23.1 C
Ranchi
Thursday, September 17, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, भजन संध्या से लेकर आकर्षक पंडालों...

गुमला में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, भजन संध्या से लेकर आकर्षक पंडालों तक दिखा उत्सव का रंग

गुमला न्यूज़ ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

Edited by – Sanjana

गुमला: गणेश चतुर्थी के मौके पर गुमला जिला पूरी तरह गणपति की भक्ति में रंगा नजर आया। जिला मुख्यालय से लेकर अलग-अलग इलाकों में ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ और ‘जय गणेश, जय गणेश देवा’ के जयघोष सुनाई दिए। सार्वजनिक पूजा समितियों की ओर से आयोजित गणेशोत्सव को लेकर सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।

गणेश पूजा की शुरुआत विभिन्न पूजा समितियों के पंडालों में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। पुरोहितों और आचार्यों के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने आसपास के जलाशयों, तालाबों और नदियों से कलश में पवित्र जल लेकर पूजा स्थल तक पहुंचाया। इसके बाद मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच कलश स्थापना कर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना शुरू की गई।

श्रद्धालुओं ने गणपति महाराज के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की। शाम के समय कई पूजा स्थलों पर महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। इसके बाद भजन-कीर्तन और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।

महाराष्ट्र की तर्ज पर सजे पंडाल, ‘लालबाग के राजा’ ने खींचा ध्यान

गणेश उत्सव के दौरान गुमला शहर में इस बार भी अलग-अलग थीम और सजावट वाले पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बने। पूजा समितियों ने विद्युत सज्जा, एलईडी और लेजर लाइट के जरिए पंडालों को खास रूप दिया।

डीएसपी रोड स्थित ज्योति संघ परिसर में ब्लू डायमंड क्लब की ओर से महाराष्ट्र और मुंबई की तर्ज पर ‘लालबाग के राजा’ की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं श्रीगोपाल मंदिर परिसर के सामने बनाए गए गणेश पूजा पंडाल और पटेल पार्क स्थित पुराने नगर पालिका परिसर में नवयुवक संघ की ओर से स्थापित पंडाल में भी लोगों की भीड़ पहुंची।

मुरली बगीचा स्थित तालाब के बीच स्थापित गणेश प्रतिमा और उसकी सजावट ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा लोहरदगा रोड, सिसई रोड, पालकोट रोड और मेन रोड समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए पूजा पंडाल भी अपनी अलग-अलग सजावट और प्रस्तुति के लिए चर्चा में रहे।

पूजा के साथ सामाजिक एकजुटता का भी केंद्र बने पंडाल

गणेश पूजा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में पूजा पंडाल पहुंचे और भगवान गणेश की आराधना की।

पूजा समितियों के सदस्यों के मुताबिक, गुमला में गणेश पूजा अब केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी माध्यम बन चुका है। कई वर्षों से आयोजित हो रहा यह वार्षिक गणेशोत्सव शहर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता की पहचान के रूप में भी अपनी जगह बना चुका है।

गणेशोत्सव के समापन पर गणपति बप्पा की भव्य नगर भ्रमण यात्रा और विसर्जन जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading