20.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला जिले में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण जारी, 27...

गुमला जिले में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण जारी, 27 नवम्बर तक सभी पंचायतों में होगा सत्यापन

गुमला, 13 नवम्बर 2025:
केंद्र प्रायोजित विभिन्न पेंशन योजनाओं — इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना — के लाभुकों का सामाजिक अंकेक्षण जिले में 3 से 27 नवम्बर 2025 तक पंचायत भवनों में किया जा रहा है।

आज चैनपुर, डुमरी, गुमला और कामडारा प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में झारखंड सोशल ऑडिट सोसाइटी की टीम ने सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया संपन्न की। इस दौरान पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और वार्ड पार्षदों की सक्रिय भागीदारी रही।

सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों को पारदर्शी और सही ढंग से मिले। इसके तहत लाभुकों से आधार कार्ड, वोटर आईडी, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र और पासबुक जैसे दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

इस प्रक्रिया के लिए जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा पंचायतवार लाभुकों की सूची एवं NSAP Slip उपलब्ध कराई गई है। सभी पंचायतों में लाभुकों की सूची पंचायत भवनों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रदर्शित की गई है ताकि कोई पात्र व्यक्ति छूट न जाए।

गौरतलब है कि झारखंड सोशल ऑडिट सोसाइटी की टीम द्वारा 16 अक्टूबर 2025 को नगर भवन, गुमला में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें पंचायत सचिवों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया था।

उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे सामाजिक अंकेक्षण में पूर्ण सहयोग करें ताकि पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाया जा सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading