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी गुमला-68, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बिशुनपुर-69, उप निर्वाचन पदाधिकारी गुमला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला उपायुक्त ने पकनी गांव का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु दिए निर्देश

0

गुमला, 14 मार्च 2025 – गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आज चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बामदा पंचायत के पकनी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

बिजली, पानी और सड़क की समस्याएं प्रमुख मुद्दे
गांव में कोरबा व बिरहोर जनजाति (PVTG समुदाय) के लगभग 20 परिवार निवास करते हैं, जो मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष बिजली, पानी और सड़क निर्माण की समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व जलमीनार का निर्माण हुआ था, जो अब खराब पड़ा है। उपायुक्त ने जलमीनार को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, सोलर एनर्जी के माध्यम से गांव को बिजली से जोड़ा गया था, लेकिन खराबी के कारण गांव अंधेरे में है। उपायुक्त ने इस समस्या के समाधान हेतु संबंधित अधिकारी को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आजीविका और सरकारी योजनाओं की जानकारी
उपायुक्त ने वन पट्टा की स्थिति की समीक्षा की और आजीविका मिशन (JSLPS) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों को कृषि और अन्य जीविकोपार्जन के साधनों को सशक्त बनाने के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने और सरकार की ऋण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

राशन, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है, जिससे महिलाओं और बच्चों को पोषण संबंधी लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। राशन डीलर की अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उपायुक्त ने इन समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।

महिलाओं से गैस कनेक्शन, राशन वितरण, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की अपील करते हुए मातृ वंदना योजना और जननी शिशु योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि के बारे में जागरूकता फैलाई।

खेती-बाड़ी और सिंचाई योजना की जानकारी
भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने ग्रामीणों को तालाब निर्माण और सिंचाई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत किसानों को अनुदान के रूप में कृषि उपकरण और वाहनों की खरीद में सहायता प्रदान की जाएगी।

ग्रामीणों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9431319825 जारी किया है, जहां वे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण
उपायुक्त ने नव प्राथमिक विद्यालय, पकनी का निरीक्षण कर बच्चों और शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण ट्रैकर की स्थिति की समीक्षा की और छूटे हुए बच्चों को केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए।

उपस्थित अधिकारी और प्रतिनिधि
इस दौरे के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर, अंचल अधिकारी चैनपुर और पंचायत मुखिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में डायन बिसाही के अंधविश्वास में महिला की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0

गुमला, 14 मार्च 2025 – झारखंड के गुमला जिले में अंधविश्वास के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के फट्टी बगीचा टोली गांव में 50 वर्षीय महिला मैनो देवी की धारदार हथियार से हत्या कर शव को कटवा नदी के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गायब हुई महिला का मिला शव

मृतका के पुत्र भीम उरांव के अनुसार, उनकी मां शुक्रवार को अपने दूसरे घर जा रही थीं, लेकिन अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। जब काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिलीं, तो परिजनों ने टोटो थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में गुमला सदर थाना में आवेदन देने पर पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संज्ञान लेते हुए एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई और रांची से डॉग स्क्वायड बुलाकर छानबीन शुरू की।

आरोपी ने कबूला अपराध

जांच के दौरान पुलिस को कटवा नदी के उत्तरी छोर पर मैनो देवी की चप्पल और कुछ दूरी पर उनका शव बरामद हुआ। महिला एसआई हेमा देवी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान मृतका के पड़ोसी कर्मपाल लकड़ा पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिसिया सख्ती के बाद कर्मपाल ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी भाभी की मौत 2009 में सांप के काटने से हुई थी। वह इस घटना को डायन-बिसाही और जादू-टोने से जोड़कर मैनो देवी को इसका जिम्मेदार मान रहा था। इसी अंधविश्वास में उसने धारदार हथियार से महिला की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

गुमला पुलिस ने हत्या के आरोपी कर्मपाल लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़ी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में 11 हजार वोल्ट का तार गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग

0

गुमला, 14 मार्च 2025 – गुमला जिले के करौंदा लिटा टोली गांव में बिजली विभाग की लापरवाही एक बड़ी दुर्घटना का कारण बनी। यहां 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार अचानक टूटकर एक महिला के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई गांवों, कस्बों और मोहल्लों में जर्जर बिजली तारों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। समय-समय पर तार गिरने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे अब तक कई लोगों और मवेशियों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग इस समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है।

ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और पीड़िता को मुआवजा नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

प्रशासन की निष्क्रियता पर आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि हादसों के बावजूद बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता, जिससे लोगों की जान खतरे में बनी रहती है। उन्होंने जिला प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि इस घटना के बाद बिजली विभाग कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाता है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium