13.3 C
Ranchi
Wednesday, November 18, 2026
Advertisement
Home Blog Page 199

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन हेतु निरीक्षण एवं ‘इट राइट कैंपस’ के तहत कॉलेज में जागरूकता अभियान

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश से जिले में आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं जन-जागरूकता से संबंधित गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी द्वारा रामनगर स्थित हनुमान भंडार का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में बेसन का नमूना विधिवत रूप से संग्रहित कर खाद्य परीक्षण हेतु प्रयोगशाला (लेब) भेजा गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने एवं खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।

इसके उपरांत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं जिला तंबाकू निषेध सलाहकार के संयुक्त तत्वावधान में कार्तिक उरांव कॉलेज (बी.एड. कॉलेज) में फूड सेफ्टी एवं तंबाकू निषेध विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

विद्यार्थियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें खाद्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों का लाइव प्राथमिक परीक्षण कर दिखाया गया, जिससे विद्यार्थियों को मिलावट की पहचान करने की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हो सके। इसके साथ ही अखाद्य रंगों के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया तथा फोर्टीफाइड फूड के उपयोग एवं उसके महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में ‘इट राइट कैंपस’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को “आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक” अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को जंक फूड, अत्यधिक मीठे पेय पदार्थ एवं तले-भुने खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई, ताकि स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों एवं बढ़ते मोटापे से बचा जा सके।

इसके अलावा विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने, भोजन की बर्बादी न करने, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन ग्रहण करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देते हुए तंबाकू से पूर्णतः दूर रहने की अपील की गई।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त के निर्देश पर सिविल सर्जन एवं उपाधीक्षक, सदर अस्पताल का वेतन स्थगित

0

गुमला :- गुमला जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर सिविल सर्जन, गुमला शंभू नाथ चौधरी तथा अनुपम किशोर, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, गुमला का वेतन अगले आदेश तक स्थगित किया गया है।
दिनांक 19.01.2026 को एक मरीज के आकस्मिक इलाज के दौरान सिविल सर्जन, गुमला द्वारा बार-बार दूरभाष से संपर्क किए जाने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया गया। वहीं अनुपम किशोर, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, गुमला अनाधिकृत रूप से मुख्यालय से बाहर रांची में उपस्थित पाए गए। इन कारणों से मरीज का समुचित इलाज समय पर नहीं हो सका।
मामले की समीक्षा के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि अस्पताल के प्रबंधन एवं संचालन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही थी, जिससे आम मरीजों को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस प्रकार की2026 पुनरावृत्ति होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु विभाग को सूचित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति, बेहतर प्रबंधन एवं मरीजों को समय पर समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए l

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक व्यूरो ) की टीम ने चैनपुर थाना प्रभारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया और अपने साथ रांची ले गई

0

गुमला :- भ्रष्टाचार से संबंधित एक बड़ी घटना प्रकार में आई हैं, बताया जा रहा है की, गुमला जिला अन्तर्गत स्थित चैनपुर थाना प्रभारी को एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक व्यूरो )की टीम रांची ने चैनपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार को एसीबी की टीम ने घूस लेते हुए रंगे हांथो पकडकर विधिवत गिरफ्तार किया है, चैनपुर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार मात्र तीन- दिन पहले ही चैनपुर थाना में पदभार ग्रहण किया था, प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची एसीबी के पदाधिकारी की एक टीम चैनपुर थाना पहुंची और थाना प्रभारी चैनपुर सुरेंद्र कुमार को घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार कर अपने साथ रांची ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी l

