16.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
Home Blog Page 415

सुदूरवर्ती किसानों के लिए नई राह: चैनपुर में दो दिवसीय परमवीर अल्बर्ट एक्का कृषि मेला और कार्यशाला का शुभारंभ

0

गुमला, झारखंड | 24 अप्रैल 2025 — झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बरवे मैदान में दो दिवसीय परमवीर अल्बर्ट एक्का कृषि मेला-सह कार्यशाला की शुरुआत गुरुवार को विधिवत रूप से की गई। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।


ग्रामीण किसानों को मिली योजनाओं और तकनीकी जानकारी एक ही मंच पर

इस अवसर पर मंत्री ने सबसे पहले परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब कृषि मेला के साथ-साथ एक तकनीकी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, वैज्ञानिक विधियों और सरकारी योजनाओं की समुचित जानकारी देना है।

उन्होंने कहा, “योजनाओं की सही जानकारी के अभाव में किसान अक्सर बिचौलियों के झांसे में आ जाते हैं और लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें सही जानकारी मिलती है और वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं।”


पलायन रोकने के लिए खेती को बनाना होगा लाभकारी: मंत्री तिर्की

शिल्पी नेहा तिर्की ने यह भी कहा कि गुमला के सुदूरवर्ती इलाकों में इस तरह के कार्यक्रम किसानों के लिए वरदान साबित हो सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अनुदानित कृषि यंत्रों का लाभ उठाएं और खेती में तकनीकी विधियों को अपनाएं ताकि इस क्षेत्र से रोजगार की तलाश में होने वाला पलायन रुके और युवाओं को कृषि में भविष्य दिखे।


कृषि सचिव ने दी आधुनिक खेती की अहमियत पर जानकारी

कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने कहा कि कई बार किसानों को कृषि की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी नहीं होती, जिससे उन्हें नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस मेले के माध्यम से उन्नत बीज, फसल चक्र, कृषि यंत्र, मत्स्य पालन, डेयरी, बागवानी और सहकारिता योजनाओं की जानकारी एक मंच पर दी जा रही है।


उपायुक्त ने बताया मेले की खासियत, 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए

गुमला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि पहले ऐसे आयोजन जिला मुख्यालय में होते थे, जिससे दूरदराज के किसान शामिल नहीं हो पाते थे। लेकिन अब चैनपुर जैसे इलाकों में आयोजन कर उन्हें भी लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुल 50 से अधिक स्टॉल कृषि, पशुपालन, मत्स्य, बागवानी और अन्य विभागों द्वारा लगाए गए हैं।


मेले में किसानों की भागीदारी और अनुभवों का आदान-प्रदान

कार्यक्रम में शामिल किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और उन्नत खेती की विधियों को जाना। जिला मत्स्य कार्यालय द्वारा इस बार 5 विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में फल, सब्जी और विभिन्न फसलों के साथ किसान अपनी उपलब्धियों को प्रस्तुत कर रहे हैं।


कार्यशाला और मेला में प्रशासनिक उपस्थिति रही उल्लेखनीय

इस आयोजन में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (चैनपुर), पुलिस पदाधिकारी, जिला वन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, परमवीर अल्बर्ट एक्का के सुपुत्र, जिला परिषद सदस्य समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

राम भक्तों के लिए

झारखंड: गुमला में घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी ने पति को पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

0

गुमला | 24 अप्रैल 2025 — झारखंड के गुमला जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी। बसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनागुटू बाजार के पास हुई इस वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर लिया है।


पत्नी ने स्वीकार किया जुर्म, हत्या के बाद मौके से हुई थी फरार

गुमला पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में थाना प्रभारी युधिष्ठिर प्रजापति और इंस्पेक्टर जितेंद्र राम ने संयुक्त रूप से बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे, लुटुवा गांव निवासी विनोद गोप की कुसुम पेड़ के नीचे पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी कुसुम देवी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर जब गहराई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

कुसुम देवी ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन वह कुसुम पेड़ के नीचे लाह चुन रही थी, तभी उसका पति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने एक बड़ा पत्थर उठाकर पति के सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे मौके पर ही विनोद गोप की मौत हो गई।


48 घंटे में पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

गुमला के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बसिया एसडीपीओ नाजीर अख्तर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया।


पुलिस की तत्परता से खुली साजिश की परतें

बसिया थाना की पुलिस टीम की मुस्तैदी और विशेष अनुसंधान दल की सक्रियता से इस जघन्य हत्याकांड का 48 घंटों में पर्दाफाश हो सका। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव के कारण यह हत्या हुई, लेकिन घटना की पूरी जांच जारी है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

राम भक्तों के लिए

नेशनल वर्ड पावर चैंपियनशिप में झारखंड के नन्हें प्रतिभागियों की चमकदार उपलब्धि, मिला नवाचार सम्मान

0
A special award given to the Jharkhand Education Department for the innovative India's First FLN Championship program

रांची | 24 अप्रैल 2025 — झारखंड के स्कूली छात्रों ने राष्ट्रीय वर्ड पावर चैंपियनशिप 2025 में अपनी बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। मुंबई में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के तीन छात्रों ने टॉप 10 में अपनी जगह बनाकर सफलता का परचम लहराया।


तीन कक्षा श्रेणियों में झारखंड के छात्रों ने किया कमाल

कक्षा 3, 4 और 5 श्रेणियों में भाग लेने वाले समरजीत महतो, अमृता कुमारी और प्रभात रंजन ने अंग्रेजी शब्दों और प्रश्नों का कुशलतापूर्वक उत्तर देकर क्रमशः तीसरा, छठा और चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में देश भर के 10 राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

छात्रों ने कठिन अंग्रेजी शब्दों और भाषा संबंधी चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करते हुए, टॉप 10 फाइनलिस्ट में स्थान सुनिश्चित किया, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।


राज्य को नवाचार पुरस्कार से नवाज़ा गया

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को राज्यस्तरीय FLN (Foundational Literacy and Numeracy) चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए विशेष नवाचार पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह चैंपियनशिप वर्ड पावर चैंपियनशिप की तर्ज पर हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषयों में राज्य के 7 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बीच आयोजित की गई थी।

हालांकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता केवल अंग्रेजी विषय पर केंद्रित थी, फिर भी राज्य के FLN प्लेटफॉर्म से चयनित छात्र ही वहां भाग ले सके।


मुख्यमंत्री समेत कई पदाधिकारियों ने दी बधाई

बच्चों की इस उल्लेखनीय सफलता पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह, शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन और कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अविनव कुमार ने विजेताओं को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


मुंबई यात्रा और अनुभव बने यादगार

प्रतियोगिता के बाद छात्रों ने मुंबई शहर का भ्रमण किया। इस पूरे दौरे में हवाई यात्रा, आवास, भोजन और अन्य आवश्यकताओं का समुचित प्रबंध राज्य सरकार की ओर से किया गया। कल छात्र हवाई जहाज से रांची लौटेंगे, जहां उनका स्वागत बड़े उत्साह से होने की संभावना है।

News Desk

राम भक्तों के लिए

गिरिडीह में झारखंड विधानसभा की पर्यावरण व प्रदूषण नियंत्रण समिति ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक की, तय मानकों के अनुपालन का निर्देश  

0
गिरिडीह : झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने बुधवार को परिसदन भवन में अध्यक्ष सह सारठ विधायक उदय शंकर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। समिति के सभापति उदय कुमार सिंह ने क्रमवार खनन विभाग, प्रदूषण बोर्ड, वन प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों एवं विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
समिति ने समीक्षा के क्रम विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण को लेकर तय मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सदस्य संजीव सरदार, जिग्गा सुसारण होरो, रौशन लाल चौधरी, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
राम भक्तों के लिए

10 मई को आयोजित होगी नेशनल लोक अदालत: हजारीबाग सिविल कोर्ट में हुई तैयारियों की समीक्षा

0

हजारीबाग | 23 अप्रैल 2025 — झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 10 मई को होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को हजारीबाग सिविल कोर्ट परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार ने की, जिसमें प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


समीक्षा बैठक में बनी रणनीति, अधिकतम मामलों के समाधान का लक्ष्य

इस बैठक में जिला उपायुक्त नैंसी सहाय, विभिन्न प्रखंडों के अंचल पदाधिकारी, वन विभाग और अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य था—10 मई को लगने वाली नेशनल लोक अदालत को सफल और प्रभावशाली बनाना।

प्रधान जिला न्यायाधीश रंजीत कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि पक्षकारों की सुविधा और अधिकतम मामलों के निष्पादन पर प्राथमिकता दी जाए। न्यायिक प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।


इन मामलों का होगा निपटारा: आपसी सहमति होगी आधार

बैठक के बाद जानकारी देते हुए सचिव गौरव खुराना ने बताया कि लोक अदालत के लिए पक्षकारों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस लोक अदालत में निम्नलिखित प्रकार के मामलों का समाधान आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा:

  • सुलहनीय आपराधिक मामले

  • श्रम से संबंधित विवाद

  • सिविल प्रकृति के मामले

  • बिजली, बैंकिंग और माप-तौल विवाद

  • चेक बाउंस केस

  • वन और उत्पाद विभाग से जुड़े मामले

  • मोटर दुर्घटना मुआवजा मामले

  • पारिवारिक विवाद

उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित, सुलभ और कम लागत वाले समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।


जनसहभागिता की अपील

गौरव खुराना ने हजारीबाग बार संघ, पक्षकारों और संबंधित विभागों से अधिकतम भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा, “इस आयोजन का उद्देश्य न्याय को आमजन तक सरलता से पहुंचाना है, अतः सभी संबंधित पक्षों से अपेक्षा है कि वे लोक अदालत में सक्रिय भागीदारी निभाएं।”

News – Vijay Chaudhary

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

राम भक्तों के लिए

आयुष्मान योजना का बकाया 50 करोड़ पार, भुगतान में देरी से संकट में प्राइवेट अस्पताल

0

हजारीबाग | 23 अप्रैल 2025 — झारखंड के हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में आयुष्मान भारत योजना से जुड़े निजी अस्पताल गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जुलाई 2024 से लंबित सरकारी भुगतान अब 50 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जिससे अस्पतालों का संचालन, डॉक्टरों और स्टाफ की सैलरी और मरीजों की सेवा—सब कुछ प्रभावित हो रहा है।


10 लाख कार्डधारियों पर मंडरा रहा इलाज का संकट

झारखंड चैप्टर के ज्वाइंट सेक्रेटरी हर्ष अजमेरा की अध्यक्षता में हजारीबाग में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में कुल 10.25 लाख आयुष्मान कार्डधारी हैं, जिनमें से 70% मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में होता है।

इस क्षेत्र में 26 निजी अस्पताल योजना से पंजीकृत हैं—20 हजारीबाग में और 6 रामगढ़ में। भुगतान न होने से सभी अस्पताल आर्थिक रूप से जकड़े गए हैं। तीन महीने से स्टाफ की तनख्वाह नहीं दी गई, और दवाओं व अन्य मेडिकल खर्चों का भुगतान भी अटका हुआ है।


“ईडी जांच को आधार बनाकर भुगतान रोका गया” — अस्पताल संचालकों का आरोप

हर्ष अजमेरा ने बताया कि सरकार ईडी जांच का हवाला देकर भुगतान रोक रही है, जबकि जिन अस्पतालों पर कोई आरोप नहीं है, उनका भी भुगतान रोका गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि हिमाचल जैसे राज्यों में जहां ईडी जांच जारी है, वहां भुगतान हो रहा है, तो झारखंड में क्यों नहीं?

उन्होंने कहा कि जिन 12 अस्पतालों की जांच की गई थी, डिस्ट्रिक्ट लेवल कमिटी ने सभी को क्लीन चिट दे दी। फिर भी उन्हें आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है।


डायलिसिस मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी

हजारीबाग के आरोग्यम हॉस्पिटल ने 25,240 मरीजों का इलाज किया है, जिनमें 3,500 मरीजों का भुगतान लंबित है। कई मरीज ऐसे हैं जो डायलिसिस पर निर्भर हैं और महीने में चार से पांच बार इलाज की जरूरत होती है। अगर योजना से मिलने वाली सुविधा बंद हुई तो एक मरीज को 40 से 50 हजार रुपये मासिक खर्च उठाना पड़ेगा।


फिर भी सेवाएं जारी: संचालकों की प्रतिबद्धता

बावजूद इसके, सभी संचालकों ने एकमत होकर कहा कि वे अभी भी आयुष्मान कार्डधारियों को सेवा दे रहे हैं। “हम सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं, लेकिन अब हम खुद संकट में हैं,” अजमेरा ने कहा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. अमर कुमार (न्यू लाइफलाइन), जया सिंह (आरोग्यम हॉस्पिटल), डॉ. मेराज, डॉ. बीएन प्रसाद, डॉ. सत्यवीर सिंह सहित सभी प्रमुख चिकित्सक और अस्पताल संचालक उपस्थित थे।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

पहलगाम आतंकी हमले की प्रेस क्लब हजारीबाग ने की निंदा, केंद्र से की कड़ी कार्रवाई की मांग

0

हजारीबाग | 23 अप्रैल 2025 — कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर प्रेस क्लब हजारीबाग ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे कायरतापूर्ण हरकत करार दिया है। क्लब के सदस्यों ने हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी और केंद्र सरकार से आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


“यह हमला सिर्फ पहलगाम पर नहीं, पूरे भारत पर हमला है” — प्रेस क्लब अध्यक्ष

प्रेस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष उमेश प्रताप ने कहा, “यह हमला सिर्फ एक स्थान पर नहीं बल्कि हमारी मातृभूमि पर हुआ है। अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार पाकिस्तान समर्थित आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाए।” उन्होंने मृतक पर्यटकों के परिजनों को उचित मुआवजा और उनके एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की भी मांग की।


“सहनशीलता की सीमा पार हो चुकी है” — क्लब सचिव मिथिलेश मिश्र

प्रेस क्लब के सचिव मिथिलेश मिश्र ने बयान जारी कर कहा कि पहलगाम में हुआ हमला अब बर्दाश्त के बाहर है। उन्होंने कहा, “गृहमंत्री को जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। आतंकियों को इसका करारा जवाब दिया जाना आवश्यक है।” उन्होंने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी अपील की।

सचिव ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार को पत्राचार के माध्यम से इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित कराया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।


पत्रकारों ने जताई गहरी संवेदना

हजारीबाग जिला सहित विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों ने इस हमले की एक स्वर में निंदा की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। क्लब के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कहा कि देश की एकता और अखंडता के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना जरूरी है।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

सरहुल की तैयारी में गूंजी चीखें: सरना स्थल पर वज्रपात से युवक की मौत, एक घायल

0

गुमला | 23 अप्रैल 2025 — गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित डुड़िया गांव में सरहुल पर्व की तैयारियों के बीच एक हृदयविदारक हादसा हुआ। सरना पूजा स्थल पर अचानक वज्रपात होने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों युवक बारिश से बचने के लिए कुसुम पेड़ के नीचे खड़े थे।


सरहुल की तैयारी में छाया मातम, 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

घटना करंजथाना पंचायत के डुड़िया गांव की है, जहां सरना पूजा स्थल पर सरहुल त्यौहार की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हुई और तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस वज्रपात की चपेट में 25 वर्षीय ठाकुर उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय सोमेश्वर उरांव गंभीर रूप से झुलस गया।

स्थानीय लोगों द्वारा दोनों को तत्काल भरनो उपस्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने ठाकुर उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमेश्वर का इलाज जारी है।


पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया

हादसे की सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर गुमला सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। 24 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सरहुल पर्व से ठीक पहले हुए इस हादसे ने पूरे गांव में मातम का माहौल बना दिया है।

“सरना स्थल पर इस तरह की अनहोनी पहली बार हुई है, गांव का हर व्यक्ति शोकाकुल है,” — एक ग्रामीण ने बताया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

राम भक्तों के लिए

अंबेराडीह में श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का 11वां वार्षिकोत्सव भव्य कलश यात्रा और भंडारे के साथ सम्पन्न

0

गुमला | 23 अप्रैल 2025 — गुमला जिला के अंबेराडीह ग्राम स्थित श्री श्री 108 श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का ग्यारहवां वार्षिकोत्सव समारोह पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत एक दिव्य और विशाल कलश यात्रा से हुई, जिसमें पांच हजार से अधिक महिलाएं, युवतियां और कन्याएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं।


पांच हज़ार कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा, मंत्रोच्चारण के साथ हुआ जलभरण

समारोह का शुभारंभ श्री श्री 108 संकट मोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा से हुआ, जो अंबेराडीह गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए स्थानीय जलाशय तक पहुंची। वहां पंडित रोहित जी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पांच हजार कलशों में जल भरने की विधि पूरी की गई। इसके बाद पुनः कलश यात्रा मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां कलश स्थापना, पूजन-अर्चन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।


धार्मिक भक्ति के रंग में रंगा अंबेराडीह, हनुमान जी की स्तुति और भंडारे में उमड़ी भीड़

कार्यक्रम के अंतिम दिन यानी 23 अप्रैल की संध्या को श्री हरि कीर्तन, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे के साथ वार्षिकोत्सव का समापन हुआ। आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया।

“यह आयोजन गांव के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जीवन को सशक्त बनाता है और युवा पीढ़ी में धर्म के प्रति आस्था जगाता है,” — आयोजकों में से एक श्रद्धालु ने बताया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

बरवे मैदान में 24-25 अप्रैल को होगा दो दिवसीय एलबर्ट एक्का कृषि मेला-सह कार्यशाला, किसानों को मिलेंगे तकनीक और योजनाओं की जानकारी

0

गुमला | 23 अप्रैल 2025 — झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित बरवे मैदान में 24 और 25 अप्रैल को एलबर्ट एक्का अनुमंडल स्तरीय कृषि मेला-सह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देना है।


गुमला सूचना भवन में हुई प्रेस वार्ता, विस्तार से दी गई जानकारी

गुमला के सूचना भवन सभागार में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह कृषि मेला राज्य सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की करेंगी। साथ ही स्थानीय सांसद, विधायक और जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

“हमारा उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और पलायन को रोकना है। योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आमदनी बढ़ाना ही मुख्य लक्ष्य है।” — जिला कृषि पदाधिकारी, गुमला


किसानों को एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी योजनाओं की जानकारी

मेले का मुख्य आकर्षण यह है कि एक ही परिसर में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां कृषि, मत्स्य, बागवानी, डेयरी और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गुमला जिले के ग्रामीण इलाकों से आए किसान अपनी उगाई गई फसलें, फल और सब्जियां भी प्रदर्शित करेंगे। जिला मत्स्य विभाग की ओर से 5 स्टॉल लगाए जाएंगे।


कार्यशाला में मिलेगी तकनीकी प्रशिक्षण और सफलता की कहानियां

दो दिवसीय इस कार्यशाला में सफल किसानों द्वारा उनके अनुभव साझा किए जाएंगे। मिलेट मिशन से जोड़ने और किसानों को नाबार्ड व बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं से अवगत कराने की भी व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, कार्यशाला में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी जिससे वे कम संसाधन में अधिक उत्पादन कर सकें।


प्रमुख अधिकारी रहेंगे मौजूद

इस कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भाग लेंगे। प्रशासन का मानना है कि यह मेला न सिर्फ किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, बल्कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में भी मददगार होगा।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

Powered by myUpchar

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium