22.1 C
Ranchi
Friday, September 4, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaमनरेगा में जियो टैग के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांगने...

मनरेगा में जियो टैग के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, 6 हजार लेते BPO गिरफ्तार; ACB ले गई रांची

गुमला न्यूज ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: पालकोट प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मनरेगा के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (BPO) हरीश प्रजापति को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। रांची से पहुंची करीब 10 सदस्यीय ACB टीम ने यह कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय में की।

आरोप है कि मनरेगा के तहत बन रहे एक तालाब के जियो टैग के लिए BPO ने एक लाभार्थी से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में लाभार्थी ने ACB रांची में शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की तैयारी की।

6 हजार रुपये लेते रंगेहाथ पकड़ा

गुरुवार को ACB की टीम दो गाड़ियों से पालकोट प्रखंड कार्यालय पहुंची। टीम में करीब 10 अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और BPO को 6 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB अधिकारियों ने BPO से कार्यालय के एक कमरे में पूछताछ की। अचानक हुई इस कार्रवाई की खबर पूरे प्रखंड कार्यालय में फैल गई और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पूछताछ के बाद रांची ले गई ACB

गिरफ्तारी और शुरुआती पूछताछ की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ACB की टीम हरीश प्रजापति को अपने साथ रांची ले गई। अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और दूसरे पहलुओं की जांच की जाएगी।

ACB के एक अधिकारी ने बताया कि लाभार्थी की शिकायत के आधार पर BPO को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए रांची ले जाया जा रहा है।

गुमला में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

गुमला जिले में रिश्वत लेने के आरोप में ACB की कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

हाल ही में शिक्षा विभाग से जुड़े एक सेवानिवृत्त शिक्षक और एक बड़े बाबू के खिलाफ भी रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद जिले में रिश्वतखोरी को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading