20.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित हुआ मासिक थाना दिवस,...

गुमला जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित हुआ मासिक थाना दिवस, भूमि विवाद व थाना संबंधित 115 मामलों में से 64 का किया गया त्वरित निष्पादन

गुमला : गुमला जिला के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद, आपसी तनाव तथा थाना स्तर की अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में आज  गुमला जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मासिक थाना दिवस का आयोजन किया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान में संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, राजस्वकर्मी तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य है कि ग्रामीण स्तर पर उत्पन्न भूमि विवाद, आपसी झगड़े, अवैध कब्जा, आम रास्ते के उपयोग से जुड़ी शिकायतें, पारिवारिक बंटवारे को लेकर तनाव, दाखिल-खारिज की गलत प्रक्रिया जैसे मामलों को बिना देरी के स्थानीय स्तर पर ही निष्पादित किया जा सके।
आज के थाना दिवस के दौरान जिलेभर से कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, रास्ते के विवाद, पारिवारिक तनाव, वैवाहिक विवाद, अवांछित गतिविधियों की सूचना जैसे थाना स्तर के विविध मामले शामिल थे। इन 115 मामलों में से 64 मामलों का मौके पर ही आपसी सहमति, साक्ष्य और प्रशासनिक हस्तक्षेप से समाधान किया गया। शेष 51 मामलों में आवश्यक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिनका निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाएगा।
थाना क्षेत्रवार प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की स्थिति इस प्रकार रही:
गुमला थाना से 18 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का समाधान किया गया; रायडीह से 7 में से 3, चैनपुर से 10 में से 5, डुमरी से 12 में से 9, जारी से 3 में से 2, घाघरा से 8 में से 5, विशुनपुर से 12 में से 5, भरनो से 16 में से 4, पालकोट से 7 में से 3, बसिया से 15 में से 10 तथा कामडारा से प्राप्त 7 में से 6 मामलों का त्वरित समाधान किया गया।
थाना दिवस के दौरान उपायुक्त  द्वारा पूर्व में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस से जुड़े कुछ लंबित मामलों को भी थाना स्तर पर भेजा गया था, जिनमें से कई मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की गई और समाधान प्रदान किया गया।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि थाना दिवस के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और न्यायसंगत तरीके से प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक माह  जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से मासिक थाना दिवस का आयोजन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता न पड़े और वे अपने निकटवर्ती थाना पर ही अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
जिलेवासियों से अपील की है कि वे भूमि विवाद, पारिवारिक तनाव, रास्ते की समस्या, आपसी झगड़े या अन्य थाना संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए अपने थाना में उपस्थित होकर और प्रशासनिक सहयोग से न्याय प्राप्त करें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading