23.1 C
Ranchi
Thursday, September 17, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में नकली पनीर के खिलाफ छापेमारी, 4 दुकानों से सैंपल जांच...

गुमला में नकली पनीर के खिलाफ छापेमारी, 4 दुकानों से सैंपल जांच के लिए भेजे गए

गुमला न्यूज़ ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

Edited by – Sanjana

गुमला: त्योहारी सीजन से पहले गुमला में मिलावटी और एनालॉग पनीर की बिक्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड सरकार के निर्देश पर विभाग की टीम ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान चार प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है।

इन दुकानों और रेस्टोरेंट में हुई जांच

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज के नेतृत्व में टीम ने लोहरदगा रोड स्थित मेसर्स ब्लूम रेस्टोरेंट, सिसई रोड स्थित मेसर्स श्रिया महाजन स्टोर, मेन रोड के मेसर्स राज होटल, पटेल चौक स्थित मेसर्स गोविंद स्टोर और मेसर्स लक्की जेनरल स्टोर का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान ब्लूम रेस्टोरेंट, राज होटल, श्रिया महाजन स्टोर और लक्की जेनरल स्टोर से पनीर के सैंपल लिए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में पनीर में मिलावट या गलत तरीके से लेबलिंग किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने साफ किया है कि एनालॉग पनीर को असली डेयरी पनीर के नाम पर गलत तरीके से बेचने या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

लाइसेंस से लेकर साफ-सफाई तक की जांच

अभियान के दौरान टीम ने कई अन्य किराना दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट की भी जांच की। खाद्य लाइसेंस, परिसर की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट, पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट की भी पड़ताल की गई।

खाद्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर पहनने का निर्देश दिया गया। कारोबारियों से कहा गया कि वे केवल मानकों के अनुरूप और सुरक्षित खाद्य सामग्री की ही बिक्री करें।

त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान

त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग का यह विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी खाद्य सामग्री में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होता है, तो इसकी सूचना विभाग को दें या ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराएं।

फिलहाल जिन पनीर के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है, उनकी लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उनमें किसी तरह की मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया गया है या नहीं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading