19.1 C
Ranchi
Wednesday, October 21, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaमूर्ति विसर्जन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

मूर्ति विसर्जन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

News – Kahkashan Farooqi

गोमिया__ दुर्गा पूजा-2026 के दौरान मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। विसर्जन के दौरान डूबने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। पूर्व में बेरमो थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से हुई मौत की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष एहतियात बरतने पर जोर दिया गया है।

निर्देश के अनुसार, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो और आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे। डैम, तालाब, नदी और पोखरों में जलस्तर बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए विसर्जन स्थलों का सीमांकन कराने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, रस्से और अन्य बचाव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में तैनाती तथा विसर्जन के दौरान भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी जरूरी होगी।

हर दो घंटे में CCR को देनी होगी रिपोर्ट

विसर्जन के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है। सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को प्रत्येक दो घंटे पर सीसीआर (CCR) में रिपोर्ट देने को कहा गया है, ताकि विसर्जन स्थलों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की नियमित जानकारी मिलती रहे।

पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि दुर्गा पूजा का समापन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में हो सके।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading