19.1 C
Ranchi
Friday, November 13, 2026
Advertisement
Home Blog Page 465

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गुमला उपायुक्त का संदेश – छात्रों से किया तनावमुक्त रहकर पढ़ाई करने का आह्वान

0

गुमला, झारखंड – जिले में माध्यमिक और इंटरमीडिएट (कला, वाणिज्य एवं विज्ञान) बोर्ड परीक्षा 2025 आज से शुरू हो रही है। इस अवसर पर गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में “सिक्छा कर भेंट” पहल के तहत छात्रों की शत-प्रतिशत उत्तीर्णता और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए कई नवाचार लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा, “आज के छात्र ही कल के विकसित समाज की नींव हैं। परीक्षा में सफलता पाने के लिए तनावमुक्त रहना, समय का प्रबंधन, नियमित स्वाध्याय, व्यायाम, संतुलित आहार और स्वास्थ्य का ध्यान रखना आवश्यक है।”

कदाचार मुक्त और पारदर्शी परीक्षा संचालन की अपील

उपायुक्त सत्यार्थी ने कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस क्रम में परीक्षार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, आम नागरिकों और परीक्षा कार्य में संलग्न सभी कर्मियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी भी स्तर पर कदाचार या लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग की अपील

गुमला उपायुक्त ने सभी नागरिकों से परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने और जिले की प्रतिष्ठा को बरकरार रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के उज्जवल भविष्य को संवारने का अवसर है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।

छात्रों को शुभकामनाएं

अंत में, उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षा में शामिल सभी छात्रों को शत-प्रतिशत सफलता और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनसे ईमानदारी और समर्पण के साथ परीक्षा देने का आग्रह किया।

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

एफआईएफएस ने लॉन्च किया ‘स्पोर्ट्स डेटा गेमथॉन’, एआई और टेक्नोलॉजी के साथ स्पोर्ट्स इनोवेशन को मिलेगा बढ़ावा

0

फरवरी 2025 – भारत को स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी का ग्लोबल हब बनाने के उद्देश्य से, फेडरेशन ऑफ इंडियन फैंटेसी स्पोर्ट्स (एफआईएफएस) ने ड्रीम11 के सहयोग से ‘स्पोर्ट्स डेटा गेमथॉन’ लॉन्च किया है। इस अत्याधुनिक स्पोर्ट्स एआई चैलेंज का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) को खेलों और फैन इंगेजमेंट के साथ एकीकृत करना है।

आईआईटी सहित देश के 30 से अधिक संस्थानों की रुचि, 52 टीमें शॉर्टलिस्ट

इस प्रतियोगिता में आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी कानपुर और आईआईटी धारवाड़ सहित भारत के प्रमुख संस्थानों की 52 स्टूडेंट टीम्स भाग लेंगी। ये टीमें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान डेली फैंटेसी स्पोर्ट्स फॉर्मेट में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जहाँ उन्हें डेटा एनालिटिक्स, एआई और एमएल मॉडल का उपयोग कर विजेता रणनीतियाँ विकसित करनी होंगी।

शीर्ष 3 विजेता टीमों को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

इस गेमथॉन में विजेता टीमों को कुल 25 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा:

  • पहला स्थान – 12.5 लाख रुपए
  • दूसरा स्थान – 7.5 लाख रुपए
  • तीसरा स्थान – 5 लाख रुपए

स्पोर्ट्स डेटा एनालिटिक्स को मिलेगा नया आयाम

एफआईएफएस के महानिदेशक जॉय भट्टाचार्य ने इस पहल पर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “स्पोर्ट्स डेटा गेमथॉन के पहले संस्करण को लॉन्च करना हमारे लिए बेहद रोमांचक है। यह न केवल खेलों में टेक्नोलॉजी को और अधिक एकीकृत करेगा, बल्कि युवा प्रतिभाओं को भी अपने कौशल निखारने और खेल जगत में योगदान देने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “हम इस गेमथॉन को एक वैश्विक प्रतियोगिता के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि आने वाले वर्षों में इसे विभिन्न खेल विषयों तक विस्तारित किया जा सके।”

प्रतिभागियों के लिए होगी बड़ी चुनौती

प्रतियोगिता में छात्रों को खेल टूर्नामेंट के परिणामों का पूर्वानुमान लगाने, डेटा संग्रह और विश्लेषण करने, मॉडल विकसित करने और टीम रणनीति तैयार करने जैसी विभिन्न चुनौतियों का सामना करना होगा।

प्रतिभागियों का मूल्यांकन इन मुख्य बिंदुओं पर किया जाएगा:
✔ समस्या की पहचान और समाधान रणनीति
✔ डेटा संग्रह, विश्लेषण और मॉडलिंग
✔ टीम वर्क और रणनीतिक सोच
✔ खेल के बाद का विश्लेषण और तकनीकी दक्षता

एक्सपर्ट मेंटरशिप से मिलेगा मार्गदर्शन

छात्रों की सहायता के लिए एफआईएफएस ने दो प्रमुख विशेषज्ञों को इस प्रतियोगिता से जोड़ा है:

  1. जॉय भट्टाचार्य – प्रसिद्ध क्रिकेट विश्लेषक
  2. प्रोफेसर विशाल मिश्रा – वाइस डीन, कोलंबिया विश्वविद्यालय, अमेरिका

ये विशेषज्ञ प्रतिभागियों को उनकी रणनीतियों और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण को बेहतर बनाने में मार्गदर्शन देंगे।

भारत को स्पोर्ट्स टेक इनोवेशन में वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास

‘स्पोर्ट्स डेटा गेमथॉन’ का उद्देश्य भारत को स्पोर्ट्स टेक में अग्रणी बनाना है। यह प्रतियोगिता स्पोर्ट्स एनालिटिक्स के क्षेत्र में इनोवेशन और डेटा-ड्रिवन अंतर्दृष्टि को बढ़ावा देगी। साथ ही, यह पहल मनोरंजन, डिजिटल कंटेंट और तकनीक के समावेशन को नया आयाम देने में सहायक साबित होगी।

स्पोर्ट्स और टेक्नोलॉजी के इस नए संगम से भारत ग्लोबल स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है, जिससे देश में खेलों के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Muskan

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा जैक द्वारा संचालित माध्यमिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के निमित प्रतिनियुक्ति किए गए सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की

0

गुमला :- गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा जैक द्वारा संचालित माध्यमिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के निमित प्रतिनियुक्ति किए गए सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों सहित पेट्रोलिंग दल के मजिस्ट्रेट के साथ पारदर्शिता पूर्वक एवं शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षाओं के आयोजन को लेकर बैठक करते हुए उचित दिशा निर्देश दिए गए।

ज्ञात हो कि बोर्ड परीक्षा अंतर्गत जिला में मैट्रिक के लिए कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं , जिसमें 13 , 898 परीक्षार्थी भाग लेंगे । वहीं इंटरमीडिएट अंतर्गत कला वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय को मिलकर कुल 8 ,931 परीक्षार्थी भाग लेंगे । उपायुक्त द्वारा कहा गया कि कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजन एवं विधि व्यवस्था के संधारण के लिए निर्देश दिए गए हैं तथा कोषागार में ब्रजगृह बनाते हुए , जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना करते हुए , सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे की स्थापना तथा निगरानी हेतु उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है । परीक्षा संचालन हेतु उपायुक्त द्वारा शशिंद्र कुमार बड़ाइक अपर समाहर्ता गुमला को जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी नामित करते हुए तीनों अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी को अनुमंडल स्तरीय उड़नदस्ता दल के पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है । साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों के सौ मीटर की परिधि में धारा 144 लगाने हेतु निर्देश दिए गए हैं तथा पूरे बोर्ड परीक्षा के शांतिपूर्ण तरीके से सफल संचालन हेतु उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो तथा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वीरेंद्र टोप्पो को प्रभारी बनाया गया है । इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों शिक्षकों तथा परीक्षा कार्य में संलग्न सभी लोगों सहित जन सामान्य से पारदर्शितापूर्ण तरीके से बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन में सहयोग की अपील की गई है ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

फाइलेरिया मुक्त अभियान की हुई शुरुआत

0

गुमला :- गुमला उपयुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं सिविल सर्जन गुमला ने सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सफल शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एल्बेंडाजोल और डीईसी की गोली खाकर की। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को समाप्त करने के लिए इस दवा का सेवन आवश्यक है। जब तक सभी लोग इस दवा का सेवन नहीं करेंगे, तब तक समाज से फाइलेरिया को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।

ज्ञात हो कि दिनांक 10 फरवरी को जिले के सभी 1673 बूथ पर दवा खिलाई जाएगी जिसे आंगनबाड़ी केंद्र बूथ के रूप में चिन्हित किए गए हैं ।और 11 फरवरी से 25 फरवरी तक घर-घर भ्रमण कर सहिया और आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन में दी जाने वाली डीईसी एवं एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाई जाएगी। कुल लक्षित लाभार्थी 1014672 लोगों को दवा खिलाना है।

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पिरामल फाउंडेशन जिला प्रशासन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। फाइलेरिया, जिसे आमतौर पर हाथी पांव के नाम से जाना जाता है, मच्छर के काटने से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है। यह दुनिया में दिव्यांगता पैदा करने वाली दूसरी सबसे बड़ी बीमारी है, जो न केवल हाथ-पैरों को बल्कि शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित करती है। संक्रमण अक्सर बचपन में हो जाता है, लेकिन इसके लक्षण उभरने में 5 से 15 साल तक का समय लग सकता है। हाइड्रोसील का इलाज संभव है, लेकिन शरीर के अन्य प्रभावित हिस्सों में आई सूजन आमतौर पर लाइलाज होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, झारखंड में चार करोड़ लोगों को इस बीमारी का खतरा है। हालांकि, 2 साल से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जानी चाहिए। साथ ही, दवा को खाली पेट नहीं लेना चाहिए और सभी खुराक एक साथ ली जानी चाहिए।

कुछ लोगों में दवा लेने के बाद मामूली प्रतिकूल प्रभाव हो सकते हैं, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह संकेत है कि फाइलेरिया के परजीवी आपके शरीर में मर रहे हैं। वर्ष में मात्र एक खुराक, जो पूरी तरह सुरक्षित और निःशुल्क है, इस बीमारी से बचाव में सहायक है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंतराष्ट्रीय मिर्गी दिवस का किया गया आयोजन

0

 

मिर्गी एक न्यूरोलाजिकल विकार है जिसमें मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की असामान्य गतिविधि के कारण मरीज को दौरे पड़ सकते हैं

जिले में मिर्गी रोगियों के इलाज हेतु आगामी 11 एवं 12 फरवरी को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

गुमला : – गुमला जिले के नगर भवन में आज अंतरराष्ट्रीय मिर्गी दिवस का आयोजन किया गया। नगर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), प्रखंड सहिया सहजकर्ता(बीएएफ) और सहिया साथी ने भाग लिया। कार्यालय का उद्घाटन एम्स दिल्ली की डीएम न्यूरोलॉजी प्रोफेसर डॉ ममता भूषण सिंह, सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार , डीआरसीएचओ डॉ सुनील राम द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ ममता भूषण सिंह ने कहा कि मिर्गी एक न्यूरोलाजिकल विकार है। जिसमें मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की असामान्य गतिविधि के कारण मरीज को दौरे पड़ सकते हैं। यह दौरे व्यक्ति के व्यवहार, शारीरिक क्रियाओं और चेतना पर प्रभाव डालते हैं।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार ने कहा कि इस बीमारी को लेकर समाज में फैले अंधविश्वास को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट आशा फाइटिंग एपिलेप्सी एंड सुपरस्टिशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट आशा के तहत डॉ ममता भूषण सिंह स्वयं और उनके टीम द्वारा समय-समय पर जिले में जांच शिविर लगाया जाता रहा है।
प्रभारी डीआरसीएचओ डॉ सुनील राम ने कहा कि मिर्गी रोगियों के इलाज हेतु आगामी 11 फरबरी को प्रखंड कार्यालय के समीप पुराना समाहनालय भवन और 12 फरबरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरनो में शिविर लगाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक, जिला कार्यक्रम समन्वयक सहिया सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, सभी प्रखंड आशा सहजकर्ता, सभी सहिया साथी उपस्थित थे।

मिर्गी रोगियों के इलाज हेतु आगामी 11 एवं 12 फरवरी को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थि के निर्देशानुसार इस कार्यक्रम की शुरुआत 10 फरवरी को नगर भवन गुमला में उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जहां जिले के चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के डॉक्टरों एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

शिविर का आयोजन 11 फरवरी को गुमला सदर अस्पताल में और 12 फरवरी को भरनो प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में किया जाएगा। इस चिकित्सा शिविर में मिर्गी के मरीजों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा। एम्स दिल्ली की डीएम न्यूरोलॉजी, प्रोफेसर डॉ. ममता भूषण सिंह अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ उपस्थित रहेंगी और मरीजों का उपचार करेंगी।

मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल विकार है, जिसमें मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की असामान्य गतिविधि के कारण मरीज को दौरे पड़ सकते हैं। यह दौरे व्यक्ति के व्यवहार, शारीरिक क्रियाओं और चेतना पर प्रभाव डालते हैं। इस बीमारी को लेकर समाज में फैले अंधविश्वास को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा “प्रोजेक्ट आशा – फाइटिंग एपिलेप्सी एंड सुपरस्टिशन” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत डॉक्टर ममता भूषण सिंह द्वारा समय-समय पर जिले के चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) एवं सहिया कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे मिर्गी रोग की पहचान एवं उपचार में सहायता कर सकें।

जिले के सभी नागरिकों से अपील है कि वे इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और मिर्गी रोगियों को समुचित उपचार दिलाने में सहयोग करें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

राम भक्तों के लिए

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद एवं यूनिसेफ के सहयोग से समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के पहले बैच का समापन

0

 पहले बैच में राज्य के छह जिलों से आये 109 रिसोर्स शिक्षक/थेरेपिस्ट को समग्र शिक्षा अंतर्गत समावेशी शिक्षा के विभिन्न विषयो की दी गयी जानकारी

✦ शिक्षकों को विशेष शिक्षा की तकनीकों और संसाधनों का मिला ज्ञान, शिक्षकों/थेरेपिस्टों को अधिक प्रभावी कौशल किया गया प्रदान

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद एवं यूनिसेफ के सहयोग से समावेशी शिक्षा के अंतर्गत रिसोर्स शिक्षकों/थेरेपिस्टों के लिए समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र के द्वारा झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची में आयोजित 16 दिवसीय आवासीय कार्यशाला के प्रथम बैच का आज समापन हो गया। पहले बैच में राज्य के 6 जिलों यथा रांची, खूंटी, गुमला, पश्चिमी सिंघभूम, पूर्वी सिंघभूम और सरायकेला के 109 रिसोर्स शिक्षक/थेरेपिस्ट को प्रशिक्षण मिला। पहले बैच में हस्तक्षेप कौशल बढ़ाने पर क्षमता निर्माण के एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके शिक्षण, हस्तक्षेप एवं व्यवहार प्रबंधन के संबंध में रिसोर्स शिक्षकों/थेरेपिस्टों का ज्ञानवर्धन किया गया। कार्यशाला में विकासात्मक दिव्यांगता में उपचारात्मक हस्तक्षेप, विकासात्मक दिव्यांगता में संवेदी एकीकरण, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए घर-आधारित थेरेपी, व्यक्तिगत शैक्षणिक योजन विकसित करना, हस्तक्षेप प्रक्रिया में माता-पिता की समान भागीदारी, भारतीय सांकेतिक भाषा की मूल बातें, श्रवणबाधित बच्चों के लिए संचार कौशल, अधिगम दिव्यांगता के लिए हस्तक्षेप रणनीतियाँ, बच्चों को जीवन कौशल और कार्यात्मक शिक्षण सिखाना, घर में व्यवहार संबंधी चुनौतियों का प्रबंधन, CwSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों) में व्यवहार संबंधी समस्याएँ और कक्षा में उनका प्रबंधन, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए पाठ योजना और शिक्षण सामग्री बनाना, बहु-दिव्यांगता वाले बच्चों के लिए हस्तक्षेप रणनीतियाँ, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समावेशी शिक्षण पद्धति, दिव्यांग बच्चों के लिए सह-पाठयक्रम गतिविधियों का महत्व, CWSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों) के पुनर्वास में रोजगार योग्य कौशल की भूमिका, विकलांग व्यक्तियों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं की जागरूकता और समझ विकसित करना जैसे विषयो को विस्तार से समझाया गया। कार्यशाला के अंतिम दिन सभी शिक्षकों को अपने अपने क्षेत्रों के दिव्यांग बच्चो के डॉक्यूमेंटेशन एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र जल्द बनवाने का निर्देश दिया गया। जिससे उन्हें सरकारी योजनाओ का लाभ दिलवाया जा सके।

कार्यशाला की जानकारी देते हुए समावेशी शिक्षा की सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती अरुणा लता केरकेट्टा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला से शिक्षकों को विशेष शिक्षा की तकनीकों और संसाधनों का ज्ञान मिलता है जिससे वे कक्षा में बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकते हैं। उन्हें CwSN (Children with Special Needs) के व्यवहार संबंधी समस्याओं का प्रबंधन करने की विधियाँ सीखने में मदद मिलती है। कार्यशाला में भाग लेने वाले शिक्षक बच्चों की जरूरतों के अनुसार व्यक्तिगत शैक्षणिक योजना बनाने की प्रक्रिया को समझते हैं, जिससे बच्चो को व्यक्तिगत रूप से मदद मिल सके। विशेष शिक्षा की सहेयक प्रोफेसर डॉ. प्रीती तिवारी ने कार्यशाला के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार कि कार्यशालाओं से शिक्षक बच्चों में संवेदी समस्याओं और अधिगम दिव्यांगताओ का विश्लेषण और प्रबंधन करने में अधिक कुशल बन सकते हैं। इसका उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के जीवन को सुधारना है। यह न केवल बच्चो के सीखने और व्यवहार में सुधार लाने में मदद करता है, बल्कि शिक्षकों और थेरेपिस्टों को भी अधिक प्रभावी कौशल प्रदान करता है। कार्यशाला में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शिक्षण, पुनर्वास, रोजगार, और सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों कि विस्तार से जानकारी दी गयी है, जिससे शिक्षक अधिक प्रभावी रूप से CwSN बच्चों की सहायता कर सकें। कार्यशाला में सीआरसी रांची के निदेशक श्री सूर्यमणि प्रसाद, रिसोर्स पर्सन श्री चंदन सिंह, श्री संजीव कुमार, श्री विजय ठाकुर, श्रीमती मधुमिता भट्टाचार्या, श्री विद्याकर कुमार, श्री चौधरी राजेश रंजन, श्रीमती मित्तू मुथु वर्गीस, श्रीमती सुमन कुमारी, श्री राम प्रकाश राय, श्री मुकेश कुमार, डॉ. प्रीती तिवारी, श्रीमती प्रकृति सिन्हा, श्री रणजीत रंजन, श्रीमती रश्मिका बारीकी, श्री बसंत प्रधान ने रिसोर्स शिक्षकों/थेरेपिस्टों का मार्गदर्शन किया।

अगले तीन बैच में प्रशिक्षित किये जाएंगे 275 रिसोर्स शिक्षक/थेरेपिस्ट

इस कार्यशाला के अगले तीन बैच में 275 रिसोर्स शिक्षक/थेरेपिस्ट को प्रशिक्षण दिया जाएगा। दिनांक 10-12 फरवरी, 2025 तक बोकारो, हज़ारीबाग़, सिमडेगा, लातेहार, गिरिडीह के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। दिनांक 13-15 फरवरी, 2025 तक जामताड़ा, दुमका, धनबाद, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज के रिसोर्स शिक्षकों/थेरेपिस्टों का प्रशिक्षण होगा। दिनांक 17-19 फरवरी, 2025 तक कोडरमा, पाकुड़, चतरा, गढ़वा, रामगढ़, पलामू, लोहदगा के रिसोर्स शिक्षकों/थेरेपिस्टों को प्रशिक्षण मिलेगा।

News Desk

राम भक्तों के लिए

आप का क्या होगा जनाबे अली – दिल्ली चुनाव परिणाम

0

दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) की हालिया हार ने पार्टी के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां कुछ लोग इसे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तरह राजनीतिक परिदृश्य से गायब होने की आशंका जता रहे हैं, वहीं अन्य इसे एक अस्थायी झटका मानते हैं, जिसके बाद पार्टी फिर से मजबूत वापसी कर सकती है।

हार के प्रमुख कारण:

  1. विरोधी लहर (एंटी-इंकम्बेंसी): दिल्ली में एक दशक तक शासन करने के बाद, आप सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ा, जिससे मतदाताओं में बदलाव की इच्छा उत्पन्न हुई।
  2. भ्रष्टाचार के आरोप: पार्टी के प्रमुख नेताओं, जैसे अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया, पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों ने पार्टी की स्वच्छ छवि को धूमिल किया।
  3. आंतरिक कलह: पार्टी के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व के प्रति असंतोष ने संगठनात्मक कमजोरी को उजागर किया, जिससे चुनावी प्रदर्शन प्रभावित हुआ।

भविष्य की संभावनाएं:

हालांकि वर्तमान परिदृश्य चुनौतीपूर्ण है, लेकिन आप के पास वापसी की संभावनाएं हैं:

  1. सकारात्मक विपक्ष की भूमिका: पार्टी ने रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का संकल्प लिया है, जिससे वह जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकती है।
  2. नीतिगत सुधार: आप अपने पिछले कार्यकालों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए सुधारों को और मजबूत कर सकती है, जिससे जनता का विश्वास फिर से जीता जा सके।
  3. संगठनात्मक पुनर्गठन: पार्टी को आंतरिक ढांचे में सुधार कर, नए नेतृत्व को अवसर देना चाहिए, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो।
  4. जनसंपर्क बढ़ाना: जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना पार्टी की छवि को सुधारने में मदद करेगा।

निष्कर्ष:

आप की वर्तमान हार को अंतिम निष्कर्ष मानना उचित नहीं होगा। यदि पार्टी आत्ममंथन कर उपरोक्त क्षेत्रों में सुधार करती है, तो वह आगामी चुनावों में मजबूत वापसी कर सकती है। राजनीति में उतार-चढ़ाव सामान्य हैं, और आप के पास अभी भी अपनी नीतियों और कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास पुनः प्राप्त करने का अवसर है।

 

राम भक्तों के लिए

बरकट्ठा के तुर्कबाद में पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास

0

बरकट्ठा, झारखंड – बरकट्ठा प्रखंड के तुर्कबाद गांव में तुर्कबाद चौक से बस्ती होते हुए खेल मैदान तक पीसीसी पथ मरम्मत एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक अमित कुमार यादव के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात सुविधा को सुगम बनाना और ग्रामीणों को बेहतर सड़क संरचना प्रदान करना है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

इस शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम मुखिया फूलवंती देवी, पंचायत समिति सदस्य अनीता देवी, उपमुखिया किशोर मोदी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इसके अलावा, टूकलाल नायक, भोला प्रसाद, रीतलाल प्रसाद, सरयू प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद यादव, प्रकाश चौधरी, इंद्रदेव यादव, आदित्य पांडेय, ध्रुव नारायण बरनवाल, सुमन कुमार, मुन्नलाल बरनवाल, अजय यादव, भुवनेश्वर साव, महेश मोदी, छोटू अग्रवाल (इचाक) और संभु साव (इचाक) समेत भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर

विधायक अमित कुमार यादव ने इस अवसर पर कहा कि यह सड़क निर्माण कार्य ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा और आवागमन को सुगम बनाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है और इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

स्थानीय जनता ने इस पहल का स्वागत किया और विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस सड़क के निर्माण से यात्रा सुविधा में सुधार होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

डीएमएफटी फंड से अनार्गत आर.एम. उच्च विद्यालय, चंदा में विकास कार्यों का शिलान्यास

0

हजारीबाग, झारखंड – इचाक प्रखंड के अनार्गत आर.एम. उच्च विद्यालय, चंदा के उन्नयन हेतु जिला खनिज न्यास निधि (DMFT) फंड के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का भव्य शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अमित यादव और जिला परिषद सदस्य रेनू देवी ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर विद्यालय के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की।

छात्रों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का लाभ

विद्यालय में होने वाले इन निर्माण कार्यों से छात्रों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा। इस परियोजना का उद्देश्य शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाना और छात्रों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

शिलान्यास समारोह में गणमान्य लोग हुए शामिल

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि भगवत मेहता, रंजीत मेहता, पूर्व मुखिया मनोज मेहरा, जयनंदन मेहता, हरिअर मेहता और अनिल मेहता सहित कई सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय उन्नयन से छात्रों का भविष्य होगा उज्ज्वल

विद्यालय में नई सुविधाओं के विकास से न केवल छात्रों को बेहतर शिक्षण माहौल मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि यह पहल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए

वनस्पति विज्ञान विभाग ने आयोजित किया शैक्षणिक परिभ्रमण

0
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों को विभागाध्यक्ष डॉ अविनाश कुमार द्वारा रविवार को बड़कागांव के बरसोपानी में शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया।
विभागाध्यक्ष ने छात्रों को वहाँ के पौधों की जनकारी देते हुए बताया की बरसोपानी की गुफा में नमी और आद्रता होने के कारण वहां निम्न वर्गीय पौधों की भरमार है। छात्रों ने अपने पाठ्यक्रम से संबंधित विभिन्न प्रकार के शैवाल (एल्गी),  लिवरवर्ट  (ब्रायोफाइट) और  फर्न (टेरीडोफाइट) के अनेक नमूने पूरे उत्साह के साथ एकत्रित किए। इन एकत्रित किये गए पौधों के नमूनों को विद्यार्थी विस्तृत रूप में पढ़ेंगे। विभागाध्यक्ष ने बताया की इस तरह की गतिविधियों से ना सिर्फ छात्रों को प्रकृति से जुड़ कर पौधों को उनके प्राकृतिक स्थान पर देखने और पढ़ने का लाभ मिलता है, बल्कि कई तरह के पादपों को एकत्रित कर लाबोरेटरी में इनकी पढाई की जाती है ।
विभाग के श्री प्रमोद नारायण राम‌ एवं श्री जागेश्वर ने भी इस कार्यक्रम को सार्थक बनाने में अपना योगदान दिया ।
शोधार्थी मिताली गुप्ता और कुमारी काजल सोनी की भी इस शैक्षणिक भ्रमण में  महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों ने इस तरह की  शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और आनंदित  करने वाला बताया एवं भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की । शैक्षणिक भ्रमण के साथ साथ सभी ने वनभोज का भी आनंद लिया ।

News – Vijay Chaudhary

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium