22.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 284

फ्लिपकार्ट और सैमसंग पर गुमला उपभोक्ता फोरम की सख्ती, 28,424 रुपए चुकाने का आदेश

0

गुमला : ऑनलाइन खरीद-बिक्री में गड़बड़ी को लेकर जिला उपभोक्ता फोरम ने कड़ा रुख अपनाते हुए फ्लिपकार्ट इंटरनेट और सैमसंग इंडिया पर संयुक्त रूप से जुर्माना लगाया है। फोरम ने कंपनियों को आदेश दिया है कि वे गुमला निवासी शिकायतकर्ता चंदन कुमार झा को एक महीने के भीतर 28,424 रुपए का भुगतान करें।

गुमला जिले के दुन्दुरिया, बैंक कॉलोनी निवासी चंदन कुमार झा ने फ्लिपकार्ट इंटरनेट के जरिये सैमसंग कंपनी का माइक्रोवेव ओवन 13,424 रुपए में ऑर्डर किया था। ऑनलाइन भुगतान के बाद 20 अक्तूबर 2023 को डिलीवरी और अगले दिन 21 अक्तूबर को उसका इंस्टॉलेशन किया गया।
इंस्टॉलेशन के दौरान उपभोक्ता को पता चला कि ओवन का निचला हिस्सा टूटा हुआ है, जिस कारण मशीन का बैलेंस बिगड़ गया और उसमें लगातार कंपन होने लगा। इसकी शिकायत फ्लिपकार्ट और सैमसंग से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।

उपभोक्ता की शिकायत और फैसला

समस्या का निवारण न होने पर श्री झा ने जिला उपभोक्ता फोरम का रुख किया। पक्षकारों को नोटिस भेजने और सुनवाई करने के बाद फोरम ने पाया कि सेवा में स्पष्ट तौर पर त्रुटि है।
फोरम के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय और सदस्य सैय्यद अली हसन फातमी व सरला गंझू की बेंच ने आदेश दिया कि:

  • उपभोक्ता को या तो नया माइक्रोवेव उपलब्ध कराया जाए

  • अन्यथा पूरे मूल्य 13,424 रुपए की वापसी के साथ-साथ

  • 10,000 रुपए जुर्माना और 5,000 रुपए वाद खर्च

  • कुल मिलाकर 28,424 रुपए का भुगतान एक महीने के भीतर अनिवार्य होगा।

उपभोक्ताओं के लिए सबक

फोरम के इस आदेश को ऑनलाइन शॉपिंग उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है। यह फैसला साफ संदेश देता है कि यदि कंपनियां ग्राहकों को डैमेज प्रोडक्ट उपलब्ध कराती हैं और शिकायतों का समाधान नहीं करतीं, तो उपभोक्ता अपने अधिकार की रक्षा के लिए उपभोक्ता फोरम का सहारा ले सकते हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती पर विचार गोष्ठी, अंत्योदय और राष्ट्रसेवा पर हुआ मंथन

0

गुमला : पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गुमला जिला मुख्यालय स्थित लोहरदगा रोड के सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम सभागार में एक प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। समारोह में वक्ताओं ने उपाध्याय जी के जीवन, उनके ‘एकात्म मानववाद’ दर्शन और अंत्योदय की सोच पर चर्चा करते हुए राष्ट्रनिर्माण और जनसेवा का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम की शुरुआत और मुख्य वक्तव्य

अभिनव स्वरूप में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद मंच पर उपस्थित अतिथियों ने पंडित उपाध्याय जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा, “उपाध्याय जी भारतीय राजनीति में मूल्य-आधारित चिंतन के अग्रदूत थे। उनका ‘एकात्म मानववाद’ आज के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। हमें उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से कार्य करना चाहिए।”

पूर्व विधायक कमलेश उरांव ने जोर देकर कहा कि पंडित उपाध्याय का पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की बेहतरी को समर्पित था। उन्होंने कहा, “उनकी सोच ने राजनीति को नई दिशा दी और भाजपा उन्हीं के अंत्योदय के विचारों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।”

प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए अंत्योदय का विचार आज भी एक नई आशा देता है। “पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके विचारों को आचरण में लाएँ,” उन्होंने कहा।

आयोजन का उद्देश्य और नेतृत्व

कार्यक्रम संयोजक अनूप चंद्र अधिकारी ने इसे केवल श्रद्धांजलि न मानकर जनचेतना का माध्यम बताया। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि अंत्योदय और राष्ट्र सर्वोपरि जैसे मूल्य समाज की चेतना का हिस्सा बनें।”

भाजपा नेता भगवान साबू और भूपन साहू ने भी पंडित उपाध्याय के विचारों और कर्मठ जीवन पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम संचालन भाजपा जिला महामंत्री यशवंत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिन्हा ने प्रस्तुत किया।

उपस्थिति और श्रद्धांजलि

गोष्ठी में वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। इनमें प्रमुख रूप से सविन्द्र सिंह, दामोदर कसेरा, दिनेश्वर प्रसाद साहू, बिनोद कुमार, निर्मल गोयल, संदीप प्रसाद, भोला चौधरी, हरिहर कुमार, किशोर मिश्रा, मंगल सिंह भोक्ता, शिवदयाल गोप, अमरमणि उरांव, सोनामणि देवी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

बिहार की राजनीति में हलचल तेज, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह भी बगावत के मूड में, मंत्रियों पर आरोप के बाद एनडीए खेमे में खदबदाहट 

0

सुनील सिंह

पटना, बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है। चुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। रोज नए समीकरण बन-बिगड़ रहे हैं। नेता भी करवट बदल रहे हैं। लालू परिवार में विद्रोह की खबरों के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह सिंह ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उनके सुर बदल गए हैं। ऐसा लगता है कि वह भी बगावत के मूड में हैं। अलग पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं।

जन सुराज के प्रशांत किशोर ने एनडीए सरकार के कई बड़े मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंत्रियों पर आरोप के बाद बिहार की राजनीति में नया उबाल आ गया है। अब इस मुद्दे पर आरके सिंह ने अपना मुंह खोलते हुए एनडीए सरकार के मंत्रियों से जवाब देने की मांग की है। कहा है कि भ्रष्टाचार का आरोप लगा है तो जवाब देना होगा।

आरा में दो दिन पहले उन्होंने क्षत्रिय समाज के एक कार्यक्रम में अलग पार्टी बनाने की भी बात कही है। इससे लगता है कि उनका अब भाजपा से मोहभंग हो चुका है और वह नए रास्ते की तलाश में हैं।

क्या आर के सिंह का भाजपा से मोहभंग हो चुका है?

आरा से लोकसभा चुनाव हारने के बाद आरके सिंह को लगभग हाशिये पर डाल दिया गया है। ऐसा कहा जा रहा हैै कि आरके सिंह के बढ़ते कद को देखते हुए उन्हें एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत लोकसभा का चुनाव हरवाया गया। पार्टी से लेकर विरोधी नेताओं ने भी इस मामले में आरके सिंह के खिलाफ काम किया। पवन सिंह फैक्टर ने भी हार में भूमिका निभाई थी।

चर्चा थी कि उन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ाया जाएगा। लेकिन आरके सिंह के बोल से ऐसा लगता है की पार्टी उन्हें चुनाव नहीं लड़ाएगी। इसलिए आरके सिंह अब नया रास्ता तलाश रहे हैं। केंद्र में मंत्री रहते हुए आरके सिंह ने अपनी एक पहचान बनाई। विकास के लिए कई काम किए। भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त रहे। उनकी अपनी एक छवि है। वह झुक कर व चाटुकारिता की राजनीति करने के खिलाफ हैं। इसलिए भाजपा से उनका मोह भंग हो चुका है।

हालांकि, बिहार के राजनीतिक दलों में सीट शेयरिंग को लेेकर कई राजनेता इधर से उधर हो सकते हैं. इसकी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. आरके सिंह के तेवर के बाद दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व ने अभी तक प्रदेश नेतृत्व को किसी तरह का संदेश नहीं दिया है लेकिन आर के सिंंह ने अपने आगे कदम जरूर बढ़ा दिये हैं. अब हमें उनके अगले कदम की प्रतीक्षा रहेेगी।

 

राम भक्तों के लिए

बौद्धिक रूप से दिवालिया होने के बावजूद भाजपा के सिरमौर्य 2047 तक राज करने के सपने में अभी भी डूबे हैेंं 

0

-विष्णु नागर

भाजपा बौद्धिक रूप से एकदम दिवालिया पार्टी है। इनके प्रवक्ता टीवी डिबेट में आते हैं और जेएनयू से पढ़ी- लिखी दो युवा महिला प्रवक्ताओं के सामने अपनी सारी आक्रामकता के बावजूद ढेर हो जाते हैं। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी भी इन्हें पंचर कर देते हैं।

मोदी जी खुद पिछले ग्यारह साल में प्रेस का सामना नहीं कर पाए। गृहमंत्री तीखे सवालों के आगे बेबस हो जाते हैं,जो इस सरकार के चाणक्य बताए जाते हैं। इनका रक्षा मंत्री इतना पिलपिला है कि एक टीवी चैनल पर कहता है कि मोदी जी 2029 में, 2034 में, 2039 में और 2044 में भी आएंगे और 2047 में भारत को विकसित बनाकर ही विश्राम लेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री, मोदी जी को संत बताती हैं। एक मुख्यमंत्री इनका नहीं, जिसमें बौद्धिक प्रखरता और प्रशासनिक क्षमता हो।  भय ही इनका अस्त्र है। इनमें से किसी की रीढ़ की हड्डी नहीं, अपने प्रदेश के लिए उनके पास कोई सपना नहीं। सब मोदी-शाह के आगे लंबवत हैं और ये लोग तंत्र पर पूरा कब्जा करके बैठे हैं।

भाजपा के मुकाबले विपक्षी दलों के नेताओं में प्रखरता मिलेगी। वामपंथी तो निरपवाद रूप से बौद्धिकता में आगे होते हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी,राजद, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक आदि के नेता और प्रवक्ता अक्सर प्रखरता से अपनी बातें रखतेे हैं, गोबर और गोमूत्र से नहाये हुए नहीं हैं!

देश का दुर्भाग्य कि इतने पिलपिले लोग हमारे शासक हैं, जो ट्रंप से लेकर अडानी तक के पैर पखारते रहते हैं। जिस प्रधानमंत्री के पास कोई विज़न (दृष्टि) नहीं, वह अपने को हर दिन ‘विजनरी ‘ कहलवाकर खुश होता रहता है। जो चौबीस घंटे अपनी जय-जयकार सुनकर मस्त पड़ा रहता है।

जिसने अपनी इमेज बनाने के चक्कर में देश का हर तरह से कबाड़ा करके रख दिया है। जिसे केवल अपने से प्यार है। जो इस मुगालते में है कि उसे कोई ताकत हिला नहीं सकती, जबकि देश में हर जगह असंतोष की आग की लपटें उठ रही हैं। जो अपनी गद्दी पर खतरा आते ही मां-मां करने लगता है।

यह दिनों दिन साफ होता जा रहा है कि वोट चोरी करके इन्होंने सत्ता हासिल की है और आगे भी ये इससे बाज आनेवाले नहीं। ये सिर्फ डंडे और बंदूक के बल पर हर आवाज़ को चुप करवाना जानते हैं और कोई रास्ता इन्हें मालूम नहीं।

बातचीत के रास्ते पर कभी आते भी हैं तो भी झूठ और बेईमानी करके आगे बढ़ जाते हैं। यही वजह है कि इनपर से लोगों का यकीन खत्म होता जा रहा है और ये हैं कि 2047 तक राज करने के सपने में अभी भी डूबे हुए हैं!

(ये लेखक के अपने विचार हैं)

राम भक्तों के लिए

ओला इलेक्ट्रिक ने लॉन्च किया “ओला सेलिब्रेट्स इंडिया” कैंपेन, 49,999 रुपए से मिलेंगे ईवी स्कूटर्स और बाइक

0

दिल्ली : फेस्टिव सीज़न को ध्यान में रखते हुए भारत की अग्रणी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने मंगलवार को अपना नया कैंपेन “ओला सेलिब्रेट्स इंडिया” शुरू किया। इस पहल के तहत ग्राहकों को सीमित अवधि के लिए सिर्फ 49,999 रुपए की शुरुआती कीमत पर कंपनी के एस1 स्कूटर्स और रोडस्टर एक्स मोटरसाइकिलें उपलब्ध होंगी। यह ऑफर 23 सितम्बर से शुरू होकर 9 दिनों तक जारी रहेगा।

मुहूर्त महोत्सव में खास ऑफर

कंपनी ने इस कैंपेन के तहत “ओला मुहूर्त महोत्सव” पेश किया है। इसमें ग्राहक

  • एस1 एक्स (2 kWh) और रोडस्टर एक्स (2.5 kWh) सिर्फ 49,999 रुपए में,

  • जबकि एस1 प्रो+ (5.2 kWh) और रोडस्टर एक्स+ (9.1 kWh) को 99,999 रुपए की कीमत पर खरीद सकते हैं।

इन मॉडलों में कंपनी के नए 4680 भारत सेल बैटरी पैक शामिल हैं। ऑफर के दौरान स्कूटर्स और मोटरसाइकिल्स की यूनिट्स प्रतिदिन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर उपलब्ध रहेंगी, जबकि स्लॉट की घोषणा हर सुबह कंपनी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर की जाएगी।

कंपनी की सोच और संदेश

ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने कहा, “ओला सेलिब्रेट्स इंडिया के जरिए हम प्रगति, संस्कृति और पहुंच को एक साथ जोड़ना चाहते हैं। यह सिर्फ कम कीमत पर उपलब्ध ईवी की पेशकश नहीं है, बल्कि हर भारतीय घर तक वर्ल्ड-क्लास ईवी पहुंचाने का संकल्प है। हमारी आधुनिकता नकल पर नहीं, बल्कि भारतीय अंदाज़ में प्रगति को अपनाने पर आधारित है।”

मौजूदा प्रोडक्ट लाइनअप

  • प्रीमियम एस1 जेन 3 पोर्टफोलियो : एस1 प्रो+ (5.2 kWh और 4 kWh), एस1 प्रो (4 kWh और 3 kWh) – कीमतें 1,20,999 से 1,69,999 रुपए के बीच।

  • मास मार्केट मॉडल्स : एस1 एक्स+ (4 kWh), एस1 एक्स (2, 3 और 4 kWh) – कीमतें 81,999 से 1,11,999 रुपए तक।

  • जेन 2 वेरिएंट्स : एस1 प्रो और एस1 एक्स – 97,999 से 1,18,999 रुपए।

रोडस्टर मोटरसाइकिल्स

  • रोडस्टर एक्स+ (4.5 kWh) – 1,27,499 रुपए

  • रोडस्टर एक्स (2.5, 3.5 और 4.5 kWh) – 99,999 से 1,24,999 रुपए।

हाल की घोषणाएँ

कंपनी ने अपने वार्षिक ‘संकल्प’ इवेंट में 4680 भारत सेल से लैस नए मॉडल भी पेश किए। इनमें एस1 प्रो+ (5.2 kWh) और रोडस्टर एक्स+ (9.1 kWh) शामिल हैं, जिनकी कीमत क्रमशः 1,69,999 और 1,89,999 रुपए रखी गई है। इन वाहनों की डिलीवरी इस नवरात्रि से शुरू हो चुकी है।

साथ ही, कंपनी ने स्पोर्ट्स स्कूटर सेगमेंट में भी प्रवेश किया है। नया एस1 प्रो स्पोर्ट (5.2 kWh और 4 kWh बैटरी पैक) जनवरी 2026 से 1,49,999 रुपए की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

गुमला मुठभेड़ : तीन नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद, पुलिस अभियान में मिली बड़ी सफलता

0

गुमला : उग्रवाद के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान के तहत गुमला पुलिस ने बुधवार को एक और बड़ी सफलता दर्ज की। बिशुनपुर थाना क्षेत्र के केचकी गांव के समीप रोगरी टोली के घने जंगलों में Jharkhand Jan Mukti Parishad (JJMP) उग्रवादियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में संगठन के तीन सक्रिय सदस्य मारे गए। मृतकों में दो कुख्यात नक्सली शामिल हैं, जो कई गंभीर अपराधों में वांछित थे।

खुफिया सूचना पर चला संयुक्त अभियान

23 सितम्बर को गुमला पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां को सूचना मिली थी कि JJMP के कुछ सदस्य इलाके में बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) और झारखंड STF से विचार-विमर्श कर संयुक्त ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई।
24 सितम्बर की सुबह QRT टीम, झारखंड जगुआर और गुमला पुलिस के संयुक्त बल ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन उग्रवादी ढेर हो गए।

मारे गए उग्रवादियों की पहचान

  • लालू लोहरा निवासी बसरटोली, थाना सेन्हा, लोहरदगा

  • सुजीत उरांव निवासी रोरेड, जिला लोहरदगा

  • छोटू उरांव उर्फ सत्येंद्र/रविंद्र उरांव, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी होसिर, जिला लातेहार

तीनों नक्सली JJMP संगठन के कुख्यात सदस्य थे और कई मामलों में वांछित बताए जाते हैं।

बरामद हथियार

पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार जब्त किए जिनमें शामिल हैं—

  • एक AK 56 राइफल

  • एक INSAS राइफल

  • एक SLR राइफल

  • विभिन्न बोर की गोलियां और अन्य सामग्री

नक्सलियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, मृत नक्सलियों के खिलाफ कई पुराने मामले दर्ज थे।

  • लालू लोहरा सेन्हा थाना कांड (63/2024) में आरोपी था।

  • सुजीत उरांव पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आरोप थे।

  • छोटू उरांव भी कई घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहा था।

सुरक्षा बलों की तैनाती और शामिल टीमें

ऑपरेशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में घाघरा, पालकोट और बिशुनपुर थाना प्रभारियों के साथ QRT और झारखंड जगुआर की टीम शामिल थी।

हाल की बड़ी सफलताएँ

पुलिस ने बताया कि गत महीनों में उग्रवाद विरोधी अभियान में कई बड़ी कामयाबियाँ मिली हैं।

  • 24 मई 2025 को JJMP सुप्रीमो पप्पू लोहरा समेत दो सब-जोनल कमांडर मुठभेड़ में मारे गए।

  • 26 जुलाई को गुमला और लातेहार में तीन सब-जोनल कमांडरों को ढेर किया गया।

  • 5 अगस्त को PLFI सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा मारा गया, जिस पर 15 लाख का इनाम था।

  • जुलाई और अगस्त में कई कुख्यात माओवादियों को गिरफ्तार किया गया।

  • 1 सितम्बर को JJMP जोनल कमांडर रविंद्र यादव समेत कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

पुलिस का दावा: संगठन लगभग खत्म

गुमला पुलिस ने दावा किया है कि JJMP संगठन अब लगभग समाप्त हो चुका है। बचे हुए 2-3 सदस्य भी जल्द ही आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी के शिकंजे में होंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान नक्सल प्रभावित गुमला और आसपास के जिलों में सुरक्षा और शांति बहाली की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

स्वस्थ नारी अभियान का गुमला में अनुश्रवण, केंद्र टीम ने की पहल की सराहना

0

गुमला : गुमला जिला मुख्यालय में बुधवार को भारत सरकार की टीम ने स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत चल रहे कार्यक्रमों का अनुश्रवण किया। यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू किया गया था और इसका समापन आगामी 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर होगा।

अनुश्रवण के दौरान कार्यक्रमों की समीक्षा

भारत सरकार से आई टीम में शिवानी केशरी, निलजा, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और विजय कृष्ण दास शामिल थे। टीम ने सबसे पहले सदर अस्पताल परिसर में लगे स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. शम्भूनाथ चौधरी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कांत मिश्रा और उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर ने सहयोग किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉल का जायजा लेकर सेवा की गुणवत्ता और प्रक्रिया का गहन मूल्यांकन किया।

इसके बाद टीम आयुष्मान आरोग्य मंदिर फोरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंची। फोरी में सीएचओ, एएनएम और सहिया द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। वहीं डुमरी में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण कार्य को देखकर टीम के सदस्यों ने संतोष जताया।

टीम सदस्यों की प्रतिक्रिया

शिवानी केशरी ने कहा कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य जिले की सभी महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि गुमला में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक चल रहा है।
टीम की सदस्य निलजा ने कहा कि हर महिला की स्वास्थ्य जांच और सही चिकित्सा परामर्श ही “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” की संकल्पना को सजीव बना सकता है।

स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों की भागीदारी

अभियान के अनुश्रवण में जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनीत आनंद, अस्पताल जिरेन कंडुलना, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक आनंद राम महतो, आशा फैसिलिटेटर रामाकांत, राजेश केरकेट्टा, एजरस एक्का और शांता टोप्पो समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। टीम ने उनके सहयोग और प्रयासों की भी प्रशंसा की।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला मुठभेड़ : दो सब-जोनल कमांडर समेत तीन नक्सली ढेर, पुलिस ने बरामद किए हथियार

0

गुमला : झारखंड के गुमला जिले में बुधवार सुबह पुलिस और झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन उग्रवादियों को मार गिराया गया। ढेर हुए नक्सलियों में दो सब-जोनल कमांडर शामिल हैं, जिनमें से एक पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ को पुलिस ने बड़ी कामयाबी बताया है।

खुफिया सूचना पर की गई कार्रवाई

गुमला पुलिस को जानकारी मिली थी कि बिशुनपुर प्रखंड के जालिम गांव क्षेत्र में नक्सलियों का एक दस्ता बैठक कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी हरिश बिन जामां के निर्देश पर पुलिस व झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया।
जैसे ही सुरक्षा बल के जवान केचकी स्थित रोगरीटोली के घने जंगल में आगे बढ़े, वहां नक्सली बृजेश यादव के दस्ते ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन नक्सली ढेर हो गए।

मारे गए नक्सलियों की पहचान

मृत उग्रवादियों की पहचान लालू लोहरा, छोटू उरांव और सुजीत उरांव के रूप में हुई है। लालू लोहरा और छोटू उरांव दोनों JJMP के सब-जोनल कमांडर थे। छोटू उरांव पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था और वह कई मामलों में वांछित था।
तीसरा मारा गया नक्सली, सुजीत उरांव, उनकी टीम का सक्रिय कैडर था। पुलिस ने घटनास्थल से तीन हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एक AK-47 राइफल भी शामिल है।

पुलिस की बड़ी उपलब्धि

जिले के पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जामां ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि यह संयुक्त कार्रवाई पूरी तरह सफल रही। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में पुलिस और झारखंड जगुआर की टीमें शामिल थीं। एसपी ने इसे नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों की सबसे बड़ी हाल की उपलब्धियों में से एक बताया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2025 में अब तक गुमला जिले में हुई मुठभेड़ों में आधे दर्जन से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गिरिडीह में दुर्गा पूजा के मद्देनजर प्रशासन तैयार, डीसी-एसपी ने सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी

0

गिरिडीह (कमलनयन) : दुर्गा पूजा के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर भवन में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाए। पंडालों में समुचित लाइट की व्यवस्था, एंट्री और एग्जिट के लिए समुचित रास्ते, पंडाल के समीप वाहन पार्किंग ना हो, इसका भी विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ पर भी विशेष रूप से निगरानी रखी जाए। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे भी अवश्य रूप से लगाया जाए।

डीसी ने कहा किे मूर्ति विसर्जन वाले रूटों का भ्रमण कर लेंगे। दुर्गा पूजा के दौरान सभी पंडालों में हेल्प डेस्क, दूरभाष केंद्र, जिसमें एम्बुलेंस, अग्निशमन, संबंधित क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी आदि का नंबर लिखा जाय। नियमित बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगें। सभी पंडालों में फायर सेफ्टी और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। इसके अलावा  संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करें।

डीसी ने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार का भड़काऊ पोस्ट या व्हाट्सएप ग्रुप में भड़काऊ मैसेज करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर नजर बनी रहेंगी : एसपी 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान पूरे शहर एवं जिले के हर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिन थानों में अभी तक शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वो अपने यथाशीघ्र शांति समिति की बैठक करें। दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटित हो। इसके साथ ही जिला प्रशासन की नजर सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर बनी रहेंगी।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कंट्रोल रूम संचालित की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगजनी जैसे अप्रिय घटनाओं से बचने हेतु पूजा समिति के सदस्यों को समुचित पानी एवं बालू आदि की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित करने को कहा।

साथ ही अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी को भी इस प्रकार के अप्रिय घटनाओं से बचने हेतु पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार रहने हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पूजा पंडाल के सदस्यों को अपने-अपने पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा निश्चित तौर पर अधिष्ठापित करने हेतु निर्देशित करने को कहा गया।

बैठक में ये लोग थे उपस्थित 

बैठक में डीडीसी अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, उप नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी,  जिला अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, उप नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी,  जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, सहित शांति समिति के सदस्य और समाज के गणमान्य नागरिक के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित/कर्मी थे.

राम भक्तों के लिए

आयुर्वेद दिवस पर हजारीबाग को मिली पंचकर्म चिकित्सा की सौगात, सांसद मनीष जायसवाल ने किया उद्घाटन

0

हजारीबाग, 22 सितंबर: विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर हजारीबाग के नागरिकों को सोमवार को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ा तोहफा मिला। जिले में पंचकर्म चिकित्सा की औपचारिक शुरुआत लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के जनक धन्वंतरि को नमन करते हुए पंचकर्म केंद्र का उद्घाटन किया।

सांसद ने बताया स्वास्थ्य के लिए क्रांतिकारी कदम

समारोह में संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आयुर्वेद मात्र उपचार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवनशैली का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में लोग स्वदेशी उपचार प्रणालियों की ओर लौट रहे हैं और आयुर्वेद वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता हासिल कर रहा है। जायसवाल ने कहा, “प्रिवेंशन इज़ बेटर दैन क्योर” के सिद्धांत को आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि लोग समय रहते बीमारियों से बच सकें।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि पंचकर्म चिकित्सा की उपलब्धता से हजारीबाग सहित आसपास के जिलों के जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

रंजन चौधरी का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में जिला आयुष विभाग की ओर से सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी का विशेष सम्मान किया गया। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस. एन. तिवारी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। तिवारी ने कहा कि पंचकर्म केंद्र की स्थापना में रंजन चौधरी ने लगातार आवाज उठाई थी, जिसके परिणामस्वरूप यहां यह सुविधा उपलब्ध हो पाई है।

विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

इस मौके पर जिला नोडल आयुष पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार शाही समेत कई आयुर्वेद चिकित्सकों और योग गुरुओं ने अपने विचार रखे। उन्होंने जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक औषधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे पारंपरिक चिकित्सा पद्धति बीमारियों की रोकथाम और उपचार में प्रभावी साबित हो सकती है।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम में आयुष विभाग के पदाधिकारी, जिले के आयुर्वेद चिकित्सक, योग शिक्षक, भाजपा नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने सरकार और प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की और पंचकर्म सेवा को आमजन के लिए एक नई उम्मीद बताया।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium