गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
राज्य स्तरीय टॉपर्स को दो-दो लाख रुपये का चेक, लैपटॉप एवं अन्य उपहार प्रदान कर किया गया सम्मानित, 13 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र
वनाधिकार पट्टा का वितरण एवं ग्रामीण आवास योजना के उत्कृष्ट लाभुकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित
गुमला : – जिला मुख्यालय गुमला में – झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज जिले में उत्साह, उमंग एवं गौरवपूर्ण वातावरण में जिला स्तरीय विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां एवं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, जनजातीय समुदाय के अधिकारों एवं ग्रामीण परिवारों के सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए विभिन्न विभागों की ओर से सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान*
कार्यक्रम में जिला शिक्षा विभाग की ओर से वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संत पैट्रिक विद्यालय, गुमला के छात्र दिव्यांशु उरांव एवं खिलेश साहू को सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थियों ने 500 में से 496 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया था। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को दो लाख रुपये का चेक, लैपटॉप, माउस, मोबाइल फोन, बैग एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
वहीं, ओलंपियाड-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरस्वती विद्या मंदिर, भरनो के छात्र शौर्य सिंह को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने साइंस ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था। इस उपलब्धि के लिए उन्हें लैपटॉप, माउस, एडाप्टर, बैग, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
*13 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र*
शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में जिला शिक्षा विभाग की ओर से 13 नवनियुक्त सहायक आचार्यों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। उपायुक्त ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
*वनाधिकार पट्टा वितरण से जनजातीय समुदाय के अधिकारों को मिला सम्मान*
जिला कल्याण विभाग की ओर से समारोह में पांच लाभुकों के बीच वनाधिकार पट्टा का वितरण किया गया। इसके माध्यम से पात्र लाभुकों एवं वनाश्रित समुदायों के पारंपरिक अधिकारों को मान्यता देने तथा उनके अधिकारों को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
*प्रशासन की पहल से जरूरतमंद महिला का एक वर्ष में पूरा हुआ पक्के मकान का सपना*
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत अपने आवास निर्माण कार्य को उत्कृष्ट एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने वाले लाभुकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एक जरूरतमंद एवं असहाय महिला का उदाहरण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। जिला प्रशासन की पहल पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया। प्रशासनिक प्रयासों से समय पर सभी किस्तों का भुगतान सुनिश्चित हुआ और महज एक वर्ष के भीतर उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*उपायुक्त ने कहा- स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि विकसित झारखंड के संकल्प को दोहराने का अवसर है*
इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड का 26वां स्थापना दिवस पूरे राज्य में उत्साह एवं महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य स्तर पर भी व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। खेलगांव में मेले जैसा उत्सवी माहौल है, जहां विभिन्न जिलों से लोग पहुंच रहे हैं तथा अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इसी उत्सव की कड़ी में जिले में भी शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जा रहा है। यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है कि हमारे विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। माध्यमिक परीक्षा में 496 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने वाले दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित करना हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। वहीं, आज 13 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया है। सभी को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
उपायुक्त ने वनाधिकार पट्टा वितरण एवं ग्रामीण आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव आए।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि झारखंड स्थापना दिवस को हम सभी मिलकर उत्सव के रूप में मनाएं और राज्य के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। हम सबका सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि झारखंड को और विकसित एवं समृद्ध बनाने के साथ-साथ गुमला जिले को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।