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

जिला परिषद अध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक संपन्न

0

गुमला : – गुमला जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा की अध्यक्षता में जिला परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त, गुमला दिलेश्वर महत्तो, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, सिविल सर्जन गुमला शंभू नाथ चौधरी, जिला परिषद पदाधिकारी सह जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ललन कुमार रजक, जिला अभियंता सह कार्यपालक अभियंता बलि उरांव सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। पशुपालन विभाग अंतर्गत पशुधन बीमा लाभ, कृषि विभाग द्वारा केसीसी, धान अधिप्राप्ति एवं फसल बीमा योजना, जिला उद्योग केन्द्र द्वारा PMEGP एवं PMFME योजनाओं, जिला कल्याण द्वारा छात्रवृत्ति वितरण, उद्यान विभाग की प्राकृतिक खेती, मधुमक्खी पालन एवं बागवानी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत डॉक्टरों की उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड निर्माण की स्थिति एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही मत्स्य बीज डैम स्टॉकिंग, राशन कार्ड सत्यापन, हर घर नल जल योजना, लघु सिंचाई योजनाएं, शिक्षा विभाग द्वारा PTM आयोजन, आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति, श्रमिक निबंधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं कंबल वितरण पर भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला परिषद से संबंधित विषयों पर निर्णय लेते हुए परिसंपत्तियों के प्रबंधन, बिरसा मुंडा एग्रो पार्क में कराए गए कार्यों की गुणवत्ता जांच, संविदा एवं दैनिक कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, विभिन्न मरम्मति एवं निर्माण कार्यों की स्वीकृति तथा सिसई बाजार टांड मार्केट कॉम्पलेक्स के दुकान आवंटन से संबंधित निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
अध्यक्ष द्वारा सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा सघन निरीक्षण अभियान

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के द्वारा गुमला पार्क से रामनगर तक सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के क्रम में मार्ग में स्थित सभी होटल, प्रतिष्ठान एवं ठेला संचालकों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सभी होटल एवं ठेला संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे कचरा निस्तारण हेतु ढक्कनयुक्त डस्टबीन का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों (आखाद्य कलर) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश देते हुए भविष्य में इसका प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त के निर्देश पर पाट क्षेत्रों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, 10 सुदूरवर्ती पाट क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजित

0

गुमला :- गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में गुमला जिले के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम पाट क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशुनपुर, घाघरा, डुमरी, जारी एवं चैनपुर प्रखंड अंतर्गत सभी पाट क्षेत्रों में संबंधित आम की सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्लू एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को माह में कम से कम एक बार पाट क्षेत्र के गांवों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।
निर्देश के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पाट क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को सामान्य ओपीडी एवं दवा वितरण, एएनसी सेवाएं, नियमित टीकाकरण, बीपी एवं शुगर की जांच, सिकल सेल स्क्रीनिंग, हीमोग्लोबिन जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मलेरिया जांच, कुष्ठ रोगियों की खोज, स्कूल स्वास्थ्य जांच, आवश्यक काउंसलिंग, कैंसर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में दिनांक 19 जनवरी 2026 को गुमला जिले के पाट प्रखंड क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से दूरस्थ पाट क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को उनके गांव में ही स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कुल 10 पाट क्षेत्रों में सफलतापूर्वक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
विशेष स्वास्थ्य शिविरों के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एएनसी जांच, टीकाकरण, स्वास्थ्य परामर्श, टीबी एवं मलेरिया जांच, हीमोग्लोबिन जांच, सिकल सेल स्क्रीनिंग तथा आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण जैसे कार्य किए गए।
बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत हाड़ुप में एएनएम दीप्ति कुजूर, गोरा पहाड़ एवं सखुआपानी में पुनीत सोरेंग, कठुआपानी में सलोमी सुषमा तिर्की द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। चैनपुर प्रखंड में लिगिरपाठ में शोभा कांति मिंज, भड़ियापाट में नेहा अश्मि लकड़ा द्वारा स्वास्थ्य शिविर का संचालन किया गया।
घाघरा प्रखंड के तिलएंखेर में ब्यूटी नीलकुसुम तिरु,भीलवाड़ी एवं खुखुराडि में अनिमा मिंज,चूल्हामाटी में रोशनी टोप्पो द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान कुल 274 नागरिकों का स्वास्थ्य जांच किया गया।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने पाट क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी पाट क्षेत्र में निर्धारित तिथि पर एएनएम अथवा स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित नहीं होते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत उपायुक्त के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9431116003 पर साझा करें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह पहल जिले के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सतत प्रयास है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

एबीवीपी ने सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फाइनल समापन का आयोजन किया

0

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया था जिसका आज समापन हुआ। आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोबा विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा, संत कोलंबा महाविद्यालय प्राचार्य विमल रिबन, अभाविप विभाग प्रमुख डॉ मनोज कुमार जिला प्रमुख देवेंद्र कुमार नगर अध्यक्ष रंजन कुमार पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रितेश यादव नगर मंत्री साहिल सिंह ने विद्या की देवी मां सरस्वती और युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर फाइनल मुकाबला का उद्घाटन किया। इस पूरे टूर्नामेंट में 16 टीमों ने भाग लिया जिसमें फाइनल मुकाबला संत कोलंबस कॉलेज ओर टाइगर डिफेंस एकेडमी बीच खेला गया जिसमें टाइगर डिफेंस एकेडमी के टीम विजेता हुए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. चन्द्र भूषण शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं।अभाविप के पदाधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर बल दिया। टूर्नामेंट में विभिन्न महाविद्यालयों एवं टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मंच संचालन बाबूलाल मेहता ने कुशलतापूर्वक किया। आयोजन को सफल बनाने में परिषद के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर नवलेश सिंह,रितेश यादव,बाबूलाल मेहता, प्रभात कुमार , विक्रम राठौर,साकेत सिंह, अनीश सिंह,यशवंत कुमार,प्रेम, पवन, विवेक,रंजीत यादव,संतोष,अंशुल, मोंटी, शिबू,करण मंडल, टिंकू,अनुश्री,संतोष,ऋषभ , सौरभ, बिपिन,मौजूद थे।

News – Vijay Chaudhary 

राम भक्तों के लिए

जिला स्तरीय साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित, उप विकास आयुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज उप विकास आयुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक सह जिला नजारत उप समाहर्ता ललन कुमार रजक द्वारा भी आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु उप विकास आयुक्त स्तर से संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बरांगपाट निवासी संजीवन उरांव द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने हीन्डाल्को कम्पनी, बिमरला माइंस द्वारा उनकी खतियानी भूमि लीज पर लेकर खनन किए जाने के कारण आजीविका एवं रोजगार से वंचित होने की बात कही। आवेदक ने कम्पनी द्वारा पूर्व में किए गए वादे के अनुरूप योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस मामले में प्रस्तुत शपथ पत्र एवं भूमि दस्तावेजों के आधार पर संबंधित विभाग को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जन शिकायत निवारण दिवस में ग्राम बुमतेल, थाना जारी निवासी सुचिता किड़ों द्वारा अपने पति स्व० आशिषण खलखो, जो झारखंड सहायक पुलिस के पद पर कार्यरत थे और सेवा काल में जिनका निधन हो गया था, के स्थान पर अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति एवं मुआवजा दिए जाने का आवेदन दिया गया। उप विकास आयुक्त ने इस मामले में संबंधित विभाग को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में घाघरा निवासी संजय कुमार सिंह द्वारा निजी भूमि के नाले में जबरन गंदा पानी बहाने एवं अस्वच्छता फैलाने की शिकायत की गई। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाकर निजी नाले में गंदा पानी मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर संबंधित अंचल एवं स्थानीय प्रशासन को स्थल जांच कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छोटा लोरो बैरटोली गांव से कमलेश्वर उरांव, करमा उरांव एवं नारो उरांव द्वारा खतियानी एवं नावल्द भूमि से संबंधित विवाद को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें अवैध कब्जा एवं आपसी सहमति न बनने की बात कही गई। इस प्रकरण में राजस्व एवं अंचल विभाग को तथ्यों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं करौंदी ग्राम के ग्रामीणों द्वारा आवासीय क्षेत्र एवं विद्यालय के समीप संचालित हनुमान फ्लोर मिल से उत्पन्न वायु एवं ध्वनि प्रदूषण की शिकायत की गई। उप विकास आयुक्त ने इस मामले में प्रदूषण नियंत्रण एवं संबंधित विभाग को शीघ्र जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों द्वारा टुडुरमा, कांसीर, लोदाम, जशपुर एवं मंझाटोली मार्ग पर स्थित वर्षों से क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया गया। इस पर संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।

उपरोक्त मामलों के अतिरिक्त सड़क निर्माण, आपसी मतभेद, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, सड़क, बिजली, पानी एवं रोजगार से संबंधित अनेक आवेदन भी प्राप्त हुए।
उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करते हुए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

PM–सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत मॉडल सोलर विलेज चयन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

0

गुमला : गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज मंगलवार को उप विकास आयुक्त, गुमला दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में पीएम घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत चयनित मॉडल सोलर विलेज से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार द्वारा योजना की पृष्ठभूमि की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 में PM–सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर प्लांट को बढ़ावा देना, हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना, प्रत्येक जिले में एक गांव को पूर्ण रूप से सोलराइज करना, सौर ऊर्जा के क्षेत्र में ग्रामीण समुदाय को आत्मनिर्भर बनाना तथा 24×7 सौर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। साथ ही कृषि कार्यों हेतु सोलर पंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर रूफटॉप जैसी तकनीकों को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन एवं नियमित पर्यवेक्षण हेतु जिला स्तरीय समिति के गठन की जानकारी दी गई। समिति के अध्यक्ष उपायुक्त, गुमला होंगे, जबकि जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी-सह-सचिव, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला योजना पदाधिकारी, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, अग्रणी बैंक प्रबंधक, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, मंत्रालय द्वारा नामित गैर-आधिकारिक सदस्य तथा शहरी निकाय/पंचायती राज संस्थान से नामित सदस्य समिति में शामिल हैं।
समिति का दायित्व मॉडल सोलर विलेज योजना की प्रगति की समीक्षा, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, सभी सरकारी भवनों की छतों को सौर ऊर्जा से संतृप्त करने हेतु कार्य योजना तैयार करना, PM–KUSUM एवं अन्य सोलर योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से सोलर योजनाओं हेतु आवेदन प्राप्त कराना है।
बैठक में बताया गया कि 2011 की जनगणना के आधार पर 5,000 या उससे अधिक आबादी वाले गांवों का चयन Model Solar Village के रूप में किया गया है। इसके तहत गुमला जिले के 06 प्रखंडों के कुल 09 ग्रामों को चिन्हित किया गया है। इनमें सिसई प्रखंड अंतर्गत बड़गांव पंचायत का बड़गांव ग्राम, नगर एवं सिसई ग्राम; भरनो प्रखंड अंतर्गत भरनो ग्राम; गुमला प्रखंड अंतर्गत फसिया एवं पुग्गू ग्राम; चैनपुर प्रखंड अंतर्गत चैनपुर ग्राम; रायडीह प्रखंड अंतर्गत नवागढ़ ग्राम तथा पालकोट प्रखंड अंतर्गत पालकोट ग्राम शामिल हैं। इन ग्रामों में योजना का प्रथम चरण लागू किया जाएगा।
इन 09 ग्रामों में जनवरी 2026 से जून 2026 तक 06 माह का Challenge Period निर्धारित किया गया है। इस अवधि में सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्ट लाइट, सोलर पावर प्लांट आदि का अधिष्ठापन प्रमुख चौक-चौराहों, गली-मुहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों जैसे सरकारी अस्पताल, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, तहसील कचहरी, सार्वजनिक शौचालय, बस स्टैंड आदि में किया जाएगा। साथ ही PM–KUSUM योजना के अंतर्गत इच्छुक किसानों को भी आच्छादित किया जाएगा।
06 माह की अवधि पूर्ण होने के पश्चात सभी 09 ग्रामों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी, जिसमें सोलर योजनाओं के क्रियान्वयन के आधार पर एक गांव को Model Solar Village के रूप में चयनित किया जाएगा। चयनित गांव को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ₹1 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जिससे गांव का समग्र विकास किया जाएगा।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित 09 ग्रामों का विस्तृत सर्वे कर वहां की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करते हुए फरवरी माह तक जिला योजना कार्यालय में प्रस्ताव भेजें, ताकि उसी आधार पर सोलर लाइट एवं अन्य सौर संरचनाओं का अधिष्ठापन सुनिश्चित किया जा सके और योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को चिन्हित ग्राम अंतर्गत प्रचार प्रसार कर योजनाओं के बारे में जागरूक करने हेतु निर्देश दिए
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां सोलर हाई मास्ट लाइट निः शुल्क सरकारी अनुदान में स्थापित की जाएगी। साथ ही PM-KUSUM योजना के अंतर्गत किसानों को आच्छादित करने, सोलर सिंचाई हेतु किसानों से ₹5000 अथवा आवश्यकता अनुसार अंशदान लेने तथा शेष 70 से 80 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी प्रस्तावों का सत्यापन कर बीडीओ के माध्यम से अग्रसारित करने एवं जून माह में मॉडल सोलर विलेज के चयन की भी बात कही गई।

इस दौरान बैठक में मुख्य रूप से जिला कल्याण पदाधिकारी, गुमला, कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमण्डल, गुमला, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सिसई/भरनो/गुमला/रायडीह /चैनपुर/पालकोट, मो० अमजद, तकनीकी सहायक, DRDA (कुसुम योजना), गुमला सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि उत्पाद प्रदर्शनी–2026 का आयोजन, सैकड़ों किसानों ने लिया भाग

0

गुमला :  गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, गुमला परिसर में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि उत्पाद प्रदर्शनी–2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मौके पर अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, एसडीओ सदर राजीव नीरज जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी गुमला, सहायक जिला जन संपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
मेले के दौरान कृषि, पशुपालन, सहकारिता, भूमि संरक्षण, आत्मा, बैंक, विभिन्न संस्थानों एवं गैर-सरकारी संगठनों द्वारा लगभग 24 स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा कृषि एवं पशुपालन से जुड़े विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। किसानों द्वारा भी सब्जी, फल सहित अन्य कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को खेती से जुड़े महत्वपूर्ण एवं तकनीकी विषयों पर जागरूक किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी शुभम प्रिया तियू ने बताया कि इस तरह के मेलों से किसानों को एक साझा मंच मिलता है, जहां उन्नत किसान अपने अनुभव साझा करते हैं, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हैं तथा अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर प्रोत्साहन प्राप्त करते हैं। उन्होंने बिरसा विस्तार वितरण योजना, बीज विनिमय योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) अंतर्गत टपक सिंचाई योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड सहित अन्य योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा के रक्षक हैं। आवश्यक है कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक को अपनाकर कृषि उत्पादन को बढ़ाया जाए। ऐसे मेले कृषि को एक सुदृढ़ व्यवसाय के रूप में विकसित करने का प्रभावी मंच प्रदान करते हैं, जिससे देश और अधिक सशक्त बन सके।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अंतर्गत वर्ष भर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 किसानों को सम्मानित किया गया। इसमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, गव्य विकास, बकरी पालन, मत्स्य, सहकारिता एवं भूमि संरक्षण विभाग से जुड़े किसानों को शामिल किया गया। साथ ही फल एवं सब्जी प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को भी वरीय पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच मिनी ट्रैक्टर का भी वितरण किया गया, जिससे उनकी कृषि कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।
किसान मेले में किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और आयोजन को सफल बनाने में सभी संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium