20.1 C
Ranchi
Sunday, November 15, 2026
Advertisement
Home Blog Page 368

गुमला में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट की करंटयुक्त तार से चिपककर प्रधानाचार्य की मौत

0

गुमला, झारखंड — गुमला जिले के सुरसांग थाना अंतर्गत रेगोला गांव में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बीरकेरा के प्रधानाचार्य गजेन्द्र किसान (28) की मेन हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे अपने घर की खराब बिजली लाइन को दुरुस्त करने के प्रयास में 11,000 वोल्ट की करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए।

क्या हुआ, कब और कैसे?
घटना सोमवार शाम करीब 6:15 बजे की है। गजेन्द्र किसान, जो सामाजिक और धार्मिक संगठनों—विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल—से भी जुड़े हुए थे, अपने घर की बिजली समस्या ठीक करने के लिए ट्रांसफार्मर पोल पर चढ़े थे। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बिजली पोल से उनके घर को सप्लाई मिलती थी और उसी में खराबी आने पर वे स्वयं तार सुधारने लगे। इस दौरान वह अनजाने में 11 हजार वोल्ट की करंट प्रवाहित लाइन के संपर्क में आ गए।

घंटों तक चिपका रहा शरीर, धधकती रही आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करंट लगते ही गजेन्द्र का शरीर पोल पर ही चिपक गया और उनके शरीर से धुआं और आग की लपटें उठती रहीं। लोगों ने तुरंत सुरसांग थाना प्रभारी मुकेश प्रसाद टुटु को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग को लाइन कटवाने के बाद शव को नीचे उतारा गया।

पुलिस कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम
पुलिस ने मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर गुमला सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को लेकर गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है और हर पहलू की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

समाज में शोक की लहर
गजेन्द्र किसान न केवल एक शिक्षाविद थे, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी असामयिक और दर्दनाक मौत से स्थानीय समुदाय स्तब्ध है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह घटना प्रशासन और विद्युत विभाग के लिए भी एक चेतावनी है कि हाई वोल्टेज लाइन और घरेलू कनेक्शन के बीच स्पष्ट सुरक्षा मानक और समय पर मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

चतरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के चार दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का भव्य समापन

0

चतरा, झारखंड — अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के चार दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का समापन रविवार को चतरा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मौसमी पाल और प्रदेश संगठन मंत्री निलेश कटारे ने भाषण, सदस्यता योजना, संगठनात्मक संरचना और आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की।

इस अवसर पर हजारीबाग विभाग और हजारीबाग जिला के लिए प्रमुख पदाधिकारियों की घोषणा की गई।

  • विभाग प्रमुख: डॉ. मनोज कुमार
  • विभाग संगठन मंत्री: विक्रम राठौर
  • विभाग संयोजक: बाबूलाल मेहता
  • जिला प्रमुख: प्रो. देवेंद्र कुमार
  • जिला संयोजक: रुद्र राज
  • नगर वितरक: उज्जवल तिवारी

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष मांडवी ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्षों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा,

“भगवान बिरसा मुंडा न केवल झारखंड, बल्कि पूरे भारत के युवा वर्ग के आदर्श हैं। 25 वर्ष की आयु में उन्होंने जिस प्रकार अंग्रेजी शासन और धर्मांतरण के विरुद्ध आंदोलन चलाया, वह हमारे लिए गर्व का विषय है।”

आशुतोष मांडवी ने ‘उलगुलान’ को केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ी गई एक क्रांति बताया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने 1895 में अंग्रेजों की ज़मींदारी नीति और राजस्व प्रणाली के विरुद्ध जो आंदोलन छेड़ा, वह आज भी एक उदाहरण है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने सदस्यता अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का सदस्यता अभियान चार चरणों में चलेगा — शिक्षक, +2 स्कूल, महाविद्यालय/विश्वविद्यालय, और निजी विश्वविद्यालय।

“प्रत्येक चरण में पूर्व कार्यशाला, प्रचार अभियान, सोशल मीडिया रील्स और नवीन प्रयोगों के ज़रिए युवाओं को जोड़ने का प्रयास होगा,” उन्होंने बताया।

समापन समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देने वालों में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवलेश सिंह, प्रदेश सह मंत्री रोहित पांडेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निशांत अग्रवाल, नगर मंत्री यशवंत कुमार, सह मंत्री मनीष कुमार, मानसी प्रिया, सिमरन गुप्ता, लॉ कॉलेज इकाई अध्यक्ष सुभम कुमार और काॅलेज इकाई मंत्री विवेक यादव सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।

अभाविप का यह अभ्यास वर्ग संगठनात्मक मजबूती और विचारधारा के प्रति निष्ठा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

जनजातीय समुदाय के समग्र विकास हेतु “धरती आबा जनभागीदारी अभियान” के तहत जिले भर में आयोजित हो रहे विशेष शिविर

0

गुमला : – गुमला जिला में दिनांक 15 जून से 30 जून 2025 तक “धरती आबा जनभागीदारी अभियान” के तहत विशेष जागरूकता शिविरों की श्रृंखला चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य जनजातीय आबादी के समग्र विकास को सुनिश्चित करते हुए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है।

आज जिले के कई प्रखंडों में इस अभियान के अंतर्गत विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। गुमला प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक भवन घटगांव और पंचायत भवन खरका, घाघरा प्रखंड अंतर्गत हेदमी स्कूल मैदान और दिरगांव पंचायत भवन, डुमरी प्रखंड के डुमरी पंचायत भवन, जारी प्रखंड के सीसी करमटोली पंचायत भवन, चैनपुर प्रखंड के रामपुर पंचायत भवन, रायडीह प्रखंड के जरजट्टा पंचायत भवन, कामडारा प्रखंड के उमड़ा व कोलेंग पंचायत भवन, सिसई प्रखंड के छारदा व भुरसो, भरनो प्रखंड के अमलिया पंचायत भवन में ये शिविर आयोजित किए गए।

इन शिविरों में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण, विशेषकर जनजातीय समुदाय के लोग उपस्थित हुए। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, वन अधिकार अधिनियम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि, उद्यान, आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर ही पात्र लाभुकों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। शिविरों में उपस्थित विभागीय पदाधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है जनजातीय ग्रामों में शत-प्रतिशत योजना संतृप्ति सुनिश्चित करना एवं योजनाओं के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना। उपायुक्त गुमला प्रेरणा दीक्षित ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लें और सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

कल दिनांक 17 जून को निम्नलिखित स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे:

  • गुमला प्रखंड – पंचायत भवन, खोरा / बसुआ
  • घाघरा प्रखंड – पंचायत भवन, बिमरला
  • बिशुनपुर प्रखंड – पंचायत भवन, बिशुनपुर
  • डुमरी प्रखंड – पंचायत भवन, मझगांव
  • जारी प्रखंड – पंचायत भवन, मेराल
  • चैनपुर प्रखंड – पंचायत भवन, मालम
  • रायडीह प्रखंड – पंचायत भवन, कांसीर
  • पलकोट प्रखंड – पंचायत भवन, बघिमा
  • कामडारा प्रखंड – राजकीयकृत मध्य विद्यालय, तुरबुल
  • सिसई प्रखंड – पंचायत भवन, लकेया / पण्डरिया
  • भरनो प्रखंड – पंचायत भवन, आताकोरा
  • बसिया प्रखंड – बनई , पंचायत भवन

समस्त नागरिकों से अपील है कि निर्धारित तिथि के आलोक में अपने नजदीकी शिविरों में भाग ले एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।

न्यूज़ – गनपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जिला खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

0

गुमला : – गुमला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मान, वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और तकनीकी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

उपायुक्त गुमला ने खनन एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया ताकि हर गतिविधि की निगरानी की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि बॉक्साइट से लदे सभी ट्रकों में ऊपर से प्लास्टिक कवर लगाया जाए, ट्रकों पर स्पष्ट नंबर प्लेट हों तथा जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। बालू स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक मिलान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में बताया गया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार 10 जून से 15 अक्टूबर तक सभी नदियों से बालू निकासी और उत्खनन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। सभी बालू घाट धारकों और भंडारण अनुज्ञप्तिधारकों को इस आशय की सूचना जारी कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी कर अवैध खनन पर रोक लगाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और अनुमंडल स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए निगरानी की जा रही है। खनन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन नंबर 9934887613 जारी किया गया है।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अब तक 14 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें कुल 20 वाहन जब्त किए गए हैं। इनमें से 8 वाहनों से ₹0.77 लाख की दंडात्मक राशि वसूली गई है। सिलाफारी, कमलपुर, रातामाटी, ओलमुंडा, चैनपुर, निनई, कोयंजारा, मरियमटोली, साफी नदी, कोन्सा और अम्बेराडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों में की गई छापेमारी में ट्रैक्टर, हाईवा और जेसीबी जैसे वाहनों की जब्ती तथा दोषियों के विरुद्ध थाना स्तर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले के खनिज संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और विधिसम्मत खनन व्यवस्था को सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

‎न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

गुमला उपायुक्त की अध्यक्षता में स्टेडियम प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया

0

गुमला : – उपायुक्त सह अध्यक्ष स्टेडियम प्रबंधन समिति की अध्यक्षता में आज उपायुक्त गुमला के कार्यालय कक्ष में स्टेडियम प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में स्टेडियम प्रबंधन समिति के अंतर्गत आनेवाली खाली दुकानों को नए सिरे से आवंटित करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

‎बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि अबतक कुल 11 दुकान का आवंटन नहीं हुआ है। प्रथम तल पर अवस्थित दुकान भी खाली पड़े है। उन सभी दुकानों को भी लॉटरी के माध्यम से आवंटित किया जाना है। दुकानों के दर निर्धारण को लेकर भी चर्चा की गई।

‎उपायुक्त ने गुमला जिले के गरीब प्रतिभावान खिलाड़ियों हेतु खेल किट क्रय करने हेतू निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेडियम हेतु मैट क्रय करने एवं अन्य मैट की मरम्मती के निर्देश दिए। इनडोर स्टेडियम,गुमला में मरम्मती कार्य हेतु डीपीआर तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। इसके साथ ही दुकान एवं खाली पड़े स्थान का निर्धारित मानक किराया के संबंध में भी चर्चा की गई।

‎बैठक के दौरान दिनांक 5 जुलाई 2025 को “वर्ल्ड बैडमिंटन डे” के अवसर पर गुमला जिले में बैडमिंटन मैराथन टूर्नामेंट आयोजित किए जाने एवं उसकी तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। आगामी 5 जुलाई को गुमला जिले में बैडमिंटन मैराथन का आयोजन किया जाना है। जिसमें गुमला जिले के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस मैराथन में जिले के सभी इच्छुक खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इसके लिए फॉर्म इनडोर स्टेडियम,गुमला से प्राप्त किया जा सकता है।

‎आज के इस बैठक में उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो,अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ,जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार ,खेल कोच इमरान अली एवं प्रदीप कुमार ,आईटी मैनेजर राजीव रौशन, डीएमएफटी फेलो अविनाश पाठक उपस्थित रहें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया

राम भक्तों के लिए

गुमला जिले के 19 नव आंगनबाड़ी केंद्रों को उपकरण का वितरण किया गया

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में गुमला जिला क्षेत्र के संचालित 19 नव आंगनबाड़ी केंद्रों में शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से इंफैंटोमीटर, स्टैडियोमीटर एवं वजन मापने की मशीनों का वितरण किया गया।

इस मौके पर उपायुक्त गुमला ने कहा कि गुमला जिले 19 नव आंगनवाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए इन उपकरणों को प्रदान किया गया। जिससे कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके। इन उपकरणों का उपयोग कर बच्चों की शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जांच आदि करने में सहायता मिलेगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए वेट मशीन‌, इनफैटोमीटर, स्टेडियोमीटर आदि का वितरण किया गया है।

पोषण अभियान अंतर्गत जिले में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर वृद्धि निगरानी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें स्टेडियोमीटर इंफेंटोमीटर एवं वजन मशीन मुख्य हैं। वृद्धि निगरानी उपकरण उपलब्ध कराने के पीछे उद्देश्य यह हैं कि बच्चों में वृद्धि की गति अधिकतम उनके 5 वर्ष की आयु तक होती है। यदि इन बच्चों में कोई पोषण संबंधी समस्या यथा कम वजन,कम ऊंचाई,कम लंबाई आदि का लक्षण दिखे तो ऐसे में बच्चों के कुपोषण को शुरुआती स्तर पर ही चिन्हीकृत कर लिया जाए ताकि कुपोषण से बच्चों को निदान प्राप्त हो सके।

इस दौरान उपायुक्त गुमला ने सभी सेविका सहायिका को निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर ऐप पर फोटो सही तरीके से अपलोड करें। जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र संख्या,बच्चों की संख्या,सेविका सहायिका की उपस्थिति अंकित हो। फोटो में स्पष्ट रूप से बच्चे खेलते ,पढ़ते और भोजन करते हुए नजर आएं।

इस दौरान उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो, समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, सेविका सहायिका एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

विद्यालयों की पहल से नशा उन्मूलन अभियान को मिल रही गति, जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में दिख रहा सकारात्मक बदलाव

0

गुमला – गुमला जिला में नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे सामाजिक जागरूकता अभियान को विद्यालयों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में नशे के दुष्परिणामों से बच्चों को अवगत कराने हेतु विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

विद्यालयों में नियमित रूप से नशा विरोधी परिचर्चा, व्याख्यान, पोस्टर व निबंध प्रतियोगिता, चित्रांकन, प्रभात फेरी एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन कर छात्रों को नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों में प्रहरी क्लब का गठन किया गया है, जिसमें शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों को भी शामिल किया गया है ताकि बच्चे किसी भी प्रकार की समस्या निःसंकोच साझा कर सकें और उचित मार्गदर्शन पा सकें। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मबल देने एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

विद्यालयों द्वारा स्थानीय समुदाय एवं अभिभावकों से भी समन्वय स्थापित कर बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया जा रहा है। शिक्षक-शिक्षिकाएं इस अभियान में न केवल मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं बल्कि स्वयं भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

‎न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में NCORD समिति की विशेष बैठक आयोजित – युवाओं को नशे से दूर रखने पर विशेष बल, ड्रिंक एंड ड्राइव व अवैध हड़िया बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई

0

गुमला : – गुमला जिले में नशा उन्मूलन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मान की संयुक्त अध्यक्षता में NCORD (National Coordination for Responding to Drug Abuse) समिति की एक विशेष बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, बसिया एवं चैनपुर, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने जिले में नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के स्कूली एवं कॉलेज छात्र बड़ी संख्या में नशे की चपेट में आ रहे हैं, जिससे न केवल उनका स्वास्थ्य बल्कि सामाजिक संरचना भी प्रभावित हो रही है। उपायुक्त ने बताया कि ड्रग्स के सेवन से युवाओं में सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं, और अनेक नाबालिग बच्चों के हांथों में वाहन सौंप दिए जा रहे हैं, जो ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन कर रहे हैं।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में जाकर बच्चों को नशे से बचाव की जानकारी दें और नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि ड्रिंक एंड ड्राइव और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाएं। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, हाट-बाजार एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में माइकिंग के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही हड़िया दारू की अवैध बिक्री पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे नियंत्रित करने तथा महिला विक्रेताओं को “फूलो झानो आशीर्वाद योजना” से जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें वैकल्पिक रोजगार मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति सशक्त हो।

पुलिस अधीक्षक हरीश बिन ज़मान ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में नशे के अवैध सप्लाई चेन को तोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों एवं एसडीपीओ को निर्देश दिया कि पुराने मामलों की समीक्षा करें, सप्लाई रूट चिह्नित करें, और नियमित गश्ती करें। सप्लाई से जुड़े व्यक्तियों की सूची बनाकर कार्रवाई की जाए एवं प्रत्येक 2-3 दिन पर प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि “गुमला को नशे से मुक्त करना है, इसके लिए सामूहिक एवं सुनियोजित प्रयास की आवश्यकता है।”

जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि अफीम की खेती पर नियंत्रण हेतु GIS मैपिंग की जाएगी। इसके लिए वन विभाग के कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि अवैध अफीम खेती को जड़ से समाप्त किया जा सके।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि ड्रिंक एंड ड्राइव करते पकड़े गए लोगों की काउंसलिंग कराई जाए और नशे के कारण बीमार पड़ रहे या ओवरडोज़ का शिकार बच्चों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई, खनन टास्क फोर्स द्वारा की गई त्वरित छापेमारी

0

गुमला : – गुमला उपायुक्त के निर्देशानुसार गठित खनन टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनन की रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बीते चार दिनों में विभिन्न स्थलों पर अवैध बालू उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

दिनांक 13 जून को बसिया थाना अंतर्गत तानालोया पंचायत के लुंगटू क्षेत्र में रात के अंधेरे में हाईवा और जेसीबी से बालू का अवैध परिवहन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। 14 जून की सुबह खनन टास्क फोर्स, थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया, जहाँ लगभग 800-900 CFT अवैध बालू पाया गया।

उसी दिन सिसई थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक बिना पंजीकरण नंबर वाले ट्रैक्टर को बालू के साथ जप्त किया गया। चालक मौके से फरार हो गया। वाहन का निरीक्षण कर बालू से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किए गए। वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

15 जून को गुमला अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स द्वारा सिलाफारी पंचायत के कोयल नदी क्षेत्र में छापामारी की गई, जहाँ एक हाईवा और जेसीबी से अवैध तरीके से बालू लोड एवं परिवहन करते पाया गया। खनन टास्क फोर्स के पहुंचते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर फंसे हाईवा एवं खराब हो चुके जेसीबी को जिम्मेनामा पर सुरक्षित सौंपा गया है।

इन सभी मामलों में खनिज विभाग द्वारा झारखण्ड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 एवं The Jharkhand Minerals (Prevention of Illegal Mining, Transportation and Storage) Rule-2017 के अंतर्गत कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा पुनः यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा बिना वैध अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन, भंडारण या परिवहन करना दंडनीय अपराध है। इस प्रकार के अवैध कार्यों से सरकारी राजस्व की हानि होती है तथा राष्ट्रीय संपदा का क्षरण होता है। जिला प्रशासन द्वारा खनन टास्क फोर्स के माध्यम से ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्यवाही की जा रही है।

जिले वासियों से अपील है कि, खनन संबंधित शिकायत दर्ज कराने हेतु खनन कार्यालय द्वारा जारी किए गए फोन नंबर 9934887613 पर संपर्क स्थापित कर सकते है। सूचना देने वालों की जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा हज़ारीबाग के कोचिंग संस्थानों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान आयोजित

0

हज़ारीबाग, 16 जून 2025
विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हज़ारीबाग द्वारा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखण्ड सरकार के निर्देशानुसार आज जिले के प्रमुख कोचिंग संस्थानों एचीवर्स क्लासेज एवं विज्ञान अकादमी में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग, वि. भा. वि. के शोध छात्र संतोष पंडित, पुष्कर कुमार पुष्प, आरती मेहता सहित अन्य शोधार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया तथा उन्हें “नशा मुक्त भारत” का संदेश दिया गया।

एचीवर्स क्लासेज के निदेशक श्री अजय ठाकुर और श्री अरविंद ठाकुर ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को इस दिशा में विश्वविद्यालयों के प्रयासों में सहयोग करना चाहिए, क्योंकि युवा ही देश का भविष्य हैं।

विज्ञान अकादमी के निदेशक श्री आदर्श आनंद ने भी इस पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी केवल व्यक्ति की भलाई नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज की सुरक्षा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें और अपने आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इस अभियान का संचालन नोडल पदाधिकारी डॉ. उमेन्द्र सिंह, सहायक प्राध्यापक, अर्थशास्त्र विभाग, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में दोनों कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विद्यार्थियों ने नशा उन्मूलन की शपथ ली और इसे अपने जीवन का संकल्प बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

News – Vijay Chaudhary 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium