15.6 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 214

गोमिया प्रखंड मुख्यालय के झुके हुए वृक्ष से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें

0

गोमिया: गोमिया प्रखंड मुख्यालय के दूसरे गेट के पास सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा वृक्ष अत्यधिक झुक जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए चिंता का कारण बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह वृक्ष सड़क की ओर लगभग चार फीट तक झुक गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आने-जाने वाले लोगों का ध्यान थोड़ी देर भी भटका, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषकर रात के समय यह झुका हुआ वृक्ष दुर्घटना के लिए खतरा पैदा कर रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए झुके हुए वृक्ष को तुरंत हटाया जाए या सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

News – Kahkashan Farooqi

 

राम भक्तों के लिए

झारखंड के रुद्रांश शर्मा ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली स्केटिंग प्रतियोगिता में जीते दो पदक

0

ग्वालियर/रांची : मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित आईटीएम ग्लोबल स्कूल, तुरी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली स्केटिंग प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के होनहार खिलाड़ी रुद्रांश शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया।

अंडर-14 बालक वर्ग में भाग लेने वाले रुद्रांश ने अपनी तकनीकी दक्षता, संतुलन और धैर्य का लोहा मनवाते हुए इन-लाइन रोड रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा एकल स्केटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में भाग ले रही थी। आयोजन 25 से 30 दिसंबर 2025 तक संपन्न हुआ।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने रुद्रांश की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए बेहद गौरव की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर स्केटिंग जैसे खेल में भी राज्य का नाम रोशन हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ खेल में उत्कृष्टता हासिल करें।

इस सफलता में कोच/मैनेजर सुभाष यादव, राजेश राम और सुमित शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने रुद्रांश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

News Desk

राम भक्तों के लिए

पौष पूर्णिमा के दिन जीवनदायिनी शाकम्भरी देवी की पूजा अवतार दिवस के रूप में मनाने की प्रथा है

0

कमलनयन

गिरिडीह : प्रकृति-पोषण और वनस्पति की देवी माता शाकम्भरी की आराधना जीवनदायिनी देवी के रूप में की जाती है। प्रत्येक वर्ष पौष पूर्णिमा की पावन तिथि माता के भक्त शाकम्भरी अवतार दिवस के रूप में भक्ति-भाव से मनाते हैं।

धार्मिक ग्रंन्थों के अनुसार आदिशक्ति जगदम्बा ने ही पृथ्वी पर पड़े भीषण अकाल और अन्न-जल संकट को दूर कर सृष्टि की रक्षा के लिए शाकम्भरी-शत्ताक्षी अर्थात सौ नैनो वाली देवी के स्वरूप में अवतरित होकर अपने शरीर के विभिन्न अंगों से अन्न, जल, साक-सब्जियां उत्पन्न कर प्राणी मात्र के अस्तित्व को बचाया था। उसके बाद से ही हर साल पौष पूर्णिमा को माता शाकम्भरी का जन्म उत्सव मनाने की प्रथा युगों से चली आ रही है।

देश के कई भागों में कृषक सृष्टि की रक्षक-पोषण की देवी का जन्म उत्सव भरपूर फसल और सुख-समृद्धि के लिए श्रद्धा-भाव से मनाते हैं

दरअसल पौष पूर्णिमा की पावन तिथि देवी शाकम्भरी की धरती पर आगमन प़्राणीमात्र को जीवन प्रदान कर माता के प्रति कृतज्ञता की याद दिलाता है।

 मौर्य काल से जुड़ा है इसका ऐतिहासिक महत्व

शाकम्भरी अवतार से जुड़े ऐतिहासिक अभिलेखों के मुताबिक भारत के विभिन्न भागों में माता के मंदिर शक्तिपीठों के रूप में वंदनीय है, जिसमें प्रमुख रूप से राजस्थान के सीकर जिले के सकराय में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ है। जिसका इतिहास मोर्य काल से जुड़ा माना जाता है। जहां चाणक्य और चन्द्रगुप्त ने प्रवास कर माता की आराधना की थी।

दस्तावेजों के मुताबिक साँतवीं शताब्दी में श्रीआदि शंकराचार्य ने मंदिर की स्थापना की। उस दौरान उनका एक आश्रम भी इस क्षेत्र में हुआ करता था। सकराय मंदिर की विशेषता यह है कि मंदिर में ब्राह्मणी और रूद्राणी की प्राचीन प्रतिमाएं स्थित है। अर्थात ब्रम्हाणी ब्रम्हा की रचनात्मक शक्ति और रुद्राणी शिव की परिवर्तनशील शक्ति को दर्शाती माता शाकम्भरी के रूप में श्रृद्धालुओं को शक्ति और सुरक्षा प्रदान करती है।

मान्यता है कि उनके दर्शन मात्र से भक्तों की अनंत मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। हर दिन देश-विदेश से भक्त माता के दरबार में मनोकामना लेकर मत्था टेकते हैं। माता अपने भक्तों को निराश नहीं करती. उनकी खाली झोली में रहमत की वर्षा कर भर देती है। नवरात्रों में सकराय धाम में मेला लगता है। इस दौरान लाखों श्रृद्धालु नवरात्रि मेले के गवाह बन माता का आशीर्वाद लेकर वापस अपने घरों को लौटते हैं।

भक्त महीनों पहले से करते हैं तैयारी

लाखों श्रद्धालु अपनी कुल देवी को साक-सब्जियां फल-फ्रूट, खीर पुड़ी, हलवा और चने की सब्जी का भोग के साथ चुड़ा-चुनड़ी अर्पित कर अक्षय फल का आशीर्वाद मांगते हैं। हाल के दशक में विशेषकर उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में माता शाकम्भरी का जन्म उत्सव काफी धूमधाम और भव्यता से मनाये जाने लगे हैं, जिसकी तैयारी भक्त महीनों पहले से करते हैं।

इस दौरान माता का भव्य श्रृंगार कर दरबार सजाया जाता है। सामूहिक रूप में संगीतमय मंगलपाठ-महाआरती समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। जिसमें महिलाएं माता के हाथों को प्रतीक के रूप में मेहन्दी लगाती और स्वयं भी रचाती है। छप्पन भोग, सवामणी प्रसाद अर्पित कर कन्याओं को आदर सत्कार  के साथ भोजन (प्रसाद) कराया जाता है और फिर विभिन्न धर्मों के लोग भी लंगर का प्रसाद ग्रहण करते हैं।

राम भक्तों के लिए

देवघर में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण के लिए एक माह में बेहतर स्थल का चयन कर लिया जाएगा: नमन प्रियेश लकड़ा

0

देवघर में खिलाड़ियों को प्रेरित करने के मकसद से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का अनावरण

देवघर : के.के.एन स्टेडियम में देवघर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा बीसीसीआई की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के आगमन पर विशेष कार्यक्रम के आयोजन में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ एवं उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा एवं झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के आनरेरी सेक्रेटरी सौरभ तिवारी शामिल हुए। आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का अनावरण किया गया।

ज्ञात हो कि बीसीसीआई की ओर से आयोजित सैयद मुश्ताक अली(टी-20) ट्रॉफी में खेले गये फाइनल मैच में झारखंड की टीम ने हरियाणा की टीम को 69 रनों से पराजित कर शानदार ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि इस सुनहरे कार्यक्रम का आयोजन स्वयं में बधाई का पात्र है। डीसी ने इस विशेष आयोजन के लिए जेएससीए और सौरभ तिवारी का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जब हमारे पास यह प्रस्ताव आया तो मुझे बहुत खुशी हुई। पहली बार ऐसे कार्यक्रम में शिरकत करने का मौका मिला है।

हाल में ही रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका का मैच कितना सुचारू रूप से हुआ, इसके लिए पूरी जेएससीए बधाई का पात्र हैं, क्योंकि इसमें बहुत सारे अंशधारक होते हैं। जिला क्रिकेट संघ से जुड़े हर लोग भी बधाई का पात्र हैं। देवघर के दो खिलाड़ी झारखंड टीम में है, सैय्यद मुश्ताक अली ट्राफी में देवघर के विजय झा मैनेजर थे, यह बहुत बड़ी बात है।

झारखंड के पास आज बहुत बड़ा टैलेंट पुल है: डीसी

उन्होंने कहा कि शुरू में तो इसकी जानकारी नहीं थी लेकिन जब यह पता लगा तो एक सुखद आश्चर्य हुआ। झारखंड के पास आज बहुत बड़ा टैलेंट पुल है। देवघर से कई प्रतिभाएं निकल कर आ रही हैं। यह आयोजन अभिभूत करने वाला है। सौरभ तिवारी का देवघर में होना ट्राफी के साथ बहुत ही उम्दा एहसास देने वाला है।

डीसी ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-ट्वेंटी क्रिकेट टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान गढ़ा है। यह पूरे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि और गौरवान्वित करने वाला पल है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में इस तरह की जीत हासिल होने से राज्य में खेलों को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि आज क्रिकेट के साथ हॉकी और तीरंदाजी जैसे कई खेलों में झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

डीसी ने जानकारी दी कि जेएससीए ने देवघर क्रिकेट संघ को लेटर लिखा है, ताकि यहां अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण किया जा सके और घरेलू मैच का आयोजन किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा अगले एक महीने में बेहतर स्थल का चयन किया जाएगा, जिसके पश्चात जेएससीए और बीसीसीआई के सहयोग से स्टेडियम का पूरे मानकों के साथ निर्माण होगा।

ट्राफी झारखंड की आनेवाली पीढ़ियों को प्रेरित  करेगी : एसपी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ ने सभी युवा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और बेहतर करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आप लोगों के जोश जुनून और मेहनत की बदौलत ही यह ट्राफी झारखंड राज्य को प्राप्त हुआ है। यह ट्राफी झारखंड की आनेवाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करेगी, जैसे 1983 वर्ल्ड कप के बाद पूरे भारत को मिली थी। इस ट्राफी का झारखंड को मिलना, बहुत विशेष है। अगली बार भी यह ट्राफी झारखंड आए इसके लिए अभी से प्रयास होना चाहिए। जिले के दो खिलाड़ी विजय हजारे ट्राफी खेल रहे हैं, यह प्रेरणात्मक है।

ऐसी ट्राफी झारखंड में आती रहनी चाहिए : सौरभ तिवारी

कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी व झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि जितना जल्दी हमें मैदान उपलब्ध होगा. यकीन मानिए उसके एक साल के अंदर मैदान को विकसित किया जाएगा। देवघर जिला प्रशासन से बहुत सहयोग मिल रहा है। संतालपरगना में बहुत ज्यादा क्षमता है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी केवल कठिन परिश्रम करें उनका चयन होगा निश्चित होगा। आउटडोर गेम ज्यादा से ज्यादा खेलें। बच्चे को उनके पैरेंट सहयोग करें। इस बेहतरीन कार्यक्रम के लिए सभी को बधाई। साथ ही ऐसी ट्राफी झारखंड में आती रहनी चाहिए।

इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, सदस्य आदि उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

कार्तिक जतरा से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बड़ा संदेश: गुमला में विश्वविद्यालय स्थापना का सपना होगा शीघ्र साकार

0

गुमला :
भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित मांझाटोली में आयोजित दो दिवसीय अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा’ में सहभागिता करते हुए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महान जनजातीय नेता पंखराज साहेब कार्तिक उरांव के उस ऐतिहासिक सपने को पूरा करने का भरोसा दिलाया, जिसमें गुमला जिले में एक विश्वविद्यालय की स्थापना की परिकल्पना की गई थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि गुमला में विश्वविद्यालय की स्थापना केवल कार्तिक उरांव का सपना ही नहीं था, बल्कि यह उनके जीवन के प्रमुख लक्ष्यों में से एक रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सपना अब जल्द ही साकार किया जाएगा।

जनजातीय कला-संस्कृति की राष्ट्रपति ने की सराहना

अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय की संगीत, नृत्य, नाटक और लोककला की विरासत अत्यंत समृद्ध है। इसी कारण देशभर के 100 से अधिक जनजातीय कलाकारों को पद्मश्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

‘कार्तिक जतरा’ के मंच से राष्ट्रपति ने जनजातीय पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी नृत्य दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी कुंजी

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी राज्य और समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। जब शिक्षा का विस्तार होगा, तभी समग्र विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने स्वीकार किया कि शिक्षा से जुड़े कुछ विषय, विशेषकर भूमि से संबंधित मुद्दे, समाधान की प्रक्रिया में हैं, लेकिन शिक्षा के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से सफल होंगे।

उन्होंने कहा कि पंखराज साहेब कार्तिक उरांव सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वे भारत के गौरव थे और शिक्षा के महत्व को गहराई से समझते थे। विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उनका चिंतन अपनी माटी, अपने समाज और अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका सपना था कि इस क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय स्थापित हो, और आज उसी धरती पर लोग ‘कार्तिक जतरा’ के माध्यम से उन्हें स्मरण कर रहे हैं।

तीन राज्यों के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रहे मौजूद

मांझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक, बैरियर बगीचा में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव, एसटी-एससी मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते तथा झारखंड के राज्यपाल आशीष गैंगवार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

हवन, दीक्षा एवं संस्कारों के साथ 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य समापन

0

गुमला :
गुमला जिला मुख्यालय स्थित गायत्री शक्तिपीठ में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ 2025–26 का समापन मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। महायज्ञ के अंतिम दिन प्रातः 9 बजे से शांतिकुंज हरिद्वार से आए आचार्यों की टोली द्वारा 24 हवन कुंडों में विधिवत पूजन एवं हवन संपन्न कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।

अंतिम दिन विभिन्न धार्मिक संस्कारों का भी आयोजन किया गया। इस क्रम में नामकरण संस्कार धनंजय कुमार सोनी एवं मृत्युंजय कुमार सोनी का संपन्न हुआ। वहीं विद्यारंभ संस्कार सृष्टि गौरी, दिव्यास कुमार, कृतिका, आयुष कुमार, आराध्या कुमारी, अनिकेत कुमार, आराध्या वर्मा एवं दीवान कुमार वर्मा का कराया गया। इसके अतिरिक्त दीक्षा संस्कार रामाश्रय शर्मा, नीलू सोनी, राजू सिंह एवं संगीता देवी का विधिविधान से संपन्न हुआ, जबकि टुनु कुमार का जन्मदिवस पूजन भी कराया गया।

हवन एवं संस्कारों के उपरांत विधिवत आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर ब्रह्मदेव जी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे आचार्यगण—टोली नायक रामतपस्या आचार्य, सह टोली नायक प्रमोद शास्त्री, गायक अभय जी, तबलावादक शिबु मंडावी एवं युगचालक घनश्याम कोर्राम—को भावभीनी विदाई दी गई।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सोमवार की संध्या को भव्य सांध्यकालीन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संगीत एवं प्रवचन के साथ 6100 दीपों से विशाल दीपयज्ञ संपन्न हुआ। साथ ही महायज्ञ के सफल आयोजन में योगदान देने वाले समिति सदस्यों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में के.डी.एन. सिंह, सरस्वती देवी, लक्ष्मी विश्वकर्मा, ब्रह्मदेव जी, अशोक साह, परिवार्जक अमित कुमार, अर्जुन कुमार सोनी, प्रमोद सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, मीडिया प्रभारी सुनील कुमार दास, सावित्री देवी, ललिता देवी, लक्ष्मी देवी, प्रज्ञा कुमारी, मालती देवी, विक्रम सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

अपनी प्रभावशाली कद-काठी और मजबूत नेतृत्व के लिए पहचाने गए भारतीय राजनेता

0

भारतीय राजनीति एक व्यापक और जीवंत मंच है, जहाँ किसी भी नेता का मूल्यांकन केवल उसके विचारों या नीतियों से ही नहीं, बल्कि उसके संपूर्ण व्यक्तित्व से किया जाता है। यहाँ “कद-काठी” केवल शारीरिक बनावट का प्रतीक नहीं होती, बल्कि यह आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों से गहरे जुड़ाव का भी संकेत बन जाती है। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में अनेक ऐसे कद्दावर नेता रहे हैं, जिनकी सशक्त शारीरिक उपस्थिति उनकी वैचारिक दृढ़ता, राजनीतिक परिपक्वता और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की प्रतीक रही है।

इन नेताओं की पहचान सिर्फ उनकी भारी-भरकम कद-काठी तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने जनकल्याणकारी नीतियों, दीर्घकालिक विकास योजनाओं और मजबूत प्रशासनिक नींव के माध्यम से देश और राज्यों की दिशा तय की। इस परंपरा में नितिन गडकरी, शरद पवार, प्रकाश सिंह बादल, एच.डी. देवे गौड़ा, ओम प्रकाश चौटाला, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अटल बिहारी वाजपेयी, अमित शाह और एम. वेंकैया नायडू जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार एक ऐसे शिखर पुरुष के रूप में स्थापित रहे हैं, जिनकी मजबूत कद-काठी और असाधारण राजनीतिक सूझबूझ ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक के रूप में उन्होंने सहकारिता आंदोलन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया और किसानों व ग्रामीण समाज के जीवन में व्यापक बदलाव लाया। उनकी सशक्त उपस्थिति, स्पष्ट सोच और जमीनी जुड़ाव उन्हें भारतीय राजनीति का स्थायी स्तंभ बनाता है।

इसी तरह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भारतीय राजनीति के उन विरले नेताओं में गिने जाते हैं, जिनकी दमदार कद-काठी उनके अडिग संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाती है। बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आधुनिक हाईवे नेटवर्क, वैकल्पिक ईंधन, बायोफ्यूल और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर उनके प्रयास भारत को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रहे हैं। उनकी गंभीर वाणी और प्रभावशाली मंच उपस्थिति एक अनुभवी और भरोसेमंद नेता की छवि प्रस्तुत करती है।

पंजाब की राजनीति के पितामह कहे जाने वाले प्रकाश सिंह बादल अपनी भारी कद-काठी और संतुलित व्यक्तित्व के लिए विख्यात रहे। शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे बादल ने पंजाब को आतंकवाद के दौर से निकालकर विकास और स्थिरता की राह पर आगे बढ़ाया। किसान हित, ग्रामीण विकास और पंजाबियत की रक्षा उनके राजनीतिक जीवन की स्थायी उपलब्धियाँ रहीं।

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवे गौड़ा की सशक्त बनावट और शांत स्वभाव ने उन्हें एक अलग पहचान दी। उनकी राजनीति सादगी, ग्रामीण सरोकारों और जनता से सीधे संवाद पर आधारित रही। ग्रामीण भारत की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।

हरियाणा में ओम प्रकाश चौटाला अपनी भारी-भरकम कद-काठी और बेबाक अंदाज़ के कारण एक प्रभावशाली जननेता के रूप में उभरे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी। वहीं भूपिंदर सिंह हुड्डा ने अपनी मजबूत नेतृत्व क्षमता और ठोस प्रशासन के माध्यम से हरियाणा को औद्योगिक और कृषि दोनों क्षेत्रों में नई पहचान दिलाई। गुड़गांव को साइबर सिटी के रूप में विकसित करना उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।

भारतीय राजनीति के युगद्रष्टा और कवि-हृदय नेता अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व आज भी जनमानस में जीवित है। उनकी प्रभावशाली कद-काठी, ओजस्वी वाणी और करिश्माई नेतृत्व ने उन्हें सर्वस्वीकृत नेता बनाया। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और दूरसंचार क्रांति जैसे निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व के उदाहरण हैं।

वर्तमान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की सशक्त बनावट और संगठनात्मक क्षमता उन्हें समकालीन राजनीति का सबसे प्रभावशाली चेहरा बनाती है। पार्टी संगठन को मजबूत करने से लेकर अनुच्छेद 370, तीन तलाक और सीएए जैसे निर्णायक कदमों तक, उनके नेतृत्व में राजनीतिक दृढ़ता स्पष्ट दिखाई देती है।

इसके अतिरिक्त, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ और संसदीय अनुभव के लिए जाने जाते हैं। शहरी और ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य और जनसंवाद में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

इन सभी नेताओं का जीवन इस तथ्य को रेखांकित करता है कि भारतीय राजनीति में मजबूत कद-काठी केवल शारीरिक विशेषता नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, स्पष्ट दृष्टि और जनता के प्रति जवाबदेही का प्रतीक बन जाती है।

News – Ranu Bairagi

राम भक्तों के लिए

प्रभात कुमार बने एबीवीपी झारखंड प्रांत प्रादेशिक विश्वविद्यालय प्रमुख

0

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड का प्रदेश अधिवेशन गढ़वा में संपन्न में हुआ, जिसमें पूरे झारखंड से हजारों युवा तरुनाई शामिल हुए, अधिवेशन के अंतिम दिन जय नई घोषणाएं हुए, जिसमें हजारीबाग से प्रभात कुमार को एबीवीपी के झारखंड प्रांत के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह प्रमुख बनाया गया, प्रभात कुमार ने कहा कि छात्र हित के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा, जहां छात्र-छात्राओं को समस्या होगी वहां पर विद्यार्थी परिषद उनके समस्या का समाधान के लिए हमेशा खड़ी रहेगी, प्रभात ने कहा छात्र शक्ति- राष्ट्र शक्ति” हो अथवा “छात्र कल का नही आज का नागरिक है” अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन हैं, एबीवीपी हमेशा छात्र हित, राष्ट्र हित, समाज हित के लिए कार्य करती हैं हजारीबाग जिले से और भी घोषणाएं हुई, इसमें प्रदेश सह छात्रा प्रमुख साक्षी सिन्हा, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य हिमांशु सिंह, बबलू महतो, चंदन राणा, हिमांशु सिंह, कला मंच सह प्रमुख हेमंत को बनाया गया, हजारीबाग का कार्यकर्ताओं सहित हजारीबाग के लोगों ने बधाई दिया हैं.

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

अमर शहीद जीतराम बेदिया जी की 223वीं जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई

0

पेटरवार (बोकारो):
पेटरवार प्रखंड अंतर्गत कोह मिडिल स्कूल सह पंचायत भवन के समीप स्थित सरना स्थल पर मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद जीतराम बेदिया जी की 223वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद जी के ज्येष्ठ पुत्र एवं झामुमो बोकारो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बिनय कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह स्थल पर ग्रामीणों एवं आयोजकों द्वारा बिनय कपूर का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने अमर शहीद जीतराम बेदिया जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए बिनय कपूर ने कहा कि झारखंड वीर सपूतों और क्रांतिकारियों की धरती रही है। अमर शहीद जीतराम बेदिया जी ने अंग्रेजी शासन के अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संगठित संघर्ष का नेतृत्व किया और समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि शहीद जीतराम बेदिया जी का त्याग, साहस और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना तथा उनकी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

News – Kahkashan Farooqi

राम भक्तों के लिए

माननीय राष्ट्रपति के गुमला भ्रमण के मद्देनज़र यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन, आमजनों से सहयोग की अपील

0

गुमला :- भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का दिनांक 30 दिसंबर 2025 को गुमला जिला अंतर्गत रायडीह थाना क्षेत्र के मांझाटोली में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। उक्त कार्यक्रम के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
इस क्रम में आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित यातायात निर्देश लागू रहेंगे—

भारी वाहनों के लिए
दिनांक 29.12.2025 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से लेकर 30.12.2025 को कार्यक्रम समाप्ति तक गुमला शहरी क्षेत्र एवं रायडीह थाना क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

भारी वाहनों के प्रवेश निषेध हेतु निम्न स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए गए हैं-

पॉलिटेकनिक कॉलेज (चंदाली), चपका, आंजन टोल प्लाजा, सिसई, पुगु बाईपास रोड चौक, हँसेरा मोड़, उर्मी चौक, सीलम (रायडीह से गुमला की ओर), टंगरा स्कूल मोड़, कांसिर–चैनपुर मोड़, चैनपुर रोड केराडीह।
निजी छोटे एवं यात्री वाहनों के लिए

दिनांक 30.12.2025 को गुमला–रायडीह–मांझाटोली होते हुए जशपुर जाने वाली NH-43 पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
गुमला से जशपुर जाने वाले निजी/यात्री वाहन मिशन चौक मांझाटोली से डायवर्ट होकर पुराने रायडीह मार्ग से मोकरा–कोण्डरा होते हुए आरा सुरसांग बॉर्डर के रास्ते जशपुर (छत्तीसगढ़) की ओर जाएंगे।
इसी प्रकार, गुमला शहरी क्षेत्र से चैनपुर–डुमरी–जारी–कुरूमगढ़ जाने वाले वाहन टंगरा स्कूल मोड़ से डायवर्ट होकर कांसिर–चैनपुर मार्ग से आवागमन करेंगे। वहीं डुमरी–जारी–चैनपुर से गुमला की ओर आने वाले सभी वाहन कांसिर मोड़ (चैनपुर) से गुमला की ओर प्रवेश करेंगे।

अपील

जिला प्रशासन आमजनों से अपील करता है कि वे उपर्युक्त यातायात निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि माननीय राष्ट्रपति का भ्रमण कार्यक्रम सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium