15.6 C
Ranchi
Tuesday, November 17, 2026
Advertisement
Home Blog Page 226

बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी को लेकर विद्यालयों का सघन अनुश्रवण, शत-प्रतिशत सफलता का लक्ष्य

0

उपायुक्त के निर्देश पर शुरू हुआ ‘बोर्ड एग्जाम विजय अभियान’
गुमला।
गुमला जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त के निर्देश पर “बोर्ड एग्जाम विजय अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा कल्याण विभाग के अधीन संचालित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर सघन अनुश्रवण एवं प्रभावी देखरेख के निर्देश जारी किए गए हैं।

आगामी 03 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त के निर्देशानुसार जनवरी 2026 के अंत तक प्रखंडवार वरीय पदाधिकारियों एवं विद्यालयवार संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालयों से संबद्ध किया गया है। सभी नामित पदाधिकारियों को अपने आवंटित विद्यालयों का साप्ताहिक भ्रमण कर ऑडियो-वीडियो माध्यम से अनुश्रवण सुनिश्चित करने तथा अपने नेतृत्व में परीक्षाफल में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

निर्देशों में कहा गया है कि सीमित समय को देखते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत उत्तीर्णता और जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु मॉक टेस्ट के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष परीक्षा तैयारी और गुणवत्तापूर्ण रिमेडियल कक्षाओं का संचालन किया जाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावक-शिक्षक बैठकों के आयोजन, शिक्षकों एवं छात्रों के नियमित प्रोत्साहन तथा जिला स्तर पर गठित शैक्षणिक कोर टीम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मॉडल अभ्यास प्रश्नों के आधार पर सघन परीक्षा तैयारी कराने पर विशेष बल दिया गया है।

सभी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि वे मॉक टेस्ट में कमजोर पाए गए एवं अत्यधिक अनुपस्थित विद्यार्थियों की पहचान कर शिक्षकों की टैगिंग करते हुए समूह बनाएं। साथ ही टेलीफोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से नियमित रूप से मॉडल प्रश्न साझा करें, निरंतर मूल्यांकन और फीडबैक सुनिश्चित करें तथा अभिभावकों से सतत संपर्क कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।

निर्देशानुसार 10 जनवरी 2026 को विशेष मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। पूर्व प्रदर्शन और इस मॉक टेस्ट के परिणामों की समीक्षा के आधार पर बोर्ड परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण विषयों की लक्षित तैयारी कराई जाएगी, ताकि सभी विद्यार्थी परीक्षा में सफल हो सकें।

जिला स्तरीय शैक्षणिक कोर समिति के सभी विषय शिक्षकों को दैनिक अभ्यास हेतु विषयवार प्रश्न पत्र नियमित रूप से व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने का निर्देश दिया गया है, जिसका सतत अनुश्रवण संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

विद्यालयों के टेलीफोनिक अनुश्रवण एवं फीडबैक संकलन की जिम्मेदारी डायट, गुमला के सभी संकाय सदस्यों को सौंपी गई है। संकाय सदस्य साप्ताहिक रूप से रोटेशन के आधार पर विद्यालयों से संपर्क कर फीडबैक प्राप्त करेंगे और साप्ताहिक प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। वहीं जिला शिक्षा परियोजना, गुमला द्वारा गठित मॉनिटरिंग कोर समिति प्रतिदिन 10 से 12 विद्यालयों का ऑडियो-वीडियो माध्यम से अनुश्रवण करेगी।

पूरे अभियान के समग्र अनुश्रवण एवं समन्वय के लिए उपायुक्त के निर्देश पर शशिन्द्र कुमार बड़ाईक, अपर समाहर्ता, गुमला तथा दिलेश्वर महतो, उप विकास आयुक्त, गुमला को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।

सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक बोर्ड परीक्षा 2026 में छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत सफलता और जिले के बेहतर प्रदर्शन को सुनिश्चित करने हेतु सभी स्तरों पर जारी निर्देशों का सख्ती और समयबद्ध तरीके से अनुपालन किया जाए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

घाघरा के झलकापाट गांव में गर्भवती महिला व अजन्मे बच्चे की दर्दनाक मौत

0

गुमला।
गुमला जिले के घाघरा प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती दीरगांव पंचायत के झलकापाट गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की गहरी खाई को एक बार फिर उजागर कर दिया है। सड़क और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में आदिम जनजाति समुदाय की गर्भवती महिला सुकरी कुमारी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की इलाज में देरी के कारण मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सुकरी कुमारी को कंधे और बहंगी में उठाकर घर से निकाला। जान जोखिम में डालते हुए परिजन झलकापाट गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर काड़ासिल्ली गांव तक पैदल पहुंचे। यह पूरा इलाका अत्यंत दुर्गम, पठारी और नक्सल प्रभावित क्षेत्र है, जहां आवागमन के लिए कोई पक्की सड़क नहीं है।

काड़ासिल्ली पहुंचने के बाद ममता वाहन एंबुलेंस की मदद से महिला को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया। हालांकि, गुमला ले जाने के दौरान रास्ते में ही सुकरी कुमारी ने दम तोड़ दिया। उसके साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। परिजन और स्थानीय लोग इस त्रासदी के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी और सिस्टम की देरी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि झलकापाट गांव में आजादी के लगभग 78 वर्ष बाद भी सड़क नहीं बन पाई है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब गांव का संपर्क बाहरी दुनिया से लगभग कट जाता है। सड़क के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों के लिए आज भी दूर का सपना बनी हुई हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि झलकापाट गांव दीरगांव पंचायत का नक्सल प्रभावित और अत्यंत दुर्गम क्षेत्र है। यहां न पक्की सड़क है, न नियमित बिजली, न ही स्वास्थ्य और संचार की समुचित व्यवस्था। बारिश के दिनों में गांव तक पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं।

यह घटना सरकारी योजनाओं और जमीनी क्रियान्वयन के बीच की गंभीर खामियों को उजागर करती है। घाघरा प्रखंड मुख्यालय से यह इलाका भले ही करीब 30 किलोमीटर दूर हो, लेकिन विकास के लिहाज से यह दूरी कहीं अधिक प्रतीत होती है। दूरदराज और आदिम जनजाति बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। सुकरी कुमारी और उसके अजन्मे बच्चे की मौत इसी उपेक्षा और अव्यवस्था की दर्दनाक मिसाल बन गई है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की सतत पहल से सदर अस्पताल गुमला में कायाकल्प

0

स्वास्थ्य सेवाओं में दिख रहे हैं व्यापक और सकारात्मक बदलाव

गुमला।
गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की सक्रिय पहल, नियमित मॉनिटरिंग तथा वरीय और जिला स्तरीय अधिकारियों के साप्ताहिक निरीक्षण का सकारात्मक असर अब सदर अस्पताल, गुमला में स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है। अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर और उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से लेकर तकनीकी उन्नयन, स्वच्छता, सुरक्षा और मरीज-केंद्रित सुविधाओं के विस्तार तक कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

सदर अस्पताल में टेली-मेडिसिन सुविधा को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इसके तहत दो ऑनलाइन कैमरों के माध्यम से रिम्स, रांची के विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। इस व्यवस्था के अंतर्गत आईसीयू में भर्ती मरीजों की प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रिम्स के डॉक्टरों द्वारा ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। यह सेवा पिछले माह से रोटेशनल आधार पर प्रारंभ की गई है, जिससे गंभीर एवं आपातकालीन मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श समय पर उपलब्ध हो पा रहा है।

आईसीयू में आंशिक री-मॉडलिंग के तहत आधारभूत मरम्मत, मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण, संक्रमण नियंत्रण तथा ऑनलाइन टेली-मेडिसिन की व्यवस्था की गई है। वहीं आपातकालीन विभाग में मरम्मत कार्य के साथ मरीजों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रूफ कर्टेन लगाए गए हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एमटीसी में बीते छह माह के दौरान 80 प्रतिशत से अधिक बेड ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है, जो सेवाओं की उपयोगिता और भरोसे को दर्शाता है।

बाल रोग ओपीडी के सामने ‘मुस्कान’ राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए प्ले एरिया विकसित किया गया है, ताकि उपचार के दौरान उन्हें अनुकूल और सकारात्मक वातावरण मिल सके। ‘गो-ग्रीन’ पहल के तहत अस्पताल परिसर में 100 से अधिक ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले पौधों का रोपण किया गया है। पोस्टमार्टम क्षेत्र के आसपास भी पौधारोपण किया गया है। मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा वेटिंग एरिया का विस्तार किया गया है, जहां अब एक समय में 100 से अधिक लोग बैठकर प्रतीक्षा कर सकते हैं।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं। अस्पताल से निकलने वाले वेस्ट वॉटर को एटीपी प्लांट में ब्लीचिंग पाउडर से ट्रीट कर सुरक्षित रूप से नाली में छोड़ा जा रहा है, जो पूर्व में नहीं किया जाता था। इसके साथ ही सामान्य कचरे का प्रतिदिन नियमित उठाव सुनिश्चित किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अस्पताल परिसर में सीसीटीवी सर्विलांस बढ़ाया गया है और वर्तमान में 54 से अधिक सीसीटीवी कैमरे कार्यरत हैं।

डिजिटल पारदर्शिता और सूचना की सहज उपलब्धता के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी को कियोस्क मशीन में नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है, जिसे एलईडी/टीवी डिस्प्ले के माध्यम से भी प्रदर्शित किया जाता है। भविष्य में दवाओं की उपलब्धता से संबंधित कियोस्क मशीन शुरू करने की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जहां ABDM स्कैन एवं शेयर मशीन के माध्यम से टोकन आधारित पर्ची दी जा रही है, जिससे मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ता।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि सदर अस्पताल गुमला जिले का एकमात्र ऐसा अस्पताल है, जहां सर्वाधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रतिदिन लगभग 800 से 900 मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं। हाल के दिनों में भीड़ प्रबंधन एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई थी, जिसे देखते हुए विस्तृत वेटिंग एरिया, टोकन आधारित पंजीकरण व्यवस्था तथा शीघ्र प्रारंभ होने वाला वॉयस कंट्रोल टोकन सिस्टम जैसे प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पैथोलॉजी की समुचित व्यवस्था है और 608 प्रकार की दवाएं मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि अस्पताल के रख-रखाव, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। प्रतिदिन वरीय अधिकारियों द्वारा अस्पताल का भ्रमण किया जाता है और प्रत्येक निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाते हैं। उपायुक्त द्वारा भी प्रतिदिन अस्पताल की स्थिति की जानकारी ली जाती है तथा मासिक रूप से निरीक्षण और समीक्षा की जाती है।

अस्पताल के सौंदर्यीकरण के तहत रंग-रोगन, फूल-पौधों का रोपण तथा स्थानीय कला को बढ़ावा देते हुए सोहराई पेंटिंग के माध्यम से दीवारों को सजाया जा रहा है, ताकि मरीजों को सकारात्मक और मानसिक रूप से सुकून देने वाला वातावरण मिल सके। जिला सदर अस्पताल को एक मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मरीजों के वेटिंग पीरियड को कम करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर सदर अस्पताल में सुधार की यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि अस्पताल से संबंधित किसी भी प्रकार के सुझाव या सुधार संबंधी विचार उपायुक्त कार्यालय के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर साझा करें। प्रत्येक सुझाव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि सदर अस्पताल को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक और जनहितैषी बनाया जा सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त की पहल से चैनपुर सीएचसी को मिली बड़ी राहत, चार नए डॉक्टरों की तैनाती

0

अब 24 घंटे मिलेगी चिकित्सकीय सेवा

गुमला।
गुमला जिला अंतर्गत चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर चैनपुर सीएचसी को चार नए डॉक्टर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अब यहां 24 घंटे चिकित्सकीय सेवा सुनिश्चित की जा सकेगी।

इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. शंभुनाथ चौधरी ने चैनपुर सीएचसी का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के इलाज में प्रयुक्त विभिन्न वार्डों, उपस्थिति पंजी, दवा स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की तथा मौके पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।

मीडिया से बातचीत में सिविल सर्जन ने बताया कि चैनपुर सीएचसी का कार्यक्षेत्र काफी विस्तृत है और इसके अंतर्गत आने वाली 10 पंचायतों की बड़ी आबादी इलाज के लिए इसी केंद्र पर निर्भर है। डॉक्टरों की कमी के कारण अब तक मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा चार नए डॉक्टरों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि पहले यहां डॉक्टरों की सेवा सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही सीमित थी, लेकिन अब 24 घंटे रोस्टर ड्यूटी लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने निर्माणाधीन अनुमंडल स्तरीय अस्पताल के कार्यों की भी समीक्षा की। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल आम जनता की सुविधा के लिए है, इसके संरक्षण और बेहतर संचालन में जनसहयोग भी आवश्यक है।

जिला प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

कल से पूर्वी जोन बैंड प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, 11 राज्यों के स्कूली बैंड लेंगे भाग

0

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में पूर्वी जोन बैंड प्रतियोगिता का शुभारंभ कल 15 दिसंबर 2025 को खेल गांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के 11 राज्यों से आए पाइप एवं ब्रास बैंड की स्कूली बालक–बालिका टीमें प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 11 राज्यों के प्रतिभागी आज 14 दिसंबर को संध्या समय तक झारखंड पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन कल प्रातः 10:00 बजे स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव श्री उमाशंकर सिंह द्वारा किया जाएगा। वहीं प्रतियोगिता का समापन समारोह संध्या 4:00 बजे आयोजित होगा, जिसके मुख्य अतिथि राजस्व, निबंधन एवं परिवहन मंत्री, झारखंड सरकार श्री दीपक बिरुवा होंगे।

यह बैंड प्रतियोगिता रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित की जाती है।जिसमें देश के चारों जोनों के विजेता प्रतिभागी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता बनने वाली बैंड टीम को 26 जनवरी के अवसर पर कर्तव्य पथ पर बैंड प्रस्तुति देने का गौरव प्राप्त होता है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष यह स्वर्णिम अवसर झारखंड की बैंड टीम को प्राप्त हुआ था।

प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे खिलाड़ियों का आज गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा प्रतिभागियों को पारंपरिक झारखंडी बढ़िया गमछा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

News Desk

राम भक्तों के लिए

स्वांग में राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन का मिलन समारोह, दो दर्जन से अधिक श्रमिक संगठन में शामिल

0

श्रमिकों के अधिकारों पर कुठाराघात नहीं होने दिया जाएगा : विजय कुमार सिंह

स्वांग। राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन (आरकेएमयू) की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्वांग स्थित पंचायत भवन में रविवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वांग वाशरी एवं स्वांग–गोविंदपुर फेज-दो परियोजना से जुड़े करीब दो दर्जन श्रमिकों ने आरकेएमयू की सदस्यता ग्रहण की।

मिलन समारोह में कथारा क्षेत्र के सचिव विजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष गणेश राम, स्वांग–गोविंदपुर फेज-दो के अध्यक्ष प्रेमजीत प्रसाद, सचिव धनंजय सिंह, स्वांग वाशरी परियोजना के अध्यक्ष सुधीर सिंह, सचिव पीयूष कुमार तथा कथारा क्षेत्र के सहायक सचिव सह जारंगडीह कोलियरी परियोजना के सचिव खगेश्वर रजक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेमजीत प्रसाद ने की, जबकि संचालन धनंजय सिंह ने किया।

इस दौरान श्रमिकों ने परियोजना एवं आवास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को संगठन के समक्ष रखा। मौके पर क्षेत्रीय सचिव विजय कुमार सिंह ने श्रमिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक संगठन के पदाधिकारी संघर्ष करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने चार लेबर कोड कानूनों की जानकारी देते हुए श्रमिकों को भविष्य की चुनौतियों से भी अवगत कराया।

क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष गणेश राम ने संगठन द्वारा श्रमिक हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं स्वांग–गोविंदपुर फेज-दो के सचिव धनंजय सिंह ने कहा कि श्रमिकों के सुख-दुख में सहभागी बनना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना ही राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन की पहचान है।

अध्यक्ष प्रेमजीत प्रसाद ने कहा कि आरकेएमयू युवाओं का तेजी से लोकप्रिय संगठन बनता जा रहा है। युवा जोश और अनुभवी नेतृत्व के समन्वय से संगठन को क्षेत्र का सबसे सशक्त श्रमिक संगठन बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में सुधीर कुमार, संतोष चौहान, प्रदीप लोहार, फूलचंद मांझी, निर्मल उरांव, धीरज कुमार कश्यप, संतोष भुईयां, उदल कुमार, कोलेश्वर मुंडा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

आरकेएमयू की सदस्यता ग्रहण करने वालों में खेमराज महतो, मंशु कुमार, मनोरंजन मंडल, धीरज कुमार कश्यप, संतोष कुमार भुईयां, उदल कुमार, अनूप कुमार, कोलेश्वर मुंडा, मनोहर मांझी, छोटन भुईयां, राजेश भुईयां, भूलटन, फूलचंद मांझी, प्रीता साव, फुटु सिंह, प्रदीप लोहार, निर्मल उरांव, अर्जुन उरांव सहित अन्य श्रमिक शामिल हैं।

News – कहकशां फारुकी

राम भक्तों के लिए

विभावि में आज से तीन दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ, शोभायात्रा के साथ होगा युवा महोत्सव ‘झूमर–2025’ का आगाज

0

हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय में 29वें अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव “झूमर–2025” का शुभारंभ सोमवार से होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक महाकुंभ का उद्घाटन सोमवार सुबह 8 बजे भव्य संस्कृत शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्रभूषण शर्मा अन्नदा कॉलेज एवं के.बी. महिला महाविद्यालय से निकलने वाले अलग-अलग दलों को शोभायात्रा के लिए फ्लैग ऑफ करेंगे। यह शोभायात्रा कचहरी चौक, झील स्थित त्रिमूर्ति चौक होते हुए डीवीसी चौक पहुंचेगी और वहां से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रवेश करेगी।

रविवार देर शाम तक प्राप्त प्रविष्टियों के अनुसार, शोभायात्रा में 26 महाविद्यालयों के दल शामिल होंगे। सभी दल मार्ग में अपनी-अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए आगे बढ़ेंगे। शोभायात्रा पूर्वाह्न 10:30 बजे विनोदिनी पार्क स्थित मुख्य पंडाल में पहुंचेगी, जबकि उद्घाटन समारोह का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत अपराह्न 2 बजे से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के मुख्य पंडाल में गीत, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। स्वामी विवेकानंद सभागार में एकांकी, लघु नाटिका एवं मूक अभिनय, बहुउद्देशीय परीक्षा भवन में चित्रांकन, रंगोली एवं अन्य फाइन आर्ट्स विधाएं तथा आर्यभट्ट सभागार में भाषण, वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

रविवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में सभी प्रतिभागी दलों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आयोजन सचिव डॉ. जॉन रुबीना तिर्की, संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. अमिता कुमारी एवं श्रीमती अर्चना रीना धन ने प्रतिभागी दलों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए।

इससे पूर्व कुलपति प्रो. चंद्रभूषण शर्मा ने छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार, कुलसचिव डॉ. सादिक रज्जाक एवं स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष डॉ. एस. जेड. हक के साथ विश्वविद्यालय के छात्रावासों का भौतिक निरीक्षण किया। पुरुष छात्रावास के प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने अपनी टीम के साथ तैयारियों की जानकारी दी।

कुलपति ने पंजीकरण स्थल, भोजन व्यवस्था एवं मुख्य पंडाल का भी निरीक्षण किया। भोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. इंद्रजीत कुमार एवं संयोजक डॉ. गोविंद झा ने भोजन संबंधी तैयारियों से अवगत कराया। वहीं परिसर में रोशनी, निर्बाध बिजली एवं पानी की व्यवस्था को लेकर इंजीनियर रिजवान अहमद से आवश्यक जानकारी ली गई। कुलपति ने आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

बजरंग दल के तत्वावधान में गुमला में निकली भव्य शौर्य यात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

0

गुमला। बजरंग दल गुमला जिला के तत्वावधान में बुधवार को जिला मुख्यालय में सनातन हिंदू धर्मावलंबियों द्वारा एक विशाल एवं भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। शौर्य यात्रा की शुरुआत शहर के लिपटस बगीचा से हुई, जिसका शुभारंभ बजरंग दल झारखंड प्रांत के संयोजक रंगनाथ महतो ने भगवान श्रीराम की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

शौर्य यात्रा में जिले के सभी प्रखंडों से विहिप-बजरंग दल, दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में कोरबा समाज के लोग भी पारंपरिक हथियार तीर-धनुष के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय, रामलखन जानकी—जय बोलो हनुमान की तथा अन्य धार्मिक नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

शौर्य यात्रा को देखते हुए गुमला शहर के अधिकांश दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रहे। विभिन्न हिंदू, धार्मिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा यात्रा को समर्थन दिया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर तथा शरबत, जल और चना वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

यात्रा लोहरदगा रोड होते हुए गुमला बस डिपो पहुंची, जहां यह एक सभा में परिवर्तित हो गई। सभा को संबोधित करते हुए बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो ने कहा कि एक दिसंबर से गीता जयंती के अवसर पर देशभर में बजरंग दल के तत्वावधान में शौर्य यात्रा, शौर्य संचलन एवं शौर्य सभा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि भगवद्गीता की ऐतिहासिक गरिमा और महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि भगवद्गीता के 700 श्लोकों में जीवन की हर परिस्थिति से संघर्ष करने का मार्ग बताया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन परंपरा में अनेक ग्रंथ हैं, लेकिन भगवद्गीता की जयंती इसलिए मनाई जाती है क्योंकि इसका प्रादुर्भाव कुरुक्षेत्र में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से हुआ।

अपने संबोधन में उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदुओं की सामूहिक शक्ति और लंबे संघर्ष के परिणामस्वरूप आज राम मंदिर विश्व के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल हुआ है। उन्होंने युवाओं से इतिहास को समझने और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

सभा में बजरंग दल एवं विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

राष्ट्रीय लोक अदालत में डीटीओ कार्यालय की सक्रिय भागीदारी, ₹11 हजार का चालान निपटाया; ट्रैफिक जाम करने वालों पर ऑनलाइन कार्रवाई जारी

0

गुमला। गुमला जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) ने सक्रिय भागीदारी निभाई। लोक अदालत में डीटीओ कार्यालय द्वारा स्टॉल लगाकर लंबित चालानों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी की गई।

डीटीओ कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान चालान निपटारे के तहत कुल ₹11,000 की राशि मौके पर ही जमा कराई गई। इस दौरान मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) एवं सड़क सुरक्षा प्रबंधक उपस्थित रहे और लोगों को यातायात नियमों, चालान निपटान प्रक्रिया एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

इधर, लोक अदालत में भागीदारी के साथ-साथ जिला परिवहन विभाग द्वारा गुमला शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सख्ती भी जारी रही। ट्रैफिक जाम लगाने वाले वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई। विशेष रूप से ऐसे वाहनों को चिन्हित किया गया, जो सड़क पर रुक-रुक कर सवारी चढ़ाने-उतारने के कारण यातायात बाधित कर रहे थे।

इसके अलावा, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए वाहनों में अतिरिक्त लाइट (एक्स्ट्रा लाइट) लगाकर चलने वालों पर भी ऑनलाइन चालान जारी किए गए।

जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दिसंबर माह दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील होता है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सख्ती का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों की जान की सुरक्षा करना है। आने वाले दिनों में भी सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑनलाइन एवं ऑन-स्पॉट दोनों स्तर पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला: आयुष्मान कैंप लगातार जारी, अब तक 23 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बने

0

गुमला। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार गुमला जिले में आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर प्रत्येक पीडीएस दुकानों पर आयुष्मान कैंप का लगातार आयोजन किया जा रहा है। 1 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चले इन शिविरों के माध्यम से जिले में अब तक 23 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड का निर्माण किया जा चुका है।

पीडीएस दुकानों पर कैंप आयोजित करने का उद्देश्य जिले के सभी राशन कार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाना है, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। उपायुक्त द्वारा इस अभियान की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है और सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सक्रियता के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत राशन कार्डधारकों को आयुष्मान कार्ड से जोड़ा जाए।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिन लाभुकों का आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाया है, वे अपने नजदीकी पीडीएस दुकान पर आयोजित आयुष्मान कैंप में पहुंचकर शीघ्र अपना कार्ड बनवाएं।

गौरतलब है कि आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रति वर्ष प्रति परिवार 15 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस जनकल्याणकारी योजना के प्रति जागरूक होकर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium