27.6 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए एआई जागरूकता अभियान शुरू

गुमला में शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए एआई जागरूकता अभियान शुरू

गुमला। जिले में अब शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया जाएगा। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि एआई आधारित एप्लिकेशनों का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग शिक्षक और छात्रों दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा। इसी उद्देश्य से जिलेभर में एआई जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है।

एआई बनेगा ‘डिजिटल शिक्षक’

उपायुक्त दीक्षित ने बताया कि ChatGPT, DeepSeek और Ask Perplexity जैसे एप्लिकेशन एक डिजिटल शिक्षक की तरह कार्य करते हैं। इनकी मदद से शिक्षक पाठ योजना, मूल्यांकन, क्विज, प्रश्नपत्र और प्रोजेक्ट तैयार करने में अधिक दक्ष हो सकते हैं। वहीं छात्र-छात्राएं नोट्स और सारांश बनाने, भाषा सीखने, कठिन विषयों को समझने और परीक्षाओं की तैयारी के लिए इनसे सहयोग ले सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी गणित के कठिन सवाल, विज्ञान की जटिल अवधारणाएँ, थ्रीडी मॉडल और रासायनिक समीकरण को सरल तरीके से समझ पाएंगे। इसी तरह भाषा और सामाजिक विज्ञान विषयों में गहन अध्ययन को भी बढ़ावा मिलेगा।

चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम

झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला ने एआई उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत शिक्षकों और छात्रों को एआई टूल्स का उपयोग सिखाया जाएगा। प्रशिक्षण दो चरणों में होगा—

  1. पहला चरण : शिक्षकों को एआई का प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जाएगा।
  2. दूसरा चरण : विद्यार्थी सीखेंगे कि एआई से उचित कमांड देकर कैसे जिम्मेदारीपूर्वक जानकारी प्राप्त की जाए।

गुरु गोष्ठी में शिक्षकों को दी जानकारी

इस अभियान की शुरुआत बिशुनपुर प्रखंड की गुरु गोष्ठी से हुई, जहां जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खान और बीपीओ नीरज कुमार ने शिक्षकों को एआई की जानकारी दी। वहीं पालकोट प्रखंड में बीपीओ एंजलीना मिंज और तारा लकड़ा ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया।

एआई से शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद

उपायुक्त ने कहा, “शिक्षकों का मार्गदर्शन और छात्रों की मेहनत ही सफलता की कुंजी है। यदि एआई का सुरक्षित और रचनात्मक उपयोग किया जाए तो यह शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है।”

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading