26.8 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजिले के सभी PDS दुकानों में लगेगा आयुष्मान कार्ड शिविर, 1 से...

जिले के सभी PDS दुकानों में लगेगा आयुष्मान कार्ड शिविर, 1 से 20 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

गुमला। उपायुक्त गुमला के निर्देश पर आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को और व्यापक बनाया जा रहा है। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र परिवार इलाज के अभाव में परेशान न हो।

जिले में कुल लगभग 8.8 लाख राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिनमें से अब तक करीब 4.9 लाख परिवारों का ही आयुष्मान कार्ड बन पाया है। शेष सभी लाभुकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का यह अधिकार दिलाने के लिए 1 दिसंबर 2025 से 20 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी पीडीएस दुकानों में विशेष आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इससे पहले भी एक सप्ताह का कैंप आयोजित कर छूटे हुए लाभुकों के आयुष्मान कार्ड पीडीएस दुकानों पर ही बनाए गए थे। शत-प्रतिशत परिवारों को योजना से आच्छादित करने के लक्ष्य से पुनः शिविर लगाया जा रहा है।

राशन वितरण के दौरान ही कार्ड निर्माण की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को अतिरिक्त यात्रा न करनी पड़े। प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए हर सक्रिय पीडीएस डीलर के साथ एक-एक VLE को टैग किया गया है।

प्रखण्ड स्तर पर बीडीओ और पंचायत सचिव को अभियान के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला स्तर पर सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (NHM गुमला) को प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग उप विकास आयुक्त द्वारा की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा, “एक भी योग्य परिवार बिना आयुष्मान कार्ड के न रहे।” इसी लक्ष्य को लेकर यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ अपने नजदीकी पीडीएस दुकान पर लगाए जा रहे शिविर में पहुँचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा कवच—आयुष्मान कार्ड—का लाभ अवश्य लें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading