22.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 285

तेलंगाना सुरंग हादसा: गुमला के दो मजदूरों के परिजनों को मिला मुआवजा

0

गुमला, 23 सितंबर: तेलंगाना राज्य के नागरकुरनुल जिले में हुए भयावह SLBC सुरंग हादसे में जान गंवाने वाले गुमला जिले के दो मजदूरों के परिजनों को मंगलवार को मुआवजा राशि दी गई। यह भुगतान कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम 1923 के तहत किया गया। चंदाली स्थित समाहरणालय सभागार में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने परिजनों को कंपनी द्वारा भेजी गई राशि औपचारिक रूप से सौंपी।

परिजनों को मिली आर्थिक सहायता

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप साहू के परिवार को कुल 7.71 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। इसमें उनकी बहन पूर्णिमा कुमारी को 3 लाख रुपये और माता बिरसमुन्नी देवी को 4,71,583 रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं, मृतक जगता क्षेस की माता मंगरी देवी को 11,81,659 रुपये की राशि सौंपी गई।

उपायुक्त ने जताई संवेदना

इस अवसर पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने दोनों परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहयोग दुख की इस घड़ी में परिवारों को आंशिक राहत देगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मजदूर परिवारों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन हमेशा तत्पर रहेगा और आगे भी हरसंभव सहायता करता रहेगा।

मजदूर सुरक्षा पर जोर

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मजदूरों से संबंधित योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी देने के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

स्वच्छता ही सेवा अभियान में जनजागरूकता, ग्रामीणों को प्लास्टिक छोड़ने की अपील

0

गुमला, 23 सितंबर: स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के तहत मंगलवार को गुमला जिले की विभिन्न पंचायतों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों को साफ-सफाई और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

दुकानदारों को मिली हिदायत

अभियान के तहत चौक-चौराहों पर दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने और इसके स्थान पर कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने को प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी खतरा है।

कचरा प्रबंधन पर जोर

जनसंपर्क अभियान में ग्रामीणों को घरेलू स्तर पर गीले और सूखे कचरे को अलग करने और 3R (Reduce, Reuse, Recycle) की अवधारणा अपनाने की सलाह दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि यदि हर परिवार कचरा प्रबंधन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए तो स्वच्छता मिशन को सफल बनाना आसान होगा।

व्यापक सहभागिता

इस जनजागरूकता अभियान में जिला समन्वयक, ब्लॉक वॉश समन्वयक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, जलसहिया और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। जागरूकता रैलियों और संवाद कार्यक्रमों के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि नागरिक दायित्व भी है।

जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

अभियान के अंतर्गत ग्रामस्तर पर निवासियों को यह संदेश दिया गया कि साफ-सफाई से न केवल गांव का वातावरण सुधरेगा, बल्कि बीमारियों की रोकथाम भी होगी। आयोजकों ने अपील की कि लोग जिम्मेदार नागरिक बनते हुए स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

सरकारी योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा, बैंकों को तेजी लाने के निर्देश

0

गुमला, 23 सितंबर: गुमला जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में मंगलवार को सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक का संचालन उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महत्तो ने किया, जिसे उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर बुलाया गया था। इसमें विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर

उप विकास आयुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

PMFME योजनाओं की समीक्षा

प्रधानमंत्री फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज (PMFME) योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों और रिजेक्शन के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। महत्तो ने बैंकों को लाभुकों की सूची शीघ्र स्वीकृत करने और सभी प्रक्रियाओं को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए।

SHG और PMEGP पर निर्देश

बैठक में स्वयं सहायता समूह (SHG) और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और अधिक से अधिक नागरिकों को इन योजनाओं से जोड़ने का निर्देश देते हुए कहा कि बैंकों को अपने कार्य निष्पादन में सुधार करने की आवश्यकता है।

अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में बागवानी पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, LDM गुमला, JSLPS प्रतिनिधि, जिला उद्यमी समन्वयक सहित सभी बैंक शाखा प्रबंधक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

रक्तदान शिविर में उत्साह, 14 यूनिट रक्त एकत्रित

0

गुमला, 23 सितंबर: गुमला जिले में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को घाघरा प्रखंड परिसर में विशेष शिविर लगाया गया। इस पहल में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिसके फलस्वरूप कुल 14 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

उपायुक्त ने की अपील

शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि “रक्तदान एक महादान है, जो अनगिनत जीवन बचाने में सहायक है।” उन्होंने जिले के नागरिकों से इसे सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने का आग्रह किया।

अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन आगे भी विभिन्न प्रखंडों में इस तरह के शिविर आयोजित करेगा ताकि सदर अस्पताल तथा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से सक्रिय रूप से सहयोग करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।

दीक्षित ने यह भी कहा कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है, बल्कि दाता के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। उन्होंने युवाओं से इसे एक जनआंदोलन का रूप देने की अपील की।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जिला स्तरीय जन शिकायत दिवस: उपायुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

0

गुमला, 23 सितंबर: गुमला जिला मुख्यालय स्थित चांदली समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से जुड़े आवेदन समर्पित किए।

बिजली कटने की शिकायत पर कार्रवाई

कार्यक्रम के दौरान घाघरा निवासी किरासी लोहारा ने शिकायत दर्ज कराई कि बिजली विभाग ने बिना पूर्व सूचना उनके घर की बिजली काट दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

भूमि विवादों को लेकर निर्देश

जन शिकायत दिवस के दौरान बड़ी संख्या में भूमि विवाद से संबंधित आवेदन सामने आए। इन मामलों को त्वरित निपटारे के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अंचल दिवस पर सूचीबद्ध करने का आदेश दिया, ताकि अंचल अधिकारी की मौजूदगी में सुनवाई हो सके।

सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित बच्चों का मामला

जारी प्रखंड निवासी संतोष बड़ाइक ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे सिकल सेल एनीमिया से जूझ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में उन्हें पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में SBMLG पद से हटा दिया गया था। उन्होंने रोजगार उपलब्ध कराने में प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई ताकि इलाज का खर्च वहन किया जा सके। उपायुक्त ने इस प्रकरण को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन गुमला को पत्र भेजकर बच्चों के सुरक्षित एवं समुचित उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश जारी किया।

आम रास्ते पर दीवार खड़ी करने की शिकायत

खरका पंचायत के छोटा खटंगा ग्राम के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि शंभु पांडेय और संजय पांडेय ने पक्की दीवार खड़ी कर आम रास्ते को बाधित कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस मुद्दे पर पूर्व में भी शिकायत दी गई थी। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तालाब जीर्णोद्धार की मांग

बासित गांव के संजीत सिंह ने आवेदन देकर बताया कि उनके गांव का तालाब जर्जर हो चुका है, जिससे 14–15 किसान प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने तालाब की मरम्मत की मांग रखी। उपायुक्त ने इस संबंध में संबंधित विभाग को जांच कर जल्द कार्रवाई करने का आदेश दिया।

सभी आवेदनों पर समयबद्ध समाधान का निर्देश

इस मौके पर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच की जाए और उनका निष्पादन समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

बिनोद बिहारी महतो की जयंती के अवसर पर….धनबाद के एक वकील के तंज ने जिन्हें वकील से राजनेता बना दिया

0
वरिष्ठ पत्रकार बिनोद कुमार के पहले उपन्यास ‘समर शेष है’ का एक अंश बिनोद बाबू को समर्पित

रांची : कुड़मी समाज के सबसे कद्दावर नेता बिनोद बिहारी महतो की आज जयंती है. बिनोद बिहारी महतो ने ही शिबू सोरेन और कामरेड एके राय के साथ मिल कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था. हालांकि, झामुमो की स्थापना करने के बावजूद वे मन से वामपंथी थे और उनकी दोस्ती अंत तक कामरेड एके राय से बनी रही.

कैसी विडंबना कि आज तीनों नेता दिवंगत हो चुके हैं और आदिवासी, सदानों के जिस एकता के बल पर झारखंड में महाजनी शोषण और माफियागिरी के खिलाफ जंग लड़ी गयी और सैकड़ों लोगों ने शहादत दी, वे आपस में लड़ रहे हैं.

मैट्रिक पास करनेवाले पहले कुर्मी युवक थे बिनोद बाबू

बलियापुर प्रखंड का एक गांव है बड़ादहा। बड़ादहा यानी एक ऐसा भौगोलिक क्षेत्र जहां जल जमाव बहुत ज्यादा होता है। इस गांव के एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार की इकलौती सन्तान के रूप में उनका बिनोद बाबू का जन्म 1 मार्च 1921 को हुआ था। पिता का नाम महिन्द्री महतो और मां का नाम मन्दाकिनी देवी। इकलौते पुत्र होने की वजह से वे अपने माता-पिता के लाड़ले थे।

बावजूद इसके इनकी प्रारम्भिक शिक्षा-दीक्षा बहुत कठिनाई से हुई। कुसमाटांड़ के मिडिल स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका नामांकन एच. ई. स्कूल धनबाद में कराया गया।

बिनोद बाबू मीलों पैदल चलकर स्कूल जाया करते। लेकिन परिश्रम काम आया और अपने इलाके में वे मैट्रिक पास करने वाले पहले कुर्मी युवक थे। मैट्रिक के बाद भी वे आगे पढ़ना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक मजबूरियों की वजह से उन्होंने धनबाद में आपूर्ति विभाग में किरानी की नौकरी कर ली।

उस वक्त तक उनका विवाह कुसमाटांड़ में हो चुका था। लेकिन वह नौकरी बहुत दिनों तक चली नहीं। कहते हैं कोर्ट परिसर में एक वकील से उनकी बकझक हो गई और वकील ने ताना मारते हुए कह दिया- ‘अरे तुम कितना भी तेज-तर्रार क्यों न बनो, आखिर हो तो किरानी ही।’

यह बात बिनोद बाबू के अन्तर्मन को घायल कर गई और उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। निश्चय किया कि वे आगे पढ़ेंगे। घरवालों को उनके इस फैसले पर आश्चर्य तो हुआ लेकिन सभी जानते थे कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति के मालिक हैं। एक बार जो ठान लेते हैं वही करते हैं।

इसलिए किसी ने भी उनके साथ टोका-टाकी नहीं की। उन्होंने 1941 में मैट्रिक किया था। पूरे आठ वर्ष बाद एक बार फिर विद्यार्थी जीवन में प्रवेश किया और पी. के. राय कॉलेज में आई.ए. में नामांकन करवाया।

पूरे आठ वर्ष पढ़ाई-लिखाई छोडे रहने के बाद उन्होंने नियमित छात्र के रूप में कॉलेज में नामांकन कराया था. सामान्य छात्रों से उम्र में काफी बड़े थे और उनके सहपाठी बूढ़ा कहकर उनका मजाक उड़ाते। लेकिन लोगों के ताने और छात्रों के मजाक उन्हें अपने निश्चय से डिगा नहीं पाए।

उनकी पढ़ाई का तरीका भी अन्य छात्रों से भिन्न था। छात्रावास के अपने कमरे को वे भीतर से बन्द कर लेते और जोर-जोर से ‘सोहराय गीत’ की धुन में पढ़ते। बहुधा सबेरे उनके जोर-जोर से पढ़ने की आवाज से ही अन्य छात्रों की नींद टूटती।

खैर, 1952 में उन्होंने आई.ए. की परीक्षा पास की और 1954 में उसी कॉलेज से बी.ए. की परीक्षा। उसके बाद वकालत पढ़ी और वकील बनकर धनबाद के उसी कोर्ट में पहुँचे जहाँ एक वकील ने उनकी खिल्ली उड़ाई थी।

स्वभाव से वामपंथी विचारधारा के थे

छात्र-जीवन में ही वे वामपंथी विचारधारा के सम्पर्क में आए थे और जल्द ही वे वकालत के क्षेत्र में स्थापित होने के साथ कम्युनिस्ट पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता और बाद में नेता के रूप में स्थापित हो गए।

1952 में उन्होंने झरिया में जनता पार्टी के प्रत्याशी राजा कालीपद सिंह के खिलाफ एम.एल.ए. का चुनाव भी लड़ा जिसमें वे सफल नहीं हो सके। उसके बाद वे विधानसभा चुनावों में भी भाग लेते रहे लेकिन जीत न सके।

वह जमाना कामख्या नारायण सिंह की राजा पार्टी का था, जिन्हें आदिवासियों का समर्थन प्राप्त था। उनके अपने समुदाय के लोग कांग्रेस की तरफ धीरे-धीरे मुखातिब हो रहे थे। वैसी परिस्थिति में एक वामपंथी रुझान के युवक को चुनावी सफलता कैसे मिलती?

1965 में शिवाजी समाज की नींव डाली

बिनोद बाबू इस तथ्य को तीव्रता से महसूस किया कि जब तक उनका अपना कुर्मी समाज जाग्रत नहीं होता, अन्धविश्वासों और सामाजिक बुराइयों से मुक्त नहीं होता और जब-तक उनमें राजनीतिक चेतना नहीं जागती, तब तक उनकी अपनी राजनीतिक सफलता भी संदिग्ध बनी रहेगी।

उन्होंने 1965 में शिवाजी समाज की नींव डाली। उनकी कोशिश रहती कि उनके समाज की समस्याओं का निराकरण जन-अदालतों के माध्यम से हो। वे पेशे से वकील बन चुके थे। उनकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर थी।

बिनोद बाबू की वाणी में गरज और जोश था। उन्हें अपने समाज में प्रतिष्ठा मिलने लगी थी। और जन अदालतों के माध्यम से जब वे अपने समाज की सताई औरतों को न्याय दिलाने लगे, दोषी व्यक्ति को सजा देने लगे, तो उनकी ख्याति और भी तेजी से बढ़ी। लेकिन राजनीतिक जीवन में अभी उनकी पहचान नहीं बन पाई थी। इसी मुकाम पर ए. के. राय से उनकी मुलाकात हुई। इसके बाद फिर उनका राजनीतिक जीवन आगे बढने लगा.अपने समाज के लोगों से वे अक्सर कहा करते थे कि लड़ना है तो पढ़ना सीखो.

बिनोद बाबू को याद करते हुए अपने पहले उपन्यास ‘समर शेष है’ का एक अंश प्रस्तुत कर रहा हूं. यह उपन्यास मैंने झारखंड बनने के पहले लिखी थी, यानी आज से 26-27 वर्ष पूर्व. उनके व्यक्तित्व को समझने में शायद आपको कुछ मदद मिले.     

-बिनोद कुमार

राम भक्तों के लिए

गिरिडीह भाजपा ने जुुुुुलूस निकाल कर मनाया बचत उत्सव, प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने शिरकत की

0

गिरिडीह : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में जीएसटी बचत में सुधारों की घोषणा किये जाने के बाद बीते सोमवार 22 सितंबर से देश भर में 2.00  स्लेब लागू हो गया। जिसके फलस्वरूप घरेलू खाद्य पदार्थों, दवाओं, पेट्रों पदार्थों, मनोरंजन की वस्तुओं सहित अन्य सामानों पर टैक्स घटा है।

इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में जीएसटी उत्सव पखवारा मना रही है। पखवारे के तहत प्रतिपक्ष के नेता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पार्टी द्वारा आयोजित जीएसटी उत्सव जुलूस में भाग लिया।

गिरिडीह जिला मुख्यालय में निकाले गये जुलूस की अगुवाई विधायक डा. मंजू कुमारी, भाजपा के जिला प्रमुख महादेव दूबे, दिनेश यादव, सुरेश साव, संदीप डंगेच सरीखे नेताओं ने किया। बरगंडा चौक से निकले जुलूस में कार्यकर्ताओं की टोली मोदी सरकार को साधुवाद देते हुए चल रही थी।

बाबूलाल ने दुकानदारों से संवाद किया

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी ने दुकानदारों से संवाद करते हुए कहा कि पीएम मोदी सरकार के ऐतिहासिक कार्य का फायदा स्वयं उठाये और लोगों को दिलाएं। उन्होंने लोगों का अहवान किया कि आनेवाले त्यौहारों में स्वदेशी जरूरत के सामान की ख़रीदारी करें। देश में निर्मित वस्तुएं भारत की अस्मिता है। बीच बीच में श्री मरांडी ने दुकानदारों को गुलाब फूल भी भेंट किया।

इस क्रम में प्रदीप सेल्स के निदेशक प्रदीप अग्रवाल सहित कई मिठाई दुकानदारों, कपड़ा एवं किराना, इलेक्ट्रिक दुकानों के मालिकों ने पदयात्रा के दौरान लोगों को मुंह मीठा करवाया एवं पीएम मोदी का आभार जताया।

पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता से किए वादों को निभाया है जीएसटी में दो स्लैब कर सीधे तौर पर राहत दी है। ऐसे में भाजपा इसे लेकर उत्सव मना रही है।

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग में सांसद खेल महोत्सव का दूसरा चरण 23 सितंबर से शुरू, सांसद ने जीएसटी सुधार को बताया जनता के लिए राहत

0

हजारीबाग, झारखंड – हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में “सांसद खेल महोत्सव” का दूसरा चरण 23 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी स्तर पर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और युवाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना है। पहले चरण में 15,000 से अधिक खिलाड़ियों ने ‘नमो फुटबॉल प्रतियोगिता’ में हिस्सा लिया था, जिसके मैच अभी भी जारी हैं।

दूसरे चरण का कार्यक्रम

सांसद मनीष जायसवाल ने जानकारी दी कि अब महोत्सव के दूसरे चरण में कई खेलों का आयोजन किया जाएगा।

  • क्रिकेट प्रतियोगिता 10 से 28 नवंबर तक कुज्जू, रामगढ़, बरही और हजारीबाग में होगी।

  • आर्चरी प्रतियोगिता 12-13 नवंबर को रामगढ़ और 21-22 नवंबर को हजारीबाग में होगी।

  • शतरंज प्रतियोगिता 15-16 नवंबर को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में आयोजित की जाएगी।

  • कबड्डी प्रतियोगिता 15-16 नवंबर को रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, बरही और बड़कागांव में विधानसभा स्तर पर खेली जाएगी।

  • फुटबॉल प्रतियोगिता 12 से 24 दिसंबर तक कुज्जू, रामगढ़, बरही और हजारीबाग में खेले जाएंगे।

सांसद जायसवाल ने खेल प्रेमियों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ताकि इसे ऐतिहासिक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही पंजीकरण से जुड़ी जानकारी भी जारी होगी।

सांसद ने बताया जीएसटी सुधार का लाभ

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी सुधार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत हैं। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर टैक्स घटा दिया गया है।

  • खाद्य सामग्री, मिठाई, कपड़े, जूते-चप्पल, मोबाइल फोन, छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और किचन के सामान का जीएसटी अब कम हो गया है।

  • किताबें, स्टेशनरी और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी वस्तुएं भी घटे टैक्स दायरे में आ गई हैं।

  • कई वस्तुओं पर 18% जीएसटी घटाकर 12% और 12% घटाकर 5% कर दिया गया है। कुछ वस्तुओं पर टैक्स पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

जायसवाल ने कहा कि इस फैसले से आम परिवारों का खर्च घटेगा, व्यापारियों को लाभ मिलेगा और बाजार में रौनक लौटेगी। उन्होंने इसे नवरात्रि की शुरुआत में जनता के लिए “शुभ संकेत” बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

समारोह में मौजूद रहे वरिष्ठ नेता

प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनिल मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष टुनू गोप, अशोक यादव, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, सांसद पुत्र करण जायसवाल और कई अन्य भाजपा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, किसान, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है, और इस तरह के निर्णय आने वाले समय में जनता की खुशहाली और देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती की दिशा में अहम कदम साबित होंगे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

गुमला के टांड बाजार में महिला चोर गैंग सक्रिय, लाखों की चेन उड़ा ले गईं

0

गुमला, झारखंड – जिला मुख्यालय के बीचों-बीच स्थित सबसे भीड़भाड़ वाले टांड सब्जी बाजार में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की कथित महिला चोर गैंग लगातार सक्रिय हो गई है। खासकर मंगलवार और शनिवार के हाट दिनों में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ये गिरोह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गहने और अन्य कीमती सामान गायब कर देते हैं, जिससे बाजार में दहशत का माहौल है।

महिला चोर गिरोह की करतूत

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गैंग कई महिलाओं और बच्चों के साथ मिलकर काम करता है। भीड़ में एक सदस्य गहना या सामान चोरी करता है और तुरंत ही दूसरा या तीसरा साथी उसे लेकर भीड़ में गायब हो जाता है। ऐसे में घटना के बाद अगर आरोपियों को पकड़ भी लिया जाए, तो उनके पास से चोरी का सामान बरामद नहीं होता। इस वजह से कई बार पुलिस को आरोपी महिलाओं को छोड़ना पड़ता है।

पीड़िता का बयान और दर्ज मामला

गुमला सदर थाना क्षेत्र के चंपा नगर की दोमनिका बारला इस गिरोह का हालिया शिकार बनीं। उन्होंने बताया कि वे सब्जी बाजार में खरीदारी करने गई थीं। घर लौटकर कपड़े बदलने के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने का चैन गायब है। इसकी कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।

दोमनिका के अनुसार, खरीदारी के दौरान करीब 10–15 महिलाओं का एक समूह उनके आगे-पीछे घूम रहा था। उन्हें शक है कि इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरनियों ने गले से चैन निकाल ली। घटना के करीब तीन सप्ताह बाद, 19 सितंबर को उन्होंने गुमला थाना में अज्ञात महिला चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की कार्रवाई और सख्ती की तैयारी

मामला दर्ज होते ही गुमला पुलिस ने बाजार के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

भय में बाजार आती महिलाएं

लगातार हो रही घटनाओं से महिलाएं अब गहनों के साथ बाजार जाने से कतराने लगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को महिला चोर गिरोह के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि टांड बाजार और आसपास के क्षेत्र में खरीदारी करने वाले लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान: पंचायतों ने लिया सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का संकल्प

0

गुमला, झारखंड – दुर्गा पूजा उत्सव के अवसर पर गुमला जिले के विभिन्न पंचायतों में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और जलसहिया कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने और साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

पूजा पंडालों और मंदिरों में सफाई

अभियान के दौरान पंचायतों ने दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिर परिसरों की व्यापक सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण देने का प्रयास किया। पंचायत प्रमुखों ने ग्रामीणों से अपील की कि पूजा-पंडाल, मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और आस-पास गंदगी ना जमा होने दें।

बच्चों को दी जागरूकता की प्रेरणा

स्कूलों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बच्चों को स्वच्छ रहने और अपने आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को समझाया गया कि वे स्वयं साफ-सफाई की आदत डालें और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।

प्लास्टिक मुक्त गांव का संकल्प

स्वच्छता चर्चा के अंत में पंचायतों और ग्रामीणों ने सामूहिक शपथ ली कि अपने गांव और पंचायतों में सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से उपयोग बंद करेंगे। पंचायत मुखियाओं ने कहा कि यह कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगा बल्कि गांवों को और भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करेगा।

गांववासियों का कहना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो गुमला जिला स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के रूप में एक मिसाल पेश कर सकता है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium