19.1 C
Ranchi
Wednesday, November 18, 2026
Advertisement
Home Blog Page 191

फुसरो नगर परिषद चुनाव: तीसरे दिन तक अध्यक्ष पद के लिए 10 महिलाओं ने खरीदा पर्चा, वार्ड पार्षद पद के लिए 127 उम्मीदवारों ने लिया नामांकन पत्र

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

फुसरो नगर परिषद चुनाव को लेकर उम्मीदवारों में उत्साह चरम पर है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन तक जहां अध्यक्ष पद के लिए 10 महिलाओं ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 127 उम्मीदवारों ने पर्चा लिया है। हालांकि, अध्यक्ष पद के लिए अब तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, जिससे इस पद को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन 2 और दूसरे दिन 8 महिलाओं ने नामांकन पत्र खरीदे। इस तरह कुल 10 संभावित उम्मीदवार सामने आए हैं, लेकिन किसी ने भी अब तक नामांकन दाखिल नहीं किया है।
वहीं, वार्ड पार्षद पद को लेकर उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 127 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इनमें से कुछ वार्डों से नामांकन भी दाखिल किया गया है।
तीसरे दिन वार्ड संख्या 10 से दीपक कुमार और वार्ड संख्या 13 से लवली देवी ने अपना नामांकन दाखिल किया।
वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वालों का आंकड़ा इस प्रकार है—
पहला दिन: 64
दूसरा दिन: 49
तीसरा दिन: 14
फुसरो नगर परिषद में कुल 28 वार्ड हैं। कुल मिलाकर चुनावी माहौल गर्म है और खासकर वार्ड पार्षद पद के लिए भारी उत्साह देखा जा रहा है, जबकि अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अभी नामांकन दाखिल करने से दूरी बनाए हुए हैं।
चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार है—
नामांकन की अंतिम तिथि: 4 फरवरी
नामांकन पत्रों की जांच: 5 फरवरी
नाम वापसी: 6 फरवरी
चुनाव चिह्न आवंटन: 7 फरवरी
मतदान: 23 फरवरी
मतगणना व परिणाम: 27 फ़रवरी

राम भक्तों के लिए

तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में मासिक लोक अदालत का आयोजन, 17 मामलों का निष्पादन

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

माननीय सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं जिला जज बोकारो के निर्देशानुसार तेनुघाट व्यवहार न्यायालय परिसर में मंगलवार, 31 जनवरी को मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में दो बेंच का गठन किया गया था।
प्रथम बेंच में जिला जज द्वितीय श्री सूर्य मणि त्रिपाठी एवं अधिवक्ता श्री गिरिवर कुमार महतो उपस्थित थे, जबकि द्वितीय बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी श्री दिग्विजय नाथ शुक्ला एवं अधिवक्ता श्री विनोद कुमार गुप्ता मौजूद रहे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी ने बताया कि लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत में लोगों की बढ़ती भीड़ यह दर्शाती है कि आम जनता लोक अदालत से संतुष्ट है और अपने मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करवा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष में लोक अदालत के माध्यम से हजारों मामलों का सफल निष्पादन किया गया है।
31 जनवरी को आयोजित इस मासिक लोक अदालत में कुल 17 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 6 लाख 86 हजार रुपये की समझौता राशि वसूल की गई।

राम भक्तों के लिए

गोमिया इंटर कॉलेज में 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

0

न्यूज़ – कहकशां फारूकी 

गोमिया इंटर कॉलेज, गोमिया में शनिवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा प्राचार्य एवं शिक्षकगण के स्वागत के साथ हुआ। 11वीं के छात्रों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्राचार्य का स्वागत किया तथा कॉलेज गेट से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा करते हुए उन्हें उनके निर्धारित स्थान पर बैठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गई। स्वागत गीत पवन कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और गरिमामय बना दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक संदेश एवं शुभकामनाएं दीं। दीप प्रज्वलन के पश्चात प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया, जिस पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं इस मौके पर जूनियर में अपने सीनियर के लिए विदाई जीत गया जिससे सभी विद्यार्थियों की आंखें नम हो गई।12वीं कक्षा के छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए। छात्रा अनुपमा पाठक नेहिंदी में अपने कॉलेज जीवन के अनुभव बताए और अपने गुरुजनों का आभार व्यक्त किया वहीं छात्रा प्रीति कुमारी ने अंग्रेजी में दो वर्षों की अपनी शैक्षणिक यात्रा को साझा किया।
विदाई समारोह के विशेष क्षण में 12वीं कक्षा के छात्र सागर कुमार को व्याख्याता संजय शर्मा द्वारा मिस्टर फेयरवेल का काश (सैश) पहनाया गया। वहीं श्रीमती फिलोमिना करेकेट्ट ने अनुपमा पाठक को मिस फेयरवेल का सैश पहनाया। इसके अलावा व्याख्याता कहकशां बेगम द्वारा जूनियर चॉइस का क्राउन प्रियंका कुमारी को पहनाया गया। इन पलों के दौरान उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के जूनियर-सीनियर विद्यार्थियों ने मिलकर सामूहिक रूप से नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे माहौल और भी यादगार बन गया। मंच संचालन 11वीं कक्षा की छात्रा एंजेल हेंब्रम ने कुशलतापूर्वक किया।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर मोहम्मद सलीम, प्रोफेसर संजय शर्मा, प्रोफेसर देवेंद्र गुप्ता, प्रोफेसर नितेश कुमार और महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, कर्मी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। मंच का सचालन एंजेल हेंब्रम ने बहुत ही सफलता पूर्वक किया।

राम भक्तों के लिए

69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में मेजबान झारखंड के बालक एवं बालिका दोनों टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में रहे सफल

0

न्यूज डेस्क 

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग प्रतियोगिता के पांचवें दिन मुकाबलों का आयोजन जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी ,रांची, रेलवे एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, हटिया एवं खूंटी में किया गया।
आज हुए रेलवे ग्राउंड, हटिया में आयोजित मैचों की शुरुआत धीरसेन ए. सोरेंग राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव, ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे, भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा तथा पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उन्हें जीत की शुभकामनाएं देकर की गई।
आज के प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता संघर्ष पूर्ण मुकाबले के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुकी बालक एवं बालिका वर्ग की 16–16 हॉकी टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। इसमें 8–8 टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और सेमीफाइनल के लिए कड़े संघर्ष एवं जबरदस्त तालमेल के बल पर 4–4 राज्य एवं इकाइयों ने सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाबी हासिल की।
जिसमें बालिका वर्ग में एकतरफा मुकाबले में झारखंड की बेटियों ने छत्तीसगढ़ को 11–0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं मणिपुर की टीम ने पंजाब को शूटआउट में 3–2 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि उड़ीसा ने मिजोरम के खिलाफ शूटआउट में 5–2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं उत्तर प्रदेश ने सीधे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 3–1 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वही बालक वर्ग में पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला उड़ीसा और दिल्ली के बीच हुआ, जिसमें कड़ी टक्कर के बाद शूटआउट में उड़ीसा ने दिल्ली को 9–8 से पराजित किया। वहीं झारखंड ने मध्य प्रदेश को 5–2 से पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। समाचार लिखे जाने तक हरियाणा और चंडीगढ़ तथा पंजाब और उत्तर प्रदेश के मैच जारी थे।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 31 जनवरी को जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी तथा रेलवे हॉकी ग्राउंड, हटिया में आयोजित किए जाएंगे।

राम भक्तों के लिए

नन्ही मुस्कानों को सुरक्षित भविष्य देने की पहल : गुमला में हैबिट चेंज अभियान का दूसरा चरण पुनः आरंभ

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिले में नन्हे बच्चों की सेहत, सुरक्षा और मुस्कान को संवारने के उद्देश्य से हैबिट चेंज अभियान के दूसरे चरण के कार्यक्रम का दिनों 28 जनवरी से पुनः आरंभ कर दिया गया है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में शुरू किया गया यह अभियान, पहले चरण की सफलता को देखते हुए दोबारा प्रारंभ किया गया है।
इस अभियान के माध्यम से जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ रसोई, साफ-सुथरे परिसर और सुरक्षित वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपायुक्त का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चे को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिले, ताकि बचपन से ही उनमें अच्छी आदतों का विकास हो सके।
अभियान के तहत प्रत्येक दिन जिले में न्यूनतम 24 आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। LS, CDPO, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मियों द्वारा प्रतिदिन आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर निरीक्षण किया जा रहा है तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित का मानना है कि बच्चों में हैबिट चेंज होने से न केवल वे स्वयं साफ-सुथरे और सुरक्षित रहना सीखेंगे, बल्कि उनके परिजन भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगे। “बच्चे साफ रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे” इसी सोच के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों से इस अभियान की मजबूत शुरुआत की गई है, जिसमें बच्चों एवं केंद्रों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
दूसरे चरण का यह अभियान 15 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित का प्रयास है कि यह पहल केवल एक अभियान न रहकर, बच्चों और परिवारों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव लेकर आए और गुमला जिले के हर बच्चे को स्वस्थ एवं सुरक्षित बचपन मिल सके।

राम भक्तों के लिए

जिला प्रशासन के नेतृत्व में एफपीओ मॉडल से किसानों को मिला ज्ञान, भरोसा और अतिरिक्त आय

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

संरक्षित खेती ने बदली खेती की दिशा और किसानों की सोच

गुमला : – गुमला जिले में किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने और सुरक्षित खेती की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के नेतृत्व में किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से संरक्षित खेती (शेड नेट फार्मिंग) की पहल की गई है। यह पहल केवल एक कृषि परियोजना नहीं, बल्कि किसानों को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक एवं ठोस प्रयास के रूप में सामने आई है।
इस पहल की शुरुआत पालकोट प्रखंड के तोरपा क्षेत्र में पालकोट कॉपरेटिव एफपीओ से जुड़े लक्षित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम से हुई। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को शेड नेट के अंतर्गत खेती की बुनियादी एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। इसमें फसल नियोजन, नर्सरी प्रबंधन, ग्राफ्टेड पौधों का उपयोग, नियंत्रित वातावरण में उन्नत फसल प्रबंधन तथा खुली खेती की तुलना में संरक्षित खेती के लाभों को सरल भाषा में समझाया गया। इस प्रशिक्षण से किसानों को यह स्पष्ट समझ विकसित हुई कि सीमित भूमि और संसाधनों में भी सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं लाभकारी खेती संभव है।
प्रशिक्षण उपरांत किसानों ने शेड नेट संरचनाओं के अंतर्गत सब्जी उत्पादन की शुरुआत की। शिमला मिर्च, कैप्सिकम, फूलगोभी, फ्रेंच बीन्स, मटर एवं ग्राफ्टेड टमाटर जैसी फसलों की खेती निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन के साथ की गई। संरक्षित वातावरण के कारण मौसम की अनिश्चितता, कीट प्रकोप एवं फसल क्षति में उल्लेखनीय कमी आई, जिससे उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार हुआ और पूरे वर्ष उपज में स्थिरता बनी रही।
आय सृजन के स्तर पर इस पहल का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। मात्र 4 डिसमिल क्षेत्र में शेड नेट खेती से किसानों को परंपरागत खेती की तुलना में ₹35,000 से ₹40,000 तक की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज और बाजार में उचित मूल्य मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति में वास्तविक सुधार हुआ।

इस पूरे प्रयास में पालकोट कॉपरेटिव एफपीओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। एफपीओ के माध्यम से किसानों को बीज, पौध, तकनीकी सहयोग, उत्पादन का एकत्रीकरण तथा बाजार से सीधा जुड़ाव उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में इस एफपीओ से लगभग 3200 किसान जुड़े हुए हैं। वर्ष 2025 में मात्र 10 माह की अवधि में एफपीओ ने ₹80 लाख का टर्नओवर प्राप्त किया है। इसी अवधि में 84 मीट्रिक टन कृषि उत्पादों की मार्केटिंग की गई, जो रांची, जमशेदपुर, राउरकेला एवं अंबिकापुर जैसे चार प्रमुख शहरों तक पहुँची।
इस पहल के प्रोटोटाइप विकास एवं क्रियान्वयन में FPO-RC का सहयोग रहा, जबकि परिसंपत्ति सृजन हेतु Bank of America का समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे किसानों को आवश्यक बुनियादी संरचनाएं सुलभ हो सकीं।
उपायुक्त के निर्देशानुसार किसानों के उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता एवं बाजार पहुंच को और सुदृढ़ करने हेतु JSLPS, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, आत्मा एवं मनरेगा के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ एफपीओ एवं इससे जुड़े किसानों को दिया गया है। साथ ही उपायुक्त के निर्देश पर प्रदान संस्था द्वारा किसानों को निरंतर मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।
आज इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम यह है कि किसान पहले से अधिक शिक्षित, जानकार और आत्मविश्वासी बने हैं। वे खेती को केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि एक सतत और लाभकारी उद्यम के रूप में देखने लगे हैं। बढ़ी हुई आय से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को लेकर भी एक नई आशा और विश्वास का संचार हुआ है।

राम भक्तों के लिए

घाघरा अंचल के वन क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर त्वरित कार्रवाई

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित घाघरा अंचल के आदर पंचायत के सलगी गांव स्थित वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त होते ही उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।

इस क्रम में अंचल अधिकारी घाघरा सुशील खाखा, थाना प्रभारी मोहन सिंह एवं फॉरेस्टर राम शेखर द्वारा शुक्रवार (30 जनवरी 2026) के शाम संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि वन क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 65 डिस्किमिल भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गई थी। तत्पश्चात संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही उक्त अवैध खेती को नष्ट कर दिया गया।

उक्त भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त कार्रवाई के तहत अवैध अफीम की खेती को पूर्णतः डिस्ट्रॉय किया गया।

अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा अवैध खेती में संलिप्त व्यक्ति – व्यक्तियों की पहचान एवं खोज की जा रही है। जांचोपरांत इस अवैध कृत्य में शामिल दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राम भक्तों के लिए

पुलिस कप्तान गुमला हरिश बिन जामां की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार, चन्दाली, गुमला में किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक(मु0 – प्रशिक्षु), गुमला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर,गुमला, बसिया, अंचल निरीक्षक, गुमला, चैनपुर, बसिया, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, गुमला, पुलिस निरीक्षक-सह-प्रभारी, सी0सी0आर0, गुमला – परिचारी प्रवर, परिचारी, उपस्कर एवं परिचारी, परिवहन पुलिस केन्द्र, गुमला के साथ सभी थाना प्रभारी तथा शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। अपराध गोष्ठी प्रारंभ करने के पूर्व दिनांक-23.02.2026 को होने वाले नगरपालिका(आम) निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान हेतु सुरक्षा – विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। साथ ही लापता बच्चों के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई एवं अनुपालन हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त निम्नांकित बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिये गयेः-
1. Undetected हत्या-बलात्कार – POSCO – SC-ST – लूट – गृहभेदन – अपहरण आदि कांडों की समीक्षा।
2. अवैध मादक पदार्थों के बिक्री- तस्करी की रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई करना।
3. लंबित वारंट – स्थाई वारंट – कुर्की – इस्तेहार का निष्पादन के संबंध में।
4. सूचना अधिकार अधि0 – जन षिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत् प्राप्त लंबित आवेदन पत्रों का ससमय त्वरित निष्पादन के संबंध में।
5. पारपत्र – चरित्र सत्यापन संबंधी पत्रों का ससमय निष्पादन करना।
6. i-RAD/eDAR तथा डायल 112 से संबंधित कार्रवाई के संबंध में।
7. डायन प्रथा – मानव तस्करी – पलायन एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोक-थाम हेतु आमजनों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के संबंध में।
सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना को कम करने के उद्देष्य से बिना हेलमेट के/शराब का सेवन कर,तेज रफ्तार लापरवाही से वाहन नहीं चलाने, मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही करने तथा नशीली मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चलाने के संबंध में निर्देष दिये गये। गृहभेदन/चोरी – लूट से संबंधित कांडों की समीक्षा की गई तथा इसकी रोक-थाम हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। जमानत पर जेल से छूटे अपराधकर्मियों के संबंध में चर्चा की गई तथा इन पर लगातार निगरानी रखने हेतु निर्देश दिये गये। लंबित काण्डों से संबंधित आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई तथा त्वरित निष्पादन के संबंध में निर्देश दिये गये। विभागीय कार्यवाही की अद्यतन स्थिति के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई एवं ससमय निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। क्षेत्र में नक्सल/अपराधियों के विरूद्ध आसूचना संकलन करने तथा अवैध खनन की रोक थाम हेतु विस्तृत चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिये गये। अपने-अपने क्षेत्र में स्थान एवं समय बदल-बदल कर एंटी क्राईम वाहन चेकिंग चलाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। विगत माह में जिन-जिन थाना प्रभारी – पदाधिकारियों का प्रदर्शन औसत से कम रहा उन्हें भविष्य के लिए चेतावनी दी गई तथा जिनका प्रदर्षन अच्छा रहा उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

राम भक्तों के लिए

भागवत के बयान का आदिवासी समुदाय पर कोई असर नहीं…क्योंकि धार्मिक दृष्टिकोण से सरना धर्मावलंबी आदिवासी और हिन्दू एक नहीं हैंं…!

0
नारायण विश्वकर्मा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को लगता है कि वे जो भी कहेंगे वही ब्रह्मवाक्य होगा और लोग उसका अनुसरण करेंगे. ये उनका सबसे बड़ा भ्रम है. लेकिन वे अपने एजेंडे को कभी नहीं छोड़ते. आरएसएस झारखंड में लंबे समय से सरना-सनातन एक है का नारा देते आ रहा है पर, झारखंड में तमाम आदिवासी संगठनों ने इसे सिरे से नकारा है. हालांकि भाजपा के अधिकतर आदिवासी नेता इस मामले में गोलमोल जवाब देकर इसपर बात करने से अक्सर परहेज करते हैं. दरअसल, धार्मिक दृष्टिकोण से सरना धर्मावलंबी आदिवासी और हिन्दू एक नहीं है और यह तथ्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक दृष्टि से भी पूरी तरीके से प्रमाणित है. 

झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने सरना धर्म को धर्म नहीं बल्कि पूजा पद्धति बताने पर भागवत को जमकर लताड़ा. श्री तिर्की ने सवाल उठाया है कि आखिर मोहन भागवत यह तय करनेवाले कौन होते हैं कि सरना आदिवासियों की धार्मिक पहचान है या नहीं. उन्होंने कहा कि इस बयान के सामने आते ही आदिवासी समाज में आक्रोश है. सरना धर्मकोड आदिवासियों की धार्मिक पहचान से जुड़ा मामला है न कि केवल किसी पूजा पद्धति से.

सरना धर्म कोड दिलाने की बात क्यों नहीं करते मोहन भागवत ! : बंधु तिर्की

श्री तिर्की ने माना है कि सरना धर्म कोड आदिवासियों की सबसे बड़ी जरूरत है क्योंकि यह उनकी पहचान और संवैधानिक अधिकार से सीधे जुड़ा हुआ है. सरना हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है और हम इसे हर हाल में लेकर रहेंगे. मोहन भागवत कोई इतने बड़े ज्ञानी या विद्वान नहीं हैं कि आदिवासियों की पहचान पर वे फैसला सुनायें.

उन्होंने कहा कि संघ प्रमुख आदिवासियों के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के साथ ही हसदेव और सिंगरौली के आदिवासियों के मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते? श्री तिर्की ने कहा कि संघ प्रमुख को आदिवासियों की यदि इतनी ही चिंता है तो उन्हें छत्तीसगढ़ के हसदेव जंगल और मध्य प्रदेश के सिंगरौली क्षेत्र के साथ ही असम सहित पूरे देश के आदिवासियों के मुद्दे पर बात करनी चाहिये. जिस प्रकार से हसदेव जंगल को उजाड़ा जा रहा है और आदिवासियों के अधिकारों का सीधा-सीधा हनन हुआ है वह उनपर आघात है.

श्री तिर्की ने कहा कि सरना धर्मकोड के अभाव में आदिवासियों को अन्य धर्म में शामिल किया जाता है जो पूरी तरीके से गलत है. यह उनकी पहचान पर संकट होने के साथ-साथ उनके संवैधानिक अधिकारों पर भी आघात है.

हालांकि रांची के दौरे में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने जो बातें अपने समर्थकों के बीच कही है, उनमें कुछ भी नया नहीं, वही घिसा-पिटा तर्क है जिसे आदिवासी समाज हमेशा से नकारता रहा है. ‘सरना-सनातन’ एक होने की बातें, दूसरी सभी धर्मो के प्रति सम्मान करने की सीख. एक तीसरी बात जो उन्होंने कही, वह यह कि आदिवासी जल, जंगल, जमीन का ट्रस्टी है और उसकी सहमति, भागीदारी और जवाबदेही जरूरी है.

भागवत के सुर में सुर मिलाना झारखंड के भाजपाई नेताओं की मजबूरी 

भागवत के सरना-सनातन के सुर में सुर मिलाना झारखंड के भाजपाई नेताओं की मजबूरी है. खासकर झारखंड भाजपा के शीर्षस्थ नेताओं में शुमार बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और पार्टी में नये-नये शामिल हुए चंपई सोरेन आदिवासी समाज की संस्कृति व धार्मिक भावनाओं को अच्छी तरह से जानने-समझने के बावजूद भागवत के विचारों को प्राथमिकता देते हैं.

मूल रूप से प्रकृति पूजक आदिवासी समाज किसी कीमत पर भागवत को आदिवासी संस्कृति का ज्ञाता नहीं मान सकते. अगर ऐसा होता तो, आदिवासी संगठन उनके विचार पर अपनी मुहर जरूर लगाते. जैसे भागवत का यह कहना कि उनके पूर्वज भी जंगलों में रहा करते थे और खेती किया करते थे.

अब यह तो सामान्य समझ की बात है कि विकसित मानव सभ्यता के प्रारंभिक काल में सभी जंगल में निवास कर रहे होंगे, लेकिन सभ्यता के विकासक्रम को दौरान नागर सभ्यता की नींव पड़ी और नगर, गांव और जनपद बने और बहुसंख्यक आबादी वहां रहने लगी.

इस मामले में वरिष्ठ पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार ने भागवत के कथन पर कई तरह के सवाल उटा दिए हैं. कहा कि विकसित मानव सभ्यता की शुरुआत में दो समानांतर सभ्यता और संस्कृति ही बनी. एक समतल क्षेत्र की और दूसरी पहाड़-जंगलों में निवास करने वाले लोगों की. जंगल, पहाड़ों में रहनेवालों ने भी जंगल साफ कर खेत बनाये, लेकिन उतनी ही जितनी की जरूरत थी. वे खेती और वनों पर निर्भर अर्थ व्यवस्था थी. जबकि नागर सभ्यता वालों ने जंगलों का विनाश किया और अभी भी कर रहे हैं. हां, नगर से सटे वन क्षेत्र में ऋषि-मुनियों का आना जाना था. वहां वे आश्रम बना कर रहते थे.

उन्होंने कहा कि ऐसे ही एक आश्रम में प्रतापी राजा दुष्यंत चोर की तरह घुसे थे और शकुंतला को गर्भवती बना कर भाग गये थे और जब शकुंतला ने उनके दरबार में जाकर गुहार लगायी कि उनके पेट में पल रहा बच्चा उनका है, तो उन्होंने इंकार कर सभा से निकाल दिया था. वहीं विश्वामित्र अपने रक्षार्थ अयोध्या के राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को मांग कर लाये थे, ताकि वे उनके आश्रम की रक्षा उन आदिवासियों से करें जिन्हें वे राक्षस, दानव आदि कह कर पुकारते थे.

सरना और सनातन को मानने वाले एक ही हैं तो आदिवासी उनकी वर्ण व्यवस्था में शामिल क्यों नहीं हैं ? : विनोद कुमार

उन्होंने कहा कि भागवत को यह भी बताना चाहिए कि यदि सरना और सनातन को मानने वाले एक ही हैं तो आदिवासी उनकी वर्ण व्यवस्था में शामिल क्यों नहीं हैं?

सनातन को माननेवालों ने पूरे देश में भव्य मंदिरों का निर्माण किया और अब भी कर रहे हैं जहां उनके देवता रहते हैं और जो संविधान में बराबरी का दर्जा दिये जाने के बावजूद शूद्रों के लिए निषेध का क्षेत्र है, वहीं सरना धर्मावलंबियों ने या कहिये आदिवासियों ने तो कभी मंदिर नहीं बनाये, प्रकृति के साहचर्य में रहे और साल वृक्षों के नीचे प्रकृति पूजा की.

भागवत को यह भी बताना चाहिए कि यदि आदिवासियों से उन्हें इतना ही प्रेम था तो पूरे हिंदू वांगमय में वे दस्यू, राक्षस, निशाचर, वानर, अनार्य कह कर किसे संबोधित किया गया है?

अब उनकी दूसरी बात पर भी यानी सभी धर्मों और धर्मावलंबियों के प्रति प्रेम और आदर रखने की बात करें. क्योंकि वे तो मंचों से मीठे वचन बोलते हैं और पूरी राजनीति अल्पसंख्यकों के प्रति, दूसरे धर्मों के प्रति घृणा और वैमनस्य पर ही टिकी है.

मुसलमान तो उनके चिर शत्रु हैं. गोकशी के नाम पर उनकी हत्या होती है, सरेआम लिंचिंग की घटनाएं होती हैं, चर्चों में घुस कर बजरंगी तोड़-फोड़ और तांडव करते हैं. ओडिशा में ग्राहम स्टेन को परिवार सहित जला दिया जाता है. हाल में एक पादरी को पीटा गया, घसीटा गया और मुंह में गोबर ठूंस दिया गया. यही है दूसरे धर्मों के प्रति प्रेम और आदर प्रगट करने का तरीका?

भागवत का आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का ट्रस्टी बताना नया षडयंत्र

दरअसल, भागवत का आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का ट्रस्टी बताना एक तरह का नया षडयंत्र है. आदिवासी ट्रस्टी नहीं, जल, जंगल, जमीन पर अपना नैसर्गिक अधिकार मानते हैं. वैसे यह पूंजीवादी व्यवस्था जिसमें व्यक्तिगत संपत्ति सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है. यह अलग बात कि समाज का प्रभुवर्ग आदिवासियों से जबरन छीन कर उन्हें विस्थापन का दंश देता रहा है. उसके गांव, उसके मसना, जाहेरथान को बड़े-बड़े बांधों में डुबोता रहा है.

आदिवासी संघ के झांसे में आनेवाला नहीं

एक आदिवासी संगठन के प्रमुख ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मोहन भागवत के विचारों का हमपर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. वे पहले सरना धर्म कोड देने की मांग का समर्थन करें और इसके लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाएं, लेकिन वे ऐसा कर ही नहीं सकते, क्योंकि भाजपाई नहीं चाहते.

उनका कहना है कि अगर हमें जंगल का दावेदार माना जाता है तो इसकी सुरक्षा के लिए पहले कठोर कानून बने और उसपर अमल हो. मुझे मालूम है कि भागवत जी कुछ नहीं कर सकते हैं, तो फिर हमें अपने हाल पर रहने दें. वे रांची में आदिवासी भाजपाई नेताओं से मिलें, उन्हें लेक्चर दें…खाएं-पीएं और चले जाएं. अब आदिवासी समाज उनके झांसे में आनेवाला नहीं है. सभी आदिवासी नेता हमें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अब आदिवासी वोटर उससे छिटक चुके हैं.

इसका परिणाम पिछले विधानसभा चुनाव में दिख चुका है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि संतालपरगना में घुसपैठिए का नरेटिव बनाकर चुनाव जीतने की कोशिश में भाजपा के धुरंधर नेताओं का समूह मुंह की खा चुके हैं. उन्हें घुसपैठिया दिखता है पर आदिवासी समुदाय की परेशानी नहीं.

जानिए…आखिर क्यों धर्मांतरण के लिए मजबूर होते हैं आदिवासी?

संघ को शुरू से धर्मांतरण पर कड़ा एतराज रहा है पर कभी यह जानने की कोशिश नहीं की जाती कि आखिर उनकी मजबूरी क्या है? कभी सुना नहीं गया कि संघ की टीम कभी दूर-दराज के गांवों में जाकर आदिवासियों का हालचाल लेती है. आदिवासियों के बीच सदियों से कुपोषण, अशिक्षा, अंधविश्वास जैसी कुरीतियां जड़ जमा चुकी हैं. इसे जानने-समझने की कभी कोशिश नहीं की जाती.

दुखद तो यह है कि स्थानीय प्रतिनिधियों से लेकर विधायक-सांसद तक आदिवासी समाज के बीच नहीं पहुंचते. ये लोग सिर्फ चुनाव के समय यहां पहुंचते हैं और आश्वासन का टोकरा थमाकर चल देते हैं.

दूसरी तरफ देश-विदेश की ईसाई मिशनरियां आदिवासियों के बीच पहुंचते हैं और उनकी सुध लेते हैं. उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन शैली में बदलाव लाने की कोशिश में लगे रहते हैं. उनकी रोजी-रोटी का जुगाड़ कर देते हैं इससे प्रभावित होकर वे सरना से ईसाई धर्म अपना लेते हैं.

‘जहां रोजी-रोटी का जुगाड़ हो जाए, वहां धर्म क्या चीज है ?’

आदिवासी समाज का पढ़ा-लिखा एक युवक बताता है कि हमें ईसाई धर्म अपनाने से अगर रोजी-रोटी और सम्मान से जीने का हक मिल जाता है तो धर्म बदलने में क्या हर्ज है. लेकिन जबरन धर्मांतरण का आरोप बेेेेेेेेबुनियाद है. जबरन धर्मांतरण  का कानून जरूर बना हुआ है, लेकिन अभी तक एक भी केस पुलिस के सामने क्यों नहीं आया? क्योंकि लोग स्वेच्छा से इसलिए ईसाई धर्म अपनाते हैं कि उनके जीवन में आमूलचूल बदलाव लाने में ईसाई मिशनरियों की बहुत बड़ी भूमिका होती है.

इसके उलट संघ प्रचारक शहरों में सिमटे रहते हैं और किसी होटल में आदिवासी नेताओं को बुलाकर लेक्चर देते हैं और चले जाते हैं. ये सिलसिला कई दशकों से कायम है. कभी टीम बनाकर आदिवासी समाज के बीच पहुंचने की परंपरा संघ की नहीं रही है, जबकि परंपराओं का ढोल खूब पीटा जाता है.

उस युवक ने यह भी बताया कि आप देखते होंगे कि जो भी सरना आदिवासी परिवार ईसाई धर्म अपनाया उसकी तकदीर बदल जाती है और उसके खपड़े के घर पक्के में बदल जाते हैं. हिंदू धर्म या संघ की विचारधारा अपनाने से हमारी बेकारी-भुखमरी या नारकीय जीवन में कोई बदलाव नहीं आ सकता.

यह सच है कि सरना धर्म माननेवाले अधिकतर आदिवासी हिंदू धर्म में अपनी आस्था नहीं रखते. अब तो भागवत के विचारों का लोग मखौल उड़ाते हैं. संघ देश के ज्वलंत मुद्दे पर चुप्पी साध लेता हैं. अभी हाल में भागवत ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरा नंद के मामले में एक शब्द नहीं बोला. न विरोध किया और न समर्थन, जबकि वे हिंदू धर्म के बहुत बड़े पैरोकार माने जाते हैं. फिर उनके विचारों से आदिवासी समाज क्यों प्रभावित होगा? ये यक्ष प्रश्न है.

राम भक्तों के लिए

तेनुघाट न्यू मार्केट स्थित ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता जी की प्रथम पुण्यतिथि पर चले सात दिवसीय

0

News – Kahkashan Farooqi

दिव्य भव्य गंगा आरती, सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण और सवा लाख महामृत्युंजय की जाप के बाद संध्या में श्रीमद् भागवत कथा श्री राधा बिहारी शरण जी महाराज वृंदावन के द्वारा कथा प्रवचन का सम्पन्न के बाद विराम दिया गया।उसके बाद पूर्णाहुति एवं हवन उपरांत कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज के बाद अतिथियों एवं कुटुंब के बीच भंडारा प्रारंभ किया गया। इस महा भंडारा में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गंगा आरती और पूर्णाहुति बनारस काशी विश्वनाथ धाम से आए आचार्य रामफल जी एवं विद्वान ब्राह्मणों द्वारा की गई ।
मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पेय जल एवं स्वच्छता तथा माधनिषेद मंत्री योगेंद्र प्रसाद पहुंचे और गोमिया अनाथ आश्रम महेर संस्था से सैकड़ों बेसहारा बच्चों के बीच पढ़ने वाले स्कूल बैग और स्वेटर वितरण किया गया। तथा वृद्ध महिला एवं पुरुषों को कंबल वितरण किया गया।
महेर संस्था से आए छोटे छोटे बच्चों के द्वारा मंत्री के लिए स्वागत गान गा कर स्वागत किया।
विभिन्न सैकड़ों महिला पुरुष बुजुर्ग की बीच कंबल वितरण किया गया।
मौके पर पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, तेनुघाट पंचायत मुखिया नीलम श्रीवास्तव, घरवाटांड़ पंचायत मुखिया, रेखा देवी, अरबिंद मुर्मू, चांपी पंचायत मुखिया, रीता देवी, पंचायत समिति सदस्य यशोदा देवी, कौसर हाशमी, अर्जुवा पंचायत मुखिया सहित विभिन्न पंचायत के मुखिया मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद थे।

बताते चलें कि आयोजन करता दीपक गुप्ता एवं दयाशंकर गुप्ता ने बताया कि उनकी माता जी 29 जनवरी 2025 को महा कुंभ जाने के दौरान दुर्घटना घटी और उनका स्वर्गवास हो गया बहुत ही मुश्किल से उनका भी प्राण बच पाया था। उन्होंने कहा कि परमपिता परमेश्वर की अशिम कृपा हुई जिस कारण आज जीवित हूं, उसी को लेकर महा यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium