20.4 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaविशुनपुर में जलछाजन रैली और कलश यात्रा के साथ जल संरक्षण अभियान...

विशुनपुर में जलछाजन रैली और कलश यात्रा के साथ जल संरक्षण अभियान का शुभारंभ — राज्य स्थापना दिवस पर 25 महिलाओं और 25 बच्चों ने किया पौधारोपण, तीन दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य

गुमला, 13 नवम्बर 2025:
झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर गुरुवार को विशुनपुर प्रखंड में जल संरक्षण एवं जलछाजन को लेकर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य सरकार के निर्देश एवं उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि स्टेट टेक्निकल एक्सपर्ट (GIS) लखन लाल महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं और स्कूली बच्चों द्वारा कलश यात्रा एवं “जल है तो कल है” के नारे से हुई रैली से हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में जल संरक्षण का संदेश फैलाया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए — “खेत का पानी खेत में, गांव का पानी गांव में”, “हर मेढ़ पर पेड़ लगाएंगे” और “जल लाए धन-धान्य”

डीडीसी दिलेश्वर महतो ने कहा — “जल ही जीवन है। खेत और गांव के पानी को रोकना ही असली विकास है। जलछाजन तकनीक ग्रामीण आत्मनिर्भरता की कुंजी है।”
वहीं लखन लाल महतो ने कहा — “जल, जंगल और जमीन का संतुलन ही सुखी जीवन का आधार है। जल बचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

इस अवसर पर राज्य स्थापना दिवस की स्मृति में 25 महिलाओं और 25 बच्चों द्वारा पौधारोपण किया गया तथा अगले तीन दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। किसानों के बीच पंपसेट और स्प्रेयर मशीनों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों, शिक्षक-छात्रों, महिला समूहों और विभागीय पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में सभी ने “जल संरक्षण और हरित झारखंड” का संकल्प लिया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading