15.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
Home Blog Page 400

रोड बन गई, मुआवजा नहीं मिला: पांच गांवों के ग्रामीणों की प्रशासन से दो टूक – आंदोलन की चेतावनी

0

गुमला — गुमला जिले के बांसडीह से काशीर तक 26 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण के लिए जमीन देने वाले पांच गांवों के ग्रामीणों को अब तक भूमि अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिला है। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने मुरमकेला कांसीर गांव में एक संयुक्त आम सभा कर अपनी नाराजगी जताई और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मुआवजा नहीं मिला तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

निर्माण पूरा, मुआवजा अधूरा – ग्रामीणों की पीड़ा
बैठक में 2023-24 में हुए सड़क चौड़ीकरण के बावजूद मुआवजा न मिलने की समस्या को ग्रामीणों ने गंभीरता से उठाया। सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन ने सड़क तो बना दी, लेकिन जमीन देने वाले लोगों को अब तक कोई वित्तीय क्षतिपूर्ति नहीं दी गई। ग्रामीणों ने विधायक और सांसद पर भी मौन साधने का आरोप लगाया।

प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग
सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन को ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द मुआवजा वितरित करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के रास्ते पर उतरेंगे और भविष्य में कोई भी व्यक्ति अपनी जमीन नहीं देगा।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी
मुरमकेला कांसीर में आयोजित इस बैठक में पांच गांवों के प्रभावित लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकमत से मांग की कि उन्हें उनकी जमीन का उचित और समय पर मुआवजा दिया जाए।

ग्रामीणों का यह भी कहना था कि सरकार विकास की बात तो करती है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर जमीन अधिग्रहण जैसी बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। ऐसे में उनकी भरोसा टूटता जा रहा है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

डिवाइडर से टकराई कार, एक की मौत, तीन घायल – एक की हालत गंभीर, रांची रिम्स रेफर

0

गुमला — रांची से लौटते वक्त सिसई थाना क्षेत्र के लकेया नदी के पास रविवार रात एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस सड़क दुर्घटना में 33 वर्षीय स्वरूप साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से एक को रांची रिम्स रेफर किया गया है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, गुमला सदर थाना अंतर्गत करौंदी गांव निवासी चार युवक — स्वरूप साहू, सोनू साहू, देवेंद्र साहू और पप्पू साहू — एक शादी समारोह में शामिल होकर रांची से कार द्वारा लौट रहे थे। रविवार रात करीब 1 बजे, जैसे ही उनकी कार लकेया नदी के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

मौत के बाद मचा कोहराम, घायलों का इलाज जारी
हादसे में स्वरूप साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू साहू ने हादसे की जानकारी मोबाइल फोन के जरिए अपने पीछे चल रहे मित्रों को दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को गुमला सदर अस्पताल ले गए।

डॉक्टरों ने स्वरूप को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पप्पू साहू की स्थिति देखते हुए उसे रांची रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया है। अन्य दोनों घायलों — सोनू और देवेंद्र साहू — का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, शव का पोस्टमार्टम कर सौंपा परिजनों को
घटना की जानकारी मिलते ही गुमला सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मृतक स्वरूप साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

देवर की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजी गई गुमला जेल

0

गुमला — गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में घरेलू विवाद ने एक भयावह मोड़ ले लिया, जब 25 वर्षीय युवक रामनाथ सियोर की हत्या के आरोप में उसकी भाभी लालो सियोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया है।

हत्या शुक्रवार रात, खुलासा रविवार को
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे घरेलू कहासुनी के बाद लालो सियोर ने अपने देवर रामनाथ पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद, महिला ने शव को घर के अंदर ही छोड़ दिया और दो दिनों तक घटना को छुपाए रखा। रविवार को उसने गांव के लोगों को हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने चैनपुर थाना को सूचित किया।

हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि हतियार के रूप में इस्तेमाल की गई लाठी को आरोपी महिला ने जलाकर नष्ट करने की कोशिश की। पुलिस को संदेह है कि साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया।

पुलिस कर रही गहन जांच
चैनपुर थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना घरेलू विवाद से जुड़ी प्रतीत होती है, लेकिन सभी कोणों पर जांच जारी है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला: क्रेशर संचालकों से खुलेआम लेवी मांग रहा कथित उग्रवादी, पवन लकड़ा नाम से कर रहा संपर्क, दहशत का माहौल

0

गुमला— झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में इन दिनों क्रेशर कारोबारियों के बीच भारी दहशत का माहौल है। वजह है — एक व्यक्ति जो खुद को पवन लकड़ा बताता है, लगातार मोबाइल फोन के ज़रिये क्रेशर संचालकों से लेवी (अवैध टैक्स) की मांग कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह गतिविधि 3 मई 2025 से जारी है और प्रतिदिन तीन से चार बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करके अवैध वसूली की मांग की जा रही है। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) से जुड़ा बताता है और संगठन को मजबूत करने के नाम पर बैठक और सहयोग की पेशकश भी कर चुका है।

व्यवसायी सilent, लेकिन डर स्पष्ट
हालांकि अब तक किसी क्रेशर संचालक ने स्थानीय पुलिस या प्रशासन को लिखित शिकायत नहीं दी है, मगर आंतरिक सूत्रों के अनुसार सभी संचालक इस मसले को लेकर गंभीर हैं और आपसी संवाद कर रहे हैं। सवाल अब यह है कि आखिर कौन आगे बढ़कर इस खतरे की जानकारी पुलिस को देगा?

‘पवन लकड़ा’ नाम से हो रही पहचान
फोन करने वाला व्यक्ति बार-बार अपना नाम पवन लकड़ा बताता है और उसकी आवाज़, भाषा शैली व संवाद का तरीका हर बार एक जैसा होता है। अब तक उसने कोई निर्धारित रकम नहीं बताई है, लेकिन लगातार संपर्क से यह स्पष्ट है कि वह कारोबारियों पर मानसिक दबाव बना रहा है।

पुलिस की जानकारी से अब भी दूर
इस पूरी स्थिति के बीच पुलिस प्रशासन को कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। घाघरा थाना प्रभारी या जिला पुलिस मुख्यालय को न तो कोई शिकायत मिली है और न ही किसी क्रेशर मालिक ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया है।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
जिले में पूर्व में भी उग्रवादी संगठनों द्वारा लेवी वसूली की घटनाएं सामने आती रही हैं, और ऐसे में इस प्रकार की खुली धमकी प्रशासन की सक्रियता पर भी सवाल खड़े करती है।

फिलहाल, सभी निगाहें इस ओर हैं कि क्या कोई व्यवसायी पुलिस से संपर्क करेगा, या फिर यह मामला दबा रहेगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

हजारीबाग में 26वाँ AGBJ का वार्षिक भूगोल सम्मेलन 11एवं 12 अक्टूबर 2025 को

0

10 मई 2025 को भूगोल विभाग, विभावि में AGBJ बिहार एवं झारखण्ड के भूगोलवेत्ताओं के संघ का स्थापना व्याख्यान सम्पन्न हुआ जिसमें मुख्य अतिथि विभावि के कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार सिंह जी तथा मुख्य वक्ता प्रोफेसर ए आर सिद्धिकी, भूतपूर्व विभागाध्यक्ष, इलाहाबाद विश्वविद्यालय थे। कुलपति ने अपने सम्बोधन में कहा कि भूगोलवेत्ताओं को कृषि तथा उद्योगों के विकास हेतु भूमि मानचित्र नये रूप से गढ़ना चाहिए। वहीं मुख्य वक्ता ” बिहार – झारखण्ड के संसाधनों के सम्पोषणीय उपयोग ” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों राज्य उन राज्यों में शामिल हैं जो भारत के दो भागों में विभाजन करने वाली 82.5 डिग्री पूर्व अंक्षाश के पूर्व में है जहाँ संसाधन ही संसाधन है पर पिछड़े हैं । इनके संसाधनों का दोहन हेतु रिमोट सेंसिंग एवं जी आई एस जैसे तकनीकी से मानचित्रण करते हुए सम्पोषणीय विकास पर बल दिया जिससे भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनाने में मदद मिलेगी ।
इस अवसर पर संघ के संरक्षक, प्रोफेसर आर बीपी सिंह पूर्व कुलपति पटना विश्वविद्यालय एवं नालंदा विश्वविद्यालय ने भूगोल विभागों में रिमोट सेंसिंग एवं जी आइ एस की पढ़ाई पर जोर दिया । संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर एस एन चौधरी , संघ के सचिव प्रोफेसर एम के सिन्हा ने इस आयोजन हेतु सफल बनाने का सुझाव दिये । इससे पहले इस सम्मेलन के संयोजक भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ सरोज कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत भाषण तथा विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि सौर ऊर्जा तथा अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग हेतु तकनीकी विकास कर जीवाश्म संसाधनों का सरताज कोयला जो ग्लोबल वार्मिंग के लिए जिम्मेवार है से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में लोकप्रिय प्रोफेसर डा सुखदेव साहु, बी बी एम के विश्वविद्यालय, धनबाद द्वारा रचित पुस्तक “इवैल्युएशन ऑफ टेरेन्स फॉर एग्रिकल्चरल लैंडयूज ” का विमोचन हुआ। इस अवसर पर पूर्व विभागाध्यक्ष डा कमला प्रसाद, डा० ओ पी महतो, प्रेसीडेन्ट इलेक्ट डा० पी के सिंह तथा विभावि के समाजविज्ञान के संकायध्यक्ष डा सादिक राजाक एवं अन्य गणमान्य प्रोफेसर, शोधार्थी तथा एम ए के भूगोल के छात्र उपस्थित हुए।
26वाँ सम्मेलन के आयोजन सचिव डा रंजीत कुमार दास , भूगोत विभागाध्यक्ष मारखम कॉलेज ने आभारज्ञापन प्रस्तत किया।

न्यूज़ – विजय चौधरी 

राम भक्तों के लिए

बुंदेलखंड की रसोई से निकला हुनर बना देश की पहचान; ज़ाहिदा परवीन के सिर सजा विजेता का ताज

0

महिलाओं ने दिखाया स्वाद, सलीके और संकल्प का संगम

झाँसी, 11 मई, 2025: बुंदेलखंड की गलियों से उठती देसी मसालों की सुगँध एक बार फिर देशभर में अपनी पहचान बना चुकी है और इस पहचान को नई उड़ान दी ‘बुंदेली शेफ सीज़न 2’ ने। क्षेत्र के जाने-माने डिजिटल मीडिया चैनल, बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित पाक कला की इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 11 मई, रविवार को बुंदेलों के शहर झाँसी में हुआ, जहाँ सिर्फ व्यंजन ही नहीं बने, बल्कि इनके माध्यम से प्रतिभागी बुंदेलखंड की परंपरा को बखूबी सहेजती भी नज़र आईं। बुंदेलखंड के स्वाद को थाली में परोसकर, अपनी सादगी और आत्मविश्वास से जजेस का दिल जीतने वाली ज़ाहिदा परवीन बुंदेली शेफ सीज़न 2 की विजेता बनीं। वहीं, रश्मि ठाकुर पहली रनर अप रहीं और पूनम रायकवार दूसरी रनर-अप रहीं। तीनों विजेताओं को ट्रॉफी, चाँदी की पायल और कई आकर्षक उपहारों से सम्मानित किया गया। बाकी फाइनलिस्ट्स को भी सर्टिफिकेट और उपहार दिए गए। जज के रूप में शेफ संजय शर्मा के अतिरिक्त बुंदेली शेफ सीज़न 1 की विनर शमिता सिंह और शिवानी कमरिया भी मौजूद रहीं।

88 प्रतिभागियों से शुरू हुई इस अनोखी यात्रा का समापन तब हुआ, जब 5 फाइनलिस्ट्स ने आखिरी राउंड में अपनी प्रतिभा का ज़ायका सबके सामने परोसा। इन प्रतिभागियों में शामिल थीं झाँसी की ज़हीदा परवीन, पूनम रायकवार और साक्षी श्रीवास्तव, ललितपुर की रुचि जैन और सागर की रश्मि ठाकुर। सभी ने यह साबित कर दिया कि किचन अब सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि पहचान भी है।

पारम्परिक परिधानों में फिनाले में पहुँची इन पाँचों प्रतिभागियों को मौके पर ही चुनौती मिली, जब दिग्गज फिल्म स्टार सुष्मिता मुखर्जी ने उन्हें ‘आलू के पराठे’ और ‘गुलाब जामुन’ बनाने के लिए कहा। चुनौती थी 2 घंटे में स्वाद, सजावट और प्रस्तुति, सब कुछ ऐसा हो जो जजेस का दिल जीत ले। जी-जान लगाकर प्रतियोगियों ने न सिर्फ लाजवाब व्यंजन बनाए, बल्कि अपनी टेबल की सजावट से भी माहौल को खास बना दिया। कुल मिलाकर, फैसले की कसौटी सिर्फ ज़ायका नहीं था। जजेस ने स्वाद, प्लेटिंग, टेबल डेकोरेशन और पहनावे के आधार पर निर्णय लिया।

बुंदेलखंड 24×7 के डायरेक्टर, आसिफ पटेल ने कहा, “इस कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि क्षेत्र की महिलाएँ अब सिर्फ रसोई तक ही सीमित नहीं हैं। वे अपनी कला और परंपरा को आत्मविश्वास के साथ मंच पर ला रही हैं। मेरी नज़र में सभी विजेता हैं, क्योंकि हर एक प्रतिभागी की थाली में बुंदेलखंड की कोई न कोई कहानी साँस ले रही थी। विजेताओं के साथ ही वह परंपरा भी जीती है, जिसे घर की चौखट से बाहर लाने का हौंसला सभी प्रतिभागियों ने दिखाया। सभी जजेस, शिवांगी तिवारी, दामिनी गौड़ और पूरी टीम का धन्यवाद्, जिनकी मेहनत से यह शो पूरे क्षेत्र के साथ ही देश में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है।”

बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित ‘बुंदेली शेफ सीज़न 2’ की इस अद्भुत यात्रा को सफल बनाने में कई स्पॉन्सर्स की अहम् भूमिका रही। रचनात्मक सहयोग में रुद्राणी कला ग्राम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का पीआर पार्टनर, पीआर 24×7 रहा, वहीं रसा एरोमा और माय कोकोनट्ज़ ने गिफ्ट पार्टनर के रूप में प्रतियोगियों को प्रोत्साहित करने का काम किया। इस पूरे आयोजन की डिजिटल उपस्थिति को विस्तार देने का कार्य ओओएच बाज़ार ने संभाला, जिसने इस सांस्कृतिक पाक यात्रा को और भी प्रभावशाली बना दिया।

बुंदेलखंड 24×7 के बारे में

बुंदेलखंड 24×7 (पूर्व में बुंदेलखंड ट्रूपल के नाम से प्रचलित) बुंदेलखंड क्षेत्र का तेजी से उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो बुंदेलखंड पृथक राज्य की माँग को बुलंद करते हुए, क्षेत्र की मूलभूत और बुनियादी समस्याओं को शासनिक-प्रशासनिक महकमें तक पहुँचाने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्रीय जन संचार का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनते हुए, बुंदेलखंड 24×7 बुंदेली लोक संस्कृति व कला के संरक्षण के प्रति भी समर्पित भाव से कार्य कर रहा है, तथा स्थानीय कलाकारों को बुंदेली बावरा, बुंदेली शेफ इत्यादि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सशक्त करने की दिशा में भी विशेष रूप से कार्यरत है। चैनल चुनावी प्रक्रियाओं में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनता और राजनेता के बीच एक ब्रिज की तरह कार्य कर रहा है।

न्यूज़ – मुस्कान

राम भक्तों के लिए

गुमला में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, हथियार और कारें जब्त

0

गुमला — गुमला पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कप्तान शंभू कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड भी शामिल है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 350 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देसी कट्टा (पिस्तौल), चार जिंदा कारतूस, दो कारें और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गढ़वा निवासी पिंटू कुमार, और गुमला निवासी विकास कुमार सिंह व ऋषभ साहू शामिल हैं।

अभियान की रणनीति और गिरफ्तारी
गुमला सीडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि पुलिस कप्तान को सूचना मिली थी कि गढ़वा से गुमला ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लाई जा रही है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त छापामारी दल गठित किया गया, जिसमें घाघरा थाना की टीम भी शामिल थी।

संयुक्त टीम ने खरका बाकी नदी के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई, जिससे भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और हथियार बरामद हुए। तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

नशे के जाल में युवा पीढ़ी
सीडीपीओ यादव के मुताबिक, यह गिरोह हर महीने करीब दो किलोग्राम ब्राउन शुगर की आपूर्ति गुमला जिले में करता था। इसका सीधा असर जिले के युवाओं पर पड़ रहा था, जो तेजी से नशे की चपेट में आ रहे थे। पुलिस मानती है कि इस नेटवर्क का भंडाफोड़ जिले में नशा विरोधी अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगा।

आगे की कार्रवाई जारी
सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार जिले भर में नशा विरोधी मुहिम तेज की गई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य ठिकानों पर छापेमारी की योजना बनाई जा रही है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

टनल हादसे में लापता गुमला श्रमिक का शव नहीं मिला, 80 दिन बाद पुतले का किया गया अंतिम संस्कार

0

गुमला — तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में हुए टनल हादसे में लापता गुमला निवासी श्रमिक संतोष साहू का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। हादसे के 80 दिन बीत जाने के बाद परिजनों ने हिंदू परंपरा के अनुरूप उनका पुतला बनाकर अंतिम संस्कार किया। इस दौरान सात वर्षीय पुत्र रिषभ साहू ने अपने पिता के प्रतीक रूप में तैयार पुतले को मुखाग्नि दी, जिससे पूरा गांव शोक में डूब गया।

टनल दुर्घटना श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल परियोजना के तहत हुई थी, जिसमें झारखंड के चार मजदूरों समेत कुल आठ श्रमिक सुरंग ढहने की घटना में फंस गए थे। संतोष साहू के अलावा, गुमला के अन्य मजदूरों में अनुज साहू (घाघरा), जगता खेस (रायडीह) और संदीप साहू (पालकोट) शामिल थे।

घटना के बाद लगातार चले राहत और बचाव कार्यों के बावजूद संतोष साहू का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंततः परिजनों ने गांव के लोगों की उपस्थिति में प्रतीकात्मक शव के रूप में पुतले का अंतिम संस्कार किया। इस मौके पर संतोष की पत्नी संतोषी देवी, बेटियां रीमा (12), राधिका (10) और बेटा रिषभ (7) बेसुध होकर रो पड़े। पुतले के पास दूध चढ़ाने की रस्म के दौरान रिषभ की सिसकियों ने सभी की आंखें नम कर दीं।

हादसे के बाद झारखंड और तेलंगाना सरकार के संयुक्त प्रयास से मृत घोषित चारों मजदूरों के परिजनों को ₹25 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की मौजूदगी में सौंपी गई।

उपायुक्त ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है। हादसे के शुरुआती दिनों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गुमला प्रशासन की एक टीम परिजनों के साथ लगातार संपर्क में थी। घटनास्थल पर जाने के लिए हर मजदूर परिवार से एक सदस्य को तेलंगाना भेजा गया, जिनके साथ डीएमएफटी फेलो अविनाश पाठक और एसआई निखिल आनंद मौजूद थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया था और अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। हालांकि आज भी संतोष साहू का शव न मिलना प्रशासन और परिवार—दोनों के लिए दुखद और पीड़ादायक है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला में नशा विरोधी मुहिम तेज़: स्कूली बच्चों और युवाओं को जाल में फंसा रहे नशा कारोबारी

0

गुमला — गुमला जिले में अवैध नशा कारोबारियों द्वारा सुनियोजित रणनीति के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं और बेरोज़गार युवाओं को नशे की लत में धकेलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बावजूद यह माफिया अब भी सक्रिय है और कई मासूमों को बर्बादी की राह पर धकेल चुका है।

गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने बाजार टांड़ और बस स्टैंड इलाके में अवैध देशी शराब के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 30 लीटर जावा महुआ चुलाई शराब और 20 लीटर हंड़िया जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि नशे का यह अवैध धंधा न केवल आर्थिक अपराधों को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि चोरी, लूट और सड़क हादसों जैसी घटनाओं में भी इज़ाफा कर रहा है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि कई कथित सफेदपोश नेता और मनोरंजन जगत के लोग भी इस कारोबार में संलिप्त हैं, जो शॉर्टकट से करोड़ों रुपये कमा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नशा कारोबारी पहले स्कूली बच्चों और युवाओं को नशीली दवाएं, सूई, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर और देशी शराब मुफ्त में देकर उन्हें इस लत का आदी बनाते हैं। जब ये युवा नशे पर निर्भर हो जाते हैं, तो उन्हें अवैध कामों, यहां तक कि सेक्स रैकेट में भी धकेल दिया जाता है। इससे कई परिवार उजड़ चुके हैं और कई युवा अवसाद में जाकर आत्महत्या जैसे कदम उठा चुके हैं।

इस चुनौती से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की है। इसमें रैली, संगोष्ठी और प्रेरक संवाद के माध्यम से माता-पिता, शिक्षक, एनजीओ और युवाओं को जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन की अपील है कि युवा सरकारी योजनाओं से जुड़कर स्वरोजगार को अपनाएं और सेना, पुलिस व अन्य सेवाओं में भर्ती होकर देशसेवा करें। जब तक गुमला को पूरी तरह नशा मुक्त जिला नहीं बनाया जाता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

गुमला अंतर्गत 1796 PVTG समुदायों को आवास योजना से किया गया आच्छादित

0

गुमला: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के प्रयास से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (PM JANMAN) के अंतर्गत जनजातीय एवं विशेष से वंचित जनजातीय समूह (PVTG) समुदाय के सतत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ऐसे परिवार, जो अभी तक पक्के आवास से वंचित थे, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

गुमला जिले के अंतर्गत अब तक वर्ष 2024- 25 में कुल 1796 PVTG नागरिकों के आवास पूर्ण हो चुके हैं। इनमें से हाल ही में 50 परिवारों के आवासों का निर्माण कार्य भी पूर्ण किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य न केवल सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, बल्कि इन परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को भी सुनिश्चित करना है।

ऐसी ही एक कहानी है सरिता असुर की, जो अमतीपानी पंचायत, विशुनपुर प्रखंड की निवासी हैं। 41 वर्षीय सरिता अपने पति और छह बच्चों के साथ पहले एक कच्चे घर में रहती थीं। बरसात और ठंड के मौसम में परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बीमारी और आर्थिक तंगी उनके जीवन का हिस्सा बन चुकी थी। कृषि भूमि न होने के कारण उनके पति मजदूरी कर परिवार चलाते थे।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में PM JANMAN अभियान के तहत सरिता को पक्का आवास मिला। यह घर उनके लिए केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षा की नींव बन गया। इस स्थिरता का प्रभाव उनके जीवन पर साफ़ देखने को मिला — सरिता के पति ने एक छोटी किराना दुकान शुरू की, जिससे परिवार की आमदनी बढ़ी। साथ ही पशुपालन का कार्य भी प्रारंभ किया, जिससे परिवार आर्थिक रूप से और सशक्त हुआ।

आज सरिता का परिवार न केवल सुरक्षित घर में रह रहा है, बल्कि एक बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर है।

गुमला जिला प्रशासन, राज्य सरकार और भारत सरकार के संयुक्त प्रयासों से PVTG समुदाय के समग्र विकास हेतु विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिला प्रशासन इस दिशा में सतत कार्य कर रहा है ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium